उद्धव ने कहा, हम सत्ता के भूखे नहीं

लगभग एक महीने पहले ही लालू यादव की दोस्ती को तोड़कर बीजेपी के साथ बिहार में सरकार बनाने वाले जनता दल यूनाइटेड अध्यक्ष और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि उन्हें कैबिनेट में फेरबदल की जानकारी नहीं है और उन्हें मोदी कैबिनेट में विस्तार की जानकारी मीडिया से ही मिल रही है।

जब पटना में पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या आपकी पार्टी केन्द्र में सत्ता में शामिल हो रही है, तो नीतीश ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है।

नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने कैबिनेट का पुनर्गठन कर रहे हैं इस बात की जानकारी उन्हें मीडिया से ही मिली है।

इससे पहले कयास लगाये जा रहे थे नीतीश कुमार की पार्टी के दो नेता केन्द्र में मंत्री बन सकते हैं। इनमें राज्यसभा में जनता दल यूनाइटेड के नेता आर सी पी सिंह और संतोष कुमार का नाम शामिल था।

बता दें कि नीतीश कुमार 19 अगस्त को एनडीए में शामिल हुए थे।

इधर एनडीए की घटक शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने आज कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में कल होने वाले फेरबदल में पार्टी के सदस्यों को शामिल किए जाने को लेकर बीजेपी से कोई बातचीत नहीं हुई है।

ठाकरे ने संवाददाताओं से कहा, ''मुझे मीडिया से ही कैबिनेट फेरबदल के बारे में जानकारी मिली। मैंने इस बारे में (केंद्रीय बीजेपी नेतृत्व से) कोई  पूछताछ नहीं की है। मुझे किसी से कोई समाचार नहीं मिला है और न ही हम सत्ता के लिए भूखे हैं।''

शिवसेना लंबे समय से बीजेपी की सहयोगी रही है, लेकिन अक्सर बीजेपी के साथ उसका रूख टकराव का रहा है। अभी कैबिनेट में शिव सेना की ओर से एकमात्र सदस्य अनंत गीते भारी उद्योग मंत्री हैं।