जम्मू-कश्मीर: राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान की फायरिंग में लांस नायक मोहम्मद नसीर शहीद

जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा शनिवार की गई भारी गोलाबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि कारकुंडी इलाके में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलाबारी में लांस नायक मोहम्मद नसीर शहीद हो गए।

पाकिस्तान ने शनिवार को राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी शुरू की जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा सूत्रों ने बताया, ''पाकिस्तान की ओर से इन दोनों जगहों पर अपराह्न 1.30 बजे के करीब संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सेना ने छोटे स्वचालित हथियारों और मोर्टार से हमले किए। भारत की ओर से भी दोनों जगहों पर प्रभावी और मुंहतोड़ जवाब दिया गया।''

उन्होंने बताया, “अंतिम खबर मिलने तक दोनों जगहों पर दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।''

बता दें कि तीन दिन पहले ही पाकिस्तानी फायरिंग में दो सैनिक शहीद हुए थे। इससे पहले बुधवार (12 जुलाई) को कश्मीर के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना के दो सैनिक शहीद हो गये थे।

राजौरी के अलावा पुंछ जिलों में भी नियंत्रण रेखा पर फायरिंग की गई है। हालांकि भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने  बताया, ''पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी शुरू की।''