पाकिस्तान में गलती से गिरी ब्रह्मोस मिसाइल पर जांच पूरी, सरकार ने तीन अधिकारी किए बर्खास्त
भारत की मिसाइल ग़लती से पाकिस्तानी क्षेत्र में गिरने को लेकर जांच पूरी हो गई है।
जांच में सामने आया कि भारत के तीन अधिकारियों के स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन नहीं करने के कारण अचानक से मिसाइल फायर हुई। इन तीन अधिकारियों को घटना के लिए ज़िम्मेदार ठहराया गया है।
भारत की केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से तीनों अधिकारियों की सेवाओं को समाप्त कर दिया है। नौकरी से हटाने के आदेश अधिकारियों को मंगलवार, 23 अगस्त, 2022 को दिए गए हैं।
9 मार्च, 2022 को भारत ने गलती से पाकिस्तान क्षेत्र में ब्रह्मोस मिसाइल फायर कर दी थी। ये मिसाइल पाकिस्तान के चन्नू इलाके में गिरी थी। ब्रह्मोस मिसाइल आवाज़ से तीन गुना तेज रफ्तार से चलती है।
हालांकि इस मिसाइल पर वॉरहेड लोडेड नहीं था और इस घटना में सीमा के दोनों तरफ कोई घायल नहीं हुआ था।
RELATED NEWS
