किएव पर रूस के हमले तेज़ हुए
यूक्रेन की राजधानी किएव में रूस के हमले तेज़ हो गए हैं। शनिवार सुबह रूसी हमले में शहर के प्रमुख नॉर्दर्न ब्रिज को नुक़सान पहुंचा। किएव के मेयर विताली क्लिचको ने इसकी जानकारी दी।
क्लिचको के मुताबिक़, हमले में नॉर्दर्न ब्रिज की सड़क की सतह और ट्रॉलीबस की ओवरहेड बिजली तारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। हमले के बाद ब्रिज पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाएं किनारे से दाएं किनारे की ओर जाने वाला ट्रैफ़िक फ़िलहाल बंद है और आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया है।
इसके अलावा, सदर्न ब्रिज पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। गुरुवार से रूसी ड्रोन ने सदर्न ब्रिज को कई बार निशाना बनाया है। इसके बाद शहर के डिफेंस काउंसिल ने शुक्रवार को आपात बैठक की थी।
बैठक के बाद क्लिचको ने किएव की स्थिति को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि रूस शहर के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, आवासीय इलाकों और अन्य अहम सुविधाओं को निशाना बना रहा है।
नॉर्दर्न और साउदर्न ब्रिज किएव के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग हैं। गुरुवार से पहले इन दोनों पुलों पर इस तरह के हमले नहीं हुए थे। लगातार हमलों के बाद राजधानी में परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
