आने वाले लोक सभा चुनाव में महाभारत के अर्जुन जैसे महारथी साबित होंगे युवराज तेजस्वी: अवधेश कुमार

वजीरगंज (गया), आने वाले लोकसभा-विधान सभा के चुनाव में लालू पुत्र तेजस्वी महाभारत के अर्जुन के समान महारथी साबित होंगे जिसका विजय पताका दिल्ली तक फहराया जायेगा।

उक्त बातें वजीरगंज विधायक सह पूर्व पशुपालन मन्त्री अवधेश कुमार सिंह ने बुधवार को वजीरगंज प्रखंड के विशुनपुर पंचायत अन्तर्गत अयोध्यापुर गाँव स्थित राष्ट्रीय उच्च मार्ग 82 से मलठिया-देवाचक सड़क मार्ग के उद्घाटन समारोह के दौरान जन सभा को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार लालू जी को साजिश के तहत फंसाकर जेल भेज दिया एवं कई रोगों से ग्रस्त लालू जी को मारने का प्रयास किया जा रहा है ।लेकिन यह साजिश कभी कामयाब नही होगा एवं आने वाले चुनाव की लड़ाई में महागठबंंधन की सरकार बनेगी।

वजीरगंज प्रखंड की समस्याओं के बारे में उन्होंने बताया कि वजीरगंज क्षेत्र हमेशा से उपेक्षित रहा है। आजादी के इतने वर्षों के बाद भी वजीरगंज क्षेत्र का दो टुकडों में बाँटने के कारण इसका समुचित विकास नही हो पाया था ,लेकिन वजीरगंज का अपना विधान सभा क्षेत्र होने से विकास का दौर शुरू हो गया है और बहुत जल्द ही वजीरगंज प्रखंड की सभी समस्याओं के समाधान के लिये प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि पतेड मंगरावा पंचायत के महादलित गाँव झबलपुर में आज़ पुल का शिलान्यास किया गया है। यह गाँव वर्षों से उपेक्षित रहा है, लेकिन अब सभी जगहों पर पक्की सड़क एवं बिजली की समुचित  सुविधा सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन पुनावा पंचायत मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष कुमार रूपेंद्र प्रताप ने किया।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह, विधायक पुत्र शशि शेखर सिंह, पतेड मंगरावा मुखिया कृष्णा यादव, विशुनपुर पंचायत मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष सतीश सिंह, राकेश सिंह, आनंद मिलिंद, अरुण यादव, जतन यादव, जावेद खाँ आदि सहित सैकड़ों की संख्या में आम जनता मौजूद थे।

आईबीटीएन मीडिया नेटवर्क के लिए गया से दिनेश गुप्ता की रिपोर्ट।