विज्ञान और टेक्नोलॉजी

तीन वैज्ञानिकों को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला

साल 2023 के भौतिकी का नोबेल प्राइज़ प्रकाश के 'सबसे छोटे क्षणों' को कैप्चर करने के लिए 'प्रयोग' करने वाले वैज्ञानिकों को मिला है। पुरस्कार पाने वाले वैज्ञानिक हैं - पियर अगस्तिनी, फ़ेरेंक क्राउज़ और एन ल'हुलिए।

इन वैज्ञानिकों ने प्रयोगों के ज़रिए दिखाया कि कैसे प्रकाश की बेहद सूक्ष्म तरंगे संरचित की जा सकती हैं और इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रॉन के ऊर्जा परिवर्तन की तीव्र प्रक्रिया को मापने के लिए किया जा सकता है।

प्रोफ़ेसर पियर अगस्तिनी अमेरिकी ओहायो यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं। प्रोफ़ेसर फ़ेरेंक क्राउज़ जर्मनी के मैक्स प्लांक इंस्टीट्यूट में क्वांटम ऑपटिक्स पढ़ाते हैं। प्रोफ़ेसर एन ल'हुलिए स्वीडन की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाती हैं।

एमआरएनए कोविड वैक्सीन की तकनीक ईजाद करने वाले वैज्ञानिकों को मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार

मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार वैज्ञानिकों की उस जोड़ी को देने का ऐलान किया गया है जिसने एमआरएनए कोविड वैक्सीन की तकनीक ईजाद की।

ये दो वैज्ञानिक डॉ. कैटालिन कारिको और डॉ. ड्रियू वाइसमैन हैं।

इस तकनीक के प्रयोग कोविड महामारी से पहले किए गए थे लेकिन बाद में इसे दुनिया भर के लाखों लोगों को दिया गया।

कैंसर समेत अन्य रोगों को लेकर इसी एमआरएनए तकनीक पर आगे और शोध किए जा रहे हैं।

एमआरएनए यानी मैसेंजर रायबोन्यूक्लिक एसिड शरीर को प्रोटीन बनाने का तरीक़ा बताती है।

स्वीडन के वैज्ञानिक स्वांते पाबो को साल 2022 का मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार मिला

स्वीडन के वैज्ञानिक स्वांते पाबो ने साल 2022 का मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार हासिल किया है।

नोबेल पुरस्कार देने वाली संस्था ने सोमवार, 3 अक्टूबर 2022 को एक ट्वीट कर बताया कि वैज्ञानिक स्वांते पाबो को ये पुरस्कार ''विलुप्त होमिनिन के जीनोम और मानव विकास'' से जुड़ी उनकी ख़ोज के लिए दिया गया है।

इस नोबेल पुरस्कार की घोषणा के साथ ही एक सप्ताह तक घोषित होने वाले पुरस्कारों की शुरुआत हो गई।

वैज्ञानिक दुनिया की यह यकीनन सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इसे स्वीडन की करोलिंस्का संस्थान की नोबेल असेंबली द्वारा दिया जाता है। पुरस्कार के तहत मिलने वाली रकम क़रीब 10 मिलियन स्वीडिश क्राउन जितनी है ($900,437)।

नोबेल पुरस्कार क्यों दिया जाता है?

डायनामाइट के आविष्कारक और स्वीडेन के एक धनी व्यवसायी अल्फ्रेड नोबेल ने इस पुरस्कार की स्थापना की थी। 1896 में अपनी मृत्यु से एक वर्ष पहले उन्होंने अपनी वसीयत में इसकी व्यवस्था की। जिसके बाद साल 1901 से हर साल विज्ञान, साहित्य और शांति जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए यह पुरस्कार दिया जाता है। बाद में अर्थशास्त्र को भी इसमें शामिल किया गया।

भारत ने ड्रोन को तबाह करने वाले मिसाइल का परीक्षण पूरा किया

भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और भारतीय सेना ने सतह से हवा में मार करने वाली क्विक रिएक्शन मिसाइल (QRSAM) के सभी 6 परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।

DRDO ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में बताया कि ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से गुरुवार, 8 सितम्बर 2022 को किया गया ताज़ा परीक्षण भारतीय सेना के मूल्यांकन अभ्यास का एक हिस्सा है।

मिसाइल ने इस दौरान अपने लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा। इस मिसाइल को ड्रोन जैसे पायलट रहित यानों को मार गिराने के लिए बनाया गया है।

यह सिस्टम कई चीजों पर नज़र रखने और लक्ष्य को साधने में सक्षम है। इसे विकसित करने में DRDO की कई प्रयोगशालाओं का योगदान रहा है।

QRSAM में इस्तेमाल सभी उपकरणों जैसे बैटरी मल्‍टीफंक्‍शन रडार, बैटरी सर्विलांस रडार, बैटरी कमांड पोस्‍ट व्‍हीकल और मोबाइल लाॅन्चर को भारत में ही तैयार किया गया है।

यह सिस्‍टम इतना सक्षम है कि यह मूव करते हुए टारगेट को डिटेक्‍ट और ट्रैक कर सकता है।

वियतनाम में मिला कोरोना वायरस वैरिएंट हवा के ज़रिए तेज़ी से फैलता है

वियतनाम में कोरोना वायरस का एक ऐसा वैरिएंट पाया गया है जो भारत और ब्रिटेन में पहले पाए गए वैरिएंट्स का मिलाजुला रूप है। अधिकारियों का कहना है कि यह हवा के ज़रिए तेज़ी से फैलता है।

वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्री गुयेन थान्ह लॉन्ग ने शनिवार, 29 मई 2021 को कहा कि कोरोना का ये नया वैरिएंट बहुत ही ख़तरनाक है।

वायरस हमेशा अपना रूप बदलता है, यानी म्यूटेट करता है। ज़्यादातर वैरिएंट्स बहुत प्रभावी नहीं होते हैं लेकिन कुछ वायरस म्युटेशन के बाद ज़्यादा संक्रामक हो जाते हैं।

जनवरी 2020 में सीओवीआईडी-19 के वायरस की पहचान के बाद से अब तक इसके कई म्यूटेशन्स सामने आ चुके हैं।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार की एक बैठक में कहा, ''वियतनाम में कोरोना वायरस का एक नया वैरिएंट मिला है, जो ब्रिटेन और भारत में सबसे पहले मिले वायरस वैरिएंट का मिलाजुला रूप है।''

उन्होंने कहा, ''नया वैरिएंट पहले वाले की तुलना में ज़्यादा संक्रामक है। यह हवा में तेज़ी से फैलता है। नए मरीज़ों की जाँच के बाद यह वैरिएंट सामने आया है। इस वायरस का जेनेटिक कोड जल्द उपलब्ध होगा।''

भारत में अक्टूबर 2020 में कोरोना वायरस एक वैरिएंट मिला था। इस वैरिएंट को B.1.617 कहा जा रहा है। इसे यूके में मिले कोरोना वैरिएंट B.1.1.7 से ज़्यादा ख़तरनाक बताया जा रहा है।

रिसर्च के अनुसार फ़ाइज़र और एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन की दो डोज भारत में मिले वायरस वैरिएंट के ख़िलाफ़ सबसे ज़्यादा प्रभावी हैं। लेकिन इन वैक्सीन की एक डोज़ इसके ख़िलाफ़ अधिक प्रभावी नहीं है।

अभी तक इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं कि कोरोना वायरस के किसी म्यूटेशन के कारण बड़ी आबादी में गंभीर बीमारी फैली हो।

कोरोना वायरस के मूल वर्जन को ही ज़्यादा उम्र वालों और पहले से बीमार लोगों के लिए अधिक ख़तरनाक बताया गया है। लेकिन बिना वैक्सीन के वायरस ज़्यादा संक्रामक हो रहा है और इसके कारण ज़्यादा मौतें हो रही हैं।

वियतनाम में हाल के हफ़्तों में कोरोना के नए मामले तेज़ी से बढ़े हैं।  वियतनाम में महामारी शुरू होने के बाद से अब तक 6,700 से ज़्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। लेकिन इनमें से आधा से ज़्यादा मामले अप्रैल 2021 के बाद दर्ज किए गए हैं। कोरोना से अब तक यहां 47 लोगों की मौत हुई है।

पर्सिवियरेंस रोवर मंगल ग्रह पर उतरा: मंगल पर जीवन की खोज करेगा

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का अंतरिक्षयान पर्सिवियरेंस मंगल ग्रह की सतह पर उतर चुका है।

मंगल तक पहुंचने के लिए सात महीने पहले धरती से गए इस अंतरिक्षयान ने तक़रीबन आधा अरब किलोमीटर की दूरी तय की है। 'पर्सिवियरेंस रोवर' मंगल ग्रह पर एक गहरे क्रेटर यानी गड्ढ़े में उतरा है जो कि मंगल ग्रह की भूमध्य रेखा जेज़ेरो के नज़दीक है।

मंगल ग्रह की सतह पर उतरने के बाद रोवर ने एक तस्वीर ट्वीट की है। ये रोवर एक पुरानी सूख चुकी झील की ज़मीन की जांच करने के साथ-साथ अरबों साल पहले मंगल पर माइक्रो-ऑर्गानिज़्म्स की किसी भी गतिविधि यानी जीवन के होने के चिन्हों की जांच करेगा और उन्हें पृथ्वी पर भेजेगा।

ये अंतरिक्षयान जैस ही मंगल ग्रह की ज़मीन पर उतरा, वैसे ही नासा के कंट्रोल सेंटर में बैठे वैज्ञानिकों के चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई। 1970 के बाद नासा का यह पहला मिशन है जो मंगल ग्रह पर जीवन के निशान तलाशने के लिए गया है।

मिशन के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मैट वालेस ने कहा, ''अंतरिक्षयान की अच्छी ख़बर ये है कि मुझे लगता है कि ये बिल्कुल सही हालत में है।''

छह पहियों वाला ये रोवर आगामी 25 महीनों में मंगल के पत्थरों और चट्टानों की खुदाई करेगा ताकि उन सबूतों को तलाशा जा सके जो इस बात की ओर इशारा करते हों कि यहां कभी जीवन संभव था।

ऐसा माना जाता है कि अरबों साल पहले जेज़ेरो के पास एक विशाल झील हुआ करती थी। और जहां पानी होता है, वहां इस बात की संभावना रहती है कि वहां कभी जीवन भी रहा होगा।

नासा में अंतरिक्षयान नियंत्रित करने वालों को संकेत मिले थे कि 'पर्सिवियरेंस रोवर' शाम 8:55 (जीएमटी) पर सुरक्षित मंगल ग्रह पर उतर चुका है।

सामान्य दिन होते तो खुशी के मौक़े पर वो संभवत: गले मिलते और हाथ मिलाते। लेकिन कोरोना वायरस प्रोटोकॉल की वजह से यहां सोशल डिस्टेंस का पालन किया जा रहा है। हालांकि, मिशन के सदस्यों ने एक दूसरे से मुट्ठियां लड़ाकर अपनी ख़ुशी का इज़हार किया।

इसके बाद रोवर के इंजीनियरिंग कैमरों की ओर से ली गई मंगल की दो लो-रिज़ॉल्युशन तस्वीरें स्क्रीन पर सामने आईं। तस्वीरों से पता चलता है कि कैमरे के लेंस के आगे काफ़ी धूल जमी थी लेकिन रोवर के सामने और पीछे समतल ज़मीन दिखाई दी।

लैंडिंग के बाद किए गए विश्लेषण में सामने आया है कि रोवर जेज़ेरो में डेल्टा क्षेत्र के दक्षिणपूर्वी हिस्से की ओर दो किलोमीटर का सफर तय कर चुका है।

लैंडिंग टीम का नेतृत्व करने वाले एलन चैन कहते हैं, ''हमारा रोवर समतल क्षेत्र में है। अब तक वाहन 1.2 डिग्री पर झुका है। हमें रोवर को उतारने के लिए जगह मिल गई और हमने आसानी से अपना रोवर ग्राउंड पर उतार दिया। इस उल्लेखनीय काम के लिए मैं अपनी टीम पर बहुत गर्व करता हूं।''

नासा के अंतरिम प्रशासक स्टीव जर्केज़्क ने भी इस सफलता के लिए वैज्ञानिकों की टीम को बधाई दी है।

उन्होंने कहा है, ''टीम ने बेहतरीन काम किया है। कितनी शानदार टीम है ये जिसने सीओवीआईडी-19 की चुनौतियों के बीच रोवर को मंगल ग्रह पर उतारने की मुश्किलों पर पार पाते हुए ये काम कर दिखाया।''

नासा की जेट प्रोपल्शन लैब के निदेशक माइक वाटकिंस ने कहा है, ''हमारे लिए ये शुरुआती दिन बेहद ख़ास हैं क्योंकि हमने इस रोवर के रूप में पृथ्वी के एक प्रतिनिधि को मंगल ग्रह पर ऐसी जगह पर उतारा है, जहां पहले कोई कभी नहीं गया।''

मंगल ग्रह पर उतरना कभी आसान नहीं रहा। लेकिन नासा इस मामले में विशेषज्ञ की तरह बन चुकी है। हालांकि, पर्सिवियरेंस टीम ने गुरुवार, 18 फरवरी 2021 को अपने काम को लेकर बेहद संभल कर बात की।

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा की ओर से मंगल ग्रह पर उतारा गया ये दूसरा एक टन वज़न का रोवर है।

मंगल ग्रह पर हेलिकॉप्टर उड़ेगा?

इससे पहले क्युरियोसिटी रोवर को साल 2012 में मंगल ग्रह के एक दूसरे क्रेटर पर उतारा गया था।

नियंत्रक आने वाले दिनों में एक नये रोवर पर काम करेंगे और देखने की कोशिश करेंगे कि कहीं ज़मीन पर उतरने की प्रक्रिया में रोवर का कोई पुर्जा क्षतिग्रस्त तो नहीं हो गया है।

तस्वीरें लेने के लिए पर्सिवियरेंस का मास्ट और इसका मुख्य कैमरा सिस्टम ऊपर की तरफ उठा हुआ होना चाहिए। साथ ही रोवर को एक ख़ास सॉफ़्टवेयर के ज़रिए मंगल तक पहुंचाया गया है, इस सॉफ़्टवेयर को भी अब बदला जाना होगा ताकि रोवर को मंगल की सतह पर चलाने का प्रोग्राम चालू किया जा सके।

इसके साथ ही पर्सिवियरेंस से उम्मीद है कि वह अगले हफ़्ते में मंगल ग्रह के सतह की कई तस्वीरें लेगा ताकि वैज्ञानिक आसपास के इलाक़े को बेहतर समझ सकें।

इस रोवर का एक उद्देश्य मंगल पर कम वज़न वाले एक हेलिकॉप्टर को उड़ाना भी है। पर्सिवियरेंस अपने साथ एक छोटे से हेलिकॉप्टर को लेकर गया है। रोवर इस हेलिकॉप्टर को उड़ाने का प्रयास करेगा जो कि किसी अन्य ग्रह पर इस तरह की पहली उड़ान होगी।

मंगल ग्रह के लिहाज़ से ये राइट ब्रदर्स मूमेंट जैसा लम्हा हो सकता है, ठीक वैसा जब पृथ्वी पर राइट बंधुओं ने पहली बार उड़ान भरी थी और उड़ने की संभावना के सपने को साकार किया था।

इसके बाद ही रोबोट इस मिशन के मुख्य काम करने की शुरुआत करेगा और जेज़ेरो में उस ओर जाएगा जहां डेल्टा क्षेत्र है।

डेल्टा क्षेत्र नदियों द्वारा बनाए जाते हैं जब वे समुद्र में गिरते हुए अपने साथ लाये सेडिमेंट्स को किनारे पर छोड़ देती हैं। वैज्ञानिक उम्मीद कर रहे हैं कि जेज़ेरो के डेल्टा इन सेडिमेंट्स से बने हैं, जो कि किसी भी क्षेत्र में कभी जीवन होने के बड़े संकेत हो सकते हैं।

पर्सिवियरेंस डेल्टा का सैंपल लेगा और क्रेटर के किनारे की ओर बढ़ेगा।

सैटेलाइट्स के ज़रिए की गई छानबीन में पता चला है कि इस जगह पर कार्बोनेट रॉक्स हैं जो कि पृथ्वी पर जैविक प्रक्रियाओं को समाहित रखने में काफ़ी अच्छे माने जाते हैं।

पर्सिवियरेंस रोवर में वे सभी उपकरण हैं जो कि इन सभी संरचनाओं का गहनता के साथ माइक्रोस्कोपिक स्तर तक अध्ययन कर सकते हैं।

जेज़ेरो क्रेटर ख़ास क्यों है?

मंगल ग्रह पर मौजूद पैंतालीस किलोमीटर चौड़े क्रेटर का नाम बोस्निया - हरज़ेगोविना के एक कस्बे के नाम पर रखा गया है। स्लोविक भाषा में जेज़ेरो शब्द का अर्थ झील होता हैं जो कि इस नाम में विशेष रुचि होने की वजह बताने के लिए काफ़ी है।

जेज़ेरो में कई तरह की चट्टानें होती हैं जिनमें चिकनी मिट्टी और कार्बोनेट चट्टानें होते हैं। इनमें ऑर्गेनिक मॉलिक्यूल्स को सहेजने की क्षमता होती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि मंगल के जेज़ेरो में उन्हें वो मॉलिक्यूल मिल सकते हैं जो वहां जीवन के संकेतों के बारे में बता सकते हैं।

इसमें वो सेडिमेंट्स अहम हैं जिन्हें 'बाथटब रिंग' कहा जा रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार ये मंगल ग्रह की पुरानी झील का तटीय क्षेत्र रहा होगा। इस जगह पर पर्सिवियरेंस को वो सेडिमेंट्स मिल सकते हैं जिन्हें पृथ्वी पर स्ट्रोमेटोलाइटिस कहते हैं।

अमेरिकी प्रांत इंडियाना के वेस्ट लफ़ायेट इलाक़े में स्थित परड्यू यूनिवर्सिटी से जुड़ीं साइंस टीम की सदस्य डॉ. ब्रायनी हॉर्गन कहती हैं, ''कुछ झीलों में आपको माइक्रोबियल मैट्स मिलती हैं और कार्बोनेट्स आपस में इंटरेक्ट करते हैं जिससे बड़ी संरचनाएं जन्म लेती हैं। और ये परत दर परत ढेर (माउल्ड) पैदा होते हैं। अगर हमें जेज़ेरो में ऐसी कोई संरचना मिलती है तो हम सीधे उसी ओर जाएंगे। क्योंकि ये मार्स की एस्ट्रोबायलॉजी के रहस्यों की खान साबित हो सकते हैं।''

पर्सिवियरेंस जिन दिलचस्प चट्टानों को खोजेगा, उनके कुछ हिस्सों को ज़मीन पर बायीं ओर रखीं पतली ट्यूब्स में रखेगा।

नासा और यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने एक योजना बनाई है जिसके तहत इन सिलेंडरों को वापस पृथ्वी पर लाया जाएगा। इस परियोजना में काफ़ी धन खर्च होगा।

ये एक काफ़ी जटिल प्रयास होगा जिसमें एक अन्य रोवर, एक मार्स रोवर, और एक विशालकाय सैटेलाइट का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि जेज़ेरो की चट्टानों को पृथ्वी तक लाया जा सके।

वैज्ञानिक मानते हैं कि मार्स को समझने के लिए इन सैंपल्स को वापस लाना तार्किक कदम है। अगर पर्सिवियरेंस को कोई ऐसी चीज़ मिलती है जो कि एक बायो-सिग्नेचर जैसी होती है, तब भी उस सबूत की जाँच की जाएगी।

ऐसे में उन चट्टानों को वापस लाकर पृथ्वी पर अत्याधुनिक ढंग से जांच की जाएगी जिससे मंगल ग्रह पर कभी जीवन होने या नहीं होने से जुड़े सभी कयासों पर विराम लग सके।

वैक्सीन राष्ट्रवाद: भारत में दो कोरोना वैक्सीन को मिली मंज़ूरी पर सवाल क्यों उठ रहे हैं?

भारत में ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ़ इंडिया (डीसीजीआई) ने 03 जनवरी 2021 को सीओवीआईडी- 19 के इलाज के लिए दो वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दे दी।

ये दो वैक्सीन हैं- कोविशील्ड और कोवैक्सीन। कोविशील्ड जहां असल में ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका का भारतीय संस्करण है वहीं कोवैक्सीन पूरी तरह भारत की अपनी वैक्सीन है जिसे स्वदेशी वैक्सीन भी कहा जा रहा है।

कोविशील्ड को भारत में सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया कंपनी बना रही है। वहीं, कोवैक्सीन को भारत बायोटेक कंपनी इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के साथ मिलकर बना रही है।

ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका की वैक्सीन कोविशील्ड को आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी ब्रिटेन में मिलने के बाद ऐसी पूरी संभावना थी कि कोविशील्ड को भारत में मंज़ूरी मिल जाएगी और आख़िर में यह अनुमति मिल गई।

लेकिन इसके साथ ही और इतनी जल्दी कोवैक्सीन को भी भारत में अनुमति मिल जाएगी इसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।

कोवैक्सीन को इतनी जल्दी अनुमति दिए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी समेत कुछ स्वास्थ्यकर्मियों ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

03 जनवरी 2021 को कोविशील्ड और कोवैक्सीन को अनुमति दिए जाने के बाद कई लोगों ने सवाल उठाए कि दोनों वैक्सीन के तीसरे ट्रायल के आँकड़े जारी किए बिना अनुमति कैसे दे दी गई?

तीसरे चरण के ट्रायल में बड़ी संख्या में लोगों पर उस दवा को टेस्ट किया जाता है और फिर उससे आए परिणामों के आधार पर पता लगाया जाता है कि वो दवा कितने प्रतिशत लोगों पर असर कर रही है।

पूरी दुनिया में जिन तीन वैक्सीन फ़ाइज़र बायोएनटेक, ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजे़नेका और मोडेर्ना की चर्चा है, उनके फ़ेस-3 ट्रायल के आँकड़े अलग-अलग हैं। ऑक्सफ़ोर्ड की वैक्सीन को 70 फ़ीसदी तक कारगर बताया गया है।

भारत में कोवैक्सीन के अलावा कोविशील्ड कितने लोगों पर कारगर है इस पर भी सवाल उठे हैं लेकिन ऑक्सफ़ोर्ड की वैक्सीन होने के कारण इसको उस शक की नज़र से नहीं दे खा जा रहा है जितना कोवैक्सीन को देखा जा रहा है।

कोविशील्ड के भारत में 1,600 वॉलंटियर्स पर हुए फ़ेस-3 के ट्रायल के आँकड़ों को भी जारी नहीं किया गया है। वहीं, कोवैक्सीन के फ़ेस एक और दो के ट्रायल में 800 वॉलंटियर्स पर इसका ट्रायल हुआ था जबकि तीसरे चरण के ट्रायल में 22,500 लोगों पर इसको आज़माने की बात कही गई है। लेकिन इनके आँकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

कोवैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दिए जाने के बाद कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट करते हुए कहा कि कोवैक्सीन का अभी तक तीसरे चरण का ट्रायल नहीं हुआ है, बिना सोच-समझे अनुमति दी गई है जो कि ख़तरनाक हो सकती है।

उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को टैग करते हुए लिखा, ''डॉक्टर हर्षवर्धन कृपया इस बात को साफ़ कीजिए। सभी परीक्षण होने तक इसके इस्तेमाल से बचा जाना चाहिए। तब तक भारत एस्ट्राज़ेनेका की वैक्सीन के साथ शुरुआत कर सकता है।''

कांग्रेस नेता का यह ट्वीट करना ही था कि भारत में वैक्सीन पर सवाल उठने शुरू हो गए। कांग्रेस नेता जयराम रमेश और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कोवैक्सीन और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं जताईं।

मुंबई में संक्रामक रोगों के शोधकर्ता डॉक्टर स्वप्निल पारिख कहते हैं कि डॉक्टर इस समय मुश्किल स्थिति में हैं।

उन्होंने कहा, ''मैं समझता हूं कि यह समय नियामक बाधाओं को दूर कर प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने का है।''

डॉक्टर पारिख ने कहा, ''सरकार और नियामकों को डेटा को लेकर पारदर्शी होने की ज़िम्मेदारी है, जिसकी उन्होंने वैक्सीन को अनुमति देने से पहले समीक्षा की, क्योंकि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो ये लोगों के भरोसे को प्रभावित करेगा।''

विपक्ष और कई स्वास्थ्यकर्मियों के सवालों के बाद भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन सामने आए और उन्होंने लगातार कई ट्वीट करते हुए कोवैक्सीन के असरदार होने पर तर्क दिए।

सबसे पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा, ''शशि थरूर, अखिलेश यादव और जयराम रमेश सीओवीआईडी-19 वैक्सीन को अनुमति देने के लिए विज्ञान समर्थित प्रोटोकॉल का पालन किया गया है।''

इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कोवैक्सीन के समर्थन में कई तर्क देते हुए कई ट्वीट किए हालांकि उन्होंने तीसरे चरण के ट्रायल के आँकड़ों का ज़िक्र इन ट्वीट में नहीं किया।

उन्होंने लिखा कि पूरी दुनिया में वैक्सीन को जिन एनकोडिंग स्पाइक प्रोटीन के आधार पर अनुमति दी जा रही है जिसका असर 90 फ़ीसदी तक है वहीं कोवैक्सीन में निष्क्रिय वायरस के आधार पर स्पाइक प्रोटीन के अलावा अन्य एंटीजेनिक एपिसोड होते हैं तो यह सुरक्षित होते हुए उतनी ही असरदार है जितना बाक़ियों ने बताया।

इसके साथ ही हर्षवर्धन ने बताया कि कोवैक्सीन कोरोना वायरस के नए वैरिएंट पर भी असरदार है।

हर्षवर्धन ने ट्वीट करके यह भी बताया कि कोवैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी (ईयूए) शर्तिया आधार पर दी गई है।

उन्होंने ट्वीट में लिखा, ''क्लीनिकल ट्रायल मोड में कोवैक्सीन के लिए ईयूए सशर्त दिया गया है। कोवैक्सीन को मिली ईयूए कोविशील्ड से बिलकुल अलग है क्योंकि यह क्लीनिकल ट्रायल मोड में इस्तेमाल होगी। कोवैक्सीन लेने वाले सभी लोगों को ट्रैक किया जाएगा उनकी मॉनिटरिंग होगी अगर वे ट्रायल में हैं।''

कोवैक्सीन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटैक के चेयरमैन कृष्ण इल्ला ने बयान जारी किया है, ''हमारा लक्ष्य उन आबादी तक वैश्विक पहुंच प्रदान करना है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।''

उन्होंने बयान में कहा, ''कोवैक्सीन ने अद्भुत सुरक्षा आँकड़े दिए हैं जिसमें कई वायरल प्रोटीन ने मज़बूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया दी है।''

हालांकि, कंपनी और डीसीजीआई ने भी कोई ऐसे आंकड़े नहीं दिए हैं जो बता पाएं कि वैक्सीन कितनी असरदार और सुरक्षित है लेकिन समाचार एजेंसी रॉयटर्स से एक सूत्र ने बताया कि इस वैक्सीन की दो ख़ुराक का असर 60 फ़ीसदी से अधिक है।

दिल्ली एम्स के प्रमुख डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा है कि वो आपातकालीन स्थिति में कोवैक्सीन को एक बैकअप के रूप में देखते हैं और फ़िलहाल कोविशील्ड मुख्य वैक्सीन के रूप में इस्तेमाल होगी।

दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया के बयान को न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने ट्वीट किया, ''आपातकालीन स्थिति में जब मामलों में अचानक वृद्धि होती है और हमें टीकाकरण करने की आवश्यकता होती है, तो भारत बायोटेक वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा। इसका उपयोग एक बैकअप के रूप में भी किया जा सकता है, जब हम यह सुनिश्चित नहीं करते हैं कि सीरम इंस्टीट्यूट का वैक्सीन कितना प्रभावी हो रहा है।''

गुलेरिया के इस बयान पर पत्रकार तवलीन सिंह ने रीट्वीट करते हुए लिखा है, ''इसका क्या मतलब है? अगर टीकाकरण को बैकअप की ज़रूरत है तो फिर वैक्सीन का क्या मतलब है।''

उन्होंने कहा कि तब तक कोवैक्सीन की और दवाएं तैयार होंगी और वो फ़ेज-3 के मज़बूत डेटा इस्तेमाल करेंगे जो बताएगा कि यह कितनी सुरक्षित और असरदार है लेकिन शुरुआती कुछ सप्ताह के लिए कोविशील्ड इस्तेमाल की जाएगी जिसकी पाँच करोड़ ख़ुराक मौजूद है।

कोवैक्सीन भारत की वैक्सीन है। जबकि कोविशील्ड भी भारत में बन रही है लेकिन वो मूल रूप से ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राज़ेनेका की वैक्सीन है।

दोनों वैक्सीन को अनुमति मिलने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा कि जिन दो वैक्सीन के इमर्जेंसी इस्तेमाल को मंज़ूरी दी गई है, वे दोनों मेड इन इंडिया हैं, यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे वैज्ञानिक समुदाय की इच्छाशक्ति को दर्शाता है।

पत्रकार शेखर गुप्ता ने भी वैक्सीन राष्ट्रवाद को लेकर कहा है, ''जब चीन और रूस ने लाखों लोगों को तीसरे चरण के ट्रायल का डेटा सार्वजनिक किए बिना वैक्सीन लगाई और अब भारत ने भी तीसरे चरण के ट्रायल की समीक्षा किए बिना इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। यह खतरनाक कदम है। एक ग़लती से वैक्सीन के भरोसे को भारी नुक़सान हो सकता है।''

अब इन दोनों वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी मिलने के बाद इसे सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों और फ़्रंटलाइन कर्मचारियों को दिया जाएगा।

भारत का लक्ष्य जुलाई 2021 तक 30 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाने का है।

बृहस्पति और शनि की चार सौ साल बाद मुलाकात हुई

सौर मंडल के दो ग्रह बृहस्पति और शनि चार सौ साल बाद 21 दिसंबर 2020 को इतने करीब आए कि दोनों के बीच की दूरी महज 0.1 डिग्री रह गई।

वैज्ञानिकों के मुताबिक इन्हें नंगी आँखों से भी देखा जा सकता है और दूरबीन या टेलीस्कोप से भी।

ये खगोलीय घटना 17 जुलाई 1623 के बाद हो रही है।

इसके बाद ये नजारा 15 मार्च 2080 को दिखाई देगा। इसके अलावा 21 दिसंबर 2020 साल का सबसे छोटा दिन है।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का कहना है कि हमारे सौरमंडल में दो बड़े ग्रहों का नजदीक आना दुर्लभ नहीं है।

यूँ तो बृहस्पति ग्रह अपने पड़ोसी शनि ग्रह के पास से हर 20 साल पर गुजरता है, लेकिन इसका इतने नजदीक आना ख़ास है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि दोनों ग्रहों के बीच उनके नज़रिए से सिर्फ 0.1 डिग्री की दूरी रह जाएगी, हालाँकि तब भी ये दूरी करोड़ों किलोमीटर की होगी।

यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैम्ब्रिज के इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोनॉमी में डॉक्टर क्रोफॉर्ड ने बीबीसी को बताया, ''मौसम बहुत अच्छा नहीं लग रहा है इसलिए ये एक क़ीमती मौका है।''

अगर मौसम की स्थिति अनुकूल रहती है तो ये आसानी से सूर्यास्त के बाद दुनिया भर में देखा जा सकता है।

कहाँ और कब दिखेगा?

इस घटना का सबसे बेहतरीन नज़ारा 21 दिसंबर 2020 की रात को ब्रिटेन के उत्तरी हिस्से में देखने को मिलेगा क्योंकि वहां आसमान साफ होगा।

ये नज़ारा दक्षिणी इलाक़ों में उतना साफ नहीं दिखाई देगा क्योंकि आसमान में ज़्यादातर बादल छाए रहेंगे।

ग्रहों के खगोलविद डॉक्टर जेम्स ओडोनोह्यू ने ट्वीट करके बताया कि कहां पर और कितने बजे आसमान में बृहस्पति और शनि सबसे नज़दीक होंगे।

ग्रहों के खगोलविद डॉक्टर जेम्स ओडोनोह्यू ने ट्वीट किया कि जिस समय बृहस्पति और शनि 21 दिसंबर 2020 और 22 दिसंबर 2020 को आसमान में सबसे करीब होंगे।

लॉस एंजेलिस: 09:43
न्यू यॉर्क: 12:43
रियो डी जनेरियो: 14:43
लंदन / यूटीसी: 17:43
पेरिस / सीईटी: 18:43
इस्तांबुल: 20:43
दुबई: 21:43
नई दिल्ली: 23:13
टोक्यो: 02:43 (22 दिसंबर 2020)
सिडनी: 04:43 (22 दिसंबर 2020)

क्या ये बेथलेहम का तारा है?

कुछ खगोलशास्त्रियों और धर्मशास्त्रियों का ऐसा ही मानना है।

वर्जिनिया में फेरम कॉलेज में धर्म के प्रोफेसर एरिक एम वैंडेन ईकल ने एक लेख में कहा है कि ये घटना जिस समय हो रही है उसके कारण बहुत से अनुमान लगाए जा सकते हैं कि ''क्या ये वही खगोलीय घटना हो सकती है जैसा कि बाइबल में है, जो घटना ज्ञानी व्यक्तियों को जोसफ, मेरी और नवजात शिशु जीसस के पास लेकर गई थी।''

यह कहा जाता है कि ईसा मसीह के जन्म के समय आसमान में एक तारा निकला जिसने लोगों को ईसा मसीह के जन्म की सूचना दी और वहां पहुंचने का रास्ता दिखाया। इसे देखकर पूरब से तीन बुद्धिमान राजा भी उनको भेंट देने, उनका सम्मान करने बेथलेहम पहुंचे।

इसे बेथलेहम का तारा या क्रिसमस तारा भी कहा जाता है। इसे एक दैवीय घटना की तरह बताया जाता है।

डॉक्टर क्रोफॉर्ड कहते हैं, ''दो हज़ार साल पहले लोग इस बारे में बहुत कुछ जानते थे कि रात में आकाश में क्या हो रहा है, तो यह असंभव नहीं है कि बेथलेहम का तारा इस तरह दो ग्रहों के पास आने की घटना जैसा हो।''

सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाते हुए ग्रहों का एक-दूसरे के नज़दीक आना दुर्लभ घटना नहीं है लेकिन ये घटना कुछ खास है।

यूनिवर्सिटी ऑफ़ मैनचेस्टर में एस्ट्रोफिजिसिस्ट प्रोफेसर टिम ओब्रायन कहते हैं, ''ग्रहों को एक-दूसरे के नज़दीक देखना बहुत अच्छा लगता है, ऐसा अक्सर होता है लेकिन ग्रहों का इस घटना के जितना नज़दीक आना बेहद अद्भुत है।''

सौरमंडल में मौजूद दो बड़े ग्रह और कुछ रात में दिखने वाले चमकीले पिंड भी पिछले 800 सालों में इतने नज़दीक नहीं आए हैं।

प्रोफेसर ओब्रायन कहते हैं, ''ये ग्रह दक्षिण-पश्चिम इलाक़े में स्थापित हो रहे होंगे इसलिए आपको आसमान में अंधेरा होते ही वहां से निकलना होगा।''

''हममें से कोई भी अगले 400 सालों तक धरती पर नहीं रहने वाला है इसलिए मौसम पर नज़र बनाए रखें और मौका मिले तो बाहर आकर इस नज़ारे को देखें।''

चीन का अंतरिक्ष में बड़ी कामयाबी: चांद के नमूने लेकर चांग ई-5 यान लौटा

चीन का चांग ई-5 यान चंद्रमा की सतह से पत्थर और मिट्टी के नमूने लेकर पृथ्वी पर लौट आया है।

अमेरिका के अपोलो और सोवियत संघ के लूना चंद्र अभियानों के बाद पहली बार कोई देश चांद की सतह से नमूने लेकर आया है।

इन नमूनों से पृथ्वी के इस उपग्रह की सतह और उसके अतीत के बारे में नई जानकारियाँ मिल सकेंगी।

चांग ई-5 यान स्थानीय समयानुसार 17 दिसंबर 2020 की रात क़रीब डेढ़ बजे मंगोलिया के भीतरी इलाक़े में उतरा।

अंतरिक्ष में लगातार अपनी क्षमता बढ़ाता जा रहा चीन इस मिशन की कामयाबी को एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है।

पिछले सात वर्षों में चांग ई-5 मिशन चीन का तीसरा सफल चंद्र अभियान रहा है।

अमेरिकी अपोलो अंतरिक्ष यान से चांद पर गए अंतरिक्ष यात्रियों और सोवियत रूस के रोबोटिक लूना मिशन ने चांद की सतह से क़रीब 400 किलो तक मिट्टी और पत्थर जमा किए थे।

चांद से लाए ये सभी नमूने क़रीब तीन अरब साल पुराने हैं।

चांग ई-5 मिशन

चांग ई-5 को 24 नवंबर 2020 को दक्षिणी चीन के वेनचांग स्टेशन से एक अंतरिक्षयान के ज़रिए छोड़ा गया था।

पहले ये मिशन चांद के ऊपर पहुंचा और इसने खुद को चांद की कक्षा में स्थापित किया और चांद के चक्कर लगाने लगा।

बाद में ये दो टुकड़ों में बंट गया - पहला सर्विस व्हीकल और रिटर्न मॉड्यूल जो चांद की कक्षा में ही रुका रहा और दूसरा मून लैंडर जो धीरे-धीरे चांद की सतह की तरफ बढ़ने लगा।

8.2-टन के इस यान ने 1 दिसंबर 2020 को चांद की सतह पर निर्धारित जगह के क़रीब सॉफ्ट लैंडिंग की।

इस मिशन को मॉन्स रूमकेर में उतारा गया जो चांद की ज्वालामुखी वाली पहाड़ियों के पास मौजूद एक जगह है।

लैंडिंग के कुछ दिनों बाद इस यान ने चांद की सतह से पहली रंगीन तस्वीर भेजीं।

इसने चांद की सतह पर अपने पैर के पास लेकर क्षितिज तक की तस्वीर ली।

चांद की सतह के मिट्टी और पत्थरों के नमूनों को इकट्ठा करने के लिए चांग ई-5 के लैंडर में कैमरा, रडार, एक ड्रिल और स्पेक्ट्रोमीटर फिट किया गया था।

ये लैंडर क़रीब दो किलो तक के वज़न के पत्थर और मिट्टी इकट्ठा कर सकता था। इकट्ठा नमूनों को ये एक ऑर्बिटिंग मिशन तक पहुँचाया जो इसे आगे पृथ्वी पर भेजा।

चांग ई-5 मिशन से पहले चीन ने चांद पर दो और यान भेजे थे।

2013 में चांग ई-3 और 2019 में चांग ई-4 मून मिशन। इन दोनों में ही एक लैंडर के साथ-साथ एक छोटा मून रोवर शामिल किया गया था।

इन दोनों की तुलना में चांग ई-5 जटिल मिशन था।

माना जा रहा है कि मॉन्स रूमकेर से लाए गए नमूनों की उम्र 1.2 से 1.3 अरब साल होगी, यानी वो पहले लाए गए नमूनों की अपेक्षा नए होंगे। जानकारों का मानना है कि इससे चांद के भूवैज्ञानिक इतिहास के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी।

इन नमूनों की मदद से वैज्ञानिकों को सटीक रूप से 'क्रोनोमीटर' तैयार करने में भी मदद मिलेगी जिससे सौर मंडल के ग्रहों के सतहों की उम्र को माना जाता है।

ये किसी ग्रह या उपग्रह की सतह पर मौजूद ज्वालामुखी की संख्या पर निर्भर करता है।

वैज्ञानिकों के अनुसार जिस ग्रह की सतह पर अधिक ज्वालामुखी होंगे वो अधिक पुरानी होगी यानी उसकी उम्र अधिक होगी (इसके लिए वैज्ञानिक ज्वालामुखी के क्रेटर की संख्या की गिनती करते हैं)। हालांकि इसके लिए अलग-अलग जगहों को देखा जाना ज़रूरी होता है।

अपोलो और लूना मिशन के भेजे गए नमूनों से 'क्रोनोमीटर' तैयार करने में वैज्ञानिकों को काफी मदद मिली थी।

अब चांग ई-5 मिशन के भेजे नमूनों से उन्हें इसे और सटीक रूप से विकसित करने में मदद मिलेगी।

नैनो क्ले तकनीक: क्या रेगिस्तान को उपजाऊ खेत में तब्दील कर सकती है?

मार्च 2020 में जब दुनिया भर में लॉकडाउन लग रहा था तब संयुक्त अरब अमीरात में एक बड़ा प्रयोग पूरा हो रहा था। केवल 40 दिनों के अंदर यहां बंजर ज़मीन का एक टुकड़ा मीठे रसीले तरबूजों से भर गया।

संयुक्त अरब अमीरात के लिए जो ताज़े फल और सब्जियों की ज़रूरत का 90 फीसदी हिस्सा आयात करता है, यह असाधारण उपलब्धि है। सिर्फ़ मिट्टी और पानी मिलाने से संयुक्त अरब अमीरात का सूखा और तपता रेगिस्तान रसीले फलों से भरे खेत में तब्दील हो गया।

यह इतना आसान नहीं था। ये तरबूज ''नैनो क्ले'' तरल की मदद से ही मुमकिन हो पाए। मिट्टी को दोबारा उपजाऊ बनाने की इस तकनीक की कहानी यहां से 1,500 मील (2,400 किलोमीटर) पश्चिम में दो दशक पहले शुरू हुई थी।

1980 के दशक में मिस्र में नील डेल्टा के एक हिस्से में पैदावार घटने लगी थी। रेगिस्तान के क़रीब होने के बावजूद यहां हजारों साल से खेती हो रही थी।

यहां की बेमिसाल उर्वरता की वजह से ही प्राचीन मिस्रवासियों ने अपनी ऊर्जा एक ताक़तवर सभ्यता विकसित करने में लगाई, जिसकी तरक्की देखकर हजारों साल बाद आज भी दुनिया अचंभे में पड़ जाती है।

सदियों तक यहां के समुदायों की भूख मिटाने वाले खेतों की पैदावार, 10 साल के अंदर घट गई।

पैदावार क्यों घटी?

हर साल गर्मियों के आख़िर में नील नदी में बाढ़ आती है जो मिस्र के डेल्टा में फैल जाती है।

वैज्ञानिकों ने जब पैदावार घटने की जांच शुरू की तो पता चला कि बाढ़ का पानी अपने साथ खनिज, पोषक तत्व और पूर्वी अफ्रीका के बेसिन से कच्ची मिट्टी के कण लेकर आता था जो पूरे डेल्टा क्षेत्र में फैल जाता था।

कीचड़ के ये बारीक कण ही वहां की ज़मीन को उपजाऊ बनाते थे। लेकिन फिर क्यों ये कण ग़ायब हो गए?

1960 के दशक में दक्षिणी मिस्र में नील नदी पर असवान बांध बनाया गया था। ढाई मील (चार किलोमीटर) चौड़ी यह विशालकाय संरचना पनबिजली बनाने और बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए बनाई गई थी ताकि खेती का प्रबंधन आसान हो सके और फसलें बर्बाद न हों।

इस बांध ने बाढ़ के साथ आने वाले पोषक तत्वों को रोक दिया। एक दशक के अंदर-अंदर डेल्टा की पैदावर घट गई। मृदा वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने जब समस्या का पता लगा लिया तो इसका समाधान ढूंढ़ा जाने लगा।

नैनो क्ले तकनीक क्या है?

नैनो क्ले तकनीक का विकास करने वाली नॉर्वे की कंपनी डेज़र्ट कंट्रोल के मुख्य कार्यकारी ओले सिवर्त्सेन कहते हैं, ''यह वैसा ही है जैसा आप अपने बगीचे में देख सकते हैं।''

''रेतीली मिट्टी पौधों के लिए ज़रूरी नमी बरकरार नहीं रख पाती। कच्ची मिट्टी सही अनुपात में मिलाने से यह स्थिति नाटकीय रूप से बदल जाती है।''

सिवर्त्सेन के शब्दों में, उनकी योजना नैनो क्ले के इस्तेमाल से बंजर रेगिस्तानी ज़मीन को ''रेत से उम्मीद'' की ओर ले जाने की है।

कीचड़ का इस्तेमाल करके पैदावार बढ़ाना कोई नई बात नहीं है। किसान हजारों साल से ऐसा करते आ रहे हैं। लेकिन भारी, मोटी मिट्टी के साथ काम करना ऐतिहासिक रूप से बहुत श्रम-साध्य रहा है और इससे भूमिगत पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।

हल जोतने, खुदाई करने और मिट्टी पलटने से भी पर्यावरण को क्षति होती है। मिट्टी में दबे हुए जैविक तत्व ऑक्सीजन के संपर्क में आ जाते हैं और कार्बन डाई-ऑक्साइड में बदलकर वायुमंडल में मिल जाते हैं।

एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी की मृदा वैज्ञानिक सरन सोही का कहना है कि खेती से मिट्टी के जटिल बायोम में भी व्यवधान पड़ता है।

''मृदा जीवविज्ञान का एक अहम हिस्सा पौधों और फफूंद के बीच सहजीवी संबंध का है जो पौधों की जड़ प्रणाली के विस्तार के रूप में काम करते हैं।''

जड़ के पास जीवन है

सोही कहती हैं, ''बाल से भी बारीक संरचनाएं, जिनको हाइफे कहा जाता है, वे पोषक तत्वों को पौधे की जड़ों तक पहुंचाने में मददगार होती हैं।''

इस प्रक्रिया में फफूंद मिट्टी के खनिज कणों से जुड़ते हैं। वे मृदा संरचना बनाए रखते हैं और क्षरण सीमित करते हैं।

मिट्टी खोदने या खेती करने से ये संरचनाएं टूट जाती हैं। इनके दोबारा तैयार होने में समय लगता है। तब तक मिट्टी को नुकसान पहुंचने और पोषक तत्व ख़त्म होने की आशंका रहती है।

रेत में कच्ची मिट्टी का घोल बहुत कम मिलाएं तो उसका प्रभाव नहीं पड़ता। अगर इसे बहुत अधिक मिला दें तो मिट्टी सतह पर जमा हो सकती है।

वर्षों के परीक्षण के बाद नॉर्वे के फ्लूड डायनेमिक्स इंजीनियर क्रिस्टियन पी ओल्सेन ने एक सही मिश्रण तैयार किया जिसे रेत में मिलाने से वह जीवन देने वाली मिट्टी में बदल जाती है।

वह कहते हैं, ''हर जगह एक ही फॉर्मूला नहीं चलता। चीन, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान में 10 साल के परीक्षण ने हमें सिखाया है कि हर मिट्टी की जांच ज़रूरी है, जिससे हम सही नैनो क्ले नुस्खा आजमा सकें।''

मिट्टी के घोल का संतुलन

नैनो क्ले रिसर्च और विकास का बड़ा हिस्सा ऐसा संतुलित तरल फॉर्मूला तैयार करने में लगा जो स्थानीय मिट्टी के बारीक कणों (नैनो कणों) में रिसकर पहुंच सके, लेकिन वह इतनी तेज़ी से न बह जाए कि पूरी तरह खो जाए। इसका मकसद पौधों की जड़ से 10 से 20 सेंटीमीटर नीचे की मिट्टी में जादू का असर दिखाना है।

सौभाग्य से, जब रेत में कीचड़ मिलाने की बारी आती है तो मृदा रसायन विज्ञान का एक नियम काम आता है, जिसे मिट्टी की धनायन विनिमय क्षमता (Cationic Exchange Capacity) कहा जाता है।

सिवर्त्सेन कहते हैं, ''कीचड़ के कण निगेटिव चार्ज होते हैं, जबकि रेत के कण पॉजिटिव चार्ज होते हैं। जब वे मिलते हैं तो एक दूसरे से जुड़ जाते हैं।''

रेत के हर कण के चारों ओर मिट्टी की 200 से 300 नैनोमीटर मोटी परत चढ़ जाती है। रेत कणों का यह फैला हुआ क्षेत्र पानी और पोषक तत्वों को उससे चिपकाए रखता है।

सिवर्त्सेन कहते हैं, ''कच्ची मिट्टी जैविक तत्वों की तरह काम करती है। यह नमी बनाए रखने में मदद करती है। जब ये कण स्थिर हो जाते हैं और पोषक तत्व उपलब्ध कराने में सहायक होने लगते हैं तब आप सात घंटों के अंदर फसल बो सकते हैं।''

यह तकनीक क़रीब 15 साल से विकसित हो रही है, लेकिन व्यावसायिक स्तर पर पिछले 12 महीने से ही इस पर काम हो रहा है, जब दुबई के इंटरनेशनल सेंटर फ़ॉर बायोसेलाइन एग्रीकल्चर (ICBA) ने स्वतंत्र रूप से इसका परीक्षण किया।

सिवर्त्सेन कहते हैं, ''अब हमारे पास इसके असरदार होने से वैज्ञानिक प्रमाण हैं। हम 40 फीट (13 मीटर) के कंटेनर में कई मोबाइल मिनी फैक्ट्रियां बनाना चाहते हैं ताकि हम जितना मुमकिन हो उतनी तब्दीली ला सकें।''

''ये मोबाइल इकाइयां जहां ज़रूरत होगी वहां स्थानीय तौर पर तरल नैनो क्लो तैयार करेंगी। हम उसी देश की मिट्टी का इस्तेमाल करेंगे और उसी क्षेत्र के लोगों को काम पर रखेंगे।''

इस तरह की पहली फैक्ट्री एक घंटे में 40 हजार लीटर तरल नैनो क्ले तैयार कर देगी जिसका इस्तेमाल संयुक्त अरब अमीरात के सिटी पार्कलैंड में होगा। इस तकनीक से 47 फीसदी तक पानी की बचत होगी।

लागत घटाने की चुनौती

फिलहाल प्रति वर्ग मीटर करीब 2 डॉलर (1.50 पाउंड) की लागत आती है जो समृद्ध यूएई के छोटे खेतों के लिए स्वीकार्य है।

मगर सब-सहारा अफ्रीका में जहां यह असल में मायने रखता है वहां इसे प्रभावी बनाने के लिए सिवर्त्सेन को लागत घटाने की ज़रूरत है।

अफ्रीका के ज़्यादातर किसानों के पास इतना पैसा नहीं है कि वे अपनी ज़मीन को इस तरह से ठीक करा सकें। इस तरह से ज़मीन के उपचार का असर लगभग 5 साल तक रहता है। उसके बाद मिट्टी का घोल दोबारा डालना पड़ेगा।

सिवर्त्सेन को लगता है कि बड़े पैमाने पर काम करने से लागत कम होगी। उनका लक्ष्य प्रति वर्ग मीटर ज़मीन के लिए लागत 0.20 डॉलर (0.15 पाउंड) तक लाना है।

इसकी जगह उपजाऊ ज़मीन खरीदनी पड़े तो उसकी लागत 0.50 डॉलर से 3.50 डॉलर (0.38 पाउंड से 2.65 पाउंड) प्रति वर्ग मीटर तक बैठती है। भविष्य में खेत खरीदने की जगह इस तरह से बंजर ज़मीन को उपजाऊ बनाना सस्ता पड़ेगा।

सिवर्त्सेन ग्रेट ग्रीन वॉल प्रोजेक्ट में भी मदद कर रहे हैं। इसके लिए वह यूएन कन्वेंशन टू कॉम्बैट डेजर्टिफ़िकेशन के साथ काम कर रहे हैं। उत्तरी अफ्रीका में रेगिस्तान का विस्तार रोकने के लिए पेड़ों की दीवार खड़ी की जा रही है।

पैदावार बढ़ाने के अन्य उपाय

कच्ची मिट्टी का घोल उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व की रेतीली ज़मीन में मिला देंगे, मगर बाकी दुनिया में क्या करेंगे?

वैश्विक स्तर पर मिट्टी में जैविक तत्व 20 से 60 फीसदी तक घट गए हैं। नैनो क्ले सिर्फ़ रेतीली मिट्टी को उपजाऊ बनाने के अनुकूल है।

अगर आपके पास खारी, ग़ैर-रेतीली मिट्टी हो तो आप क्या करेंगे? यहां बायोचार आपकी मदद कर सकता है।

कार्बन का यह स्थायी रूप जैविक पदार्थों को पायरोलिसिस विधि से जलाकर तैयार किया जाता है। इस प्रक्रिया में कार्बन डाई-ऑक्साइड जैसे प्रदूषक बहुत कम निकलते हैं क्योंकि दहन प्रक्रिया से ऑक्सीजन को बाहर रखा जाता है।

इससे छिद्रयुक्त और हल्का चारकोल-जैसा पदार्थ बनता है। सोही का कहना है कि पोषक तत्वों से रहित मिट्टी को यही चाहिए।

वह कहती हैं, ''मिट्टी की जैविक सामग्री हमेशा बदलती रहती है, लेकिन स्वस्थ मिट्टी में स्थायी कार्बन का एक निश्चित स्तर मौजूद रहता है।''

''बायोचार स्थायी कार्बन हैं जो पौधों के विकास के लिए अहम पोषक तत्वों पर पकड़ बनाए रखने में मदद करते हैं। मिट्टी में स्थायी कार्बन तत्व विकसित होने में दशकों लग जाते हैं, लेकिन बायोचार से यह तुरंत हो जाता है।''

''बायोचार जैविक खाद जैसे अन्य कार्बनिक पदार्थों के साथ मिलकर मिट्टी की संरचना को ठीक कर सकता है जिससे पौधों का विकास होता है।''

इससे अति-कृषि या खनन या संदूषण की वजह से जैविक तत्वों की कमी वाली मिट्टी को दोबारा बहाल करने में मदद मिल सकती है, बशर्ते कि मिट्टी में मौजूद ज़हरीले तत्वों का उपचार कर लिया जाए।

मिट्टी सुधारने की अन्य तकनीकों में शामिल है - वर्मीक्युलाइट का इस्तेमाल। यह एक फाइलोसिलिकेट खनिज है जिसे चट्टानों से निकाला जाता है। गर्म करने से यह फैल जाता है।

स्पंज जैसा होने से यह अपने वजन से तीन गुणा ज़्यादा पानी सोख सकता है और उसे लंबे समय तक बनाए रख सकता है।

पौधों की जड़ के पास इसे डाल देने से वहां नमी बनी रहती है, लेकिन इसके लिए मिट्टी खोदना पड़ता है जो इसका नकारात्मक पक्ष है।

पोषक तत्वों की जांच

संयुक्त अरब अमीरात में स्थानीय समुदाय के लोग रेगिस्तान को उपजाऊ ज़मीन में बदलने के फायदे उठा रहे हैं।

नैनो क्ले के सहारे उगाई गई सब्जियां और फल कोविड-19 लॉकडाउन में बड़े काम के साबित हुए। 0.2 एकड़ (1,000 वर्ग मीटर) ज़मीन में करीब 200 किलो तरबूज, ज़ूकीनी और बाजरे की फसल तैयार हुई जो एक घर के लिए काफी है।

सिवर्त्सेन कहते हैं, ''संयुक्त अरब अमीरात में लॉकडाउन बहुत सख़्त था जिसमें आयात घट गया था। कई लोगों को ताज़े फल और सब्जियां नहीं मिल पा रही थीं।''

''हमने ताज़े तरबूज और ज़ूकीनी तैयार करने के लिए ICBA और रेड क्रेसेंट टीम के साथ काम किया।''

सिवर्त्सेन इस तरह से तैयार फसलों में पोषक तत्वों का परीक्षण भी करना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए अगली फसल तक इंतज़ार करना होगा।