यूक्रेन के साथ शांति तभी मुमकिन है जब हम अपने मक़सद को पूरा कर लेंगे: राष्ट्रपति पुतिन

यूक्रेन के साथ शांति तभी मुमकिन है जब हम अपने मक़सद को पूरा कर लेंगे: राष्ट्रपति पुतिन

गुरुवार, 14 दिसंबर 2023

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूसी लोगों से कहा है कि यूक्रेन के साथ शांति तभी मुमकिन है "जब हम अपने मक़सद को पूरा कर लेंगे।'' उन्होंने ये भी कहा कि ये मक़सद नहीं बदलेंगे।

फरवरी, 2022 में यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने के बाद राष्ट्रपति पुतिन पहली बार किसी बड़े प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति पुतिन ने पत्रकारों के अलावा डायरेक्ट फोन लाइन पर रूसी लोगों के सवालों का सीधे जवाब दिया। साल 2022 में राष्ट्रपति पुतिन के प्रशासन ने इस सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन नहीं किया था।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन ने ज़्यादा वक़्त यूक्रेन में 'विशेष सैनिक अभियान' पर जोर दिया। सरकारी टीवी चैनल पर पुतिन ने रूस की संप्रभुता पर जोर देते हुए कहा कि हमारे देश का अस्तित्व इसके बिना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि युद्ध के समय के लिए रूस की अर्थव्यवस्था मजबूत है।

इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के मुद्दे पर आए। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में तभी अमन होगा जब हम अपने मक़सद को पा लेंगे और ये मक़सद नहीं बदलेंगे। उन्होंने ये भी बताया कि यूक्रेन में इस समय रूस के 617,000 सैनिक लड़ रहे हैं।

पुतिन ने ये भी दावा किया कि साल 2022 में तीन लाख लोगों को सैन्य सेवा के लिए बुलाया गया था जबकि 486,000 लोगों ने स्वैच्छिक रूप से सैन्य सेवा में योगदान के लिए आगे आए थे।