छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में 6 पुलिसकर्मी शहीद, दो घायल
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा किए बारूदी सुरंग विस्फोट से 6 पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा जिले में किरन्दुल चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण की सुरक्षा डियूटी में जा रहे जवानों के वाहन को नक्सलियों ने पुल के नीचे बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ा दिया, जिसमें उसमें सवार पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
दंतेवाड़ा के अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) जी एन बघेल एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। शहीद एवं घायल जवान जिला पुलिस के हैं और वह किरन्दुल थाने से रवाना हुए थे। नक्सलियों ने वाहन को उड़ाने के बाद शहीद और घायल जवानों से चार इंसास एवं दो ए के 47 भी लूट कर ले गए।
इस इलाके के बचेली में विकास यात्रा पर मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह इसी सप्ताह पहुंचने वाले है। उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा बल पहले से ही एलर्ट पर है। इसके बाद भी नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने में कामयाब रहे।
महाराष्ट्र के गढ चिरौली में पिछले महीने सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने एवं राज्य के बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ के बाद नक्सलियों में बौखलाहट की खबरें मिलती रही है जिसकी वजह से सुरक्षा बल पहले से ही एलर्ट पर हैं।
RELATED NEWS
