उत्तर प्रदेश में असामाजिक तत्वों ने डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ दी

त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति तोड़ी गई, फिर तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति तोड़ी गई और अब उत्तर प्रदेश में भीम राव आंबेडकर की मूर्ति तोड़ दी गई है। लेनिन की मूर्ति बीजेपी समर्थकों ने तोड़ी तो पेरियार की मूर्ति जिन लोगों ने तोड़ी, उनके सम्बन्ध बीजेपी से बताये जा रहे हैं।

भारत में महानायकों की मूर्तियां तोड़े जाने का सिलसिला रूक नहीं रहा है। मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश के मेरठ में असामाजिक तत्वों ने डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़ दी। इस मामले की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। मवाना इलाके के लोगों ने इस बाबत मूर्ति को बदलने की मांग की। सूचना मिलने पर सी ओ मवाना भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने अंबेडकर की मूर्ति बदलने का आश्वासन देने के साथ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने इस प्रकार से मूर्ति तोड़े जाने पर नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने कहा है कि ऐसे लोग पागल और बेशर्म होते हैं।

आपको बता दें कि बीजेपी की त्रिपुरा में जीत के बाद भारत के कई हिस्सों में हिंसा, मारपीट, आगजनी और तोड़-फोड़ शुरू हो गई थी। माकपा इस हिंसा के पीछे बीजेपी का हाथ मान रही है, जबकि बीजेपी का कहना है कि उसकी परंपरा में हिंसा का सहारा नहीं लिया जाता। मूर्ति विध्वंस विवाद की शुरुआत दक्षिण त्रिपुरा जिले के बेलोनिया में लेनिन की प्रतिमा बुलडोज़र से ढहाए जाने के साथ शुरू हुई थी।

तमिलनाडु में इससे पहले समाज सुधारक पेरियार की मूर्ति गिराए जाने के बाद राजनीति शुरू हो गई है। ताज़ा  घटना कोयंबटूर से आ रही है। यहां बीजेपी कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका गया। हमलावरों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पेट्रोम बम फेंकने की यह घटना चिथापुडुर में सुबह चार बजे की बताई जा रही है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जब अज्ञात हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंका था, तब कार्यालय बंद था। बीजेपी कार्यालय पर इस हमले से पहले तमिलनाडु में पेरियार की प्रतिमा को हथौड़े से तोड़ दिया गया था। बीजेपी नेता एच.राजा के एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पेरियार की मूर्ति तोड़ी गई थी। समाज सुधारक की मूर्ति गिराने के आरोप में मुथुकुमारन और फ्रांसिस को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों की मानें तो मुथुकुमारन बीजेपी से जुड़े बताए जा रहे हैं।