चीन मामले पर देश को केंद्र सरकार के 'कायराना रुख़' की भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि चीन मामले पर देश को केंद्र सरकार के 'कायराना रुख़' की भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी।

उन्होंने शनिवार शाम ट्वीट करके कहा, ''चीन ने हमारी ज़मीन ले ली है और भारत सरकार चेंबर्लिन की तरह बर्ताव कर रही है। इससे चीन को और बढ़ावा मिलेगा।''

चेंबर्लिन ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री थे जिन्होंने 1930 में जर्मनी की नाज़ीवादी सरकार के तुष्टीकरण की असफल नीति अपनाई थी।

राहुल गांधी ने ये ट्वीट रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के उस बयान के जवाब में किया है जिसमें उन्होंने कहा था, ''मामला (भारत-चीन तनाव) हल होना चाहिए लेकिन कहां तक हल होगा, इस सम्बन्ध में मैं कोई गारंटी नहीं दे सकता। लेकिन मैं इतना यक़ीन दिलाना चाहता हूं कि भारत की एक इंच ज़मीन को भी दुनिया की कोई ताकत छू नहीं सकती, उस पर क़ब्ज़ा नहीं कर सकती।''

लद्दाख में भारत-चीन सीमा पर पिछले दो महीने से तनाव जारी है और राहुल गांधी इसे लेकर बीजेपी सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं।