भारत

बाइक पर मंदसौर पहुंचे राहुल गांधी, पुलिस ने हिरासत में लिया

मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें पीड़ित परिजनों से मिलने नहीं दिया गया।

राहुल गांधी ने मंदसौर पहुंचने के लिए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के रास्ते बाइक से सवारी की थी। इस दौरान उन पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है।

आरोप है कि राहुल गांधी ने बाइक पर बिना हेलमेट पहने तीन लोगों के साथ यात्रा की है।

राजस्थान पुलिस के मुताबिक, राहुल गांधी ने चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में यातायात नियमों को तोड़ा है। वहां के एसपी प्रसन्न कुमार ने कहा है कि पुलिस इस बात की जांच करेगी कि राहुल ने यातायात नियमों की अवहेलना की है या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा करते हुए पाया गया तो उन पर कानूनी कार्रवाई होगी।

राजस्थान में मोटरसाइकिल चालक और सवार दोनों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। इसके अलावा एक बाइक पर तीन लोगों की यात्रा भी नियम के खिलाफ है।

ट्विटर पर एक यूजर ने इसका वीडियो भी पोस्ट किया है। वीडियो में दिख रहा है कि सुरक्षाकर्मी राहुल गांधी को रास्ते में एस्कॉर्ट करते हुए चल रहे हैं। राहुल जिस बाइक पर सवार हैं, उसे कोई दूसरा शख्स चला रहा है। वो खुद बीच में बैठे हैं और उनके पीछे भी सुरक्षाकर्मी बैठे हैं।

मंदसौर प्रदर्शन: केंद्र ने पैरामिलिट्री फोर्स के 1100 जवान भेजे, राहुल गांधी गुरुवार को दौरा करेंगे

मध्‍य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार हिंसा रोकने का भरसक प्रयास कर रही है, मगर हालात पर अब तक काबू नहीं हो सका है।

मंगलवार (6 जून) को मंदसौर जिले में प्रदर्शन के दौरान 5 किसानों की गोली लगने से मौत के बाद तनाव बेहद बढ़ गया है।

शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर के जरिए किसानों ने शांति की अपील की है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हालात के बारे में एक बैठक की। केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के मंदसौर में शांति बहाल करने के लिए दंगा-रोधी पुलिस बल के 1100 जवानों को भेजा है।

केंद्र सरकार ने कल की हिंसा पर और हिंसा-प्रभावित क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाये गये कदमों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि रैपिड एक्शन फाॅर्स (आरएएफ) के करीब 600 जवान पहले ही स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए मंदसौर पहुंच चुके हैं। राज्य सरकार के अनुरोध पर गृह मंत्रालय आरएएफ के 500 और जवानों को मंदसौर भेज रहा है।

कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि वह पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने के लिए गुरुवार को मंदसौर जाएंगे।

बुधवार को हालात और भी गंभीर हो गए जब हिंसा राज्‍य के अन्‍य हिस्‍सों में फैलने लगी। किसानों ने बुधवार को देवास में हाट पिपलिया थाने पर धावा बोल दिया और वहां खड़े जब्ती के वाहनों को आग लगा दी।

किसानों ने भोपाल-इंदौर के बीच चलने वाली दो बसों सहित 10 से अधिक वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किसान जुलूस के रूप में हाट पिपलिया थाने पहुंचे, जहां उन्होंने उपद्रव मचाया और परिसर में रखे जब्ती के वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद आंदोलनकारी किसान नेवली फाटा की ओर बढ़े, जहां उन्होंने वाहनों में तोड़फोड़ की।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों के आंदोलन के नाम पर हिंसा भड़का रही है। नायडू के मुताबिक, ''कांग्रेस इसे राजनीतिक मोड़ देने की कोशिश कर रही है। मैं उनसे बस यही कहना चाहता हूं कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करें और किसान आंदोलन के नाम पर हिंसा नहीं भड़काए क्योंकि इसका असर उल्टे उन्हीं पर हो सकता है।''

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बुधवार को घोषणा की है। अखिलेश ने अपने ट्वीट आर्थिक सहायता की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने ट्वीट में कहा, ''उप्र में कर्जमाफी के नाम पर धोखा, महाराष्ट्र में किसान धरने पर, मध्य प्रदेश (मंदसौर) में गोली मारकर पांच किसानों की हत्या।'' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मंदसौर में मृतक किसानों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये समाजवादी पार्टी देगी।

चुनाव आयोग का ऐलान- 17 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होगा

भारत में चुनाव आयोग ने बुधवार को राष्ट्रपति पद के लिये निर्वाचन कार्यक्रम घोषित करते हुये कहा कि आगामी 20 जुलाई तक इस पद के लिये निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल इस वर्ष 24 जुलाई को खत्म होने से पहले 20 जुलाई तक इस पद के लिये समस्त निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।

चुनाव आयुक्त ए के ज्योति और ओपी रावत की मौजूदगी में जैदी ने बताया कि राष्ट्रपति पद के निर्वाचन की अधिसूचना आगामी 14 जून को जारी की जायेगी।

उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 324 और राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति निर्वाचन अधिनियम 1952 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत चुनाव आयोग द्वारा राष्ट्रपति के निर्वाचन की अधिसूचना जारी करने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया की औपचारिक हो शुरूआत हो जायेगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति पद के लिये उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 28 जून निर्धारित की गयी है। नामांकन करने वाले व्यक्ति को बतौर उम्मीदवार 15 हजार रुपये जमानत राशि के रूप में जमा कराने होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 29 जून तक पूरी कर ली जायेगी।

वहीं नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि एक जुलाई नियत की गयी है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर 17 जुलाई को मतदान होगा और 20 जुलाई को मतगणना की जायेगी।

जैदी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति चुनाव में राजनीतिक दल अपने सांसद और विधायकों को किसी खास उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने को बाध्य करने के लिये व्हिप जारी नहीं कर पायेंगे।

जैदी ने निर्वाचन नियमों के हवाले से बताया कि संविधान के अनुच्छेद 55 के तहत राष्ट्रपति पद का चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति से एकल संक्रमणीय मत द्वारा किया जायेगा। इस चुनाव के लिये प्रत्येक उम्मीदवार को 50 प्रस्तावकों और 50 अनुमोदकों के हस्ताक्षर युक्त नामांकन पत्र जमा करने होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी प्रस्तावक या अनुमोदक किसी एक उम्मीदवार के नामांकन पत्र पर ही हस्ताक्षर कर सकेगा। एक से अधिक नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर होने की स्थिति में हस्ताक्षर करने की तिथि और समय के मुताबिक पहले किये गये हस्ताक्षर को मान्यता दी जायेगी, शेष अन्य हस्ताक्षरों को अमान्य कर दिया जायेगा।

इसके अलावा आयोग ने मतपत्र से होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिये पहली बार विशेष पेन मतदाताओं को मुहैया कराने का इंतजाम किया है।

जैदी ने बताया कि मतपत्रों में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिये मतदाता सिर्फ आयोग द्वारा मुहैया कराये गये पेन से ही मतपत्र पर अपने मतदान की जानकारी भरेंगे। खास किस्म की स्याही वाला यह पेन मतदान केन्द्र पर ही मतदाताओं को मुहैया कराया जायेगा।

उन्होंने बताया कि किसी अन्य पेन से भरा गया मतपत्र अमान्य घोषित कर दिया जायेगा।

राष्ट्रपति पद के लिये दिल्ली स्थित संसद भवन और राज्यों की विधानसभाओं में मतदान के लिये मतदान केन्द्र बनाये जायेंगे। राष्ट्रपति चुनाव के लिये योग्य मतदाता के रूप में संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य संसद भवन स्थित मतदान केन्द्र में और दिल्ली एवं पुडुचेरी सहित सभी राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य संबद्ध राज्य की विधानसभा में स्थित मतदान केन्द्र पर मतदान करेंगे। लेकिन जरूरत पड़ने पर संसद सदस्य किसी राज्य की विधानसभा में या विधानसभा सदस्य दिल्ली स्थित संसद भवन में भी मतदान कर सकेंगे बशर्ते उन्हें चुनाव आयोग को मतदान की तारीख से कम से कम दस दिन पहले इस बाबत आवेदन करना होगा।

जैदी ने बताया कि निर्वाचक मंडल में राज्यसभा की खाली हुई रिक्तियों से कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा की खाली हुई 13 सीटों के लिये चुनाव स्थगित कर दिया गया है इसलिये इन सीटों के मौजूदा सांसद ही राष्ट्रपति चुनाव में निर्वाचक मंडल के सदस्य के रूप में मतदान कर सकेंगे।

जैदी ने आम आदमी पार्टी के 21 विधायकों के मताधिकार पर भी स्पष्ट किया कि इनके मामले अभी विचाराधीन हैं। इसलिये वर्तमान स्थिति में ये विधायक भी मताधिकार के योग्य हैं। उन्होंने कहा कि यदि मतदान के दिन तक इस मामले में कोई फैसला नहीं आता है तो मौजूदा स्थिति बरकरार रहेगी।

राष्ट्रपति को सीधे तौर पर लोग खुद नहीं चुन सकते। राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में विधायक और सांसद वोट देते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में बैलट व्यवस्था के बजाय खास तरीके से मतदान होता है जिसे सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम कहा जाता है। सरल शब्दों में समझें तो एक मतदाता एक ही मत दे सकता है, लेकिन वह कई उम्मीदवारों में प्राथमिकता बताता है। मसलन मान लें कि पांच उम्मीदवार हैं, तो मतदाता उनमें अपनी प्राथमिकता के हिसाब से बताएगा कि कौन उसकी पहली पसंद है और कौन आखिरी। अगर पहली पसंद वाले मत से विजेता तय नहीं हो पाता, तो मतदाता की दूसरी पसंद को नए सिंगल वोट के रूप में ट्रांसफर कर दिया जाता है।

राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी यह भी रोचक बात है कि सर्वाधिक मत हासिल करने से यहां जीत नहीं मिलती। राष्ट्रपति उसे चुना जाता है, जो मतदाताओं (विधायकों और सांसदों) के मतों के कुल वेटेज का आधा से अधिक हिस्सा हासिल करे। मतलब राष्ट्रपति चुनाव में पहले से तय होता है कि जीतने वाले को कितना वेटेज पाना होगा।

एनडीटीवी पर सीबीआई का रेड, एडिटर्स गिल्ड ने गहरी चिंता जताई

एनडीटीवी के को-फाउंडर प्रणय रॉय के घर और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से मंगलवार को सफाई दी गई है। सीबीआई की ओर से कहा गया कि यह बकाए (लोन) का मामला नहीं है बल्कि बैंक को नुकसान पहुंचाने का केस है।

प्रणय रॉय के ठिकानों पर सीबीआई रेड के बारे में केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि हम प्रेस की आजादी का पूरा सम्मान करते हैं। चैनल और प्रमोटरों के खिलाफ लोन डिफाल्ट के कारण केस नहीं दर्ज किया है बल्कि मामला प्रमोटरों के 48 करोड़ रुपये के गलत लाभ से संबंधित है। प्रणय रॉय, राधिका राय, मैसर्स आरआरपीआर होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड की मिलीभगत और आपराधिक साजिश के कारण आईसीआईसीआई बैंक को नुकसान हुआ है। केस आईसीआईसीआई बैंक के एक शेयर होल्डर की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है।

सीबीआई ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि रेड सिर्फ न्यूज चैनल के प्रमोटरों के ठिकानों और दफ्तरों पर की गई है। सीबीआई छापेमारी एनडीटीवी के ऑफिस, मीडिया स्टूडियो और न्यूज रूम या मीडिया ऑपरेशंस से जुड़ी जगहों पर नहीं की गई है। हम प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं।

सीबीआई की ओर से कहा कि जांच-पड़ताल कानून की उचित प्रक्रिया के तहत और कोर्ट ऑफ लॉ के अधिकार क्षेत्र में की गई है। इससे पहले सोमवार को सीबीआई प्रवक्ता आर.के.गौड़ ने बताया था कि दिल्ली और देहरादून सहित चार स्थानों पर तलाशी की गई।

सीबीआई की ओर से की गई छापेमारी को लेकर एनडीटीवी ने बयान जारी किया था। चैनल ने कहा कि सीबीआई पुराने आरोपों के जरिए एनडीटीवी और इसके प्रमोटर्स को केवल परेशान कर रही है। एनडीटीवी और उसके प्रमोटर विभिन्न एजेंसियों की ओर से की जा रही इस बदले की कार्रवाई के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे।

इसमें कहा गया, हम भारत में लोकतंत्र और बोलने की स्वतंत्रता को बुरी तरह से कमजोर कर देने के इन प्रयासों के आगे घुटने नहीं टेकेंगे।

सीबीआई रेड को लेकर एडिटर्स गिल्ड ने भी गहरी चिंता जताई थी। एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने एनडीटीवी के दफ्तरों और उसके प्रमोटर्स पर की गई छापेमारी पर गहरी चिंता जताते हुए कहा था कि पुलिस और अन्य एजेंसियों की मीडिया ऑफिस में एंट्री बहुत ही गंभीर मामला है।

एडिटर्स गिल्ड का मानना है कि कोई भी व्यक्ति या संस्थान कानून से ऊपर नहीं है, लेकिन मीडिया का मुंह बंद करने के प्रयास की भी निंदा करता है और सीबीआई से नियत कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन करने तथा यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता है कि न्यूज ऑपरेशंस के स्वतंत्र संचालन में किसी भी तरह का हस्तक्षेप न हो।

स्वर्ण मंदिर में लगे देश विरोधी नारे, 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे

स्वर्ण मंदिर में मंगलवार को भारत विरोधी नारे लगाए गए। खबर है कि ऑपरेशन ब्लूस्टार की 33वीं बरसी पर मंगलवार सुबह स्वर्ण मंदिर के अंदर हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे।

वहीं पर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे।

गौरतलब है कि अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में छिपे हथियारबंद आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए 1984 में ऑपरेशन ब्लूस्टार नामक सैन्य अभियान चलाया गया था।

चारा घोटाले में लालू यादव सीबीआई कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे

चारा घोटाला के एक मामले में मंगलवार को पटना सीबीआई कोर्ट में लालू यादव समेत अन्य आरोपी पेशी के लिए पहुंचे।

भागलपुर में 47 लाख रुपए की फर्जी निकासी के मामले में 44 लोगों पर चार्जशीट किया गया जिसमें 15 मृत आरोपी और 29 लोगों पर ट्रायल चल रहा है।

मीडिया को 'भाट-चारण' परंपरा में ले जा रही है दिल्ली की हुकूमत: लालू यादव

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार सच को सामने लाने पर अब मीडिया को निशाने पर ले रही है।

लालू प्रसाद ने कहा कि दिल्ली की हुकूमत मीडिया को भाट-चारण परंपरा में ले जा रही है जो विरोध करे, उन्हें दबा रही है।

दिल्ली की हुकूमत मीडिया को भाट-चारण परंपरा में ले जा रही है जो विरोध करे, उन्हें एजेंसीज के माध्यम से दबा दो। एकजुट होकर साथ आएं और मुल्क बचाये।

उन्‍होंने एक अन्‍य ट्वीट में कहा कि जो नेता, पत्रकार और मीडिया घराना उनके नाम का बाजा नहीं बजाते, सरकारी भोंपू नहीं बनते, उनपर सरकार मुकदमे कर रही है, छापेमारी करा रही है। यही आपातकाल है।

जो नेता, पत्रकार और मीडिया घराना उनके नाम का बाजा नहीं बजाएगा, सरकारी भोंपू नही बनेगा। उसपर ये केस, मुक़दमें और छापे डलवाएँगे। यही आपातकाल है।

राजद सुप्रीमो ने ट्वीट कर कहा सच को दबाने और असहमति की हर आवाज को कुचलने की हर कोशिश को बेनकाब करने में सदैव साथ थे, है और रहेंगे।

इससे पहले पटना में मीडिया से बातचीत में लालू प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता से किए गए वादे भूल गए हैं। वे अब चाहते हैं कि मीडिया भी उनके चंगुल में रहे।

लालू ने कहा कि इतिहास गवाह है कि मीडिया पर हमला करने वाले लोग सत्ता से बेदखल हो गए हैं।

लगता है कि मोदी सरकार के दिन भी अब पूरे हो गए हैं। तभी मीडिया को सच बोलने से रोका जा रहा है।

बेनामी संपत्ति के मामले में इनकम टैक्स ने मीसा भारती पर जुर्माना लगाया

बेनामी संपत्ति मामले में आयकर विभाग ने राजद सांसद मीसा भारती पर जुर्माना लगाया है।

दरअसल मंगलवार को मीसा को आयकर विभाग के समक्ष पेश होना था, लेकिन वो पेश नहीं हो सकीं।

जानकारी के मुताबिक, उनकी तरफ से उनके वकील आयकर विभाग पहुंचे थे। आयकर विभाग ने मीसा को पेशी के लिये अब नया नोटिस दिया है जिसके तहत उन्हें 12 जून को आयकर विभाग के समक्ष पेश होना है। मीसा भारती ने पेशी के लिए वक्‍त मांगा था।

7 जून को मीसा के पति शैलेष को भी आयकर विभाग के समक्ष पेश होना है।

इससे पहले मंगलवार को आयकर विभाग ने लालू प्रसाद की बेटी और राज्‍यसभा सदस्‍य मीसा भारती को पूछताछ के लिए बुलाया थ्‍ाा, लेकिन वो पेश नहीं हुईं।

दिल्ली में मनी लॉन्ड्रिंग के एक अलग मामले में ईडी द्वारा मीसा के सीए राजेश अग्रवाल को गिरफ्तारी किया था।

मीसा और शैलेश को 6-7 जून को आयकर अधिकारियों के पास जाकर उनके सवालों के जवाब देने को कहा गया था।

राजद सांसद मीसा से जुड़ी कंपनी मिशेल पैकर्स एंड प्रिंटर्स प्राइवेट लिमिटेड में अग्रवाल द्वारा किए गए लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

बलात्कार केस में मौलाना मसूद मदनी को जमानत मिली

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देवबंद के मौलाना मसूद मदनी की जमानत मंजूर कर ली है। इन पर झाड़ फूँक के बहाने बलात्कार करने का आरोप है।

यह आदेश न्यायमूर्ति ए के त्रिपाठी ने दिया है।

मदनी उत्तराखंड सरकार से दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री थे। इनका कहना है कि उन्हें हनी ट्रैप में झूठा फँसाया गया है।

राज्य सरकार की तरफ से बताया गया कि मोनिका ने फर्जी नाम से पैसे ऐंठने के लिए जाल बिछाया था। हरक सिंह रावत को फँसाने में भी इसी गैंग का हाथ था।

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने भी हनी ट्रेप में फँसाकर पैसे ऐंठने के गिरोह का खुलासा किया है। यही गिरोह लोगों को फँसाकर रूपये ऐंठना है।

विवेचना अधिकारी ने बताया कि मोनिका अपने पति के साथ मदनी के पास मजार पर गयी।

उसने कहा कि उसे औलाद नही है जिस पर मदनी ने झाड़ फूँक की और रात में बलात्कार किया और कहा कि औलाद हो जायेगी। इस आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई।

विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि मोनिका असली नाम नही है जिसे वह पति बता रही, वह उसका पति नही है जिसको अपना पिता बताया वह असली पिता नही है। गैंग लीडर नेत्रपाल है जो जाल बिछाता है और लोगो को फँसा कर रुपये ऐंठना है।

मदनी की तरफ से कहा गया कि उन्हें फँसाया गया है। कोर्ट ने जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।

डी रतन की रिपोर्ट।

राहुल ने आरोप लगाया, बीजेपी भारत को समझती ही नहीं है

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आजकल हिन्दू धर्मग्रन्थों का अध्ययन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने रविवार (4 जून) को कहा कि वे भगवद गीता और उपनिषद का अध्ययन कर रहे हैं।

चेन्नई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ''आजकल मैं उपनिषद और गीता पढ़ता हूं, क्योंकि मैं आरएसएस और बीजेपी से लड़ रहा हूं।''

कांग्रेस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल ने आरएसएस की चर्चा करते हुए कहा, ''मैं उनसे पूछता हूं, (आरएसएस से) मेरे दोस्तों तुम ऐसा करते हो, लोगों को तंग करते हो, लेकिन तुम्हीं कहते हो कि सभी लोग बराबर हैं, तुम अपने ही धर्म में लिखी बात को कैसे नकार सकते हो''?

रविवार को राहुल गांधी ने डीएमके प्रमुख करुणानिधि से मिलकर उन्हें उनके 94वें जन्मदिन की बधाई दी।

रविवार को ही राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, जेडीयू नेता शरद यादव और सीपीआई के डी राजा के साथ मिलकर गुंटूर में एक रैली की।

राहुल ने आरोप लगाया कि बीजेपी भारत को समझती ही नहीं है, बीजेपी सिर्फ नागपुर 'आरएसएस के मुख्यालय' को समझती है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग समझते हैं कि दुनिया का सारा ज्ञान पीएम मोदी से ही निकलता है।

पहले भी बीजेपी-आरएएसएस पर अपनी विचारधारा थोपने का आरोप लगा चुके राहुल ने कहा कि देश के हर व्यक्ति को, चाहे वह तमिलनाडु का हो या फिर उत्तर प्रदेश का, विरोध का अधिकार है, अगर वो अपने-आप को पीड़ित समझता है।

राहुल ने कहा कि किसी भी विचारधारा को जबरन थोपना स्वीकार्य नहीं है।

चेन्नई में राहुल गांधी ने तमिल कला, संस्कृति और साहित्य की तारीफ की। राहुल ने कहा कि उन्होंने फैसला किया है कि अब वो तमिल फिल्में देखेंगे और तमिल साहित्य के बारे में पढ़ेंगे।

राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कहा, ''मैंने अपनी बहन को एक SMS भेजा और कहा कि मुझे तमिलनाडु आना अच्छा लगता है, मुझे पता नहीं, लेकिन मैं यहां के लोगों से जुड़ा हुआ महसूस करता हूं।''