लाहौर में हुए धमाके का निशाना हाफ़िज़ सईद का घर था: पाकिस्तान पुलिस
पाकिस्तान में पंजाब प्रांत की पुलिस के मुताबिक लाहौर में हुए धमाके का निशाना जमात उद दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद का घर था।
लाहौर के जौहर टाउन इलाके में बुधवार, 23 जून 2021 को हुए इस धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है जबकि 14 लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस के आईजी इनाम ग़नी ने बताया कि हाफ़िज़ सईद के घर के पास सुरक्षा होने की वजह से हमलावर घर तक नहीं पहुंच सके।
पाकिस्तान में मौजूद बीबीसी संवाददाता शुमाइला जाफ़री के मुताबिक आईजी ग़नी ने मीडिया को जानकारी दी, ''धमाका हाफ़िज़ सईद के घर के पास हुआ। घर के पास पुलिस होने के वजह से हमलावर वहां तक नहीं पहुंच सके।''
आईजी ग़नी ने कहा कि ऐसा लगता है कि हमलावरों का निशाना हाफ़िज़ सईद के घर के पास बनी पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी थे।
इसके पहले लाहौर के कमिश्नर कैप्टन (रिटायर्ड) उस्मान यूनिस ने दो लोगों की मौत और 14 लोगों के ज़ख़्मी होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घायलों में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोगों की स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि मौके पर विस्फोटक कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।
RELATED NEWS
