भारत

कोरोना वायरस: भारत में 14 अप्रैल के बाद क्या लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा?

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोरोना वायरस पर सर्वदलीय बैठक के बाद कहा है कि लॉकडाउन का एक साथ ख़त्म होना मुश्किल दिख रहा है।

भारत सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च को देशभर में 21 दिनों की लॉकडाउन लागू किया था। ये 14 अप्रैल को ख़त्म होना है।

इसी बीच सरकार ये समीक्षा कर रही है कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए या नहीं। कई राज्यों ने केंद्र सरकार को लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का सुझाव भी दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के हालातों को सामाजिक आपातकाल कहा है।  उन्होंने कहा है कि उनकी सरकार की प्राथमिकता देश के प्रत्येक व्यक्ति की जान बचाना है।

क्या राजस्थान में लॉकडाउन बढ़ाया जायेगा?

राजस्थान में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए फ़िलहाल लॉकडाउन ख़त्म करने पर सरकार ने स्पष्ट फ़ैसला नहीं लिया है। हालांकि, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से रूबरू होते हुए कई लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की ओर इशारा किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री के सलाहकार और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव स्वरूप के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया है। जो 14 अप्रैल को ख़त्म हो रहे लॉकडाउन को आगे बढ़ाने या चरणबद्ध तरीके से खोलने पर विचार कर रही है।

राजस्थान गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव स्वरूप ने बीबीसी को बताया कि, "हम इस पर तैयारी कर रहे हैं। फ़िलहाल कुछ नहीं कह सकते।''

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एनडीटीवी पर लॉकडाउन ख़त्म को लेकर कहा कि, "मेरा मानना है कि इसको एक साथ नहीं खोल सकते हम। इसको खोलेंगे तो 21 दिन के लॉकडाउन के मायने ख़त्म हो जाएंगे।''

मध्य प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए

मध्यप्रदेश में 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन ख़त्म होने की संभावना कम ही नज़र आ रही है। हालांकि इस पर अभी तक कोई अंतिम फ़ैसला नही लिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए हैं कि लॉकडाउन को बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "जिस तरह के स्थिति अभी है उसमें लोगों से बातचीत की जा रही है। अभी कुछ भी फ़ैसला नहीं लिया गया है।''

उन्होंने कहा कि जिस तरह की स्थिति बनेगी उसके अनुसार फ़ैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर में अभी जो स्थिति, उसमें इसे हटाना मुश्किल नज़र आ रहा है। लोगों की जान बचाना सबसे पहला उद्देश्य है, उसके बाद ही कुछ सोचा जा सकता है।

शिवराज सिंह चौहान ने यह ज़रुर कहा है कि जहां पर अभी तक कोरोना पीड़ित नहीं है वहां ज़रुर लॉकडाउन खोलने को लेकर विशेषज्ञों से बातचीत की जा रही है।

मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल में कोरोना पॉजिटिव मरीज़ लगातार मिल रहे है। मध्य प्रदेश में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीज़ का आंकड़ा 327 पहुंच चुका है। इंदौर में 173 कोरोना पॉजिटिव मरीज़ मिल चुके हैं। वही भोपाल में स्वास्थ्य विभाग के 45 अधिकारी / कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके है जिसकी वजह से आंकड़ा 91 तक पहुंच चुका है।

असम सरकार कंडिशनल लाकडाउन के पक्ष में

असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा लॉकडाउन पर मीडिया के समक्ष कई बार 15 अप्रैल के बाद कंडिशनल लाकडाउन के पक्ष में अपनी बात कह चुके हैं।

मंगलवार को कैबिनेट की एक बैठक के बाद लाकडाउन पर मीडिया से बात करते हुए मंत्री सरमा ने कहा, "21 दिनों की लॉकडाउन के बाद पूर्ण लॉकडाउन की स्थिति को बरक़रार रखना संभव नहीं है। हमारी सार्वजनिक वितरण प्रणाली लॉकडाउन का समर्थन नहीं करती है।  इसलिए हम कुछ छूट के साथ कंडिशनल लॉकडाउन के पक्ष में हैं। देश के कई राज्य की कुल मिलाकर इसके बारे में एक जैसी राय है।''

इसी महीने मनाए जाने वाले रोंगाली बिहु और गुड फ्राइडे जैसे त्योहार के दौरान लोगों को इकट्ठा होने से बचने की सलाह देते हुए मंत्री ने कहा, "केंद्र सरकार लॉकडाउन की स्थिति के बारे में फ़ैसला करेगी और तदनुसार राज्य सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक 13 अप्रैल को होगी। यदि केंद्र लॉकडाउन को खोलने और जारी रखने का फ़ैसला राज्यों पर छोड़ती है तो फिर हम फ़ैसला लेंगे। और यदि केंद्र सरकार लॉकडाउन को आगे भी जारी रखने का निर्णय लेती है तो हम उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।

छत्तीसगढ़ ने दिया लॉकडाउन बढ़ाने का सुझाव

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का कहना है कि 14 अप्रैल के बाद भी, राज्य में लॉकडाउन कम से कम दो सप्ताह तक और बढ़ाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, "वैश्विक स्तर पर और देश के स्तर पर विशेषज्ञों का जो आकलन है, उसके अनुसार हमारे यहां बहुत बड़ी आबादी ऐसी है, जिसमें कोरोना के लक्षण अभी नज़र नहीं आ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में हमारे देश में ऐसे मामले और बढ़ेंगे।''

सिंहदेव ने कहा, "छत्तीसगढ़ जिन सात राज्यों से घिरा हुआ है, वहां कोरोना का प्रकोप बढ़ा है। लॉकडाउन के कारण छत्तीसगढ़ में कोरोना के संक्रमण को रोकने में हम कामयाब हुए हैं। दस में से नौ मरीज़ों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। ऐसे में अभी के जो हालात हैं, उसे बरक़रार रखने के लिए छत्तीसगढ़ में 14 अप्रैल के बाद भी कम से कम दो सप्ताह तक लॉकडाउन और जारी रहना चाहिए।''

इससे पहले सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर अंतर्राज्यीय आवागमन प्रारंभ करने के पूर्व पूरे देश में कोविड-19 के प्रसार की स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए ठोस उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

केरल ने कहा लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए

वहीं केरल ने अधिकारिक तौर पर केंद्र सरकार से कहा है कि लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से ही हटाया जाए। केरल ने केंद्र सरकार से कहा है कि लॉकडाउन को तीस जून तक तीन चरणों में हटाया जाए।

ये सलाह एक विशेषज्ञ समिति ने दी है जिसकी अध्यक्षता पूर्व मुख्य सचिव और सेबी के सदस्य केके अब्राहम कर रहे हैं।

वहीं कर्नाटक उन 12 ज़िलों से लॉकडाउन हटाने पर विचार कर रहा है जहां अब तक कोरोना संक्रमण का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। वहीं मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने संकेत दिए हैं कि अन्य ज़िलों में लॉकडाउन चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री से लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कहा, अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचेगी लेकिन अगर लोगों की मौत हुई तो हम इस नुक़सान की भरपाई नहीं कर पाएंगे। अर्थव्यवस्था को फिर ज़िंदा किया जा सकता है, इसलिए मुझे लगता है कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए।

इसी बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने अभी अपना पक्ष स्पष्ट नहीं किया है लेकिन उनकी सरकार ये कहती रही है कि केंद्र और राज्य सरकार सही वक़्त पर फ़ैसला लेगी इसी बीच कोरोना हॉटस्पाट इलाक़ों में सख़्त क़दम उठाए जा रहे हैं। 

मुसलमान घर पर रह कर ही मनाएं शब-ए-बारात

भारत में मरने वालों की संख्या 124 हुई, 4789 लोग संक्रमित

भारत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार शाम तक भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है। कोरोना से संक्रमित लोगों की तादाद भी लगातार बढ़ती जा रही है। अब ये बढ़कर 4789 हो गई है।

मुसलमान घर पर रह कर ही मनाएं शब-ए-बारात

देश भर के मुसलमान धार्मिक और सामाजिक नेताओं ने मुसलमानों से अपील की है कि वो शब-ए-बारात का पर्व घर पर ही रहकर मनाएं।

शब-ए-बारात के अवसर पर मुसलमान क़ब्रिस्तान जाते हैं और दुनिया से गुज़र चुके अपने परिवार के लोगों के लिए दुआ करते हैं। उसके अलावा मुसलमान रात में मस्जिद जाकर ख़ास नमाज़ पढ़ते हैं और क़ुरान शरीफ़ की तिलावत करते हैं। इस बार बुधवार को शब-ए-बारात है।

जमीयत-उल-उलेमा हिंद के महमूद मदनी, बरेली के मौलाना तौक़ीर रज़ा ख़ान, जमात-ए-इस्लामी के अमीर सैय्यद सादातुल्लाह हुसैनी, फ़तहपुरी मस्जिद के इमाम मौलाना मुफ़्ती मोकर्रम, जमीयत अहल-ए-हदीस के प्रमुख मौलाना असग़र अली इमाम सलफ़ी, मौलाना ख़ालिद सैफ़ुल्लाह रहमानी, दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन ज़फ़रुल इस्लाम ख़ान समेत कई धर्म गुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ख़ासकर मुसलमान नौजवानों से अपील की है कि वो किसी भी हालत में घर से नहीं निकलें और जो भी इबादत करनी हो, वो घर पर रहकर ही करें।

उन्होंने मुसलमानों से ख़ास अपील की वो इस मौक़े पर अल्लाह से दुआ करें कि कोरोना वायरस से फैली महामारी से भारत के सभी लोगों की हिफ़ाज़त करें।

पाँच अप्रैल को कंप्यूटर, पंखा और एसी बंद करने की ज़रूरत नहीं: ऊर्जा मंत्रालय

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के संक्रमण के ख़िलाफ़ और इसकी लड़ाई में सीधे तौर पर शामिल लोगों के साथ एकजुटता और आभार प्रकट करने के लिए पाँच अप्रैल की रात नौ बजे लाइट ऑफ करने की अपील की है।

पीएम मोदी की इस अपील के बाद वोल्टेज में उतार-चढ़ाव को लेकर चिंता ज़ाहिर की जा रही थी।

इस पर अब ऊर्जा मंत्रालय ने सफ़ाई देते हुए कहा है, ''प्रधानमंत्री की अपील पाँच अप्रैल को रात में नौ बजे से नौ मिनट तक केवल लाइट ऑफ करने के लिए है। स्ट्रीट लाइट या कंप्यूटर्स, टीवी, पंखा, फ़्रीज और एसी ऑफ करने के लिए नहीं कहा गया है। केवल लाइट ऑफ करने की अपील की गई है। हॉस्पिटल, पुलिस स्टेशन, म्यूनिसिपल सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग सर्विस में यह अपील लागू नहीं है। पीएम की अपील केवल घरों के लिए है। सभी स्थानीय निकायों से कहा गया है कि स्ट्रीट लाइट ऑन रखें।''

पार्टी के नेता कोरोना संक्रमण को धार्मिक रंग न दें: बीजेपी अध्यक्ष

अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि वे कोरोना संक्रमण को धार्मिक रंग न दें।

दिल्ली में तब्लीग़ी जमात के मरकज़ में हुए कार्यक्रम से कोरोना फैलने की ख़बरों के बाद जे पी नड्डा का ये बयान आया है। रिपोर्टों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों में से एक चौथाई तब्लीग़ी जमात से जुड़े हैं।

गुरुवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई भी नेता उकसाने वाला या विभाजन करने वाला बयान न दे।

बैठक में शामिल एक पदाधिकारी ने अख़बार को बताया कि नड्डा ने बैठक में कहा, ''वायरस और इस बीमारी ने दुनियाभर में सभी धर्मों के लोगों को बराबर प्रभावित किया है, कोई भी ऐसा बयान न दे या टिप्पणी न करे जो उकसाने वाला हो। हमें वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में एकजुट रहना है।''

बत्तियां बुझाने से फेल हो सकता है ग्रिडः नितिन राउत

महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाव पर सवाल उठाए है।

महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि यदि देश में सभी लाइटों को एक साथ बंद कर दिया गया तो इससे ग्रिड फेल हो सकता है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक नितिन राउत ने कहा ऐसी स्थिति में सभी आपात सेवाएं भी बंद हो जाएंगी और इसे ठीक करने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब वो 5 अप्रैल को मोमबत्ती या दीया जलाएं तो बत्तियां न बुझाएं।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर देश के सभी लोगों से पांच अप्रैल की रात नौ बजे नौ मिनट तक दीया या मोमबत्ती जलाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस दौरान लोग बिजली की बत्तियां बुझा दें।

प्रधानमंत्री मोदी के इस सुझाव पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।

भारत में अब तक 2902 मामले, 68 की मौत

भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों की तादाद बढ़कर 2902 हो गई है।

मंत्रालय के मुताबिक अब तक भारत में कोविड-19 की वजह से 68 लोगों की मौत भी हुई है।

बीते तीन दिनों में भारत में कोरोना संक्रमण के मामले दोगुने हो गए हैं।  इनमें से करीब 25 फ़ीसदी मामले दिल्ली में तब्लीग़ी जमात के धार्मिक आयोजन से जुड़े हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते चौबीस घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 478 नए मामले सामने आए हैं। ये एक दिन में सबसे बड़ी वृद्धि है। अब तक 183 मरीज़ ठीक हो चुके हैं।

भारत में अब तक 62 लोगों की मौत

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 2322 हो गए हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 62 हो गई है। इस संक्रमण से लड़ते हुए अब तक 162 लोग ठीक भी हुए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 93 नए मामले सामने आए हैं।  दिल्ली में अब कोरोना वायरस के 386 संक्रमित मरीज़ हैं। राज्य सरकार के मुताबिक इसमें 259 मामले तबलीग़ी जमात से संबंधित हैं। शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित दो मरीज़ों की मौत हो गई।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 67 नए मामले का पता चला।  राज्य में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 490 तक पहुंची। शुक्रवार को राज्य में छह संक्रमित लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 26 हुई। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 50 लोग रिकवरी करने में कामयाब रहे हैं।

राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 46 पॉजिटिव मामले सामने आने से राज्य में अब 179 लोग संक्रमण की चपेट में पहुंचे।

उत्तर प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 172, इनमें 47 मरीज़ तबलीग़ी जमात आयोजन में शामिल हुए थे। उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक दिल्ली में तबलीग़ी जमात के आयोजन में शामिल 1203 लोगों की पहचान की गई है। इनमें से 897 लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें 47 को कोरोना पॉज़िटिव पाया गया है।

तेलंगाना में शुक्रवार को 75 नए संक्रमित मामले सामने आए जबकि दो संक्रमित लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल 186 लोग संक्रमित हैं, जबकि 15 रिकवरी करने में कामयाब रहे हैं।

गुजरात में कोरोना वायरस की चपेट में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में संक्रमण के कुल 95 मामले है। 10 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।  अहमदाबाद में सबसे ज़्यादा 38 और सूरत में अब तक 12 मामले सामने आए।

उड़ीसा से स्थानीय पत्रकार सुब्रत कुमार पति के मुताबिक राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए हैं, अब उड़ीसा में कुल 20 संक्रमित मरीज़ हैं।

पंजाब में शुक्रवार को दो नए मामले सामने आए, राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब पंजाब में कोरोना वायरस के कुल 53 संक्रमित मरीज़ है।

उत्तराखंड में छह नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक 16 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं।

असम से स्थानीय पत्रकार दिलीप कुमार शर्मा के मुताबिक शुक्रवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन मामले सामने आए, राज्य में अब कुल 23 मरीज़ है।

आनंद विहार में मज़दूरों के इकट्ठा होने से संक्रमण रोकने की कोशिशों को झटका लगा: राष्ट्रपति कोविंद

भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि हमें ये सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि कोरोना वायरस संक्रमण के ख़िलाफ़ लड़ाई के लिए जारी लॉकडाउन के दौरान कोई भूखा न रहे।

राष्ट्रपति कोविंद ने डॉक्टरों, स्वास्थकर्मियों और पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों पर भी चिंता जताई है।

उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के पालन की सख़्त ज़रूरत भी बताई।

राष्ट्रपति ने कहा कि आनंद विहार में मज़दूरों के इकट्ठा होने और निज़ामु्द्दीन में मरकज़ के सम्मेलन से संक्रमण रोकने की कोशिशों को झटका लगा।

कोरोना वायरस से संक्रमण के 647 मामले तबलीग़ी जमात से जुड़े: आईसीएमआर

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अनुसार पिछले 24 घंटों में भारत में आठ हज़ार सैंपल चेक किए गए।

आईसीएमआर ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस की जाँच के लिए 182 लैब काम कर रहे हैं और इनमें से 130 लैब सरकार के हैं।

कोरोना वायरस के संक्रमण का तबलीग़ी जमात से 19 राज्यों से जुड़े मामले हैं। पिछले दो दिनों में कोरोना वायरस के 647 नए मामले मिले हैं और ये तबलीग़ी जमात से जुड़े हैं।

आईसीएमआर ने यह भी कहा कि पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से कुल 12 लोगों की मौत हुई है।

भारत में 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से 12 लोगों की मौत

भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चौबीस घंटों मे कोरोना वायरस संक्रमण से 12 लोगों की मौत हुई है। देश भर में अब तक कोरोना वायरस से 50 लोगों की मौत हुई है।

तबलीग़ी जमात से संबंधित 400 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।  चौबीस घंटे में कोरोना के 328 नए मामले सामने आए हैं। तबलीग़ी जमात में शामिल होने वाले 2804 लोग क्वारंटीन में। जिन जगहों से मामले सामने आ रहे हैं वे हमारे लिए हॉटस्पॉट हैं। अब तक 151 लोग कोरोनावायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि धार्मिक नेता अनुयायियों को सोशल डिसटेंसिंग का पालन करने के लिए कहें। मोदी ने राज्यों से कहा है कि सामूहिकता ही हमारी शक्ति है। कोरोनावायरस के साथ युद्ध अभी शुरू ही हुआ है।

भारतीय खाद्य निगम ज़रूरतमंदों को पांच किलो प्रति महीने राशन उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। कोविड-19 मरीजों की डायलिसिस के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।

भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रेस कॉन्फ़्रेंस की प्रमुख बातें -

- टेस्टिंग प्रोटोकॉल में अभी कोई बदलाव नहीं, लेकिन बदलाव पर चर्चा जारी।
- स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए डेढ़ करोड़ से ज़्यादा पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्युपमेंट्स) का ऑर्डर।
- एक करोड़ एन-95 मास्क के ऑर्डर दिए गए हैं। पीपीई की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की।
- मुख्यमंत्रियों को ज़िला स्तर पर कड़ाई से काम करने के निर्देश।
- आने वाले दिनों में टेस्टिंग, आइसोलेशन, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और निगरानी पर ज़ोर।
- राहत शिविरों के लिए गाइडलाइन जारी। शिविरों में काउंसलिंग और ज़रूरी सामानों की सप्लाई अनिवार्य।
- भारत और अन्य देशों में संक्रमण फैलने के तरीके में कोई ख़ास अंतर नहीं।