2 जी घोटाला फैसला: मनमोहन सिंह ने कहा, संप्रग के खिलाफ किया जा रहा व्यापक दुष्प्रचार बेबुनियाद था

भारत के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने गुरुवार को कहा कि संप्रग के खिलाफ 2 जी स्पेक्ट्रम को लेकर किए गए व्यापक दुष्प्रचार का कोई आधार नहीं था।

एक विशेष अदालत ने 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले में गुरुवार को सभी आरोपियों को बरी कर दिया।

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि इस फैसले से ही सब कुछ पता चल जाता है। उन्होंने कहा, ''मैं कुछ नहीं कहना चाहता। अदालत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। मैं खुश हूं कि अदालत ने स्पष्ट रूप से फैसला दे दिया। संप्रग के खिलाफ किया जा रहा व्यापक दुष्प्रचार बेबुनियाद था। फैसले से सब कुछ पता चल जाता है।''

विशेष अदालत ने 2 जी स्पेक्ट्रम मामले में भारत के पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और द्रमुक की राज्यसभा सदस्य कनिमोझी को गुरुवार को बरी कर दिया। इस मामले में 15 अन्य आरोपी और तीन कंपनियों को भी बरी किया गया है।

द्रमुक के कार्यवाहक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने 2जी स्पेक्ट्रम मामले में उनकी पार्टी के नेताओं ए. राजा और कनिमोझी को बरी करने के अदालत के फैसले को ऐतिहासिक बताया। अपनी बहन कनिमोझी और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा सहित सभी आरोपियों के बरी होने पर प्रसन्नता जताते हुए स्टालिन ने आरोप लगाया कि यह एक राजनीतिक दल (द्रमुक) का अपमान करने और उसे खत्म करने की सोची-समझी योजना थी।