जज लोया केस: राहुल गांधी ने कहा, ज्यादातर भारतीय अमित शाह का सच समझते हैं
भारत में सर्वोच्च न्यायालय ने गुरुवार (19 अप्रैल) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी बी आई) के विशेष न्यायाधीश बी एच लोया की कथित रहस्मय मौत के मामले में विशेष जांच दल (एस आई टी) से जांच कराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया। न्यायाधीश लोया सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले की सुनवाई कर रहे थे।
याचिका में कोई दम नहीं होने की बात कहते हुए प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर व न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ की पीठ ने कहा कि न्यायाधीश लोया की मौत स्वाभाविक थी।
न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने फैसला सुनाते हुए जनहित याचिका दाखिल करने के तरीके और मामले की सुनवाई के दौरान बंबई उच्च न्यायालय के प्रशासकों की समिति और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों पर संदेह करने को लेकर नाराजगी जताई।
विपक्ष ने सीधे तौर पर फैसले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, मगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इशारों में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा। गांधी ने एक ट्वीट में कहा, ''भारतीय बहुत बुद्धिमान हैं। ज्यादातर भारतीय, जिनमें से कई भाजपा में भी हैं, अमित शाह का सच समझते हैं। उनके जैसे लोगों को पकड़ने का सच का अपना तरीका होता है।''
RELATED NEWS
