सुनंदा पुष्कर मौत केस: दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में शशि थरूर का नाम

सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एक चार्जशीट दाखिल की। इसमें सुनंदा के पति और कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर आत्महत्या के लिए उकसाने और 'शादीशुदा रिश्ते में क्रूर बर्ताव' करने का आरोप तय किया गया।

दिल्ली पुलिस की एस आई टी ने सुनन्दा पुष्कर की मौत के मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में करीब तीन हजार पेज की चार्जशीट दाखिल की है। जिसमें आरोपी के तौर पर शशि थरूर का नाम लिखा है। एस आई टी ने ये चार्जशीट IPC की धारा 306 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने और IPC की धारा 498A यानी वैवाहिक जीवन में प्रताड़ित करना के तहत दाखिल की है।

बता दें कि चार्जशीट में शशि थरूर का नाम कॉलम नंबर 11 में डाला गया है। कालम नंबर 11 में बिना आरोपी के गिरफ्तारी के भी चार्जशीट दाखिल की जा सकती है। एस आई टी के मुताबिक, 306 यानी आत्महत्या के लिए  उकसाना की धारा इसलिए चार्जशीट में जोड़ी गई है क्योंकि सुनन्दा के शरीर पर चोट के जो करीब 12 निशान पाए गए थे उससे साफ जाहिर होता है कि थरूर ने सुनन्दा के साथ मारपीट की थी।

वही धारा 498A भी इसलिए लगाई गई है क्योंकि शशि थरूर और सुनन्दा का वैवाहिक जीवन में काफी तनाव था और सुनन्दा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ ज़िक्र था कि उसके शरीर पर 12 चोट के निशान पाए गए है। इस मामले में 24 मई को कोर्ट चार्जशीट पर संज्ञान लेगी।