भारत में कोरोना संक्रमण का एक और रिकॉर्ड टूटा
भारत में कोरोना संक्रमण का हर दिन एक नया रिकॉर्ड बन रहा है और पिछला रिकॉर्ड टूट रहा है।
रविवार सुबह जारी किए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़ पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के 24,850 नए मामले दर्ज किए गए।
इसके साथ ही भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 673,165 पर पहुंच गई है।
इनमें 244,814 सक्रिय मामले हैं जबकि 409,082 लोग संक्रमित होने के बाद ठीक हो गए।
लेकिन पिछले 24 घंटों में कोरोना महामारी के कारण भारत में 613 लोगों की मौत भी हुई है। इस महामारी ने भारत में अब तक 19,628 लोगों की जान ले ली है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या दो लाख से ज़्यादा हो गई है।
महाराष्ट्र में कोरोना से संक्रमितों की कुल संख्या 200,064 है जबकि 8671 लोगों की इस महामारी के चलते राज्य में मौत हो चुकी है।
तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 107,001 है और राज्य में 1450 लोग इस बीमारी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले एक लाख के करीब पहुंचने पर हैं। वहां अभी संक्रमितों की कुल संख्या 97,200 है जबकि मरने वालों की संख्या 3004 हो चुकी है।
इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च ने रविवार को बताया कि चार जुलाई तक भारत में 97,89,066 सैंपल्स की कोरोना जांच हो चुकी थी जिसमें शनिवार को केवल 248,934 सैंपल्स टेस्ट किए गए थे।
RELATED NEWS
