लखनऊ: संदिग्ध आतंकी से ठाकुरगंज इलाके में चल रही मुठभेड़
उत्तर प्रदेश में एक संदिग्ध आतंकी से मुठभेड़ जारी है। उस संदिग्ध आतंकी को यूपी ATS ने एक घर में घेर लिया है। यह मुठभेड़ लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में चल रही है। यह मुठभेड़ पिछले आधे घंटे से जारी है।
एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस दलजीत चौधरी ने कहा, ''यूपी ATS ने दोपहर को यह ऑपरेशन लॉन्च किया है। संदिग्ध आतंकी हाजी कॉलेनी के ठाकुर गंज इलाके में छिपा हुआ है। उसने ATS पर हमला किया था जिसके बाद फोर्स ने हमला किया। हम लोग उसको पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।''
चौधरी ने आगे कहा कि उनको लगता है कि संदिग्ध लखनऊ का ही रहने वाला है। उसके पास हथियार भी बताए जा रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि वह उसको जिंदा पकड़कर पूछताछ करना चाहते हैं।
इस मामले पर एडीजी दलजीत चौधरी ने कहा, ''हम लोगों को उम्मीद है कि एक ही शख्स छिपा हुआ है। इस मामले के बारे में जानकारी राज्य के बाहर से आई थी।''
ठाकुरगंज पुराने लखनऊ का इलाका है और चौक, नक्खास जैसे बाजारी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। संकरी गलियों की वजह से संदिग्धों को पकड़ने में और परेशानी आ रही है।
भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में मंगलवार की सुबह विस्फोट हुआ था। उस धमाके में छह लोग जख्मी हो गए थे। बताया गया था कि किसी मोबाइल में हुए धमाके से हादसा हुआ था। हालांकि, मध्यप्रदेश के एक मंत्री ने कहा था कि धमाके के बाद ट्रेन से बारूद की सी गंध आ रही थी।
यूपी में कल विधानसभा चुनाव के लिए आखिरी चरण का मतदान होना है। हालांकि, लखनऊ में वोटिंग पहले ही हो चुकी है।
RELATED NEWS
