बीएचयू में छात्रा से फिर छेड़छाड़; आरोपी छात्र गिरफ्तार

भारत के प्रतिष्ठित बनारस हिंदू विश्वविद्याल में एक बार फिर छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। गुरुवार को क्लास में एक छात्रा के साथ पहले छेड़छाड़ की गई, इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

जैसे ही इस बारे में सबको खबर हुई तो कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता छात्रा ने पास के थाने में शिकायत दर्ज कराया, जिसके बाद आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया। वह भी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में पढ़ता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एम. ए थर्ड सेमेस्टर में पढ़ने वाली छात्रा के साथ समाजशास्त्र विभाग में छेड़छाड़ हुई है।

छात्रा का आरोप है कि एम.ए के छात्र शीतला गौंड ने उसे क्लास से बाहर अपनी तरफ खींचा था। उसने विरोध किया, तो आरोपी ने थप्पड़ मार दिया। हाथ से मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। मामले की शिकायत पीड़िता ने फौरन प्रॉक्टर से की। फिर लंका थाने जाकर इस संबंध में तहरीर दी।

शिकायत के आधार पर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, कैंपस में इस घटना से सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ गए हैं।

आज सुबह ही राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रेखा शर्मा यहां जांच के लिए पहुंची हैं। उन्होंने बीएचयू छेड़छाड़ मामले में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और पूर्व प्रॉक्टर के बयान लिए हैं।

सवाल उठता है कि बीएचयू में छात्राओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाएँ रूक पायेगी!