अमरनाथ बस हादसा:16 तीर्थयात्रियों की मौत

जम्मू एवं कश्मीर में रामबन जिले के बनिहाल कस्बे में रविवार को अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक बस खाई में गिरने से 16 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जम्मू एवं कश्मीर राज्य सड़क परिवहन की बस जम्मू से कश्मीर घाटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर बनिहाल में नचनाला के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और यह खाई में जा गिरी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ''इस हादसे में 16 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में 14 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।''

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं में से पांच को श्रीनगर ले जाया गया, 19 अन्य को सेना के हेलीकॉप्टर से जम्मू के गवर्मेट मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल लाया गया। दो का इलाज बनिहाल के अस्पताल में हो रहा है।

अधिकारी ने कहा कि बस में चालक समेत कुल 43 यात्री सवार थे। दुर्घटना स्थल पर स्थानीय निवासियों के साथ सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

भारत के प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की घोषणा की गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने हादसे पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की है। महबूबा ने उन्हें बचाव अभियान की जानकारी दी।