धीरज प्रसाद साहू ने अपने घर से मिले 300 करोड़ रुपये के बारे में क्या कहा?

धीरज प्रसाद साहू ने अपने घर से मिले 300 करोड़ रुपये के बारे में क्या कहा?

शुक्रवार, 15 दिसंबर 2023

भारत में बीते दिनों आयकर विभाग को ओडिशा से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू के घर से 300 करोड़ से अधिक कैश मिले थे धीरज प्रसाद साहू ने शुक्रवार, 15 दिसंबर 2023 को पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

धीरज प्रसाद साहू ने कहा, "मैं लगभग 30-35 सालों से सक्रिय राजनीति में हूं। मैं हमेशा चाहता था कि मेरे राजनीतिक जीवन में कभी विवाद न हो। लेकिन अब विवाद हुआ है तो मैं मजबूरन अपने और अपने परिवार के बारे में जानकारी देना चाहता हूं।''

धीरज प्रसाद साहू ने कहा, ''मैं स्वीकार करता हूं कि जो भी पैसा रिकवर किया गया है। वो मेरी ही फर्म का है। ये कैश मेरी शराब फर्मों से जुड़ा है। ये शराब बेचने से हुई कमाई है क्योंकि शराब एक ऐसा व्यवसाय है जो कि ज़्यादातर नकदी आधारित व्यवसाय है। इसका कांग्रेस और दूसरी पार्टियों से कोई लेना देना नहीं है, जैसा कि कहा जा रहा है। ये सारा पैसा मेरा भी नहीं है। ये मेरे परिवार और दूसरी फर्मों का है। अब आयकर विभाग ने छापा मार दिया है, मैं हर चीज़ का हिसाब दूंगा।

धीरज प्रसाद साहू कौन हैं?

भारतीय संसद के उच्च सदन राज्य सभा की वेबसाइट के अनुसार 23 नवंबर 1955 को रांची में जन्मे धीरज प्रसाद साहू के पिता का नाम राय साहब बलदेव साहू है और मां का नाम सुशीला देवी है।

धीरज प्रसाद साहू तीन बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। धीरज प्रसाद साहू की अपनी वेबसाइट के अनुसार वो एक व्यापारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं।  उनके पिता राय साहब बलदेव साहू अविभाजित बिहार के छोटानागपुर से थे और उन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई में हिस्सा लिया था।

भारत के आज़ाद होने के वक्त से ही उनका परिवार कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है। उन्होंने ख़ुद 1977 में राजनीति में क़दम रखा। वे लोहरदगा जिला यूथ कांग्रेस में शामिल रहे। उनके भाई शिव प्रसाद साहू भी रांची से दो बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सांसद रह चुके हैं।

धीरज प्रसाद साहू ने रांची के मारवाड़ी कॉलेज से बीए तक की पढ़ाई की और झारखंड के लोहरदगा में रहते हैं।

2018 में राज्य सभा के लिए चुने जाने की प्रक्रिया में धीरज साहू ने जो हलफ़नामा दायर किया था। इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति 34.83 करोड़ बताई थी। उन्होंने 2.04 करोड़ चल संपत्ति होने का दावा भी किया था।

हलफ़नामे के अनुसार उनके ख़िलाफ़ कोई आपराधिक मामला नहीं था।  हलफ़नामे के अनुसार उनके पास एक रेंज रोवर, एक फॉर्च्यूनर, एक बीएमडब्ल्यू और एक पाजेरो कार है।