प्रधानमंत्री ने स्कोर्पिन वर्ग की पहली नौसैनिक पनडुब्बी आईएनएस कलवरी राष्ट्र को समर्पित की
भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौसैनिक पनडुब्बी आईएनएस कलवरी आज राष्ट्र को समर्पित की। स्कोर्पिन वर्ग की छह पनडुब्बियों में से पहली पनडुब्बी को समर्पित करते हुए मोदी ने कहा कि यह देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री ने सवा सौ करोड़ भारतीय नागरिकों के लिए इसे गर्व का क्षण बताया। मोदी ने देश की ओर से भारतीय नौसेना को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत समुद्री मार्ग के जरिए आतंकवाद से निपटने और समुद्री डकैती, नशीले पदार्थों की तस्करी या गैर कानूनी तौर पर मछली पकड़ने पर रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास यानि सागर योजना को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि पनडुब्बियां आधुनिक समय के युद्ध की दृष्टि से बड़ी मारक और शक्तिशाली होती हैं।
आईएनएस कलवरी को मुम्बई की नौसैनिक गोदी में आयोजित एक समारोह में देश को समर्पित किया गया।
RELATED NEWS
