पीएनबी घोटाला: आरोपी ने वित्त मंत्री की वकील बेटी को मोटी फीस दी, इसलिए चुप थे जेटली - राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पी एन बी घोटाले को लेकर भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि अब यह सामने आ चुका है कि पी एन बी घोटाले पर वित्त मंत्री की चुप्पी उनकी वकील बेटी को बचाने को लेकर है।
राहुल ने कहा है कि पीएनबी घोटाले के आरोपी ने पी एन बी घोटाले के सार्वजनिक होने से एक महीने पहले ही बतौर फीस वित्त मंत्री की बेटी को मोटी रकम दी। हालांकि राहुल ने कथित रूप से मोटी फी देने वाले आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
राहुल गांधी ने एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ''अब यह सामने आ चुका है कि पी एन बी घोटाले पर हमारे वित्त मंत्री की चुप्पी उनकी वकील बेटी को बचाने को लेकर थी, जिन्हें इस घोटाले के सार्वजनिक होने से मात्र एक महीने पहले आरोपी ने मोटी फीस दी थी। जब आरोपी के दूसरे लॉ फर्मों पर सीबीआई द्वारा छापा मारा जा रहा है, तो उसके लॉ फर्म पर क्यों नहीं?'' राहुल गांधी ने इस ट्वीट के साथ #ModiRobsIndia हैशटैग डाला है।
बता दें कि 11 हजार 580 करोड़ रुपये के पी एन बी घोटाले को लेकर कांग्रेस केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस मामले में लगातार पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली से जवाब मांग रहे हैं।
इस मामले में हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसके रिश्तेदार मेहुल चोकसी पर आरोप है कि इन दोनों ने पी एन बी के अधिकारियों से मिलीभगत कर करोड़ों रुपये के लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग ले लिये। इस लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग के आधार पर इन्होंने विदेशी कंपनियों से व्यापार किया।
नीरव मोदी और मेहुल चोकसी ने गोकुलनाथ और मनोज खरट के साथ मिलकर बिना किसी सिक्योरिटी के लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग जारी कराते रहे थे। गोकुलनाथ के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह पर दूसरे अधिकारी को नियुक्त किया गया था, जिन्होंने बिना सिक्योरिटी के लेटर्स ऑफ अंडरटेकिंग जारी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद घोटाले का भेद खुला था।
5 फरवरी को पी एन बी की शिकायत पर सीबीआई ने नीरव मोदी, उसकी पत्नी, भाई और मेहुल चोकसी के खिलाफ साजिश रचने और धोखा देने का मुकदमा दर्ज किया था। पी एन बी के ब्रैडी हाउस शाखा से रिटायर्ड हुए गोकुलनाथ शेट्टी और मनोज खरट को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन नीरव और मेहुल चोकसी भारत से फरार हैं। सीबीआई अबतक नीरव मोदी के कुछ सौ करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है। जबकि नीरव मोदी पी एन बी का हज़ारों करोड़ रुपये लूट चुका है।
