कांग्रेस ने शेयर किया आसाराम के साथ नरेंद्र मोदी का वीडियो, लिखा- एक आदमी की पहचान उसकी संगति से होती है
नाबालिग से बलात्कार के मामले में आसाराम को दोषी करार दिये जाने के बाद कांग्रेस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी का पुराना वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है और लिखा है, ''एक आदमी की पहचान उसकी संगति से होती है, ऐसा ईसप कहते हैं।''
बता दें कि ईसप ग्रीक कथाकार थे। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शेयर किये गये इस वीडियो में नरेंद्र मोदी कह रहे हैं, ''मेरा सौभाग्य रहा है कि जीवन में जब कोई नहीं जानता था, उस समय से बापू के आशीर्वाद मुझे मिलते रहे हैं।''
वीडियो में आसाराम और नरेंद्र मोदी एक मंच पर खड़े हैं। इस वीडियो के मुताबिक, आसाराम कह रहा है, ''यह कैसा अनोखा संगम है, धर्मसत्ता और राजसत्ता जब मिलती है तो प्रजा का बेड़ा पार हो जाता है। मैं हमेशा से कहता था, लेकिन आज मुझे मेरा शिव मिल गया।''
हालांकि ये वीडियो कब का है, ये अब तक पता नहीं चल पाया है। बता दें कि जोधपुर की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
RELATED NEWS
