खेल

भारत ने श्रीलंका पर दर्ज की 141 रन से जीत

भारत ने आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में श्रीलंका को बुधवार को 141 रनों से हरा दिया। भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (208) के दोहरे शतक के दम पर श्रीलंका के सामने 393 रनों की विशाल चुनौती रखी थी।

मेहमान टीम इस पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 251 रनों पर ही सीमित हो गई। इसी के साथ भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।

श्रीलंका ने धर्मशाला में खेले गए पहले मैच में भारत को सात विकेट से मात देते हुए 1-0 की बढ़त ले ली थी।

श्रीलंका के लिए एंजेलो मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 111 रन बनाए। वह 132 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्के मारकर नाबाद लौटे। उनके अलावा असेला गुणारत्ने ने 34 रन बनाए। भारत की तरफ से लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले भारत ने रोहित के तीसरे दोहरे शतक की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 50 ओवर खेलने के बाद चार विकेट पर 392 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। रोहित के अलावा अपना दूसरा वनडे मैच खेल रहे श्रेयस अय्यर ने 88 और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 67 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेली।

दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज बैडमिंटन फाइनल्स शुरू

दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज बैडमिंटन फाइनल्स आज से शुरू हो रहे हैं। दुबई रैंकिंग में विश्व के नम्बर दो खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और नम्बर चार पीवी सिंधु इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाले दो भारतीय खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष सिंगल्स में केवल शीर्ष आठ खिलाड़ी ही खेल सकेंगे।

ऑस्‍ट्रेलिया विश्‍व हॉकी लीग फाइनल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा

ऑस्‍ट्रेलिया विश्‍व हॉकी लीग फाइनल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है।

भुवनेश्‍वर में आज दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया ने जर्मनी को तीन-शून्‍य से हरा दिया।

फाइनल में कल ऑस्‍ट्रेलिया का सामना अर्जेंटीना से होगा।

भारत अब कांस्‍य पदक के मुकाबले में कल जर्मनी से खेलेगा। इससे पहले पांचवें स्‍थान के मुकाबले में बेल्जियम ने स्‍पेन को एक-शून्‍य से हरा दिया। खेल का एकमात्र गोल बेल्जियम के डोकियर सबेस्टियन ने चौथे मिनट में किया।

एशियाई निशानेबाज़ी चैम्पियनशिप में भारत ने पांच पदक जीते

जापान में 10वीं एशियन एयरगन निशानेबाज़ी चैम्पियनशिप के पहले दिन भारत ने कल पांच पदक जीते।

रवि कुमार ने पुरुष 10 मीटर व्‍यक्तिगत एयर राईफल स्‍पर्धा में कांस्‍य पदक हासिल किया। इसी स्‍पर्धा में जूनियर वर्ग में अर्जुन बबुता ने रजत पदक जीता।

भारत ने एयर राईफल स्‍पर्धा के टीम वर्ग में तीन रजत पदक अपने नाम किये। इस बीच, ओलिम्पिक कांस्‍य पदक विजेता गगन नारंग पदक नहीं जीत सके।

भारतीय खिलाड़ियों ने कल सात व्‍यक्तिगत स्‍पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई।

हॉकी विश्व लीग: सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हारा भारत

बारिश ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में हॉकी विश्व लीग फाइनल के सेमीफाइनल में भारत से जश्न मनाने का मौका छीन लिया।

ओलंपिक चैंपियन अर्जेटीना के खिलाफ विषम परिस्थितियों में भारत को 0-1 से संघर्षपूर्ण हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ वह खिताब की दौड़ से बाहर हो गया।

बारिश और तेज हवा की मौजूदगी में स्टेडियम लोगों से भरा था। हालांकि, उन्हें कलिंग स्टेडियम के मैदान पर पानी भर जाने और भारत की हार की वजह से निराश होना पड़ा।

अर्जेटीना ने अपने एकमात्र पेनाल्टी कॉर्नर का पूरा फायदा उठाया। गोंजालो पेइलाट ने 17वें मिनट में गोल दागकर अर्जेटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई, जिसे उसने तीसरे और चौथे क्वार्टर में बनाए रखा।

हॉकी विश्‍व लीग फाइनल में बेल्जियम को पेनाल्‍टी शूट आउट में 3-2 से हराकर भारत सेमीफाइनल में

भारत और ऑस्ट्रेलिया हॉकी विश्व लीग फाइनल के सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं।

ओड़िसा के भुवनेश्‍वर में क्‍वार्टर फाइनल में भारत ने बेल्जियम को पेनाल्‍टी शूट आउट में 3-2 से हराया।

ऑस्‍ट्रेलिया ने क्‍वार्टर फाइनल में स्‍पेन को 4-1 से पराजित किया।

आज दो क्‍वार्टर फाइनल में इंग्‍लैंड का सामना अर्जेन्टीना से और जर्मनी का मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा।

क्रिकेट में दिल्‍ली टेस्‍ट मैच के चौथे दिन भारत 355 रन बनाकर श्रीलंका से आगे

क्रिकेट में दिल्‍ली टेस्‍ट मैच के चौथे दिन भारत 355 रन बनाकर श्रीलंका से आगे है।

दिल्‍ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में तीसरे और अंतिम क्रिकेट टैस्ट मैच के चौथे दिन भारत ने दूसरी पारी में चायकाल तक चार विकेट पर 192 रन बना लिये हैं और श्रीलंका से 355 रन की बढ़त बना ली है।

इससे पहले श्रीलंका की पूरी टीम 373 रन बनाकर आउट हो गई।

हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में पूल-बी के मैच में भारत जर्मनी से 2-0 से हरा

हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में पूल-बी के मैच में जर्मनी ने भारत को दो-शून्‍य से हरा दिया।

भुवनेश्वर में आठ देशों के टूर्नामेंट में कल जर्मनी ने दूसरे क्वार्टर में दो गोल किये। इस टूर्नामेंट में भारत की यह दूसरी हार है।

टेस्ट क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन से सबसे अधिक संतुष्टि मिलती है: विराट कोहली

भारतीय कप्तान विराट कोहली का कहना है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद अपने काम की सबसे अधिक संतुष्टि मिलती है जिसमें उन्हें टीम के साथी क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा को लंबे समय तक बल्लेबाजी करते हुए देखकर महारत हासिल हुई।

कोहली केवल 29 वर्ष के हैं, वह खुद को खेल के महान खिलाड़ियों में से एक में शामिल कर चुके हैं।

हाल ही में उन्होंने कप्तान के रूप में छह दोहरे शतक जड़कर बल्लेबाज ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया।

विश्व हॉकी लीग के आखिरी पलों में भारत हारा

अंतिम समय में सैम वार्ड के गोल की बदौलत इंग्लैंड ने शनिवार को विश्व हॉकी लीग फाइनल में भारत को 3-2 से शिकस्त दी। पूल-बी के मुकाबले में वार्ड ने मैच के 43वें और 57वें मिनट में गोल किए, जबकि डेविड गुडफील्ड ने मैच के 25वें मिनट में गोल किया।

भारत की ओर से आकाशदीप सिंह ने 47वें मिनट और रुपिंदर पाल सिंह ने 50वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। पहले क्वार्टर में दोनों ही टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई थीं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार खेल दिखाने वाली भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ उस जोश में नहीं दिखी।

खासकर, पहले क्वार्टर में यह देखने को मिला। एसवी सुनिल ने जहां एक से ज्यादा बार गेंद को अधिक समय तक अपने पास रखा, मनदीप सिंह का गोल मारने के लिए लंबा इंतजार करना भारतीय टीम को भारी पड़ा।

इंग्लैंड ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। मैच का पहला गोल करने का मौका इंग्लैंड को 25वें मिनट में मिला, जब इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह गोल नहीं कर सके। बाद में 25वें ही मिनट में गुडफील्ड ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरा हाफ खत्म होने में जब पांच मिनट बाकी थे, तब भारत के चिंगलेनसेना सिंह स्कोर को बराबर करने के नजदीक पहुंचे थे, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर हैरी गिब्सन ने गोल नहीं होने दिया। मैच के 43वें मिनट में वार्ड मोर्चा मारने में सफल रहे और इंग्लैंड की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने आक्रामक हॉकी खेली। 47वें मिनट में जहां आकाशदीप ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, तो वहीं 50वें मिनट में रुपिंदर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। भारत ने दो गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

आखिरी दस मिनट में मैच किसी भी तरफ मुड़ सकता था। 57वें मिनट में वार्ड ने गोल करके स्कोर को 3-2 कर दिया, जिससे भारत को अंतिम मिनटों में शिकस्त का सामना करना पड़ा।

पूल-बी के एक अन्य मैच में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी ने 2-2 से ड्रॉ खेला। जर्मनी के लिए सातवें मिनट में माकरे मिलटकाउ और 58वें मिनट में मार्टिन हैनर ने गोल किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्लैक गोवर्स ने 39वें और आरोन क्लेनस्हमिडट ने 49वें मिनट में गोल दागा।