मनोरंजन

अरबाज के बाद साजिद खान से आईपीएल सट्टेबाजी मामले में पूछताछ हो सकती है

बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर अरबाज खान के बाद अब फिल्म डायरेक्टर और कॉमेडियन साजिद खान से भी आईपीएल सट्टेबाजी मामले में पूछताछ हो सकती है। एक अधिकारी ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि आईपीएल सट्टेबाजी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), ठाणे पुलिस की जांच पर करीबी निगाह रख रहा है। हालांकि, इस बात की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है कि साजिद को समन कब भेजा जाएगा।

ठाणे के एंटी एक्सटॉर्शन सेल के मुखिया प्रदीप शर्मा ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि इस मामले में सट्टेबाज सोनू जालान के साथ पूछताछ में साजिद खान का नाम भी आया है। सट्टेबाज ने बताया कि साजिद खान सात साल पहले क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते थे।

बीते शुक्रवार को अरबाज खान से पूछताछ हुई। माना जा रहा है कि जालान के अलावा अरबाज ने भी कई बॉलीवुड हस्तियों के नाम लिए हैं जो क्रिकेट में सट्टेबाजी में शामिल हैं और इन्हें भी जल्द ही समन भेजा जा सकता है। सीबीआई इस मामले की जांच पर निगाह रखे हुए है। एजेंसी आईपीएल में सट्टेबाजी के मामलों की पहले जांच कर चुकी है।

एक अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया, ''सीबीआई टीम ने हमसे संपर्क किया और वो कुछ लोगों से पूछताछ कर सकती है। लेकिन, मामले को सीबीआई को सौंपने का प्रस्ताव अभी तक नहीं आया है।''

बता दें कि कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान के भाई साजिद खान एक्टर भी हैं। उन्होंने 'हे बेबी', 'हाउसफुल-1', 'हाउसफुल-2''जैसी फिल्मों का डायरेक्शन भी किया है।

पंजाबी गायक नवजोत सिंह की हत्या, मोहाली के पास जंगल में शव मिला

पंजाब के मोहाली में पंजाबी गायक नवजोत सिंह की हत्या कर दी गई है। उनका शव मोहाली के जंगलों में पाया गया है।

खबरों के मुताबिक, उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उनकी शरीर पर 4 से 5 गोलियां लगी पाई गई हैं। मतलब साफ है कि 4 से 5 गोलियां मारी गई हैं और उनकी मौत गोलियां लगने से हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। इस पूरे मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।

मोहाली के पास एक जंगल है, जहां पर एक शव बरामद हुआ और जब शव की शिनाख्त की गई तो पता चला कि यह शव पंजाबी गायक नवजोत सिंह का है। पुलिस जांच कर रही है कि इस हत्या में किन लोगों का हाथ है?

राष्ट्रपति के हाथ से अवॉर्ड नहीं मिलने पर समारोह से 59 कलाकार दूर हुए

भारत में 65वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह कुछ विवादों में भी घिर गया। समारोह में गुरुवार को 137 विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाने थे। लेकिन 59 लोगों ने कार्यक्रम से दूरी बना ली। दरअसल, ये सभी इस बात से नाराज थे कि उन्हें पुरस्कार राष्ट्रपति के हाथों नहीं मिलेगा।

समारोह में प्रोटोकॉल के चलते राष्ट्रपति को केवल एक घंटे ही मौजूद रहना था। इसलिए तय किया गया था कि केवल 11 विजेताओं को ही उनके हाथ से पुरस्कार दिलाए जाएंगे। इसी पर नाराजगी जताते हुए पुरस्कार के लिए चुने गए कई कलाकारों ने एक पत्र लिखा। इसकी प्रति राष्ट्रपति भवन और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी भेजी गई।

कलाकारों ने पत्र में कहा गया कि वे पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल नहीं होंगे क्योंकि राष्ट्रपति स्थापित परंपरा से अलग हटकर केवल 11 लोगों को पुरस्कार देंगे।

साथ ही स्पष्ट किया कि इसके पीछे पुरस्कार के बहिष्कार की कोई मंशा नहीं है, लेकिन असंतुष्टि से अवगत कराने के लिए समारोह में शामिल नहीं हो रहे हैं। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता एक कलाकार ने कहा कि अभी तक राष्ट्रपति ही सभी विजेताओं को अवार्ड देते रहे हैं। इस बार परंपरा टूटी है। यह चिंता का विषय है क्योंकि इससे पुरस्कार का महत्व भी कम हो सकता है।

राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अशोक मलिक  ने कहा  कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सभी पुरस्कार कार्यक्रमों और दीक्षांत समारोहों में अधिकतम एक घंटे रुकते हैं। यह प्रोटोकाल उनके पदभार ग्रहण करने के समय से ही चला आ रहा है।

गैंग रेपिस्‍टों के देश में बदल रहा है गांधी का भारत : मल्लिका शेरावत

कठुआ और उन्नाव गैंगरेप को लेकर भारत भर में लोगों का गुस्सा उबाल पर है। इन दोनों घटनाओं के खिलाफ लोगों ने सड़कों पर उतर कर खूब प्रदर्शन किए और ऐसी घिनौनी वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग भी की। कई जानी-मानी हस्तियों ने इन घटनाओं का विरोध अपने-अपने तरीके से किया। अब बॉलीवुड अदाकारा मल्लिका शेरावत ने भी भारत में बढ़ती रेप की घटनाओं पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

मल्लिका शेरावत ने कहा है कि भारत जो कभी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की भूमि के नाम से जाना जाता था, वो अब 'सामूहिक दुष्कर्मियों' की भूमि बन गया है। मल्लिका शेरावत ने कहा कि आज देश में मीडिया ही है, जिसके पास वास्तविक ताकत है, इसलिए सारी उम्मीदें भी उसी से हैं।

मल्लिका शेरावत ने कहा कि देश में बच्चों और महिलाओं के साथ जो रहा है, वो काफी शर्मनाक है। उन्होंने आगे कहा कि बहुत शर्मिंदगी की बात है कि हम देश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाने में असमर्थ हैं। अखबारों में आजकल हर रोज ऐसे अपराधों से जुड़ी खबरों की भरमार होती है।

रेपिस्टों के खिलाफ बनाए गए नए कानून के बारे में पूछे जाने पर अभिनेत्री ने कहा कि अगर मीडिया ना हो तो ऐसे कई सारे अपराधों का तो हमें पता भी नहीं चल पाता। मुझे लगता है कि मीडिया के दबाव की वजह से ही नये कानून बनाए गए हैं, इसलिए हमें मीडिया को धन्यवाद कहना चाहिए।

मल्लिका शेरावत बुधवार (25 अप्रैल) को फिल्म 'दास देव' की विशेष स्क्रीनिंग के मौके पर मीडिया से बातचीत कर रही थीं। सुधीर मिश्रा निर्देशित 'दास देव' के बारे में मल्लिका ने कहा, ''मैंने फिल्म का ट्रेलर देखा। मैं सुधीर मिश्रा की फिल्मों की प्रशंसक हूँ और मैं उन्हें बतौर निर्देशक प्यार करती हूँ।

मल्लिका शेरावत ने इस मौके पर अपनी आगामी फिल्मों के बारे में चर्चा करते हुए बताया, ''एक अंतरराष्ट्रीय धारावाहिक है जिसे भारत में बनाने के लिए मैंने अधिकार खरीद लिए हैं, जैसे '24' (अमेरिकी) श्रृंखला का भारत में निर्माण हुआ था। मैं इसकी घोषणा बहुत जल्द करने वाली हूँ। उस शो को एमी पुरस्कार मिला था।''

मनोरंजन और राजनीति की दुनिया में सेक्सुअल फेवर की मांग होती है: शत्रुघ्‍न सिन्‍हा

बॉलीवुड कोरियोग्राफर सरोज खान और कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी के बाद अब अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने भी कास्टिंग काउच पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन और राजनीति की दुनिया में सेक्सुअल फेवर की मांग होती है। उन्होंने कहा कि न सरोज खान और न ही रेणुका चौधरी गलत हैं। यह बहुत पुराना तरीका है, आप हमें खुश करो, हम आपको खुश करेंगे। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह घटनाएं बहुत पुराने समय से हो रहीं हैं, इसमें परेशान होने की क्या बात है?

उन्होंने कहा कि सरोज खान की वजह से रेखा, माधुरी दीक्षित और श्रीदेवी जैसी अभिनेत्रियां करियर की बुलंदी पर चढ़ पाईं। सरोज खान एक लीजेंड हैं। वह हमेशा दिल से बोलती हैं। अगर वह कहतीं हैं कि बॉलीवुड में लड़कियों को सेक्स के लिए राजी किया जाता है तो इसका मतलब है कि इन सब चीजों को लेकर वह जागरूक होंगी।

अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैं सरोज और रेणुका दोनों से पूरी तरह सहमत हूँ। फिल्म में रोल पाने के लिए लड़कियों को किस तरह के समझौते करने पड़ते हैं, मैं जानता हूं। शायद सरोज भी इस दर्द से गुजर चुकी हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राजनीति में कास्टिंग काउच को क्या कहेंगे, मैं नहीं जानता, मेरे ख्याल से इसे कॉस्टिंग वोट काउच कहना चाहिए। वास्तव में महत्वाकांक्षी युवा सेक्सुअवल फेवर ऑफर करने और वरिष्ठों के स्तर से इसे स्वीकार करने की बातें सामने आती हैं।

उन्होंने कहा कि मैं इसे सही नहीं ठहरा रहा हूँ और न ही कभी इस तरह के समझौते का पार्ट रहा। मगर अपने आसपास हो रही इन चीजों को लेकर हम आंखें नहीं बंद कर सकते।

फिल्‍म डायरेक्‍टर ने कहा, आज मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं भारतीय हूँ, मैं हिंदू होने को लेकर भी शर्मिंदा हूँ

भारत के हरियाणा में नमाज के बीच कुछ लोगों द्वारा 'जय श्रीराम' का नारा लगाने के मामले पर सख्त प्रतिक्रियाओं के आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व पत्रकार और फिल्म निर्देशक विनोद कापड़ी ने इस घटना पर तीखी टिप्पणी की है।

उन्होंने ट्वीट किया, ''नफरत फैलाने वालों के देश में स्वागत है .... आज मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं भारतीय हूँ। मैं हिंदू होने को लेकर भी शर्मिंदा हूँ।''

इससे पहले आलमगीर रिजवी ने इस वाकये पर तीखी प्रतिक्रिया जताई थी। उन्होंने ट्वीट किया था, ''हेलो नरेंद्र मोदी जी! क्या यह आतंकवाद नहीं है? यदि आपकी आंखें और कान हैं तो इसे देखिए। इससे यह स्पष्ट होता है कि भारत में संघी आतंकवाद मौजूद है। मुस्लिम भाइयों का धन्यवाद जिन्होंने शांति बनाए रखी। यह लोकतंत्र नहीं है।''

रिजवी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार (20 अप्रैल) की है।

आम आदमी पार्टी की नेता और चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने इस घटना का वीडियो ट्वीट किया था। आम आदमी पार्टी नेता ने लिखा था, ''मैं सलाम करती हूँ अपने सभी इन मुस्लिम भाइयों को जो चंद अराजक तत्वों के उकसाने पर भी शांत रहे। उनके मकसद को नाकाम कर दिया है। वे आपको भड़काने और दंगा कराने के लिए 'जय श्रीराम' का नारा लगाते हुए आए थे। शर्म आती है इन गुंडों-मवालियों पर जो हिंदू धर्म की आड़ में यह सब कर रहे हैं।''

अलका लांबा द्वारा पोस्ट वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोग जमीन पर चटाई बिछाकर नमाज पढ़ने की तैयारी में दिख रहे हैं। उसी वक्त वहां कुछ युवक 'जय श्रीराम' 'राधे-राधे' का नारा लगाते हुए पहुंच गए थे।

वीडियो में युवकों को वहां मौजूद लोगों से 'जय श्रीराम' बोलने के लिए भी कहते हुए सुना जा सकता है। इसके बाद नमाज पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए लोग एक-एक कर वहां से चले गए थे।

विनोद कापड़ी के ट्वीट पर कई लोगों ने तीखी टिप्पणी की। सफदर बेग ने ट्वीट किया, ''दो-चार लुच्चे-लफंगों के लिए अपने मजहब से शर्मिंदा नहीं होना चाहिए। हां, उन लफंगों को शर्म आनी चाहिए कि वे हिंदू धर्म की बदनामी का कारण बन रहे हैं। हमलोग पहले भारतीय हैं, उसके बाद हिंदू और मुसलमान। हमलोग महान धर्म को बदनाम करने की इजाजत नहीं दे सकते हैं।''

मक्का मस्जिद ब्लास्ट: कोर्ट के फैसले पर जावेद अख्तर ने कहा, मिशन पूरा हुआ

18 मई 2007 को हैदराबाद की ऐतिहासिक मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में सभी आरोपियों के दोषमुक्त होने पर मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने तंज कसा है।

इस मामले में उन्होंने ट्वीट करते हुए कथित तौर पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पर भी निशाना साधा है।

बुधवार (18 अप्रैल, 2018) को किए ट्वीट में जावेद अख्तर ने लिखा है कि मिशन पूरा हुआ। मक्का मस्जिद मामले में भव्य सफलता के लिए एन आई ए को मेरी तरफ से बधाई। अब एजेंसी के पास अंतरधार्मिक शादियों की जांच के लिए पूरा समय होगा।

बता दें कि बम धमाके में आरोपी बनाए गए स्वामी असीमानंद सहित सभी आरोपियों को एन आई ए की विशेष अदालत ने बरी कर दिया है। कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ एजेंसी कोई खास ठोस सबूत नहीं पेश कर पाई।

करीब 11 साल पहले हुए इस धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 58 लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। शुरुआती दौर की जांच के बाद मामले को सी बी आई को सौंप दिया गया। बाद में मामला साल 2011 में एन आई ए के पास भेजा गया। अब स्पेशल कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।

सलमान खान का फैंस ने दिल खोल कर किया स्वागत

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को जोधपुर जेल से जमानत मिल गई है। इसके चलते सलमान खान शनिवार रात को जोधपुर से अपने घर मुंबई पहुंचे। सलमान खान जोधपुर से मुंबई की फ्लाइट लेकर अपने घर गलैक्सी अपार्टमेंट पहुंचे। इस दौरान सलमान के फैंस ने उनका दिल खोल कर स्वैग से स्वागत किया। सलमान के फैंस ने हजारों की संख्या में आकर सलमान को मुंबई में वेलकम किया। वहीं देर रात तक सलमान के घर सितारों का मेला भी लगा रहा।

सलमान 3 दिन के बाद जोधपुर से मुंबई वापस आए थे। इस दौरान उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल में रातें काटनी पड़ीं। इसके चलते सलमान से उनके फैंस के अलावा बॉलीवुड के सितारे भी सलमान के अपार्टमेंट उनसे मिलने आ पहुंचें। इस दौरान कैटरीना कैफ, डेजी शैह, हुमा कुरैशी, साकिब सलीम और रमेश तौरानी भी सलमान से मिलने उनके घर पहुंचे।

बता दें, जेल जाने से लेकर वापस आने तक सलमान की बहनें अलवीरा और अर्पिता दोनों उनके साथ ही थीं।

इधर, सलमान के फैंस ने उनके घर के बाहर जमघट लगा दिया। सलमान का ग्रैंड स्वागत करने पहुंचे सलमान के फैंस तब तक उनके घर के आगे से नहीं हटे, जब तक सलमान खान अपने घर की बालकोनी में नहीं आए। सलमान अपने घर पहुंचने के बाद कुछ मिनट आराम करने के बाद फैंस से मिलने अपनी घर की बालकोनी में आए। इस दौरान सलमान के फैंस ने सलमान जिंदाबाद, टाइगर जिंदा है, सलमान-सलमान के नारे लगाने शुरू कर दिए।

कुछ मिनटों तक बालकोनी में फैंस को जी भर के देखने के बाद सलमान ने इशारों-इशारों में अपने फैंस से बातें भी कीं। सलमान ने अपने फैंस से आंखों हीं आंखों में कहा कि आप भी जाइए और मैं भी जाता हूं। इसके बाद सलमान ने हाथों से सोने का इशारा किया। यह देख सलमान के फैंस काफी खुश हो गए और चेहरे पर स्माइल लेकर अपने-अपने घर लौट गए।

सलमान की जमानत पर कल आएगा फैसला

काले हिरण शिकार मामले में जोधपुर की सेशन कोर्ट ने सलमान खान की जमानत पर फैसला कल तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। जिसके बाद सलमान की जमानत पर फैसला कल ही हो पाएगा और सलमान को आज का दिन और रात भी जेल में ही गुजारने होंगे।

बताया जा रहा है कि सलमान के वकील महेश बोड़ा ने जमानत के पक्ष में कई दलीलें दी। सेशन कोर्ट में बहस के दौरान वकील महेश बोड़ा ने तर्क देते हुए कहा कि काले हिरण के शिकार मामले में सलमान खान को सजा देने में 20 साल लग गए और ये भी किसी सजा से कम नहीं हैं। उन्होंने यह भी कोर्ट में कहा कि 1998 में जब काले हिरण के शिकार की घटना हुई थी, उस वक्त सलमान के कमरे से कोई भी हथियार नहीं मिला था, साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि जिप्सी सलमान खान ही चला रहे थे या नहीं। वकील महेश बोड़ा ने हिरण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी गंभीर सवाल खड़े किए।

बचाव पक्ष की दलीलों के बाद अभियोजन पक्ष के वकील ने सेशन कोर्ट से अपील करते हुए मांग की कि इस मामले के रिकॉर्ड मंगाए जाएं, उसके बाद ही वह इस पर कुछ कह सकेंगे। अभियोजन पक्ष की अपील पर सेशन कोर्ट के जज ने रिकॉर्ड तलब किए हैं और जमानत पर कल तक के लिए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। ऐसे में सलमान खान को आज का दिन और रात भी जोधपुर की सेंट्रल जेल में ही गुजारना होगा। बताया जा रहा है कि कल सुबह 10.30-11 बजे के बीच सलमान खान की जमानत पर सेशन कोर्ट फैसला दे सकता है।

बता दें कि सलमान खान फिलहाल जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद हैं और उन्हें जेल की बैरक नंबर एक में रखा गया है।

सलमान खान के वकील महेश बोड़ा ने आज मीडिया के सामने एक चौंकाने वाला दावा किया है कि कुछ लोग उन्हें सलमान की जमानत को लेकर होने वाली सुनवाई में पेश नहीं होने को लेकर धमकी दे रहे हैं। लेकिन वह इन बातों से डरने वाले नहीं हैं। वह इस केस के साथ जुड़े रहेंगे।

सलमान खान की रात जेल में बड़ी ही मुश्किल से बीती और वह काफी बैचेन दिखाई दिए। खबर है कि सलमान रात करीब 12.30 बजे तक टहलते रहे थे। वहीं सलमान सुबह 6.30 बजे ही उठ गए थे। जेल के अधिकारियों ने यह बताया कि कल रात सलमान खान ने कुछ भी नहीं खाया और सुबह भी उन्होंने सिर्फ चाय और बिस्कुट ही खाए हैं। जेल में रहने के दौरान सलमान खान को ब्लड प्रेशर संबंधी परेशानी भी आ रही है।

सुपरस्टार सलमान खान को तगड़ा झटका: कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई, जाएंगे जेल

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को आज (पांच अप्रैल) बड़ा झटका लगा है। काले हिरण (ब्लैक बक) के शिकार मामले में कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है। कोर्ट ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

अब सलमान को सीधे जोधपुर की सेंट्रल जेल ले जाया जाएगा। कोर्ट ने यह फैसला सुनाने के लिए लंच ब्रेक भी नहीं लिया, जो कि डेढ़ बजे होता है। कोर्ट ने इस मामले में अन्य आरोपियों (सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम) को बरी कर दिया।

20 साल बाद इस मामले में सलमान को सजा का ऐलान हुआ है। राजस्थान के जोधपुर कोर्ट में सी जे एम देव कुमार खत्री ने इस मामले में उन्हें दोषी करार दिया। सलमान इससे पहले इस संबंध में अपने होटल से कोर्ट के लिए रवाना हुए थे। वे कोर्ट पहुंच थे, जहां कार्रवाई शुरू हुई थी। सलमान यहां के ताज हरि महल होटल में ठहरे थे। उनके अलावा फैसले के लिए बॉलीवुड एक्टर सैफ, तब्बू, सोनाली और नीलम भी जोधपुर पहुंचे।

बता दें कि कांकाणी काला हिरण शिकार केस साल 1998 का है। सलमान समेत पांच बॉलीवुड सितारों पर इस मामले में दो काले हिरणों का शिकार करने का आरोप है। अन्य कलाकारों में सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम पर भी आरोप था। ये कलाकार उस दौरान 'हम साथ-साथ हैं' फिल्म की शूटिंग के लिए जोधपुर में थे।

सलमान को जेल भेजने की तैयारियां हो चुकी हैं। उन्हें सेंट्रल जेल ले जाने के लिए वैन बुलाई गई है। जेल के बैरक नंबर एक या दो में से किसी एक में उन्हें रखा जाएगा। ये दोनों ही बैरक इसी बाबत खाली करा लिए गए हैं।

सलमान को 5 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी बहनें बुरी तरह रोने लगीं। पुलिस ने उन्हें सलमान से अलग कर दिया है। इस दौरान सलमान की आंखों में भी आँसू छलक उठे थे। अब सलमान को सीधे जेल ले जाया जाएगा, जबकि कोर्ट के बाहर 'सलमान हाय-हाय' के नारे लग रहे हैं।

काला हिरण शिकार केस में बरी हुई आरोपी नीलम के पति समीर सोनी ने इस बारे में एक न्यूज चैनल से बातचीत की। उन्होंने कहा, ''जो बरी हुए उनके लिए खुशी है, मगर सलमान के दोषी ठहराए जाने पर मुझे निराशा हाथ लगी।''

बिश्नोई टाइगर्स वन्य एवं पर्यावरण संस्था के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल भवड़ ने कहा, ''हम फैसले का आंकलन कर रहे हैं। हमारी मांग है कि बरी किए गए आरोपियों के खिलाफ एक याचिका दायर की जाए और सलमान को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।''

आरोप था कि तब एक और दो अक्टूबर की रात सलमान समेत सैफ, तब्बू, सोनाली और नीलम देर रात लूणी थाना क्षेत्र के कांकाणी गांव पहुंचे थे। यहां इन्होंने दो काले हिरणों का शिकार किया था। ये सभी कलाकार उस दौरान जीप में बैठे थे। हिरणों के झुंड पर सलमान ने गोली चलाई थी, जिसके लिए उन्हें अन्य सितारों ने उकसाया था। गोली चलने के बाद आवाज सुनकर ग्रामीण वहां जुटे थे। ऐसे में सलमान दो मृत हिरणों को छोड़कर वहां से गाड़ी सहित फरार हो गए थे।

बता दें कि काला हिरण लुप्तप्राय जाति है और इसके शिकार पर रोक है।