चीनी मीडिया मोदी की तारीफ़ क्यों कर रही है: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की चीनी मीडिया में हुई तारीफ़ पर उन्हें घेरा है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, ''चीन ने हमारे जवानों को मारा। चीन ने हमारी ज़मीन ले ली। तो इस संघर्ष के दौरान चीन, मोदी की तारीफ़ क्यों कर रहा है?''

इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक अंग्रेज़ी अख़बार की न्यूज़ कटिंग शेयर की है जिसमें चीन के अख़बार ग्लोबल टाइम्स के हवाले से मोदी की तारीफ़ की बात कही गई है।

इससे पहले भी राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि भारत और चीन के बीच लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल में पैंगोंग झील के पास भारत की सीमा के भीतर चीनी सैनिक हैं और सैटलाइट फ़ोटो साफ़ तौर पर ये दिखाती हैं।

इस वीडियो में कहा जा रहा है कि सैटलाइट तस्वीरों में दिख रहा है कि गलवान घाटी में सीमा के दूसरी तरफ़ चीनी सैनिकों ने भारी निर्माण कार्य किया है। लेकिन पैंगोंग में आठ किलोमीटर लंबे उस क्षेत्र पर चीनी सैनिकों ने क़ब्ज़ा कर रखा है जिसे भारत अपना मानता है।