लालू यादव ने नीतीश कुमार को बताया भस्मासुर
जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार ने गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भारतीय जनता पार्टी के साथ बनने वाली सरकार को राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने सुबह 10 बजे शपथ दिलाई।
नीतीश ने छठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर रिकॉर्ड बनाया है। नीतीश कुमार के बाद बिहार बीजेपी के नेता सुशील कुमार मोदी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।
गुरुवार को हुए शपथ ग्रहण सामरोह में दो ही नेताओं ने शपथ ली। बुधवार की शाम नीतीश के इस्तीफा के बाद 20 महीने से चल रही महागठबंधन की सरकार गिर गई थी। इसके बाद बुधवार की देर रात नीतीश कुमार को जनता दल (यूनाइटेड) और बीजेपी संयुक्त विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
नीतीश ने देर रात ही नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर बीजेपी, जनता दल (यूनाइटेड), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, लोक जन शक्ति पार्टी, दो निर्दलीय सहित कुल 131 विधायकों के समर्थन का पत्र प्रस्तुत किया था।
विपक्षी दलों की एकता को लेकर लालू यादव ने कहा कि अगर नीतीश कुमार बीजेपी के पास चले गए तो क्या हुआ, हम बीएसपी सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को साथ लाएंगे।
नीतीश कुमार 28 जुलाई को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में बहुमत साबित करेंगे।
लालू यादव ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए सुपर एडिटर करार दिया। लालू ने कहा कि शाह खबर के बारे में फैसला करते हैं और मीडिया मालिकों को इस बारे में बताते हैं, संपादक को कौन बताता है। रिपोर्टर की गलती नहीं है।
लालू ने कहा कि कई मौकों पर पीएम मोदी के साथ नीतीश कुमार ने मुलाकात की और लंच भी किया। इस समय जो भी हुआ वो पहले से फिक्स था।
लालू यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें भस्मासुर करार दिया। साथ ही कहा कि कहा कि शराब के नाम पर उन्होंने ढोंग किया है। लालू ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने बीजेपी, मोदी और शाह के साथ मिलकर सीबीआई और ईडी की कार्रवाई करवाई।
दिग्विजय सिंह ने निशाना साधते हुए कहा, क्या कोई ट्रेन छूटी जा रही थी? जैसे कोई चोरी-डकैती हो रही थी रातों-रात। कोई नैतिकता की बात नहीं थी। नीतीश जी हमेशा नैतिकता की बात करते हैं क्या यही नैतिकता है? जनता ने आपको बीजेपी-संघ के विरोध में वोट दिया था।
शपथ लेने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मेरा फैसला बिहार के हित और विकास में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री बनने पर नीतीश कुमार को फिर दी बधाई। इससे पहले बुधवार को भी मोदी ने बधाई थी।
आरजेडी के विधायक भाई बिरेंद्र ने कहा कि आनन-फानन में सरकार बनी, नीतीश कुमार को देश और बिहार की जनता की फिक्र नहीं है, सिर्फ कुर्सी की फिक्र है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है। राहुल ने महागठबंधन टूटने पर कहा कि नीतीश कुमार ने धोखा दिया है। राहुल ने कहा कि 3-4 महीने से हमें पता था कि ये प्लानिंग चल रही है। अपने स्वार्थ के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है। कांग्रेस ने नीतीश कुमार को धोखेबाज बताया।
