प्रधानमंत्री वय वंदन योजना में निवेश की सीमा 7.5 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई
भारत में केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नागिरकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी प्रधानमंत्री वय वंदन योजना में निवेश की सीमा 7.5 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी है। इससे निवेशक को हर महीने 10 हजार रुपये तक की पेंशन मिल सकेगी।
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा के अपने वादे के तहत प्रधानमंत्री वय वंदन योजना में निवेश की अवधि को 4 मई 2018 से बढ़ाकर 31 मार्च 2020 कर दिया है। अब इसमें 15 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकेगा, जिससे निवेशक को 10 हजार रुपये तक मासिक पेंशन मिल सकेगी। इस योजना का क्रियान्वयन एल आई सी कर रही है। इसमें 10 वर्षों के लिए निवेश किया जाता है जिसमें निश्चित आठ फीसदी रिटर्न मिलता है, जिसे मासिक पेंशन के रूप में दिया जाता है। इसमें मासिक, तिमाही, छमाही या वार्षिक पेंशन का चयन किया जा सकता है। आठ फीसदी रिटर्न से कम की राशि मिलने पर इसकी भरपाई केंद्र सरकार करती है।
मार्च 2018 तक 2.23 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने इस योजना का लाभ उठाया है। जबकि इससे पहले की वरिष्ठ पेंशन बीमा योजना 2014 में 3.11 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने लाभ उठाया था।
RELATED NEWS
