सोनिया ने कहा, पीएम मोदी पर चढ़ा कांग्रेस मुक्त भारत का भूत, भाषण कभी भी खाली पेट नहीं भर सकता
भारत में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कर्नाटक के बीजापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी पर कांग्रेस मुक्त भारत का जुनून है, उन्हें इसका भूत लग गया है।
सोनिया ने कहा, ''कांग्रेस मुक्त भारत तो छोड़िए, वो अपने सामने किसी को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।'' कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने अपनी पहली चुनावी रैली में कहा कि मोदी जी जहां कहीं भी जाते हैं, वहां वो गलत तथ्य पेश करते हैं और इतिहास से छेड़छाड़ करते हैं। सोनिया ने आरोप लगाया कि पी एम मोदी अपने राजनीतिक हित साधने के लिए इतिहास के नायकों का गलत इस्तेमाल करते हैं।
सोनिया गांधी ने पी एम नरेंद्र मोदी के भाषणों पर तंज कसा और कहा, ''मोदी जी को इस बात का बहुत घमंड है कि वो अच्छा भाषण देते हैं। मैं भी इस बात से सहमत हूँ। वो एक अभिनेता की तरह बोलते हैं। मुझे बड़ी खुशी होती, जब उनके भाषणों से देश के लाखों भूखे लोगों की भूख मिटती, लेकिन भाषण कभी भी खाली पेट नहीं भर सकता। उसके लिए भोजन की जरूरत होती है।''
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि सूखा से प्रभावित सभी राज्यों को केंद्र सरकार ने मुआवजा दिया, लेकिन कर्नाटक को सबसे कम मुआवजा दिया गया। यह किसानों के जख्मों पर नमक रगड़ने जैसा है।
सोनिया ने पूछा, ''मोदी जी क्या यही आपका 'सबका साथ, सबका विकास' है?''
उन्होंने कहा कि सूखे की वजह से कर्नाटक के किसानों को मार झेलनी पड़ी है। राज्य के सी एम सिद्धारमैया इस मुद्दे पर पी एम से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
सोनिया ने कहा कि ऐसा कर पी एम मोदी ने न केवल किसानों का बल्कि कर्नाटक का भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों के लिए लगातार काम किए हैं। हमने गरीबों के लिए महात्मा गांधी नरेगा प्रोग्राम शुरू किया, जिसकी मोदी जी आलोचना करते थे।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में एकसाथ खड़े होना और एकसाथ काम करना कर्नाटक की संस्कृति रही है।
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में बहुत काम किए हैं। इस वजह से कर्नाटक देश में नंबर वन राज्य बन सका।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राज्य से भेदभाव करती है।
