चुनाव के दौरान बीजेपी ने जो वादे किये, वो महज 'लॉलीपॉप' साबित हुए हैं: शिवसेना

बीजेपी पर निशाना साधते हुए इसकी सहयोगी शिवसेना ने बुधवार (31 मई) को कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी ने जो वादे किये वो महज 'लॉलीपॉप' साबित हुए हैं।

शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में कहा, ''अगर वादे सिर्फ चुनावी जुमलों के तौर पर किये जायें तो जनता जन सभाओं और नेताओं पर भरोसा नहीं करेगी।''

शिवसेना ने बीजेपी नीत केंद्र एवं महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''लोग अब यह जानकर हैरत में पड़ सकते हैं कि कर्ज माफी (किसानों की) और नौकरियां पैदा करने के वादे सिर्फ लॉलीपॉप थे।''

शिवसेना महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस सरकार का हिस्सा है।

इसमें लिखा है, ''नितिन गडकरी (बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री) ने हाल में कहा था कि कर्जमाफी संभव नहीं होगा।''

शिवसेना ने कहा, ''जब हमलोग विपक्ष में थे तो कर्जमाफी की मांग करते थे, लेकिन यह अब संभव नहीं है।''

इसमें उन बातों को याद करते हुए कहा गया कि जब बीजेपी और शिवसेना विपक्ष में थे तो उन्होंने महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे के उस बयान की आलोचना की थी जिसमें शिंदे ने कहा था कि हर चुनावी वादे को पूरा नहीं किया जा सकता है।