मनोरंजन

फिल्‍म डायरेक्‍टर ने कहा, आज मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं भारतीय हूँ, मैं हिंदू होने को लेकर भी शर्मिंदा हूँ

भारत के हरियाणा में नमाज के बीच कुछ लोगों द्वारा 'जय श्रीराम' का नारा लगाने के मामले पर सख्त प्रतिक्रियाओं के आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व पत्रकार और फिल्म निर्देशक विनोद कापड़ी ने इस घटना पर तीखी टिप्पणी की है।

उन्होंने ट्वीट किया, ''नफरत फैलाने वालों के देश में स्वागत है .... आज मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं भारतीय हूँ। मैं हिंदू होने को लेकर भी शर्मिंदा हूँ।''

इससे पहले आलमगीर रिजवी ने इस वाकये पर तीखी प्रतिक्रिया जताई थी। उन्होंने ट्वीट किया था, ''हेलो नरेंद्र मोदी जी! क्या यह आतंकवाद नहीं है? यदि आपकी आंखें और कान हैं तो इसे देखिए। इससे यह स्पष्ट होता है कि भारत में संघी आतंकवाद मौजूद है। मुस्लिम भाइयों का धन्यवाद जिन्होंने शांति बनाए रखी। यह लोकतंत्र नहीं है।''

रिजवी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार (20 अप्रैल) की है।

आम आदमी पार्टी की नेता और चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने इस घटना का वीडियो ट्वीट किया था। आम आदमी पार्टी नेता ने लिखा था, ''मैं सलाम करती हूँ अपने सभी इन मुस्लिम भाइयों को जो चंद अराजक तत्वों के उकसाने पर भी शांत रहे। उनके मकसद को नाकाम कर दिया है। वे आपको भड़काने और दंगा कराने के लिए 'जय श्रीराम' का नारा लगाते हुए आए थे। शर्म आती है इन गुंडों-मवालियों पर जो हिंदू धर्म की आड़ में यह सब कर रहे हैं।''

अलका लांबा द्वारा पोस्ट वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोग जमीन पर चटाई बिछाकर नमाज पढ़ने की तैयारी में दिख रहे हैं। उसी वक्त वहां कुछ युवक 'जय श्रीराम' 'राधे-राधे' का नारा लगाते हुए पहुंच गए थे।

वीडियो में युवकों को वहां मौजूद लोगों से 'जय श्रीराम' बोलने के लिए भी कहते हुए सुना जा सकता है। इसके बाद नमाज पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए लोग एक-एक कर वहां से चले गए थे।

विनोद कापड़ी के ट्वीट पर कई लोगों ने तीखी टिप्पणी की। सफदर बेग ने ट्वीट किया, ''दो-चार लुच्चे-लफंगों के लिए अपने मजहब से शर्मिंदा नहीं होना चाहिए। हां, उन लफंगों को शर्म आनी चाहिए कि वे हिंदू धर्म की बदनामी का कारण बन रहे हैं। हमलोग पहले भारतीय हैं, उसके बाद हिंदू और मुसलमान। हमलोग महान धर्म को बदनाम करने की इजाजत नहीं दे सकते हैं।''

मक्का मस्जिद ब्लास्ट: कोर्ट के फैसले पर जावेद अख्तर ने कहा, मिशन पूरा हुआ

18 मई 2007 को हैदराबाद की ऐतिहासिक मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में सभी आरोपियों के दोषमुक्त होने पर मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने तंज कसा है।

इस मामले में उन्होंने ट्वीट करते हुए कथित तौर पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पर भी निशाना साधा है।

बुधवार (18 अप्रैल, 2018) को किए ट्वीट में जावेद अख्तर ने लिखा है कि मिशन पूरा हुआ। मक्का मस्जिद मामले में भव्य सफलता के लिए एन आई ए को मेरी तरफ से बधाई। अब एजेंसी के पास अंतरधार्मिक शादियों की जांच के लिए पूरा समय होगा।

बता दें कि बम धमाके में आरोपी बनाए गए स्वामी असीमानंद सहित सभी आरोपियों को एन आई ए की विशेष अदालत ने बरी कर दिया है। कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ एजेंसी कोई खास ठोस सबूत नहीं पेश कर पाई।

करीब 11 साल पहले हुए इस धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 58 लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। शुरुआती दौर की जांच के बाद मामले को सी बी आई को सौंप दिया गया। बाद में मामला साल 2011 में एन आई ए के पास भेजा गया। अब स्पेशल कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।

सलमान खान का फैंस ने दिल खोल कर किया स्वागत

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को जोधपुर जेल से जमानत मिल गई है। इसके चलते सलमान खान शनिवार रात को जोधपुर से अपने घर मुंबई पहुंचे। सलमान खान जोधपुर से मुंबई की फ्लाइट लेकर अपने घर गलैक्सी अपार्टमेंट पहुंचे। इस दौरान सलमान के फैंस ने उनका दिल खोल कर स्वैग से स्वागत किया। सलमान के फैंस ने हजारों की संख्या में आकर सलमान को मुंबई में वेलकम किया। वहीं देर रात तक सलमान के घर सितारों का मेला भी लगा रहा।

सलमान 3 दिन के बाद जोधपुर से मुंबई वापस आए थे। इस दौरान उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल में रातें काटनी पड़ीं। इसके चलते सलमान से उनके फैंस के अलावा बॉलीवुड के सितारे भी सलमान के अपार्टमेंट उनसे मिलने आ पहुंचें। इस दौरान कैटरीना कैफ, डेजी शैह, हुमा कुरैशी, साकिब सलीम और रमेश तौरानी भी सलमान से मिलने उनके घर पहुंचे।

बता दें, जेल जाने से लेकर वापस आने तक सलमान की बहनें अलवीरा और अर्पिता दोनों उनके साथ ही थीं।

इधर, सलमान के फैंस ने उनके घर के बाहर जमघट लगा दिया। सलमान का ग्रैंड स्वागत करने पहुंचे सलमान के फैंस तब तक उनके घर के आगे से नहीं हटे, जब तक सलमान खान अपने घर की बालकोनी में नहीं आए। सलमान अपने घर पहुंचने के बाद कुछ मिनट आराम करने के बाद फैंस से मिलने अपनी घर की बालकोनी में आए। इस दौरान सलमान के फैंस ने सलमान जिंदाबाद, टाइगर जिंदा है, सलमान-सलमान के नारे लगाने शुरू कर दिए।

कुछ मिनटों तक बालकोनी में फैंस को जी भर के देखने के बाद सलमान ने इशारों-इशारों में अपने फैंस से बातें भी कीं। सलमान ने अपने फैंस से आंखों हीं आंखों में कहा कि आप भी जाइए और मैं भी जाता हूं। इसके बाद सलमान ने हाथों से सोने का इशारा किया। यह देख सलमान के फैंस काफी खुश हो गए और चेहरे पर स्माइल लेकर अपने-अपने घर लौट गए।

सलमान की जमानत पर कल आएगा फैसला

काले हिरण शिकार मामले में जोधपुर की सेशन कोर्ट ने सलमान खान की जमानत पर फैसला कल तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। जिसके बाद सलमान की जमानत पर फैसला कल ही हो पाएगा और सलमान को आज का दिन और रात भी जेल में ही गुजारने होंगे।

बताया जा रहा है कि सलमान के वकील महेश बोड़ा ने जमानत के पक्ष में कई दलीलें दी। सेशन कोर्ट में बहस के दौरान वकील महेश बोड़ा ने तर्क देते हुए कहा कि काले हिरण के शिकार मामले में सलमान खान को सजा देने में 20 साल लग गए और ये भी किसी सजा से कम नहीं हैं। उन्होंने यह भी कोर्ट में कहा कि 1998 में जब काले हिरण के शिकार की घटना हुई थी, उस वक्त सलमान के कमरे से कोई भी हथियार नहीं मिला था, साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि जिप्सी सलमान खान ही चला रहे थे या नहीं। वकील महेश बोड़ा ने हिरण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी गंभीर सवाल खड़े किए।

बचाव पक्ष की दलीलों के बाद अभियोजन पक्ष के वकील ने सेशन कोर्ट से अपील करते हुए मांग की कि इस मामले के रिकॉर्ड मंगाए जाएं, उसके बाद ही वह इस पर कुछ कह सकेंगे। अभियोजन पक्ष की अपील पर सेशन कोर्ट के जज ने रिकॉर्ड तलब किए हैं और जमानत पर कल तक के लिए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। ऐसे में सलमान खान को आज का दिन और रात भी जोधपुर की सेंट्रल जेल में ही गुजारना होगा। बताया जा रहा है कि कल सुबह 10.30-11 बजे के बीच सलमान खान की जमानत पर सेशन कोर्ट फैसला दे सकता है।

बता दें कि सलमान खान फिलहाल जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद हैं और उन्हें जेल की बैरक नंबर एक में रखा गया है।

सलमान खान के वकील महेश बोड़ा ने आज मीडिया के सामने एक चौंकाने वाला दावा किया है कि कुछ लोग उन्हें सलमान की जमानत को लेकर होने वाली सुनवाई में पेश नहीं होने को लेकर धमकी दे रहे हैं। लेकिन वह इन बातों से डरने वाले नहीं हैं। वह इस केस के साथ जुड़े रहेंगे।

सलमान खान की रात जेल में बड़ी ही मुश्किल से बीती और वह काफी बैचेन दिखाई दिए। खबर है कि सलमान रात करीब 12.30 बजे तक टहलते रहे थे। वहीं सलमान सुबह 6.30 बजे ही उठ गए थे। जेल के अधिकारियों ने यह बताया कि कल रात सलमान खान ने कुछ भी नहीं खाया और सुबह भी उन्होंने सिर्फ चाय और बिस्कुट ही खाए हैं। जेल में रहने के दौरान सलमान खान को ब्लड प्रेशर संबंधी परेशानी भी आ रही है।

सुपरस्टार सलमान खान को तगड़ा झटका: कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई, जाएंगे जेल

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को आज (पांच अप्रैल) बड़ा झटका लगा है। काले हिरण (ब्लैक बक) के शिकार मामले में कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया है। कोर्ट ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

अब सलमान को सीधे जोधपुर की सेंट्रल जेल ले जाया जाएगा। कोर्ट ने यह फैसला सुनाने के लिए लंच ब्रेक भी नहीं लिया, जो कि डेढ़ बजे होता है। कोर्ट ने इस मामले में अन्य आरोपियों (सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम) को बरी कर दिया।

20 साल बाद इस मामले में सलमान को सजा का ऐलान हुआ है। राजस्थान के जोधपुर कोर्ट में सी जे एम देव कुमार खत्री ने इस मामले में उन्हें दोषी करार दिया। सलमान इससे पहले इस संबंध में अपने होटल से कोर्ट के लिए रवाना हुए थे। वे कोर्ट पहुंच थे, जहां कार्रवाई शुरू हुई थी। सलमान यहां के ताज हरि महल होटल में ठहरे थे। उनके अलावा फैसले के लिए बॉलीवुड एक्टर सैफ, तब्बू, सोनाली और नीलम भी जोधपुर पहुंचे।

बता दें कि कांकाणी काला हिरण शिकार केस साल 1998 का है। सलमान समेत पांच बॉलीवुड सितारों पर इस मामले में दो काले हिरणों का शिकार करने का आरोप है। अन्य कलाकारों में सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम पर भी आरोप था। ये कलाकार उस दौरान 'हम साथ-साथ हैं' फिल्म की शूटिंग के लिए जोधपुर में थे।

सलमान को जेल भेजने की तैयारियां हो चुकी हैं। उन्हें सेंट्रल जेल ले जाने के लिए वैन बुलाई गई है। जेल के बैरक नंबर एक या दो में से किसी एक में उन्हें रखा जाएगा। ये दोनों ही बैरक इसी बाबत खाली करा लिए गए हैं।

सलमान को 5 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी बहनें बुरी तरह रोने लगीं। पुलिस ने उन्हें सलमान से अलग कर दिया है। इस दौरान सलमान की आंखों में भी आँसू छलक उठे थे। अब सलमान को सीधे जेल ले जाया जाएगा, जबकि कोर्ट के बाहर 'सलमान हाय-हाय' के नारे लग रहे हैं।

काला हिरण शिकार केस में बरी हुई आरोपी नीलम के पति समीर सोनी ने इस बारे में एक न्यूज चैनल से बातचीत की। उन्होंने कहा, ''जो बरी हुए उनके लिए खुशी है, मगर सलमान के दोषी ठहराए जाने पर मुझे निराशा हाथ लगी।''

बिश्नोई टाइगर्स वन्य एवं पर्यावरण संस्था के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल भवड़ ने कहा, ''हम फैसले का आंकलन कर रहे हैं। हमारी मांग है कि बरी किए गए आरोपियों के खिलाफ एक याचिका दायर की जाए और सलमान को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।''

आरोप था कि तब एक और दो अक्टूबर की रात सलमान समेत सैफ, तब्बू, सोनाली और नीलम देर रात लूणी थाना क्षेत्र के कांकाणी गांव पहुंचे थे। यहां इन्होंने दो काले हिरणों का शिकार किया था। ये सभी कलाकार उस दौरान जीप में बैठे थे। हिरणों के झुंड पर सलमान ने गोली चलाई थी, जिसके लिए उन्हें अन्य सितारों ने उकसाया था। गोली चलने के बाद आवाज सुनकर ग्रामीण वहां जुटे थे। ऐसे में सलमान दो मृत हिरणों को छोड़कर वहां से गाड़ी सहित फरार हो गए थे।

बता दें कि काला हिरण लुप्तप्राय जाति है और इसके शिकार पर रोक है।

शमी से अफेयर के आरोपों पर पाकिस्‍तानी मॉडल अलिश्‍बा ने चुप्‍पी तोड़ी

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन के बीच अरोप-प्रत्यारोप के बीच सुर्खियों में आई पाकिस्तानी मॉडल अलिश्बा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने शमी से दुबई के एक होटल में मिलने और उनके साथ सुबह का नाश्ता करने की बात कही है।

अलिश्बा ने एक प्रशंसक के तौर पर  शमी से मिलने की बात कही है। साथ ही, किसी भी तरह के वित्तीय लेनदेन की बात से भी इनकार किया है। पाकिस्तानी मॉडल ने शमी को एक ईमानदार इंसान बताया है और इंस्टाग्राम पर उन्हें फॉलो करने की भी बात कही।

अलिश्बा ने बताया कि उन्होंने आई सी सी चैंपियन ट्रॉफी के बाद शमी को पहला मैसेज किया था। उन्होंने शमी की पत्नी हसीन द्वारा लगाए गए आरोपों को घिनौना करार दिया।

बता दें कि हसीन ने शमी पर दुबई में पाकिस्तानी लड़की अलिश्बा से मिलने और पैसे लेने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। हसीन का आरोप है कि शमी ने ब्रिटेन में रहने वाले मोहम्मद भाई के कहने पर अलिश्बा से कथित तौर पर पैसे लिए थे। अलिश्बा से पहले मोहम्मद शमी ने भी हसीन के आरोपों को सिरे से खारिज किया था।

अलिश्बा ने एक निजी टीवी चैनल से बात करते हुए बताया कि उनकी शमी से पहली मुलाकात देर रात एयरपोर्ट पर हुई थी। अगली सुबह (आठ से नौ के बीच) वह भारतीय क्रिकेटर से मिलने उनके होटल में गई थी। उन्होंने शमी के साथ तकरीबन एक घंटे का वक्त बिताया था। अलिश्बा ने बताया कि उनकी बहन शारजाह में रहती हैं, ऐसे में उनका दुबई आना-जाना लगा रहता है। पाकिस्तानी मॉडल के अनुसार, मुलाकात के दौरान पैसों को लेकर किसी भी तरह की बातचीत नहीं हुई थी।

अलिश्बा मोहम्मद शमी पर लगे आरोपों को क्लियर करने के लिए कहीं भी आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ''मैं उन पर लगे आरोपों को क्लियर करने के लिए कहीं भी जा सकती हूं। वह एक ईमानदार इंसान हैं और देश के साथ गद्दारी नहीं कर सकते हैं। उन पर घिनौना आरोप लगाया गया है। मैं मोहम्मद भाई को नहीं जानती हूं, लेकिन शमी के मुंह से ही उनका जिक्र सुनी हूं। मोहम्मद भाई से मेरा कुछ भी लेना-देना नहीं है। मेरे और शमी के बीच पैसों को लेकर कोई बात ही नहीं हुई है।'' अलिश्बा ने हसीन को शकी करार दिया। पाकिस्तानी मॉडल ने कहा कि बात का बतंगड़ बना दिया गया है।

शमी की पत्नी हसीन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शमी पर हत्या का प्रयास, मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने और विवाहेतर संबंध (एक्सट्रा मैरिटल अफेयर्स) जैसे आरोप लगाए गए हैं। हसीन ने शमी के भाई पर बलात्कार का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। उनके खिलाफ कोलकाता में मामला दर्ज कराया गया है।

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का अंतिम संस्कार संपन्न

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का अंतिम संस्कार संपन्न हो गया है। 24 फरवरी की रात दुबई में उनका निधन हो गया था। दुबई में जांच प्रक्रिया और पोस्टमॉर्टम के बाद मंगलवार रात एक्ट्रेस का शव मुंबई लाया गया। इसके बाद बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुंबई के विले पार्ले श्मशान भूमि में श्रीदेवी का अंतिम संंस्कार हुआ। श्मशान घाट पर फिल्म जगत के लोगों के साथ ही श्रीदेवी का पूरा परिवार मौजूद था। पति बोनी कपूर ने दिवंगत एक्ट्रेस की चिता को आग दी। इससे पहले श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर सफेद फूलों से सजे ट्रक में रखकर यहां तक लाया गया। उनको राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुल्हन की तरह सजाया गया था।

श्रीदेवी को सफेद फूल पसंद थे इसलिए उनके ट्रक को सफेद फूलों से ही सजाया गया। ट्रक के सामने श्रीदेवी की तस्वीर लगाई गई थी। मुुंबई सेलिब्रेश स्पोर्ट्स क्लब और श्मशान भूमि के बीच करीब साढ़े पांच किलोमीटर की दूरी है। श्रीदेवी की शवयात्रा को स्पोर्ट्स क्लब से श्मशान भूमि तक पहुंचने में 1 घंटे से भी ज्यादा का समय लगा।

दुबई प्रशासन ने रोका श्रीदेवी का शव, सरकारी वकील को सौंपा केस, बोनी कपूर से हो सकती है पूछताछ

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत अपने होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से हुई। दुबई सरकार ने सोमवार को यह कहा। दुबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बताया गया कि दुबई पुलिस ने मामला 'दुबई लोक अभियोजक' यानी की दुबई के सरकारी वकील के हवाले कर दिया है, जो इस तरह के मामलों में अपनाई जाने वाली नियमित कानूनी प्रक्रिया अपनाएगा।

दुबई सरकार के मीडिया अधिकारी ने ट्विटर पर कहा, ''पोस्टमार्टम विश्लेषण होने के बाद दुबई पुलिस मुख्यालय ने आज बताया कि भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत उनके होटल के कमरे में बाथटब में बेहोश होने के बाद डूबने से हुई।''

दुबई पुलिस अब इस तरह के मामलों में अपनाई जाने वाली नियमित कानूनी प्रक्रिया के तहत श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का बयान भी ले सकती है। बता दें कि श्रीदेवी का शनिवार की रात को दुबई के एक होटल में निधन हो गया था। वह एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने यहां आई थी।

यू  ए आई (U A E) के अखबार खलीज टाइम्स ने भी दुबई फॉरेंसिक डिपार्टमेंट के हवाले से कहा है कि श्रीदेवी की मौत नशे की हालत में दुर्घटनावश बाथ टब में डूबने से हुई।

अखबार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यू ए ई सरकार की फोरेंसिक रिपोर्ट और डेथ सर्टिफिकेट के हवाले से यह जानकारी दी। रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबना बताई गई है। पोस्ट के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट की एक कॉपी भी लगाई गई है, जिस पर यू ए ई स्वास्थ्य मंत्रालय और दुबई के निवारक दवा निदेशक की मुहर लगी है। अखबार ने अपनी खबर में अदाकारा का पूरा नाम 'श्रीदेवी बोनी कपूर अय्यपन', उनके पासपोर्ट का नंबर, हादसे की तारीख और मौत की वजह बताई है।

इस बीच खबर है कि श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने में देरी हो सकती है। समाचार एजेंसी ए एन आई के मुताबिक, दुबई पुलिस को अब मजिस्ट्रेट की इजाजत का इंतजार है। मजिस्ट्रेट से परमिशन मिलने के बाद ही पुलिस श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंप सकती है। दुबई में भारत का काउंसलेट भी बोनी कपूर और उनके परिवार की पूरी मदद कर रहा है।

श्रीदेवी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट: बाथटब में डूबने से श्रीदेवी की मौत हुई, खून में शराब मिली

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। ताजा जानकारी के अनुसार, श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुई है।

यू ए ई (UAE) के अखबार खलीज टाइम्स ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुई है।

समाचार एजेंसी ए एन आई ने भी श्रीदेवी की फॉरेंसिक रिपोर्ट जारी की है। इसमें श्रीदेवी की मौत की वजह दुर्घटनावश डूबने को बताया गया है।

खलीज टाइम्स के मुताबिक, श्रीदेवी के खून में अल्कोहल के भी अंश मिले हैं। इसके साथ ही खलीज टाइम्स ने डॉक्टरों के हवाले से इस बात को भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से नहीं हुई थी।

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी की मौत में साजिश का कोई एंगल नहीं है। दुबई में श्रीदेवी के रिश्तेदार कानूनी प्रक्रिया को पूरी करने में लगे हैं। इनमें दुबई स्थित भारतीय काउंसलेट से श्रीदेवी के पासपोर्ट को कैंसिल करना भी शामिल है। श्रीदेवी के खून में अल्कोहल के अंश का मिलना इस बात को साबित करता है कि उन्होंने शराब पी रखी थी।

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बाथरूम में उन्हें चक्कर आया, इसके बाद वो बाथटब में गिर पड़ीं। फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, बाथटब में डूब कर ही उनकी मौत हुई।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी अपना बैलेंस खो बैंठी और बाथटब में गिर पड़ीं। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीदेवी के शव को शव लेपन गृह ले जाया गया है। भारत भेजे जाने से पहले श्रीदेवी के शव पर केमिकल का लेप लगाया जा रहा है ताकि शव खराब ना हो। दुबई पुलिस ने इस केस को अब सरकारी वकील को ट्रांसफर कर दिया है। दुबई पुलिस अब इस केस से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करेगी।

श्रीदेवी को 'चांदनी', 'खुदा गवाह', 'मिस्टर इंडिया', 'नगीना', 'सदमा', 'चालबाज' जैसी कई बॉलीवुड व अन्य भारतीय फिल्मों में अभिनय के लिए जाना जाता है। साल 2012 में 15 साल बाद 'इंग्लिश विंग्लिश' से बॉलीवुड में वापसी करने वाली पद्मश्री पुरस्कार विजेता अभिनेत्री की अंतिम फिल्म 'मॉम' 2017 में आई थी।

श्रीदेवी के निधन की फोरेंसिक रिपोर्ट

श्रीदेवी का डेथ सर्टिफिकेट

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 54 वर्ष की थी। वह पारिवारिक समारोह में हिस्सा लेने दुबई गई थी। श्रीदेवी के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए उनके देवर संजय कपूर ने बताया, ''हां, यह सच है।''

हालांकि, संजय ने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। वह इस समय दुबई में हैं। श्रीदेवी पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ मोहित मारवाह की शादी में शिरकत करने दुबई गई थी।

संजय कपूर ने श्रीदेवी के निधन के बारे में कहा कि वह खुद भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। संजय दोबारा दुबई जा रहे हैं। उनके निधन की खबर सुनकर लोग मुंबई में उनके घर के पास जमा हो रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी भारत में ही हैं। वह शूटिंग की वजह से परिवार के साथ दुबई नहीं गई थीं।

वहीं श्रीदेवी के निधन की खबर से बॉलीवुड में दुख का माहौल है। उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। बॉलीवुड के कई स्टार्स इस दुखद घटना पर ट्विट कर दुख जता रहे हैं। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट कर लिखा है कि, ''मेरे पास कोई शब्द नहीं है। श्रीदेवी को प्यार करनेवाले हर व्यक्ति के प्रति संवेदना। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।'' दूसरी ओर, प्रीति जिंटा ने लिखा, ''यह सुनकर दुखी और स्तब्ध हूं कि मेरी ऑल टाइम फेवरिट श्रीदेवी नहीं रहीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को ताकत दें।''

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और अभिनेत्री स्‍मृति ईरानी ने ट्वीट किया है, ''श्रीदेवी-एक्टिंग का पावरहाउस थीं। सफलता से भरी एक लंबी यात्रा अचानक समाप्‍त हो गई। उनके प्रियजनों और फैंस के प्रति मेरी संवेदनाएं।''