एएमयू जिन्ना विवाद: अलीगढ़ जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद, छात्रों का धरना जारी

भारत में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (ए एम यू) के छात्रसंघ भवन में लगी मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर बवाल जारी है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने चार और पांच मई तक शहर में इंटरनेट सेवाएं बंद करने का फरमान जारी किया है। डी एम चंद्र भूषण सिंह ने धारा 144 के तहत इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश पारित किया है।

मुहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (ए एम यू) परिसर और उसके बाहर हुई घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय में छात्रों का धरना आज भी जारी रहा। ए एम यू के बाब-ए-सैयद गेट के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आज वहीं पर जुमे की नमाज अदा की। जमात में विश्वविद्यालय के शिक्षकों तथा ए एम यू से ताल्लुक रखने वाले अन्य कई लोग शरीक हुए।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने अगले दो दिनों तक परिसर में होने वाली सभी शैक्षणिक गतिविधियों का बहिष्कार जारी रखने का ऐलान किया है। ए एम यू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने आज जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। गत बुधवार को पुलिस लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों का इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ए एम यू टीचर्स एसोसिएशन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर गत बुधवार को हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में अराजकता फैलाये जाने के घटनाक्रम की फौरन उच्च स्तरीय जांच कराने की गुजारिश की। एसोसिएशन के सचिव प्रोफेसर नजमुल हसन ने बताया कि संगठन ने राष्ट्रपति से गुहार लगायी है कि वह मामले को गम्भीरता से लें, क्योंकि यह पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दो मई को पुलिस हिन्दू युवा वाहिनी के गुंडों को रोकने के बजाय तमाशबीन बनी रही।

ए एम यू के शिक्षकों ने आज शांति मार्च निकालने की योजना बनायी है। यह मार्च कचहरी में सम्पन्न होगा।

मालूम हो कि ए एम यू के यूनियन हॉल में जिन्ना की तस्वीर 1938 से लगी है। हिन्दू युवा वाहिनी के कुछ गुंडों ने दो मई को परिसर में घुसकर सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट और भड़काऊ नारेबाजी की थी।

ए एम यू छात्र संघ ने हिन्दू युवा वाहिनी के गुंडों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस मांग के समर्थन में परिसर के गेट पर एकत्र हुए ए एम यू छात्रों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने बलप्रयोग किया था, जिसमें ए एम यू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी और छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष एम हुसैन जैदी समेत छह लोग घायल हो गये थे। इस घटना के बाद ए एम यू छात्रों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था।