मनोरंजन

जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले एक्टर सर रोजर मोरे का निधन

एक्टर सर रोजर मोरे का मंगलवार (23 मई) को निधन हो गया। वह 89 साल के थे।

रोजर मोरे को उनके जेम्स बॉन्ड में निभाए गए किरदार के लिए जाना जाता है। रोजर को कैंसर था।

रोजर के ट्विटर अकाउंट पर एक मैसेज शेयर किया गया। उसमें लिखा, ''आपको यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि हमारे पिता रोजर मोरे अब इस दुनिया में नहीं रहे।''

ट्वीट के जरिए ही बताया गया कि मोरे का निधन स्वीट्जरलैंड में हुआ। उनकी कैंसर हो जाने की बात का ऐलान भी कुछ दिन पहले ही हुआ था।

जेम्स बॉन्ड के रूप में रोजर: उन्होंने जेम्स बॉन्ड सीरीज की सात फिल्मों में काम किया। जिसमें लिव एंड लेट डाई और द स्पाई व्हू लवड मी भी शामिल थीं।

जेम्स बॉन्ड ने इन फिल्मों में काम किया:
Live and Let Die (1973)
The Man with the Golden Gun (1974)
The Spy Who Loved Me (1977)
Moonraker (1979)
For Your Eyes Only (1981)
Octopussy (1983)
A View to a Kill (1985)

बॉन्ड के रोल के अलावा रोजर ने टीवी सीरीज द पर्सूएडर और द सैंट में भी काम किया।

बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री रीमा लागू का दिल का दौरा पड़ने से निधन

टीवी और फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री रीमा लागू का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली।

कई दशकों तक 'मां' के किरदार को जीवंत करने वाली रीमा फिलहाल टीवी सीरियल 'नामकरण' में काम कर रही थीं।

अस्पताल के कार्यकारी निदेशक राम नारायण ने बताया कि रीमा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा, ''हम उनके परिवार के साथ विचार-विमर्श करने के बाद दिन में उनके स्वास्थ्य संबंधी एक रिपोर्ट जारी करेंगे।''

उन्होंने हिन्दी से लेकर कई मराठी फिल्मों में भी काम किया। रीमा लागू 'हम आपके हैं कौन', 'कुछ-कुछ होता है' और 'हम साथ-साथ हैं' जैसी हिट फिल्मों में मां का रोल निभा चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 'श्रीमान श्रीमती' और 'तू तू मैं मैं' जैसे टीवी शो में अभिनय किया।

दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्होंने कोकिलाबेन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था।

59 वर्ष की रीमा लागू का निधन गुरुवार सुबह 3 बजे हुआ। रीमा लागू का जन्म 1958 में महाराष्ट्र में हुआ था। उनकी मां मंदाकिनी भडभडे भी एक मराठी अभिनेत्री थीं। रीमा का एक्टिंग के प्रति रूझान स्कूल के समय से ही दिखने लगा था। हाई स्कूल पूरा होने के बाद से ही उन्होंने प्रोफेशनल एक्टिंग शुरू कर दी थी।

1970 के आखिरी और 1980 की शुरुआत में उन्होंने हिंदी और मराठी फिल्मों में काम शुरू किया। उन्होंने मराठी एक्टर विवेक लागू से शादी की।

हालांकि कुछ साल बाद ही दोनों अलग हो गए। उनकी एक बेटी भी है।  उन्होंने शाहरुख खान, अनुपम खेर, काजोल, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया।

कन्नड़ टीवी अभिनेत्री रेखा सिंधु की सड़क दुर्घटना में वेल्लोर के पास मौत

कन्नड़ और तमिल टीवी अभिनेत्री रेखा सिंधु की शुक्रवार सुबह एक कार दुर्घटना में तमिलनाडु में वेल्लोर के पास मौत हो गई।

वह शूट करने के लिए चेन्नई जा रही थी और दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य लोग घायल हो गए।

यह घटना 2.30 बजे चेन्नई-बेंगलुरू राजमार्ग पर हुई।

तमिलनाडु पुलिस का कहना है कि कार में छह लोग थे और संदेह है कि ड्राइवर सो गया था जिससे दुर्घटना हो सकती है।

दो महिलाएं चेन्नई लौट गईं, जबकि दो लोगों को सीएमसी में भर्ती कराया गया है, जबकि उन्हें मामूली चोटें हैं।

वेल्लोर के एसपी ने कहा, रेखा सिंधु सहित कार में छह लोग सवार थे, उसकी मौके पर मौत हो गई। दो लोगों को सीएमसी वेल्लोर में ले जाया गया। हमें संदेह है कि चालक सो गया और दुर्घटना हुई। जांच अभी भी चल रही है

द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पेरणाम्बुट के पास सुन्नमपुुकुताई गांव में चेन्नई-बेंगलुरु एनएच पर दुर्घटना में अभिनेत्री की मौत हो गई थी।

सुवर्ण न्यूज के अनुसार, वह विज्ञापन शूट के लिए चेन्नई गई थी। वह 22 साल की थी और बेंगलुरु के बनसवाड़ी की निवासी थी।

आमिर खान ने 16 साल बाद अवॉर्ड फंक्शन में शिरकत की

बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने 16 साल बाद अवॉर्ड फंक्शन में शिरकत की। साथ ही अवॉर्ड भी अपने नाम लिया।

दरअसल, आमिर को उनकी सुपरहिट फिल्म 'दंगल' के लिए 75वें 'दीनानाथ मंगेशकर' पुरस्कार से नवाजा गया।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आमिर को 'दीनानाथ मंगेशकर अवॉर्ड' के विशेष अवॉर्ड से सम्मानित किया।

बता दें कि ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों को दिया जाता है और आमिर को यह सम्मान उनकी साल 2016 की सबसे बड़ी हिट फिल्म 'दंगल' के लिए दिया गया है।

अवॉर्ड मिलने के बाद आमिर ने कहा, ''मैं आज जहां भी हूं इसका श्रेय मेरी सभी फिल्मों के लेखकों को जाता है। मैं यहां निर्देशकों और लेखकों के बेहतरीन काम की वजह से हूं। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं।''

समारोह में मौजूद निर्देशक नीतेश तिवारी ने भी दर्शकों से फिल्म को एक बड़ी हिट बनाने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।

इस समारोह में कपिल देव को भी भारतीय क्रिकेट में दिए उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वैजयंतीमाला बाली को भारतीय सिनेमा में उनकी उपलब्धियों के लिए 'मास्टर दीनानाथ विशेष पुरस्कार' से नवाजा गया।
    
मास्टर दीनानाथ स्मृति प्रतिष्ठान और हदयेश आर्ट्स द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रतिष्ठित गायिका लता मंगेशकर ने भी शिरकत की।

सोफिया हयात ने व्लाद स्टानेस्कु से शादी की

बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने सोमवार को मंगेतर व्लाद स्टानेस्कु से शादी कर ली। सोफिया ने लंदन में शादी की है जिसकी कई तस्वीरें सामने आई हैं।

सोफिया ने अपनी शादी रॉयल अंदाज में की। सोफिया ने गोल्डन कलर का गाउन पहना था तो व्लाद ने ऑफवाइट कलर की शेरवानी पहनी थी।

सोफिया ने मार्च के महीने की शुरूआत में सगाई की अनाउंसमेंट की थी जिसके बाद उन्होंने अपना प्री-वेडिंग शूट भी फैन्स के साथ शेयर किया जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुआ।

कुछ समय पहले जब सोफिया से व्लाद के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा, ''हम साथ डिनर के लिए गए थे, तब उन्होंने मुझे शादी के लिए प्रपोज किया और मैंने उन्हें हां कहा।''

कुछ समय पहले सोफिया ने अपने नन बनने की खबर से सबको चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि अपने जीवन से परेशान होकर मैंने खुद को ख़त्म करने का भी फैसला कर लिया था। लेकिन एक दिन जब मैं सो रही थी तो मुझे एक सकरात्मक ऊर्जा का एहसास हुआ। मुझे लगा कि भगवान ने मुझे यह जिंदगी दी है। इसके बाद मैंने उनकी शरण में जाने का फैसला लिया।

'10 लाख तैयार हैं, पर ये तो बताओ जूतों की माला पहनकर कब घूमोगे?'

सोनू निगम के खिलाफ कथित फतवा जारी करने वाले मौलवी सय्यद शाह अतीफ अल कादरी ने फिर बयान दिया। बुधवार (19 अप्रैल) को सोनू निगम के गंजा होने के बाद कादरी ने कहा कि सोनू निगम ने उनकी कही हुई तीनों बातों में से सिर्फ एक ही बात मानी है।

कादरी ने कहा, ''मैं दस लाख रुपए इनाम सिर्फ तब ही दूंगा जब सोनू निगम गले में फटे जूते की माला पहनेंगे और पूरे देश में घूमेंगे।''

सोनू निगम के अजान वाले ट्वीट के बाद वेस्ट बंगाल यूनाइटेड मॉइनरिटी यूनाइटेड काउंसिल ने सोनू के खिलाफ फतवा जारी किया था। काउंसिल के वाइस प्रेसिंडेट सैयद शाह अतीफ अली अल कादरी ने कहा था कि अगर कोई भी सोनू निगम का सर गंजा करे और उसके गले में फटे पुराने जूतों की माला पहनाए और उसे देश भर में घुमाए तो वह उसे 10 लाख रुपए देंगे।

उसके बाद सोनू निगम ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपना सिर मुंडवा लिया था। उन्होंने कहा था कि धर्म के नाम पर गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए।

सोमवार (17 अप्रैल) को सोनू निगम ने कुछ ट्वीट किए थे। उस पर विवाद हुआ। सोनू ने लिखा था, ''मैं मुसलमान नहीं हूं लेकिन फिर भी मुझे मस्जिद की अजान की आवाज से जगना पड़ता है, ये जबरन धार्मिकता कब रुकेगी।''

हालांकि, सोनू निगम ने मंदिर, गुरुद्वारे से होने वाले शोर को भी गलत बताया था, लेकिन अजान वाली बात ने तूल पकड़ लिया। सोनू ने किसी भी तरह के शोर को धार्मिक गुंडागर्दी बताया था।

जवानी के दिनों में काटजू का दिल जयललिता के लिए धड़कता था

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्‍यायधीश मार्कण्डेय काटजू ने एक बार फिर दिल की बात कहने के लिए फ़ेसबुक का सहारा लिया है।

सोमवार को काटजू ने एक फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा है कि जवानी के दिनों में उनका दिल तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के लिए धड़कता था। काटजू के मुताबिक, ये बात उन दिनों की है जब जयललिता तमिल फ़िल्मों की मशहूर अभिनेत्री हुआ करती थीं।

काटजू ने अपनी पोस्ट के साथ एक तमिल गाने का वीडियो भी शेयर किया है।
अंग्रेज़ी में लिखी पोस्ट में काटजू ने लिखा है।

'जयललिता

जब मैं युवा था तब मेरा दिल जयललिता पर आ गया था। जिनके बारे में मैं सोचता था कि वो बेहद खूबसूरत थीं। हालाँकि बेशक ये प्रेम एकतरफ़ा था और उन्हें (जयललिता) इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

उनका (जयललिता) जन्म फरवरी 1948 को हुआ था, जबकि मेरी पैदाइश सितंबर 1946 की थी।

मेरी उनसे पहली मुलाक़ात नवंबर 2004 में चेन्नई के राजभवन में तब हुई थी जब मैं मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ले रहा था और वो वहां की मुख्यमंत्री थीं। उस समय भी वो बहुत ख़ूबसूरत थीं।  हालांकि जाहिर है उस समय भी मैं उन्हें अपनी वो भावनाएं नहीं बता सका जो युवावस्था में मेरी उनके बारे में थी क्योंकि ये ठीक नहीं होता।

इसके बाद काटजू ने जयललिता के एक गाने का लिंक भी शेयर किया है।  काटजू की ये पोस्ट 235 बार शेयर हुई है।

अंगूरी भाभी ने प्रोड्यूसर पर यौन शोषण का आरोप लगाया

'भाभीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभा चुकी शिल्पा शिंदे ने शो के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने संजय कोहली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

शिल्पा का आरोप है कि उनके प्रोड्यूसर उनके साथ अश्लील बातें करते थे। उन्होंने बताया, ''संजय कई बार मुझे छुने की भी कोशिश करते थे।''

शिल्पा ने बताया कि संजय ने शिल्पा को ये धमकी भी दी कि अगर उन्होंने इस बारे में किसी से बात की तो वो उन्हें शो से निकाल देंगे।

शिल्पा ने मुंबई स्थित मलाड पुलिस स्टेशन में संजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

शो के प्रोड्यूसर से शिल्पा की अपनी मेहनताना को लेकर लड़ाई हुई थी, जिसके बाद उन्हें शो से बॉयकॉट कर दिया था। यह विवाद काफी बढ़ा था और कई दिनों तक सुर्खियों में रहा।

शिल्पा पर यह आरोप लगाया गया था कि वो हर बार अपनी फी बढ़ाने की डिमांड करती थीं, जबकि शिल्पा का आरोप है कि उन्हें बीमार पड़ने पर भी आराम नहीं करने दिया जाता था।

घर चलाने के लिए मेरा टीवी पर आना जरूरी: नवजोत सिंह सिद्धू

पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कॉमेडी शो में काम करने के अपने अधिकार का फिर से बचाव किया है। सिद्धू ने कहा, ''मैं टीवी पर इसलिए आता हूं क्योंकि मुझे पैसा कमाना होता है ताकि मेरे परिवार का भरण-पोषण हो सके, मेरा घर चल सके।''

पंजाब में मंत्री बनने के साथ ही सिद्धू पर कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा शो' छोड़ने का दबाव बढ़ता ही जा रहा है, लेकिन सिद्धू हैं कि पीछे हटने का नाम ही नहीं ले रही हैं, अपने तर्कों और बयानों के लिए प्रसिद्ध सिद्धू यहां भी अलग-अलग तरीके से अपने फैसले को सही बता रहे हैं।

सिद्धू ने बुधवार को ही कहा था, ''यदि मैं अपनी गृहस्थी चलाने के लिए महीने में चार दिन नाइट शिफ़्ट में काम करता हूं पता नहीं लोगों के पेट में क्यों दर्द होता है।''

सिद्धू के मुताबिक, क्या उन्हें बादल सरकार के डिप्टी सीएम की तरह बसें चलवा लेनी चाहिए, या फिर अपनी गृहस्थी चलाने के लिए भ्रष्टाचार करने लग जाना चाहिए।

सिद्धू ने टीवी में अपने काम करते रहने के फैसले के बचाव में चंडीगढ़ से बीजेपी सांसद किरण खेर का हवाला दिया था जो अक्सर कई टीवी रियलिटी शो में नजर आती है, सिद्धू ने कहा था कि जब वो टीवी में काम कर सकती हैं तो मैं क्यों नहीं। लेकिन बीजेपी सांसद किरण खेर ने भी सिद्धू को जवाब दिया है।

किरण खेर ने कहा, ''सिद्धू को मेरा उदाहरण देना बंद करना चाहिए, सबसे पहले मैं उनकी तरह मंत्री नहीं हूं, और दूसरी बात ये कि मैं संसद की कार्यवाहियों में नियमित रुप से शिरकत करती हूं।''

इधर पंजाब के महाधिवक्ता ने कहा है कि मंत्री रहते सिद्धू का टीवी शो में काम करना असंवैधानिक है। पंजाब के महाधिवक्ता की इस टिप्पणी के बाद सिद्धू पर दबाव का नया दौर शुरू हो गया है। इससे पहले पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कहा था कि वे कानूनविदों की राय लेने के बाद ही इस पर टिप्पणी करेंगे। लेकिन अगर संविधान विशेषज्ञों की राय सिद्धू के खिलाफ जाती है तो उन्हें सिद्धू का विभाग बदलना पड़ेगा।

सलमान के टक्कर में नहीं हैं शाहरुख-अमिताभ

बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने अक्षय कुमार, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन सभी को पीछे छोड़ दिया है। वो ना सिर्फ सबसे ज्यादा फीस लेने वाले बल्कि सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले एक्टर बन गए हैं।

पिछले साल टैक्स भरने वाली बॉलीवुड स्टार्स की लिस्ट में सबसे पहला नाम अक्षय कुमार का था। उन्होंने सबसे ज्यादा टैक्स भरा था।

सलमान खान ने 44.5 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स भरा है। सलमान ने पिछले साल 32.2 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स दिया था। सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले की लिस्ट में सलमान के बाद अक्षय का नाम शामिल है। अक्षय कुमार ने 29.5 करोड़ का टैक्स भरा है। तीसरे नंबर पर रितिक का नाम है, उन्होंने 25.5 करोड़ रुपये का एडवांस टैक्स भरा है।

कपिल शर्मा भी बॉलीवुड स्टार को टक्कर देते दिख रहे हैं। कपिल ने पिछले फाइनेंशियल ईयर में 23 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स भरा था। करण जौहर इस लिस्ट में एकलौते डारयेक्टर हैं। टॉप 10 लिस्ट में एक्ट्रेस में दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और करीना कपूर का नाम शामिल है।