राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की 66 दिनों की यात्रा में कहां-कहां से गुजरेंगे?

राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की 66 दिनों की यात्रा में कहां-कहां से गुजरेंगे?

गुरुवार, 4 जनवरी 2024

भारत में कांग्रेस ने राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा को नया नाम दिया है। अब इसे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' कहा जाएगा।

इस दौरान राहुल 66 दिनों में 6700 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। वो इस यात्रा के दौरान 100 लोकसभा क्षेत्रों के 110 जिलों से गुजरेंगे। उत्तर प्रदेश में ये यात्रा 11 दिन चलेगी।

उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में ये यात्रा सबसे अधिक दिनों तक चलेगी। यात्रा में अब अरुणाचल को भी जोड़ा गया है। 14 जनवरी 2024 को ये यात्रा मणिपुर से शुरू होगी और मुंबई में 20 मार्च 2024 को खत्म होगी।

नई दिल्ली में गुरुवार, 4 जनवरी 2024 को यात्रा के बारे में अधिक जानकारी देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ''ये यात्रा लोगों को सामाजिक न्याय और महंगाई, बेरोजगारी, किसानों-मजदूरों की दुर्दशा, अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई और जाति जनगणना पर जागरुक करेगी।

हमें उम्मीद है कि इस यात्रा से सामाजिक न्याय का मुद्दा एक बार फिर राष्ट्रीय विमर्श बन सकेगा।''

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' भारत जोड़ो यात्रा के एक साल बाद शुरू हो रही है।

इस बार की यात्रा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के 55 नेता चलेंगे।  लोकसभा चुनावों से पहले शुरू होने वाली इस यात्रा से कांग्रेस राजनीतिक फायदे की उम्मीद कर रही है।

इसलिए भारत के राज्य उत्तर प्रदेश को इसमें खास अहमियत दी गई है। यहां राहुल गांधी 11 दिनों तक 1074 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं।