मोदीजी, आप गुजरात की आवाज को खरीद नहीं सकते: राहुल गाँधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (23 अक्टूबर) को जीएसटी को 'गब्बर सिंह टैक्स' बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारतीय अर्थव्यस्था को बरबाद करने और लाखों लोगों से नौकरी छीनने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी की दो कुल्हाड़ियां बिना सोचे-समझे जनता पर चला दीं। ये रैली कांग्रेस और गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के नेता अल्पेश ठाकोर ने मिलकर बुलायी थी।

राहुल गांधी ने रैली में अपने भाषण की शुरुआत, 'जय माता दी', 'जय सरदार' और 'जय भीम' कहकर की। रैली में अल्पेश ठाकोर कांग्रेस में शामिल हुए।

राहुल गांधी ने कहा, ''गुजरात में एक भी समुदाय, एक भी आदमी ऐसा नहीं है जो हाल में हुए आंदोलनों से जुड़ा न रहा हो। पूरा राज्य आंदोलन की राह पर है।''

अल्पेश ठाकोर ने रैली के दौरान श्रोताओं से शांत रहने की अपील की थी।

राहुल ने अल्पेश की तरफ संकेत करते हुए कहा, ''अल्पेश आपसे शांत रहने के लिए कह रहे हैं, लेकिन मुझे पक्का यकीन है कि लोग शांत नहीं रहेंगे क्योंकि मोदीजी ने उन्हें बहुत अधिक सताया है। हार्दिक, जिग्नेश भी चुप नहीं रहेंगे। उनकी आवाज हर गुजराती की आवाज है। और इस आवाज को दबाया नहीं जा सकता, खरीदा नहीं जा सकता। आप उन्हें एक करोड़, पांच करोड़, 100 करोड़, गुजरात का पूरा बजट या पूरे भारत का बजट या पूरी दुनिया की दौलत दे दो, आप इस आवाज को न खरीद सकोगे, न दबा सकोगे।''

राहुल गांधी ने आगे कहा, ''..... ब्रिटिश ने भी गुजरातियों की आवाज दबाने की कोशिश की थी। पहले दक्षिण अफ्रीका में और फिर भारत में गुजरातियों की आवाज दबाने की कोशिश की थी, लेकिन गांधी और सरदार (पटेल) ने उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका .... मोदीजी ये आवाज बिकाऊ नहीं है। मोदीजी, आप गुजरात की आवाज को खरीद नहीं सकते।''

रविवार (22 अक्टूबर) की रात को पाटीदार अमानत आंदोलन समिति के नेता नरेंद्र पटेल ने मीडिया के सामने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था। पटेल ने मीडिया के सामने 10 लाख रुपये नकद भी दिखाए और दावा किया कि बीजेपी ने वो पैसा एडवांस के तौर पर दिया था।