विदेश

अफ़ग़ानिस्तान दूतावास के बंद करने के ऐलान पर भारत ने क्या कहा?

भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में अफ़ग़ानिस्तान का दूतावास बंद होने की ख़बरों पर गुरुवार, 5 अक्टूबर 2023 की शाम प्रतिक्रिया दी है। ये प्रतिक्रिया चार दिनों बाद आई है।

साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत अफ़ग़ानिस्तान के नागरिकों की मदद करने की कोशिश जारी रखेगा।

अफ़ग़ान दूतावास ने दूतावास बंद होने की घोषणा के साथ इसके लिए भारत की ओर से राजनयिक मदद नहीं मिलने और अफ़ग़ान हितों को पूरा करने में असफल रहने को ज़िम्मेदार ठहराया था।

अरिंदम बागची ने कहा है कि मुंबई और हैदराबाद के अफ़ग़ान कांसुलेट ने अफ़गान दूतावास के ऐलान से असहमति जताई है।

अरिंदम बागची ने स्वीकार किया कि भारत में लंबे समय से अफ़ग़ानिस्तान का कोई राजदूत नहीं है और हाल के दिनों में कई अफ़ग़ान राजनयिकों ने भारत छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भारत में बड़ी संख्या में मौजूद अफ़ग़ान नागरिकों और छात्रों को ज़रूरी काउंसर सपोर्ट मिलना जारी रहेगा।

बागची ने कहा कि 'हमारी समझदारी है कि नई दिल्ली में दूतावास काम कर रहा है और काम करना जारी रहेगा। हम दिल्ली दूतावास में मौजूद अफ़ग़ान राजनयिकों और मुंबई और हैदराबाद के कांसुलेट में मौजूद राजनयिकों के संपर्क में हैं।'

ईरान से जब्त की गई 11 लाख गोलियों को अमेरिका ने यूक्रेन भेजा

अमेरिका ने साल 2022 में ईरान से जब्त की गई करीब 11 लाख गोलियों को यूक्रेन को सौंप दिया है।

मिडिल ईस्ट में अभियानों पर नजर रखने वाले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि दिसंबर 2022 में यमन जा रहे एक जहाज से ये गोलियां जब्त की गई थीं। पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को आगाह किया था कि उनके पास गोले बारूद का भंडार कम हो रहा है।

सेंटकॉम ने कहा कि ईरान से जब्त की गई ये गोलियां यूक्रेन को दी गई।

नौ दिसंबर 2022 को मारवान1 नाम के जहाज से अमेरिका ने ये गोलियां जब्त की थी। उस जहाज पर किसी भी देश का झंडा नहीं लगा हुआ था। अमेरिकी सरकार ने एक प्रक्रिया के तहत इस जहाज का मालिकाना हक जुलाई 2022 में हासिल कर लिया।

इस मामले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड पर आरोप लगे थे। ईरान पर यमन के हूती विद्रोहियों को हथियारों की आपूर्ति का आरोप लंबे समय से लगता रहा है।

इस बीच ईरान पर रूस को भी हथियारों खास तौर पर ड्रोन की आपूर्ति करने की ख़बरें आई हैं।

अमेरिका ने न्यूज़क्लिक के चीनी लिंक होने के आरोपों पर क्या कहा?

भारत में समाचार वेबसाइट न्यूज़क्लिक से जुड़े पत्रकारों के घर छापे, गिरफ़्तारी और ऑनलाइन पोर्टल को चीन से फंडिंग के आरोपों की ख़बरों पर अमेरिका ने कहा है कि वो पारदर्शी लोकतंत्र में मीडिया की मज़बूत भूमिका के समर्थक हैं।

अमेरिका के विदेश मंत्रालय के प्रिंसिपल डिप्टी प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा कि विदेश मंत्रालय न्यूज़क्लिक के चीनी सरकार से संबंध होने के "दावों की सच्चाई" पर टिप्पणी नहीं कर सकता है।

वेदांत पटेल ने दैनिक ब्रीफ़िंग के दौरान कहा कि अमेरिकी सरकार ने भारत सरकार और अन्य के साथ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता समेत पत्रकारों के मानवाधिकार का सम्मान करने के महत्व पर पहले बातचीत की है।

अख़बार 'द हिंदू' ने अपनी एक ख़बर में कहा है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एक प्रवक्ता से बात की है।

प्रवक्ता ने न्यूज़क्लिक पर लगे आरोपों पर कहा, "हमने भारत सरकार से पत्रकारों के अधिकारों के सम्मान की अपील की है, जिसमें ऑनलाइन और ऑफ़लाइन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी शामिल है।''

प्रवक्ता ने "द हिंदू" को बताया है कि अमेरिकी प्रशासन को न्यूज़क्लिक के चीनी लिंक होने के आरोपों की जानकारी है लेकिन प्रवक्ता ने उन दावों की सच्चाई पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति पारदर्शी लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका का मजबूती से समर्थन करते हैं।

भारत-कनाडा तनाव: अमेरिका ने आरोप को गंभीर बताते हुए कहा, जांच की ज़रूरत है

खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में भारत पर लगाए गए कनाडा के आरोपों को अमेरिका ने 'गंभीर' बताते हुए कहा कि इसकी जांच किए जाने की ज़रूरत है।

हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हत्या कर दी गई थी। सोमवार, 18 सितम्बर 2023 को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने देश की संसद में कहा था कि खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों का हाथ हो सकता है।

इसके बाद से भारत और कनाडा के राजनयिक रिश्ते तनाव पूर्ण चल रहे हैं। भारत ने जस्टिन ट्रूडो के आरोपों को ख़ारिज किया है।

अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा काउंसिल में स्ट्रैटिजिक कम्युनिकेशन के कॉर्डिनेटर जॉन किर्बी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, "विदेश मंत्री एस जयशंकर के दौरे के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से उनकी इस मामले में बातचीत हुई थी। हम निश्चित तौर पर इसे उन दो देशों पर छोड़ देंगे कि वो अपने द्विपक्षीय मामलों के बारे में बात करें।''

किर्बी ने कहा, "ये आरोप गंभीर हैं और इसकी पूरी तरह जांच की जानी चाहिए। जैसा कि हमने पहले भी भारत से अपील की है कि वे इस जांच में सक्रिय रूप से भाग लें।''

हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में भारत कनाडा से बातचीत के लिए तैयार: भारतीय विदेश मंत्री

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की मौत के मामले में भारत और कनाडा को मिल-बैठ कर मतभेद सुलझाने होंगे।

शुक्रवार, 29 सितम्बर 2023 को जयशंकर ने वॉशिंगटन में भारतीय पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों पर कनाडा के आरोपों से जुड़ी जानकारियों पर गौर करने के लिए तैयार है।

हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हत्या कर दी गई थी। जयशंकर ने कहा, ''कनाडा की ओर से हरदीप सिंह निज्जर की मौत में भारतीय एजेंसियों का हाथ होने की आशंका जताई गई है। भारतीय एजेंसियों पर कुछ आरोप लगाए गए हैं। लेकिन हमने उन्हें साफ बता दिया है कि ये भारत की नीति नहीं है। अगर कनाडा की ओर से कोई खास या संबंधित जानकारी साझा की जाती है तो हम हमेशा इस पर गौर करने के लिए तैयार हैं।''

उन्होंने कहा कि बड़ा मुद्दा ये है कि कनाडा में भारत विरोधी गतिविधियों को जो छूट मिली हुई है उस पर ध्यान देने और इससे पैदा समस्या सुलझाने की ज़रूरत है।

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार, 18 सितम्बर 2023 को अपने देश की संसद में कहा था कि खालिस्तान समर्थन नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों का हाथ हो सकता है। इसके बाद भारत और कनाडा के राजनयिक रिश्ते खराब हो गए हैं।

पुतिन ने वागनर ग्रुप के पूर्व कमांडर को वॉलेंटियर फॉइटर्स की ज़िम्मेदारी दी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वागनर आर्मी के वरिष्ठ पूर्व कमांडर से मुलाकात की है।

क्रेमलिन ने कहा है कि आंद्रेई तोरशेव अब रूस के रक्षा मंत्रालय के लिए काम करते हैं।

आंद्रेई तोरशेव वागनर के दिवंगत प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन के पूर्व सहयोगी रहे हैं।

प्रिगोज़िन की अगस्त 2023 में एक विमान दुर्घटना में मौत हुई थी।

प्रिगोज़िन ने जून 2023 में रूस में विद्रोह की असफल कोशिश की थी।

दो महीने बाद ही अगस्त 2023 में वो हवाई दुर्घटना में मारे गए।

क्रेमलिन ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने तोरशेव को यूक्रेन में वॉलेंटियर फॉइटर्स की यूनिट के काम की देखरेख करने के लिए कहा है।

तोरशेव से राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध के संदर्भ में कहा कि वह 'वॉलेंटियर यूनिटों, जो युद्ध से जुड़े कई कामों को अंजाम देती हैं उनकी देखरेख करेंगे।'

पुतिन ने कहा, "आप उन मुद्दों के बारे में जानते हैं जिन्हें पहले से हल करने की आवश्यकता है ताकि युद्ध का काम सफल तरीके से चले।''

पाकिस्तान: बलूचिस्तान की मस्जिद के पास हुए भीषण विस्फोट में 52 लोगों की मौत

पाकिस्तान में हुए एक भीषण विस्फोट में 52 लोगों के मारे जाने की ख़बर है।

यह धमाका शुक्रवार, 29 सितम्बर 2023 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक मस्जिद के पास हुआ है जहां लोग पैगम्बर मुहम्मद की जयंती मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे।

पुलिस को संदेह है कि मस्तुंग शहर में धार्मिक जमावड़े को निशाने बनाने के लिए ये एक आत्मघाती हमला किया गया था।

मस्तुंग के जिला स्वास्थ्य अधिकारी रशीद मुहम्मद सईद ने पुष्टि की है कि मस्तुंग ज़िले में अल फलाह रोड पर स्थित मदीना मस्जिद के पास विस्फोट में कम से कम 52 लोग मारे गए हैं और दर्जनों घायल हुए हैं।

मृतकों में डीएसपी नवाज़ गशगुरी भी शामिल हैं। मस्तुंग के सहायक आयुक्त अत्ता अल-मुनैम के मुताबिक, विस्फोट शहर की मदीना मस्जिद के पास हुआ, जहां लोग ईद उल मिलाद उल नबी के जश्न के लिए इकट्ठा हो रहे थे।

पुलिस का कहना है कि घायलों को दो अस्पतालों में भर्ती किया गया है. मस्तुंग शह के दो पुलिस अधिकारियों ने बीबीसी न्यूज़ को मरने वालों की संख्या पुष्टि की है।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के गृह मंत्री सरफ़राज़ बुगती ने इस धमाके को "घिनौनी करतूत" बताया है।

सोशल मीडिया पर मौजूद कई वीडियो में दिख रहा है है कि घायलों को राहत बचाव कर्मी और स्थानीय लोग बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

इस हमले की अभी तक किसी ग्रुप ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है।

मदीना मस्जिद से एकत्र होकर लोगों को जुलूस में शामिल होना था। अत्ता अल-मुनैम ने शुरू में ये बताया था कि इस विस्फोट में कम से कम छह लोग मारे गए हैं।

बलूचिस्तान के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मीर अली मर्दन खान डोमकी ने मस्तुंग में जुलूस में हुए विस्फोट की निंदा की है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

उनकी ओर से जारी बयान में कहा गया है कि "विघटनकारी तत्व किसी रियायत के पात्र नहीं हैं और शांतिपूर्ण जुलूस को निशाना बनाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।''

उधर, कार्यवाहक सूचना मंत्री जॉन अचकजई ने पूरे प्रांत में तीन दिन के शोक की घोषणा की है।

बलूचिस्तान सरकार के कार्यवाहक सूचना मंत्री जॉन अचकजई ने कहा है कि मस्तुंग विस्फोट के बाद क्वेटा के अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बलूचिस्तान सरकार के निर्देश पर बचाव दल को मस्तुंग भेजा गया है और गंभीर रूप से घायलों को क्वेटा भेजा जा रहा है।

सूचना मंत्री जॉन अचकजई के अनुसार, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अली मर्दन खान डोमकी ने विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।

हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में विदेशी सरकार के शामिल होने के "स्पष्ट" संकेत है: जगमीत सिंह

कनाडा की न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और जस्टिन ट्रूडो की सरकार के सहयोगी जगमीत सिंह ने कहा है कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में विदेशी सरकार (भारत) के शामिल होने के "स्पष्ट" संकेत है।

जगमीत सिंह ने ओटावा में पत्रकारों से कहा, ''जैसा कि प्रधानमंत्री ट्रूडो ने सार्वजनिक रूप से साझा किया है, कनाडा की इटेलिजेंस इस ओर साफ़ इशारा करती है कि कनाडाई धरती पर एक कनाडाई नागरिक की हत्या कर दी गई और एक विदेशी सरकार इसमें शामिल थी।''

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जगमीत सिंह ने कहा, ''ये असाधारण इंटेलिजेंस है और यही कारण है कि हम कनाडा सरकार से आग्रह करते रहेंगे कि इसकी गहन जांच हो ताकि ज़िम्मेदार लोगों को सामने लाया जा सके।''

जगमीत सिंह की न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी कनाडा के हाउस ऑफ़ कॉमन्स की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है।

जगमीत सिंह ने वैंकुवर सन से बात करते हुए कहा कि उन्हें पूर्व गवर्नर-जनरल डेविड जॉनसन द्वारा तैयार किए गए मटीरियल पर ब्रीफिंग मिली है। डेविड जॉनसन को हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए स्पेशल रेपोर्टर नियुक्त किया गया था।

हालांकि उन्होंने अब इस पद से इस्तीफ़ा दे दिया है।

जगमीत सिंह ने कहा है, ''गोपनीयता बरकरार रखने की शर्त पर मैंने जॉनसन की रिपोर्ट के दस्तावेज़ देखे हैं और दो चीजें मेरे लिए बहुत स्पष्ट थीं। एक कि रिपोर्ट पुष्टि करती है कि हमें इस मामले की सार्वजनिक जांच करनी चाहिए।''

''दूसरा- दस्तावेज़ों को पढ़ने के बाद, यह पता चलता है कि प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से तात्काल कार्रवाई नहीं की गई। प्रधानमंत्री ने इंटेलीजेंस के बावजूद तत्परता नहीं दिखायी।''

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सऊदी क्राउन प्रिंस एमबीएस ने क्या कहा?

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद दिल्ली में हुए जी 20 सम्मेलन के बाद भारत के राजकीय दौरे पर हैं।

इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की।

बैठक के बाद क्राउन प्रिंस ने कहा, ''इस (भारत-सऊदी अरब) रिश्ते के इतिहास के दौरान कोई असहमति नहीं रही है, आज हम भविष्य के अवसरों पर काम कर रहे हैं... मैं भारत को जी 20 शिखर सम्मेलन के प्रबंधन और मध्य पूर्व, भारत और यूरोप को जोड़ने वाले आर्थिक गलियारे सहित हासिल की गई कई पहल के लिए बधाई देता हूं, ज़रूरी है कि हम इसे बनाने के लिए लगन से काम करें।''

क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार, 10 सितम्बर 2023 को ख़त्म हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार, 11 सितम्बर 2023 को उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की।

इससे पहले फरवरी 2019 में क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भारत का दौरा किया था ये उनका दूसरा राजकीय दौरा है।

भारत में जी20 के दौरान भारत-मध्य-पूर्व-यूरोप के बीच आर्थिक और रेल कॉरिडोर बनाने का समझौता हुआ है। इस समझौते को चीन के बेल्ट एंड रोड एनिशिएटिव के मुक़ाबले में किया जा रहा प्रयास माना जा रहा है।

सऊदी क्राउन प्रिंस एमबीएस से मुलाक़ात के बाद पीएम मोदी ने क्या कहा?

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद के बीच दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई।

इस बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि ये बैठक दोनों देशों के रिश्तों को नए आयाम पर ले जाएंगी।

उन्होंने कहा, ''हम अपने संबंधों में नए और आधुनिक आयाम जोड़ रहे हैं। भारत के लिए सऊदी अरब अहम स्ट्रैटिजिक साझेदारों में से एक है। विश्व की दो तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में हमारी साझेदारी पूरे क्षेत्र की शांति के लिए महत्वपूर्ण है। क्राउन प्रिंस के साथ बैठक के दैरान हमने अपनी साझेदारी को अगले पड़ाव पर ले जाने के लिए कई इनिशिएटिव की पहचान की है। इस बैठक से हमारे संबंधों को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।''

पीएम मोदी ने कहा, ''भारत ने पश्चिम एशिया और यूरोप के बीच कॉरिडोर स्थापित करने के लिए ऐतिहासिक शुरुआत की है। इससे बस दो देश ही आपस में नहीं जुड़ेंगे बल्कि यूरोप और एशिया के बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा के विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी को बल देगा। क्राउन प्रिंस आपके विजन 2030 के तहत सऊदी अरब जिस तरह तेज़ी से प्रगति कर रहा है उसके लिए आपका हृदय से अभिनंदन करता हूं।''

क्राउन प्रिंस तीन दिन के नई दिल्ली दौरे पर हैं और रविवार, 10 सितम्बर 2023 को ख़त्म हुए जी20 शिखर सम्मेलन के बाद सोमवार, 11 सितम्बर 2023 को पीएम मोदी से अपने राजकीय दौरे के दौरान मुलाकात की।

इससे पहले सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान औपचारिक स्वागत समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। यहां भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया था।