मनोरंजन

आर.के. फिल्मों की यादों और कॉस्ट्यूम्स की अपूरणीय क्षति सभी के लिए दुखद: ऋषि कपूर

बॉलीवुड के अभिनेता ऋषि कपूर ने शनिवार को मशहूर आर. के. फिल्म्स एंड स्टूडियोज में लगी आग के कारण स्टूडियो में बनी फिल्मों की यादों और कॉस्ट्यूम्स की अपूरणीय क्षति पर दुख प्रकट किया।

स्टूडियो के संस्थापक राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर ने ट्वीट कर कहा, ''स्टूडियो तो फिर से बनाया जा सकता है, लेकिन आर.के. फिल्मों की यादों और कॉस्ट्यूम्स की अपूरणीय क्षति सभी के लिए दुखद है। आग ने इसे छीन लिया।''

चेंबूर इलाके में स्थित मशहूर आर.के. फिल्म्स एंड स्टूडियोज में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई थी।

ऋषि ने ट्वीट कर कहा, ''हमने प्रतिष्ठित स्टेज-1 खो दिया है। शुक्र है कि कोई भी हताहत या घायल नहीं हुआ।''

आग में स्टूडियो के मुख्य शूटिंग स्थलों में से एक - डांस रियलिटी टीवी शो 'सुपर डांसर सीजन 2' का सेट जलकर खाक हो गया है। लेकिन सौभाग्य से उस वक्त शूटिंग नहीं चल रही थी।

आर.के फिल्म्स ने बॉलीवुड को 'बरसात' (1949),  'अवारा' (1951), 'बूट पॉलिश' (1954), 'श्री 420' (1955) और 'जागते रहो' (1956) जैसी शानदार फिल्में दी हैं। इसमें 'जिस देश में गंगा बहती है' (1960), 'मेरा नाम जोकर' (1970), ऋषि कपूर और डिंपल कपाडिया की पहली फिल्म 'बॉबी' (1973), 'सत्यम शिवम सुंदरम' (1978), 'प्रेम रोग' (1982), 'राम तेरी गंगा मैली' (1985) जैसी कई फिल्में बनाई गईं।

उड़ता पंजाब के रिलीज़ पर पहलाज निहलानी का सबसे बड़ा खुलासा

भारत में सेंसर बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सी बी एफ सी) अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद पहलाज निहलानी ने बोर्ड में अपने कार्यकाल के दौरान हैरान कर देना वाला खुलासा किया है। पूर्व सी बी एफ सी अध्यक्ष ने यूट्यूब चैनल लहरें टीवी को साक्षात्कार देते हुए कहा है कि पिछले साल (2016) रिलीज हुई फिल्म 'उड़ता पंजाब' को पास नहीं करने का सरकार की तरफ से उनके ऊपर दवाब था।

भारत में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने साफ कहा था कि फिल्म पास नहीं होनी चाहिए। पूरे इंटव्यू को यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया गया है। वीडियो में बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कह रहे हैं कि मंत्रालय ने उनसे 'उड़ता पंजाब' पास नहीं करने को कहा था।

उन्होंने आगे कहा, ''मुझ पर बहुत जगह से फिल्म को पास नहीं करने का दवाब था। मंत्रालय ने भी मुझसे फिल्म को पास नहीं करने के लिए कहा था। खुद पंजाब सरकार (अकाली दल और बीजेपी गठबंधन सरकार) से फिल्म को लेकर आदेश दिए गए कि फिल्म पास नहीं होनी चाहिए। सेंसर बोर्ड का अध्यक्ष रहने का नाते मुझ पर जो चार्ज था उसके नियम-कायदों को देखते हुए फिल्म को पास किया।''

गौरतलब है कि पहलाज निहलानी ने सी बी एफ सी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद ये खुलासे किए हैं। इससे अब मौजूदा मोदी सरकार की छवि पर अब सवाल उठने लगे हैं।

बता दें कि बीते साल 'उड़ता पंजाब' को लेकर पंजाब में राजनीतिक घमासान पैदा हो गया था। अप्रत्यक्ष रूप से इसकी वजह 2016 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव थे।

इसकी वजह यह थी कि फिल्म में पंजाब में फैले ड्रग्स को लेकर दिखाया गया कंटेंट कहीं ना कहीं पंजाब के ड्रग्स नुमा चेहरे को बेनकाब कर रहा था। उस दौरान फिल्म को लेकर सूबे की सत्ता पक्ष अकाली दल और बीजेपी गठबंधन की सरकार की भी नींद उड़ गई थी। फिल्म की वजह से पंजाब में वोट बैंक पर कोई आंच ना आए इसलिए इसे बैन करने के लिए भी खासा दवाब बनाया गया था।

खुद सूबे की अकाली दल और बीजेपी गठबंधन सरकार ने सी बी एफ सी से ये कहकर फिल्म को बैन करने की मांग की थी कि इसमें पंजाब की गलत छवि पेश की गई है।

हालांकि तब विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने अकाली दल पर फिल्म बैन करने की मांग पर निशाना साधा था। आम आदमी पार्टी ने भी आरोप लगया था पंजाब में चुनाव होने जा रहे हैं इसलिए फिल्म को राजनीतिक कारणों से रिलीज नहीं होने दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि 2016 के चुनाव में कांग्रेस ने अकाली दल और बीजेपी गठबंधन को बुरी तरह से परास्त किया था।

रवीना टंडन ने बीजेपी नेता रामवीर भट्टी पर भड़कते हुए कहा, तुम कायर हो

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी द्वारा आईएएस की बेटी पर दिये बयान के चलते फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई है।

रवीना टंडन ने बीजेपी नेता रामवीर भट्टी पर भड़कते हुए कहा है कि ये कायर हैं, इन लोगों का बस चले तो ये सूरज ढलने के बाद अपनी बेटियों को ताले में बंद कर दें।

बता दें कि रामवीर भट्टी ने सोमवार को हरियाणा में बीजेपी अध्यक्ष के बेटे द्वारा एक आईएएस की बेटी को रात के अंधेरे में छेड़ने के मामले में विवादित बयान देते हुए कहा था कि उस लड़की को इतनी रात में अकेले नहीं घूमना चाहिए था।

रामवीर भट्टी ने ये भी कहा था कि इस समय माहौल बहुत खराब है, इसलिए रात 12 बजे के बाद लड़कियों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।

बीजेपी नेता के इस बयान के मीडिया में आने के बाद राजनीतिक दलों से लेकर सोशल मीडिया तक पर उनकी जमकर आलोचना हुई।

खुद भारतीय जनता पार्टी के सासंद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि वो रामवीर के इस बयान के लिए उनपर कोर्ट में मुकदमा करेंगे। रामवीर भट्टी की आलोचना करनेवालों में एक नाम रवीना टंडन का भी जुड़ गया है।

रवीना ने रामवीर भट्टी के बयान को रिट्वीट करते हुए ट्वीट किया कि ये कायर लोग अब भी उस लड़के की तरफदारी में उलजलूल बातें बोल रहे हैं।

रवीना ने लिखा कि ये लोग सूरज ढलने के बाद अपनी बेटियों को ताले में बंद कर देने वाले लोग हैं।

रवीना टंडन के इस ट्वीट को सोशल मीडिया पर लोग खूब पसंद कर रहे हैं। यूजर्स रवीना की बातों से सहमति जताते हुए रामवीर भट्टी जैसे लोगों की मानसिकता पर सवाल उटा रहे हैं।

बता दें कि हरियाणा में एक आईएएस की बेटी ने बीजेपी नेता सुभाष बराला के बेटे विकास पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। लड़की का आरोप है कि विकास बराला और उसका दोस्त आशीष कुमार एक पेट्रोल पंप से ही उनकी कार का पीछा कर रहे थे और कार का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की।

लड़की के कई बार फोन करने पर पुलिस वहां पहुंची और दोनों लड़कों को गिरफ़्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के अगले दिन ही उन सबको जमानत मिल गई।

पीड़िता ने उस रात की घटना का जिक्र करते हुए अपने फेसबुक पेज पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि मैं खुशकिस्मत हूं कि रेप के बाद नाले में नहीं मिली।

अमिताभ बच्चन से पूछा गया, नवरत्न ठंडा-ठंडा, कूल-कूल कैसे है?

मध्य प्रदेश के जबलपुर के उपभोक्ता फोरम ने बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन और नवरत्न तेल निर्माता कंपनी इमामी के भ्रामक प्रचार को लेकर दायर किए गए परिवाद पर सुनवाई शुरू करते हुए जवाब-तलब किया है। उनसे पूछा गया है कि नवरत्न ठंडा-ठंडा, कूल-कूल कैसे है?

जबलपुर निवासी पी डी बाखले ने जिला उपभोक्ता फोरम में परिवाद दायर कर नवरत्न के विज्ञापन को भ्रामक प्रचार बताया। इस परिवाद पर फोरम अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव ने अमिताभ बच्चन व इमामी कंपनी को समन जारी करते हुए जवाब तलब किया है।

बाखले के अधिवक्ता ओ पी यादव ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि अमिताभ बच्चन द्वारा नवरत्न तेल का भ्रामक प्रचार किया जा रहा है जो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 के प्रावधानों के विरुद्ध है।

आवेदक का कहना है कि तेल का प्रचार करते हुए अमिताभ बच्चन कहते हैं कि यह तेल ठंडा-ठंडा, कूल-कूल है, मगर यह नहीं बता रहे हैं कि ऐसा क्यों है? यह भी नहीं बताया जा रहा है कि इस तेल में कौन-कौन सी कितनी मात्रा में जड़ी बूटियां है। यह तेल न तो पंजीबद्ध है और न ही इसके निर्माण का लाइसेंस है। इस विज्ञापन में सिरदर्द, बदन दर्द से राहत दिलाने की बात कही जाती है। इस तरह यह तेल न होकर औषधि है। आवेदक ने विज्ञापन पर रोक लगाने के साथ मानसिक व शारीरिक क्षति होने पर 15 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।

बता दें कि 2 अगस्त को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की एक अदालत ने शेविंग क्रीम का भ्रामक प्रचार करने को लेकर दिए गए आवेदन पर फिल्म अभिनेता शाहरुख खान सहित तीन अन्य को नोटिस जारी कर 26 अगस्त को अपना जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। खान पर आरोप है कि वे एक शेविंग क्रीम का भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।

याचिकाकर्ता राजकुमार पांडे ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया, ''उन्होंने एक शेविंग क्रीम का उपयोग किया, जिसका विज्ञापन करते हुए शाहरुख खान उसे सबसे अच्छी क्रीम बताते हैं।'' पांडे ने इस क्रीम का उपयोग किया तो उनके चेहरे पर छाले पड़ गए। पांडे ने इस भ्रामक प्रचार और अपने चेहरे पर पड़े छालों का हवाला देते हुए न्यायाधीश काशीनाथ सिंह की अदालत में आवेदन दिया, जिसमें कहा गया है कि शाहरुख खान जिस क्रीम को देश की नंबर वन क्रीम बता रहे हैं, उसका उपयोग करने से उनके चेहरे पर छाले पड़े, उसका उन्होंने अस्पताल में इलाज कराया।

आमिर खान की दंगल 2000 करोड़ कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म

आमिर खान की फिल्म 'दंगल' 23 दिसंबर 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह 2000 करोड़ की कमाई करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।

साथ ही वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर यह 2016 की 30वीं सबसे बड़ी हिट फिल्म बन गई है। गौर करने की बात यह भी है कि काफी तेजी से 2000 करोड़ के आंकड़े की तरफ बढ़ रही बाहुबली-2 से पहले आमिर खान की फिल्म ने यह आंकड़ा छुआ है।

एस एस राजामौली निर्देशित फिल्म बाहुबली-2 दो हजार करोड़ का आंकड़ा छूने के काफी करीब है, लेकिन दंगल ने यह रिकॉर्ड पहले अपने नाम किया है।

मालूम हो कि आमिर खान की चीन में फैन फॉलोइंग काफी ज्यादा है और दंगल से पहले उनकी फिल्म पीके चीन में 100 करोड़ का आंकड़ा छू चुकी है।

बता दें कि भारत में दंगल ने महज 387 करोड़ की ही कमाई की थी और फिल्म को बाकी की कमाई अन्य देशों से हुई है। यह प्रॉफिट और ज्यादा हो सकता था,  लेकिन आमिर ने पाकिस्तान में अपनी फिल्म को इस शर्त पर रिलीज किए जाने से इनकार कर दिया कि फिल्म से राष्ट्रगान वाला हिस्सा हटाना पड़ेगा।

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान अपनी हर फिल्म के लिए अपने-आप को पूरी तरह ढाल लेने के लिए जाने जाते हैं। वह अपने किरदार के ही मुताबिक अपनी फिजीक और लुक्स पर काम करते हैं। चाहे वह मंगल पांडे के लिए उनकी मूछें हों या गजनी के लिए उनके द्वारा बनाई गई मस्कुलर बॉडी। हालांकि इस सबके बावजूद जिस चीज में वह सारी सीमाएं पार कर गए, वह था फिल्म दंगल के लिए उनका किरदार।

आमिर जल्द ही फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे। यह पहली बार होगा जब किसी फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ काम करेंगे।

सलमान खान की ट्यूबलाइट 3000 से ज्यादा स्क्रीन पर होगी रिलीज, एक दिन में 18 शो

सलमान खान की मूवी ट्यूबलाइट का उनके फैन बहुत ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनका ये इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। शुक्रवार (23 जून) को मूवी रिलीज होने जा रही है। हर बार की तरह इस बार भी सलमान खान अपनी मूवी को ईद के वक्त रिलीज कर रहे हैं। ईद सोमवार को है। सोमवार का दिन सलमान खान के नाम रहेगा क्योंकि इस दिन छुट्टी रहती है और उनके फैन्स ट्यूबलाइट का काफी दिनों से इंतजार कर रहे हैं।

ट्यूबलाइट के लिए पहले से ही बुकिंग शुरू हो चुकी है। मूवी की प्री बुकिंग मुंबई, पुणे, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरू सहित बड़े शहरों में शुरू हो चुकी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में यह मूवी करीब 3000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज की जा रही है। वहीं अमेरिका में 300 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जाएगा। इसके अलावा भी कई देशों में इसे रिलीज किया जाएगा।

इस शुक्रवार को केवल ट्यूबलाइट ही रिलीज हो रही है। ऐसे में बड़े शहरों में एक दिन में 18 शो रखे गए हैं। वहीं बताया जा रहा है कि इस मूवी की टिकट की कीमत 200 से 500 रुपए के बीच होगी।

बता दें, मूवी की कहानी 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान की है। बताया जा रहा है कि इस मूवी का आइडिया अमेरिकन मूवी लिटल बॉय से लिया गया है। मूवी में सलमान खान लक्ष्मण नाम का करेक्टर निभा रहे हैं जो कि युद्ध के बाद अपने भाई को ढूंढ़ते हैं। मूवी में उनकी इस मार्मिक यात्रा को दिखाया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि इस मूवी के जरिए चीन की एक्ट्रेस झू-झू बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं।

सलमान खान अपनी इस मूवी का जोर-शोर से प्रमोशन कर रहे हैं इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेगी।

सलमान खान की पिछली मूवी सुल्तान ने 300 करोड़ से ज्यादा रुपए की कमाई की थी। ट्यूबलाइट में शाहरुख खान की झलक भी देखने को मिलेगी। काफी दिनों से लोग सिल्वर स्क्रीन पर सलमान खान और शाहरुख खान को देखना चाहते थे। इस मूवी के साथ शाहरुख खान की आने वाली मूवी 'जब मेरी मेट सेजल' का ट्रेलर भी जुड़ा हुआ है।

एक्टर एजाज खान ने कहा, किसी के घर में जबरदस्ती घुसोगे तो पत्थर खाओगे ही

बॉलीवुड एक्टर एजाज खान ने फिर से एक बार ऐसा बयान दिया है जिस पर बखेड़ा खड़ा हो सकता है। एजाज खान ने अपने फेसबुक पोस्ट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो पत्थरबाजों का पक्ष लेते हुए सेना को कह रहे हैं कि अगर आप दूसरों के घर में घुसोगे तो वो लोग पत्थर मारेंगे ही।

एजाज खान ने इस वीडियो को मंगलवार 13 जून 2017 को पोस्ट किया था। वीडियो को कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने देख लिया और वीडियो को 5 हजार से ज्यादा लोगों ने शेयर भी किया।

बता दें कि इससे पहले भी एजाज खान अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहे हैं। अभी कुछ दिनों पहले भी उन्होंने गौरक्षकों पर बरसते हुए एक टीवी डिबेट शो में कहा था कि अगर हिम्मत है तो हार्ले डेविडसन को भारत में बैन करके दिखाओ क्योंकि वो अपने शोरूम में खुलेआम गाय के चमड़े से बने सामान बेचती है।

एजाज खान ने ये बातें इस वीडियो में भी दोहराई हैं। कश्मीरी और पाकिस्तानी भी हमारे भाई ही हैं।

एजाज खान ने अपने इस वीडियो में उस खत का जिक्र भी किया है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई थी कि गौरक्षा के नाम पर बेगुनाह मुसलमानों का खून ना बहाया जाए। एजाज खान ने वीडियो में बताया कि पीएमओ से उनके खत का जवाब आया है कि इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों को सजा मिलेगी।

एजाज खान ने कश्मीर में सेना के जवानों पर पत्थर फेंके जाने का समर्थन करते हुए कहा कि अगर आप किसी के घर में जबरन घुसेंगे तो वो लोग पत्थर तो मारेंगे ही।

बॉलीवुड एक्टर ने ये भी कहा कि कश्मीरी और पाकिस्तानी सब हमारे भाई हैं, हमें उनके साथ गलत व्यवहार नहीं करना चाहिए।

संजय दत्‍त को जल्‍दी रिहा करने पर कोर्ट ने सरकार से कहा, रिहाई का फैसला ठीक था, साबित करो

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्‍त की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। बॉम्‍बे हाईकोर्ट ने सोमवार को महाराष्‍ट्र सरकार से 1993 सीरियल बम ब्‍लास्‍ट मामले में संजय की जल्‍द रिहाई के फैसले का औचित्‍य बताने को कहा है।

संजय दत्त को 12 मार्च 1993 के मुंबई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले में अवैध हथियार रखने के लिए पांच साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। दत्त को 1993 में गिरफ्तार किया गया था। वह विचाराधीन कैदी के रूप में पहले ही 18 महीने की सजा काट चुके थे।

मई 2013 में अपनी बाकी बची 42 महीने की सजा काटने के लिए उन्हें जेल भेजा गया। सजा पूरी होने के 8 महीने पहले, फरवरी 2016 में पुणे के यरवदा जेल से उन्‍हें अच्‍छे व्‍यवहार के आधार पर रिहा कर दिया गया।

जस्टिस आरएम सावंत और साधना जाधव की बेंच ने पुणे निवासी प्रदीप भालेकर की पीआईएल पर सुनवाई करते हुए सरकार से इस संबंध में एक एफिडेविट फाइल करने को कहा है। अदालत ने उन बिंदुओं या कारणों का ब्‍योरा देने को कहा है जिसके आधार पर संजय दत्‍त को रियायत दी गई।

जस्टिस सावंत ने पूछा, ''क्‍या डीआईजी जेल से राय ली गई थी या जेल अधीक्षक ने सीधे ही राज्‍यपाल को सिफारिश भेज दी थी? क्‍या अधिकारियों ने यह कैसे तय किया कि दत्‍त का व्‍यवहार अच्‍छा है? जब वह (संजय) आधे वक्‍त तक परोल से बाहर रहे तो उन्‍हें (अधिकारियों) ऐसे किसी आकलन का समय कैसे मिल गया?'' अदालत सप्‍ताह भर के बाद इस मामले में आगे की सुनवाई करेगी।

यरवदा जेल से रिहा होने के बाद संजय ने मीडिया से बात करते हुए कहा था, ''मुझे आर्म्‍स एक्‍ट में सजा हुई है, बम ब्‍लास्‍ट केस में नहीं। इसलिए मेरा उससे नाम न जोड़ें। मेरा नाम संजय दत्‍त है, मैं आतंकवादी नहीं हूं। मुझे सबसे ज्‍यादा राहत उस वक्‍त मिली, जब कोर्ट ने कहा कि तुम आतंकी नहीं है। मेरे पिता सारी जिंदगी यह बात सुनना चाहते थे।''

पाकिस्तानी फिल्मों और शो में करना चाहूंगा काम: परेश रावल

अभिनेता और राजनेता परेश रावल ने कहा कि कलाकार और क्रिकेटर बम नहीं फेंकते और वह पाकिस्तानी धारावाहिकों और फिल्मों में काम करना पसंद करेंगे।

रावल ने बताया, ''हां, मैं पाकिस्तानी फिल्मों और धारावाहिकों में काम करना पसंद करूंगा। मैं 'हमसफर' जैसे सभी पाकिस्तानी धारावाहिकों को पसंद करता हूं, जिस तरह वे अभिनय करते हैं, कहानी, लेखन, भाषा ....  यह सबकुछ अच्छा है। मुझे महसूस होता है कि हमारे शो उबाऊ हैं।''

निर्माता-निर्देशक करन जौहर की फिल्म 'ए दिल है मुश्किल' में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान को उरी हमले के कारण पिछले साल इस फिल्म की रिलीज से पहले राजनीतिक दलों की नाराजगी झेलनी पड़ी थी। परेश रावल लेखिका अरूंधती राय को लेकर हालिया विवादित बयान की वजह से चर्चा में थे जिसमें उन्होंने कहा कि कश्मीर में पत्थरबाजों के सामने उन्हें सेना की जीप पर बांधा जाना चाहिये।

अभिनेता ने कहा कि सिनेमा और क्रिकेट दोनों देशों के बीच अंतर को पाटते हैं।

उन्होंने कहा, ''कलाकार और क्रिकेटर बम नहीं फेंकते। वे आतंकवादी नहीं हैं, बजाय इसके वह दोनों देशों के बीच की दूरी को पाटते हैं। जब मन अच्छा न हो तब उस मुद्दे को उठाने का क्या औचित्य है? यह बेहतर है कि आप अपने देश के साथ रहें।''

अभिनेता ने कहा कि वह पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध के पक्ष में नहीं है।

उन्होंने कहा, ''किसी भी इंसान या किसी भी चीज पर बैन नहीं होना चाहिए। 'हिंदी मीडियम' में भी पाकिस्तानी एक्ट्रेस ने अभिनय किया है, लेकिन कुछ नहीं हुआ क्योंकि देश का मूड अच्छा था।

हवाई हादसे में शाहरुख खान की मौत- यूरोपियन न्यूज नेटवर्क के टीवी चैनल ने चला दी गलत खबर

शाहरुख खान की हवाई हमले में मौत हो गई। ऐसी खबर यूरोप के यूरोपियन न्यूज नेटवर्क के ईएल पाइस टीवी ने चला दी।

यह खबर झूठी है। टीवी चैनल ने खबर चलाई कि शाहरुख खान 7 अन्य लोगों के साथ प्राइवेट जेट से पेरिस जा रहे थे। उसी दौरान उनका प्लेन क्रैश हो गया।

ऐसा माना जा रहा है कि खराब मौसम के कारण ऐसा हुआ है। वह गल्फ स्ट्रीम के G550 जेट से यात्रा कर रहे थे। शाहरुख के साथ उनके पीए और अन्य लोग एक मीटिंग के लिए पेरिस जा रहे थे।

शाहरुख खान की मौत ने दुनिया भर में रहने वाले भारतीयों को अवाक कर दिया है। इस खबर के आने के बाद शाहरुख खान के शुभ चिंतकों ने उनकी टीम को फोन किया।

मुंबई मिरर के मुताबिक, यहां तक ​​कि मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर देवेन भारती ने शाहरुख की टीम को फोन किया। टीम ने बताया कि शाहरुख खान बिल्कुल ठीक हैं और वह मुंबई में ही शूटिंग कर रहे हैं।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यह पहली बार नहीं है जब शाहरुख खान की मौत की झूठी खबर फैली हो। लेकिन इस बार स्थिति की गंभीरता थी क्योंकि खबर मुंबई पुलिस के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में आई।

इससे पहले ही फ्रेंच और भारतीय वेबसाइटों पर यह खबर चलाई जा चुकी थी। इसके लिए शाहरुख की टीम को पूरे दिन कॉल आते रहे।

आपको बता दें कि शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म के सेट पर एक दुर्घटना से बच गए। वह मंगलवार (30 मई) को आनंद एल राय की फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इसमें दो क्रू मेंबर घायल हो गए, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इससे पहले इसी सप्ताह, टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की मौत की अफवाह उड़ी थी। जबकि श्वेता तिवारी बिल्कुल ठीक हैं। इससे पहले भी काफी अभिनेताओं को अपनी मौत की झूठी अफवहों का सामना करना पड़ा है। इनमें सिल्वेस्टर स्टेलोन, मॉर्गन फ्रीमैन, शशि कपूर, फरीदा जलाल और दिलीप कुमार शामिल हैं।