बटन किसी भी पार्टी के लिए दबाओ, वोट बीजेपी के लिए जा रहा है
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान बुधवार (22 नवंबर) को हुआ। पहले चरण के तहत उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में मतदान हुआ। लेकिन मेरठ के एक पोलिंग बूथ पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में कोई भी बटन दबाने पर सिर्फ भारतीय जनता पार्टी को वोट जाने का मामला सामने आया। इसको लेकर बवाल होता रहा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ के अधिकारियों ने मशीन को खराब बताते हुए दावा किया कि कुछ गड़बड़ी थी। जबकि गैर-बीजेपी दलों का आरोप है कि मशीनों से छेड़छाड़ की गई थी। मेरठ के वार्ड- 89 में भी यही हाल दिखा। यहां किसी भी बटन को दबाने पर बीजेपी की पर्ची निकलती दिखी।
आम आदमी पार्टी ने फिर से ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका जोरशोर से उठानी शुरू कर दी है। आम आदमी पार्टी ने ईवीएम छेड़छाड़ में वोट बीजेपी को जाने का मुद्दा वीडियो के जरिये दिखाया। बटन किसी भी पार्टी के लिए दबाओ, वोट बीजेपी के लिए जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि उत्तराखंड में 7 मशीनों को हाई कोर्ट ने जब्त करवाया। मेरठ, कानपुर में निकाय चुनाव में भी ऐसी घटना हो रही हैं। हमने मांग की थी कि उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव बैलेट पेपर पर हों। ऐसा कैसे हो रहा है कि सीधे वोट कमल पर जा रहा है, कभी गलती से भी वोट झाड़ू पर क्यों नही जाता है? हम मांग करते हैं कि एक सघन जांच की जाए, सेंट्रल इलेक्शन कमिशन इसकी जांच करे। ईवीएम में छेड़छाड़ हो रही है तो ये एक संवैधानिक मसला है। एक श्वेतपत्र जारी करके बताया जाए कि चुनाव आयोग इस मामले में क्या कर रहा है तो जनता का विश्वास ईवीएम में बना रहेगा। चुनाव आयोग जल्द इस मामले में मजबूत कदम उठाए।
RELATED NEWS
