भारत

भारत का विदेशी विदेशी मुद्रा भंडार घटने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की

भारत का विदेशी विदेशी मुद्रा भंडार घटने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की तीखी आलोचना की है। 

कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर इसलिए बेचे जा रहे हैं, ताकि एक डॉलर 100 रुपए के पार न जाए। 

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 हफ़्ते में 38 बिलियन डॉलर घट गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि हम विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर बेच रहे हैं, ताकि रुपए की गिरावट को धीमा किया जाए।"

आगे लिखा, "अगर एक डॉलर 100 रुपए हुआ तो मोदी की खोखली छवि को नुक़सान होगा - इसलिए देश का नुक़सान किया जा रहा है।"

भारतीय रिज़र्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 18.343 अरब डॉलर घटकर 747.557 अरब डॉलर रह गया है। ये आंकड़े 25 सितंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते के हिसाब से हैं। 

इससे पहले वाले हफ़्ते में इसमें 14.881 अरब डॉलर की गिरावट आई थी और यह 765.901 अरब डॉलर पर था। 

जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन: दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट बंद

भारत के दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली में मेट्रो के कई स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट पर रोक लगा दी है। 

दिल्ली मेट्रो ने कहा है कि नीचे दिए गए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट अगले आदेश तक बंद रहेगी। 

    - जनपथ
    - पटेल चौक
    - केंद्रीय सचिवालय
    - राजीव चौक
    - सेवा तीर्थ
    - मंडी हाउस
    - लोक कल्याण मार्ग
    - आईएनए
    - चावड़ी बाजार
     - रामकृष्ण आश्रम मार्ग
     - नई दिल्ली 

दिल्ली मेट्रो ने एक्स पर ये जानकारी साझा करते हुए कहा, "राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।"

भारत के दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली में मेट्रो के कई स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट पर रोक लगा दी है। 

दिल्ली मेट्रो ने कहा है कि नीचे दिए गए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट अगले आदेश तक बंद रहेगी। 

    - जनपथ
    - पटेल चौक
    - केंद्रीय सचिवालय
    - राजीव चौक
    - सेवा तीर्थ
    - मंडी हाउस
    - लोक कल्याण मार्ग
    - आईएनए
    - चावड़ी बाजार
     - रामकृष्ण आश्रम मार्ग
     - नई दिल्ली 

दिल्ली मेट्रो ने एक्स पर ये जानकारी साझा करते हुए कहा, "राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।"

दिल्ली पुलिस का ज्ञानेश के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार, धारा 163 लगाई

भारत के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दो अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। 

इस प्रदर्शन का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने किया है। 

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने नई दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। जंतर-मंतर पर भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है। 

दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लगाते हुए नई दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। 

नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली ज़िले में सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बीएनएसएस, 2023 की धारा 163 लागू है। इसके तहत बिना अनुमति के लोगों का जुटना, सार्वजनिक भाषण, नारे लगाना, जुलूस, प्रदर्शन, धरना और आदेश में बताई गई अन्य गतिविधियां प्रतिबंधित हैं।"

‘इंडियन एक्सप्रेस’ में एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की ख़बरें आने के बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में गड़बड़ी कर बीजेपी को चुनाव जीतने में मदद कर रहा है। 

भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार छुट्टी का दावा फर्ज़ी

भारत में सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस दावे को फर्ज़ी बताया है, जिसमें कहा जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। 

प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर ऐसा कोई नोटिफ़िकेशन जारी नहीं किया गया है। 

पीआईबी ने लोगों से इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है। 

दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) की मांग थी कि बैंक कर्मियों को हर सप्ताह शनिवार और रविवार का अवकाश दिया जाए। 

इस मांग के अलावा कुछ और मांगों को लेकर यूएफ़बीयू ने हड़ताल का एलान भी किया था। हालांकि, बाद में इसे स्थगित कर दिया था। 

इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने मांगों पर विचार करने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन करने की बात कही थी। 

महाराष्ट्र के रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर 8 छात्रों की डूबने से मौत

भारत के महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले के दिवेआगर समुद्र तट पर एक हादसे में 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई। 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक, पुणे के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 48 छात्र और शिक्षक पिकनिक और एजुकेशनल टूर के लिए दिवेआगर बीच पहुंचे थे.

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे। सभी लोग दिघी और दिवेआगर बीच क्षेत्र में घूमने आए थे। इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए। 

एसपी कार्यालय ने बताया कि घटना में 8 छात्रों की मौत हो गई है। बचाव और राहत अभियान चलाया गया और दूसरे छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। 

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजहों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी ने फ़्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ़ की

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट में सवार भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ़ करते हुए उन्हें 'हीरो' बताया है। 

पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह कहा है कि स्मित की बहादुरी की वजह से एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली है। 

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छर एक हीरो हैं। सबसे बड़े ख़तरे के सामने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत साहस और मज़बूत हौसला दिखाया।"

उन्होंने लिखा, "उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली। भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने, नई ताक़त और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। 

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मच्छर को 'हीरो' बताया है। 

वहीं, सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि स्मित अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

फ़्लाईदुबई घटना पर ट्रंप ने नेतन्याहू से फ़ोन पर बात की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने फ्लाईदुबई की घटना को लेकर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की। 

ट्रंप ने बुधवार को कहा कि नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि क्या हुआ था और विमान में सवार यात्रियों ने उड़ान को बचाने और उसे कंट्रोल में लाने की कोशिश की। 

ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक बेहद हैरान करने वाली कहानी है।  ऐसा लगता है कि को-पायलट शायद आतंकवादी था या शायद उसका दिमाग ठीक नहीं था।"

उन्होंने उस भारतीय पायलट की भी तारीफ की, जिस पर हमला किया गया था।  ट्रंप ने उसे "हीरो" कहा। 

दरअसल, ये घटना बुधवार की है, जब दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट बुधवार को उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब मुड़ गई और वहीं लैंडिंग की। 

कॉकपिट में एक पायलट ने दूसरे पर हमला कर दिया। जिस पायलट पर हमला हुआ, उनका नाम स्मित मच्छर है, जो भारतीय हैं। हालांकि, कथित हमले के पीछे का मकसद क्या था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। 

चुनाव आयोग ने एसआईआर पूरा हो चुके राज्यों में ऑनलाइन फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा हटा दी

भारत के चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) पूरा हो चुके राज्यों में ऑनलाइन फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा हटा दी है। 

इसका मतलब है एसआईआर पूरा होने के बाद फॉर्म 6 में एसआईआर से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी नहीं मांगी जाएगी। 

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जिन राज्यों में एसआईआर जारी है, वहां फॉर्म 6 में यह घोषणा अब भी दिख रही है। 

वहीं, जिन राज्यों में एसआईआर पूरा हो चुका है, वहां ईसीआईनेट ऐप और पोर्टल के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के पोर्टल से भी यह अतिरिक्त घोषणा हटा दी गई है। 

अब ऐसे राज्यों में नए वोटर्स को नामांकन के लिए केवल पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित वैधानिक फॉर्म-6 ही भरना होगा। 

यह बदलाव 26 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की मौजूदगी में हुई आयोग की बैठक के बाद किया गया है। 

फॉर्म 6 का इस्तेमाल वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए होता है। 

चुनाव आयोग के मुताबिक़, "फॉर्म 6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए किया जाता है। यह उन नागरिकों के लिए होता है जो पहली बार मतदाता बन रहे हैं जो 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं। वे अपना पंजीकरण फॉर्म 6 भरकर करवा सकते हैं।"

भारत ने रूस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक नई एडवाइज़री जारी की

भारत के विदेश मंत्रालय ने रूस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइज़री जारी की है। 

मंत्रालय ने कहा है कि उसे अब भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती हो रहे हैं। 

सरकार ने लोगों को एक बार फिर चेतावनी दी है कि विदेश में नौकरी के अवसर तलाशते समय सावधानी बरतें। साथ ही, अप्रमाणित लोगों या एजेंटों के नौकरी संबंधी प्रस्तावों के झांसे में न आएं। 

मंत्रालय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कई बार ऐसे जोखिमों और ख़तरों को लेकर आगाह किया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ लोग आर्थिक लाभ के लालच में रूसी सेना में भर्ती होने के प्रस्ताव स्वीकार कर रहे हैं। बाद में वे भारतीय सरकार से हस्तक्षेप कर उन्हें वहां से निकालने की मांग करते हैं।  सरकार ने ऐसे कदमों को ख़तरनाक बताते हुए लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दी है। 

विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, कुछ मामलों में भारतीय नागरिक अपनी इच्छा से भारतीय नागरिकता छोड़कर रूसी पासपोर्ट ले रहे हैं और फिर रूसी सेना में शामिल हो रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि लोगों को ऐसे फैसलों की गंभीरता और उनसे जुड़े जानलेवा ख़तरों को समझना चाहिए। 

मंत्रालय ने यह भी कहा कि कुछ गैर-सरकारी संगठन और स्वयंसेवी समूह विदेशी नागरिकों की भर्ती कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय नागरिक किसी भी नौकरी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। साथ ही, केवल विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंटों के माध्यम से ही रोजगार के अवसर तलाशें। 

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि रूसी सेना में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके और उनकी जल्द रिहाई हो। 

प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छी बातचीत हुई

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उनकी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अच्छी बातचीत हुई। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और दूसरे क्षेत्रों में चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।"

उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई है। 

मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने दुनिया में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा की।