गर्भवती पत्नी की लाश को स्ट्रेचर पर लेकर भटकता रहा पति

उत्तर प्रदेश में बड़ी उम्मीदों के साथ योगी आदित्य नाथ की सरकार बनी। आम लोगों को लगा कि उनकी जिंदगी में बदलाव आएगा। स्वास्थ्य सेवाएं ठीक हो जाएगी और गरीब लोगों को मुफ़्त चिकित्सा मिलेगी। लेकिन गुजरते वक्त के साथ ये सपने धराशायी हो रहे हैं, और आम आदमी  की जिंदगी में कोई परिवर्तन नहीं आ रहा है।

उत्तर प्रदेश के कौशांबी से दिल दहला देने वाला एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक शख्स अपनी पत्नी की लाश को लेकर दर बदर भटक रहा है, लेकिन उसे कोई मदद करने वाला नहीं है।

इस वीडियो से मिल रही जानकारी के मुताबिक, एक शख्स अपनी गर्भवती पत्नी को इलाज कराने के लिए कौशांबी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाता है। लेकिन इलाज के दौरान ही इस शख्स की पत्नी और बच्चे दोनों की मौत हो जाती है।

वीडियो के मुताबिक, ये शख्स अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए अस्पताल प्रशासन से एंबुलेंस मांगता है। लेकिन यहां पर उससे रिश्वत मांगी जाती है। लेकिन इस शख्स के पास रिश्वत देने के लिए पैसे नहीं होते हैं।

लिहाजा यह आदमी डेड बॉडी को खींचते हुए ले जाता है। इस दौरान कई लोग पूरा तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने इस शख्स की मदद नहीं की।

बता दें कि राज्य और केन्द्र सरकार दोनों ने ही गर्भवती महिलाओं की मदद के लिए कई योजनाएं चला रखी हैं लेकिन लगता है इस शख्स को इन योजनाओं का फायदा नहीं मिल पाया है। उत्तर प्रदेश में एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर कॉल करने पर मुफ़्त में एंबुलेंस की सेवा उपलब्ध है, इसके बावजूद इस शख्स को इसका फायदा नहीं मिल पाया।