भारत

अगर इस सजा की तामील की जाती है तो यह सुनियोजित हत्या की कार्रवाई होगी: भारत

भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को पाकिस्‍तान में मौत की सजा सुनाए जाने पर भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में कहा कि भारत यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा कि पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को न्याय मिले।

उन्होंने कहा, ''हमारे पास यह कहने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है कि अगर इस सजा की तामील की जाती है तो यह सुनियोजित हत्या की कार्रवाई होगी।''

सुषमा ने कहा कि कुलभूषण जाधव पर जो आरोप लगाए गए हैं, वह मनगढ़ंत तथा हास्यास्पद हैं और उनके द्वारा गलत काम करने का कोई सबूत नहीं है।

उन्होंने कहा कि जाधव ईरान में कारोबार करते थे और वहां से उनका अपहरण कर पाकिस्तान लाया गया। उन्हें बचाव का मौका दिए बिना मुकदमा चलाया गया। जाधव के मामले में सुषमा स्‍वराज ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर से प्रस्‍ताव तैयार करने में मदद मांगी है। यह प्रस्‍ताव संसद के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा।

संसद में बयान देने के बाद विदेश मंत्री सुषमा कांग्रेस सांसदों की तरफ गईं। वहां उन्‍होंने थरूर से प्रस्‍ताव तैयार करने का अनुरोध किया। इस पर शशि थरूर ने अपने दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से अनुमति लेने के बाद खुशी-खुशी अनुरोध को मान लिया।

थरूर ने बाद में एनडीटीवी को बताया, ''यह ऐसा मामला है जो हम सब से जुड़ा हुआ है।'' गौरतलब है कि पिछले साल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2008 मुंबई हमले में आरोपी जकी-उर-रहमान लखवी की रिहाई की निंदा को लेकर ड्राफ्ट तैयार करने को कहा था।

जाधव के मामले में राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जाधव को एक सुनियोजित तरीके से फंसाया गया है। यह विश्व मंच पर भारत की छवि खराब करने की कोशिश है। पाकिस्तान अब तक भारत के साथ जो कुछ करता आया है, उसका आरोप अब वह जाधव पर मढ़कर उन्हें फंसा रहा है।

सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा के किरीट सोमैया ने यह मामला उठाया और सरकार से पाकिस्तान की इस कार्रवाई की निंदा किए जाने की मांग की।

कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में चुप क्यों बैठी है?

उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री को जाधव को बचाने की कोशिश करनी चाहिए अन्यथा यह भारत की कमजोरी साबित होगा।

लोकसभा में सदस्यों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''पाकिस्तान द्वारा जाधव को फांसी की सजा सुनाए जाने पर पूरा देश न केवल चिंतित है बल्कि आक्रोशित भी है। सरकार इस सजा की कड़ी निंदा करती है जो कि कानून और न्याय के मूलभूत सिद्धांतों को ध्यान में रखे बिना सुनायी गयी है। कुलभूषण जाधव को बचाने के लिए भारत सरकार जो भी करना होगा, करेगी। कुलभूषण के साथ न्याय होगा।''

भद्रक में कर्फ्यू लागू : 48 घंटों तक सोशल मीडिया ब्‍लॉक

ओडिशा के भद्रक में भड़की हिंसा के बाद सरकार ने 48 घंटों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध रविवार (9 अप्रैल) की शाम 7 बजे से लागू हुआ जो कि भद्रक और आस-पास के इलाकों पर रहेगा।

ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने भद्रक शहर में हुई सांप्रदायिक हिंसा की एक घटना की जांच शुरू कर दी है, जहां सोमवार सुबह तक कर्फ्यू लागू है। रविवार को प्रारंभ में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक शहर में निषेधाज्ञा में ढील दी गई, और बाद में यह अवधि दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी गई, ताकि लोग आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की खरीदारी कर सकें।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बाद में कर्फ्यू लगा दिया गया जो सोमवार सुबह सात बजे तक रहेगा।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि शहर में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए लगभग 35 प्लांटून पुलिस बल तैनात किए गए हैं, और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की दो कंपनियां भद्रक भेजी गई हैं।

नवीन पटनायक ने रविवार को नई दिल्ली में अंतर-राज्य परिषद स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भद्रक के मुद्दे पर उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से चर्चा की है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि आरएएफ की दो कंपनियां राज्य को भेजी जाएंगी।

इस बीच अपराध शाखा ने हिंदू देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आक्रामक टिप्पणी की जांच शुरू कर दी है। इसी टिप्पणी के कारण शहर में गुरुवार और शुक्रवार को अशांति पैदा हो गई थी।

अपराध शाखा के विशेष महानिदेशक बी.के. शर्मा ने कहा, ''सोशल मीडिया पर की गई कथित आक्रामक टिप्पणी और अफवाहों की अपराध शाखा ने जांच शुरू कर दी है। अपराध शाखा का साइबर सेल व्हाट्सएप डाटा की जांच कर रहा है। ग्रुप एडमिन्स से डाटा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।''

उन्होंने यह भी कहा कि इसके पीछे के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शनिवार को संघर्षो के सिलसिले में 35 लोगों को हिरासत में ले लिया था।

उप-राजस्‍व आयुक्‍त एबी ओटा ने कहा कि हालात में काफी सुधार आया है, मगर हालात सामान्‍य होने में कुछ दिन लगेंगे। उन्‍होंने कहा कि धीरे-धीरे कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। सोशल साइट पर हिंदू देवी-देवता राम और सीता को लेकर किए गए कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को भद्रक में हिंसा भड़क उठी थी। अस्थिरता को देखते हुए इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया।

श्रीनगर उपचुनाव में भारी हिंसा में 7 की मौत

श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान आज हिंसा हुई तथा सुरक्षाबलों की गोलीबारी में कम से कम सात लोगों की जान चली गयी, जबकि मध्यप्रदेश में अटेर विधानसभा चुनाव में दो स्थानों से गोलीबारी की खबर है।

हालांकि कर्नाटक, और मध्य प्रदेश के दो-दो, पश्चिम बंगाल, असम, राजस्थान और दिल्ली के एक-एक विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।

पांच राज्यों की आठ विधानसभा सीटों और श्रीनगर लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव हुए। श्रीनगर, बडगाम और गांदेरबल जिलों में दो दर्जनों से अधिक स्थानों से पथराव की खबर है, ये तीनों ही जिले श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। इस सीट के मुख्य प्रतिद्वंदी नेशनल कांफ्रेंंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार फारूक अब्दुल्ला तथा सत्तारूढ़ पीडीपी के उम्मीदवार नजीर अहमद खान हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाबलों की मदद के लिए सेना बुला ली गयी। भीड़ पथराव कर रही थी। उसने गांदेरबल में पेट्रोल बम फेंककर मतदान केंद्र में आग लगा दी।

अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस गोलीबारी में कई नागरिक भी घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनु ने बताया कि इस संसदीय सीट पर महज 6.5 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''मैं फिलहाल पुनर्मतदान के बारे में कुछ नहीं कह सकता। यह आंकड़ा करीब 50 या 100 या उससे अधिक मतदान केंद्र पर हो सकता है।'' जम्मू-कश्मीर में चरारे शरीफ के पखेरपोरा और बडगाम जिले के बीरवाह और छदूरा में दो-दो लोगों की मौत हुई। बडगाम जिले में ही मैगाम में एक व्यक्ति की हिंसा में जान चली गयी।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता फारूक अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली सरकार की सुचारू ढंग से चुनाव कराने में पूरी तरह विफल रहने को लेकर आलोचना की।

मध्यप्रदेश के भी दो स्थानों से गोलीबारी की घटनाओं की खबर है। अटेर विधानसभा सीट के उपचुनाव मेंं कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।

हालांकि मध्यप्रदेश चुनाव आयोग ने बूथ पर कब्जे की खबरों से इनकार किया और कहा कि इन घटनाओं के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गयी।

लोक सभा के बाद राज्‍य सभा से भी पास हुआ जीएसटी बिल

संसद ने देश में ऐतिहासिक कर सुधार व्यवस्था जीएसटी को लागू करने का मार्ग प्रशस्त करते हुए आज वस्तु एवं सेवा कर से जुड़े चार विधेयकों को मंजूरी दे दी।

साथ ही सरकार ने आश्वस्त किया कि नयी कर प्रणाली में उपभोक्ताओं और राज्यों के हितों को पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाएगा तथा कृषि पर कर नहीं लगाया जाएगा।

राज्यसभा ने आज केंद्रीय माल एवं सेवा कर विधेयक 2017 'जीएसटी विधेयक', एकीकृत माल एवं सेवा कर विधेयक 2017 आई जीएसटी विधेयक', संघ राज्य क्षेत्र माल एवं सेवाकर विधेयक 2017 और माल एवं सेवाकर 'राज्यों को प्रतिकर' विधेयक 2017 को सम्मिलित चर्चा के बाद लोकसभा को ध्वनिमत से लौटा दिया। इन विधेयकों पर लाये गये विपक्ष के संशोधनों को उच्च सदन ने खारिज कर दिया।

धन विधेयक होने के कारण इन चारों विधेयकों पर राज्यसभा में केवल चर्चा करने का अधिकार था। लोकसभा 29 मार्च को इन विधेयकों को मंजूरी दे चुकी है।

वस्तु एवं सेवा कर संबंधी विधेयकों पर चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री अरूण जेटली ने विपक्ष की इन आशंकाओं को निर्मूल बताया कि इन विधेयकों के जरिये कराधान के मामले में संसद के अधिकारों के साथ समझौता किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहली बात तो यह है कि इसी संसद ने संविधान में संशोधन कर जीएसटी परिषद को करों की दर की सिफारिश करने का अधिकार दिया है।

जेटली ने कहा कि जीएसटी परिषद पहली संघीय निर्णय करने वाली संस्था है। संविधान संशोधन के आधार पर जीएसटी परिषद को मॉडल कानून बनाने का अधिकार दिया गया। जहां तक कानून बनाने की बात है तो यह संघीय ढांचे के आधार पर होगा, वहीं संसद और राज्य विधानसभाओं की सर्वोच्चता बनी रहेगी। हालांकि इन सिफारिशों पर ध्यान रखना होगा क्योंकि अलग-अलग राज्य अगर-अलग दर तय करेंगे तो अराजक स्थिति उत्पन्न हो जायेगी। यह इसकी सौहार्दपूर्ण व्याख्या है और इसका कोई दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन कर यह सुनिश्चित किया गया है कि यह देश का एकमात्र ऐसा कर होगा जिसे राज्य एवं केंद्र एक साथ एकत्र करेंगे। एक समान कर बनाने की बजाए कई कर दर होने के बारे में आपत्तियों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कई खाद्य उत्पाद हैं जिनपर अभी शून्य कर लगता है और जीएसटी प्रणाली लागू होने के बाद भी कोई कर नहीं लगेगा। कई चीजें ऐसी होती हैं जिन पर एक समान दर से कर नहीं लगाया जा सकता। जैसे तंबाकू, शराब आदि की दरें ऊँची होती हैं जबकि कपड़ों पर सामान्य दर होती है।

जेटली ने कहा कि जीएसटी परिषद में चर्चा के दौरान यह तय हुआ कि आरंभ में कई कर लगाना ज्यादा सरल होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी परिषद ने विचार-विमर्श के बाद जीएसटी व्यवस्था में 0, 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत की दरें तय की है। लक्जरी कारों, बोतल बंद पेयों, तंबाकू उत्पाद जैसी अहितकर वस्तुओं एवं कोयला जैसी पर्यावरण से जुड़ी सामग्री पर इसके ऊपर अतिरिक्त उपकर भी लगाने की बात कही है।

उन्होंने कहा कि 28 प्रतिशत से अधिक लगने वाला उपकर (सेस) मुआवजा कोष में जायेगा और जिन राज्यों को नुकसान हो रहा है, उन्हें इसमें से राशि दी जायेगी। ऐसा भी सुझाव आया कि इसे कर के रूप में लगाया जाए। लेकिन कर के रूप में लगाने से उपभोक्ताओं पर प्रभाव पड़ता। बहरहाल, उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त कर नहीं लगाया जायेगा।

जेटली ने कहा कि मुआवजा उन राज्यों को दिया जायेगा जिन्हें जीएसटी प्रणाली लागू होने से नुकसान हो रहा हो। यह आरंभ के पांच वर्षो के लिए होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के दौरान इसलिए जीएसटी पर आमसहमति नहीं बन सकी क्योंकि नुकसान वाले राज्यों को मुआवजे के लिए कोई पेशकश नहीं की गई थी। जीएसटी में मुआवजे का प्रावधान 'डील करने में सहायक' हुआ और राज्य साथ आए।

जीएसटी में रीयल इस्टेट क्षेत्र को शामिल नहीं किये जाने पर कई सदस्यों की आपत्ति पर स्पष्टीकरण देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें राज्यों को काफी राजस्व मिलता है। इसमें रजिस्ट्री तथा अन्य शुल्कों से राज्यों की आय होती है इसलिए राज्यों की राय के आधार पर इसे जीएसटी में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जीएसटी परिषद में कोई भी फैसला लेने में केंद्र का वोट केवल एक तिहाई है जबकि दो तिहाई वोट राज्यों को है। इसलिए कोई भी फैसला करते समय केंद्र अपनी राय थोपने के पक्ष में नहीं है।

वस्तु एवं सेवा कर को संवैधानिक मंजूरी प्राप्त पहला संघीय अनुबंध करार देते हुए जेटली ने कहा कि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त कर का भार नहीं डालते हुए जीएसटी के माध्यम से देश में 'एक राष्ट्र, एक कर' की प्रणाली लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी परिषद कर ढांचे को सर्वसम्मति से तय कर रही है और इस बारे में अब तक 12 बैठकें हो चुकी हैं। यह विधेयक केंद्र और राज्य सरकारों के बीच साझी संप्रभुता के सिद्धांत पर आधारित है और यह ऐसी पहली पहल है।

जीएसटी के लागू होने पर केंद्रीय स्तर पर लगने वाले उत्पाद शुल्क, सेवाकर और राज्यों में लगने वाले मूल्य वर्धित कर (वैट) सहित कई अन्य कर इसमें समाहित हो जायेंगे। जेटली ने विधेयकों को स्पष्ट करते हुए कहा कि केंद्रीय जीएसटी संबंधी विधेयक के माध्यम से उत्पाद, सेवा कर और अतिरिक्त सीमा शुल्क समाप्त हो जाने की स्थिति में केंद्र को कर लगाने का अधिकार होगा। समन्वित जीएसटी या आईजीएसटी के जरिये वस्तु और सेवाओं की राज्यों में आवाजाही पर केंद्र को कर लगाने का अधिकार होगा।

कर छूट के संबंध में मुनाफे कमाने से रोकने के उपबंध के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि अगर 4.5 प्रतिशत कर छूट दी जाती है तब इसका अर्थ यह नहीं कि उसे निजी मुनाफा माना जाए बल्कि इसका लाभ उपभोक्ताओं को भी दिया जाए। इस उपबंध का आशय यही है।

वित्त मंत्री ने कहा कि रियल इस्टेट की तरह ही स्थिति शराब और पेट्रोलियम उत्पादों के संबंध में भी थी। राज्यों के साथ चर्चा के बाद पेट्रोलियम पदार्थो को इसके दायरे में लाया गया है, लेकिन इसे अभी शून्य दर के तहत रखा गया है। इस पर जीएसटी परिषद विचार करेगी। शराब अभी भी इसके दायरे से बाहर है।

वित्त मंत्री ने कहा कि पहले एक व्यक्ति को व्यवसाय के लिए कई मूल्यांकन एजेंसियों के पास जाना पड़ता था। आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए उत्पाद शुल्क, सेवा कर, राज्य वैट, मनोरंजन कर, प्रवेश शुल्क, लक्जरी टैक्स एवं कई अन्य कर से गुजरना पड़ता था।

वित्त मंत्री ने कहा कि वस्तुओं और सेवाओं का देश में सुगम प्रवाह नहीं था। ऐसे में जीएसटी प्रणाली को आगे बढ़ाया गया। एक ऐसा कर जहां एक मूल्यांकन अधिकारी हो। अधिकतर स्व मूल्यांकन हों और आॅडिट मामलों को छोड़कर केवल सीमित मूल्यांकन हो।

जेटली ने कहा कि कर के ऊपर कर लगता है जिससे मु्रदास्फीति की प्रवृत्ति बढ़ती है। इसलिए सारे देश को एक बाजार बनाने का विचार आया। यह बात आई कि सरल व्यवस्था देश के अंदर लाई जाए। कृषि को जीएसटी के दायरे में लाने को निर्मूल बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि एवं कृषक को पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होती है। धारा 23 के तहत कृषक एवं कृषि को छूट मिली हुई है। इसलिए इस छूट की व्याख्या के लिए परिभाषा में इसे रखा गया है। इस बारे में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। जेटली ने कहा कि कृषि उत्पाद जब शून्य दर वाले हैं तब इस बारे में कोई भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए।

इस बारे में कांग्रेस की आपत्तियों को खारिज करते हुए जेटली ने कहा कि 29 राज्य, दो केंद्र शासित प्रदेश और केंद्र ने इस पर विचार किया जिसमें कांग्रेस शासित प्रदेश के आठ वित्त मंत्री शामिल थे। ''तब क्या इन सभी ने मिलकर एक खास वर्ग के खिलाफ साजिश की?'' जीएसटी लागू होने के बाद वस्तु एवं जिंस की कीमतों में वृद्धि की आशंकाओं को खारिज करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कर की दर वर्तमान स्तर पर रखी जाएगी ताकि इसका मुद्रास्फीति संबंधी प्रभाव नहीं पड़े।

जेटली ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा जीएसटी के बारे में अपना एक विधान लाएगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के वित्त मंत्री ने जीएसटी परिषद की सभी बैठकों में भाग लिया है।

उच्च सदन ने तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन का जो संशोधन खारिज किया उसमें कहा गया था कि जीएसटी परिषद के सभी फैसलों की संसद से मंजूरी दिलवायी जानी चाहिए।

जब सरकार हत्‍यारी भीड़ को राज करने देती है तो ऐसा ही होता है: राहुल गांधी

अलवर में गौ-रक्षकों द्वारा एक व्‍यक्ति की पीट-पीटकर हत्‍या किए जाने के मामले पर दिल्‍ली की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (6 मार्च) को राजस्‍थान में सत्‍तारूढ़ बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया।

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि ''जब सरकार अपनी जिम्‍मेदारी से पल्‍ला झाड़ लेती है और हत्‍यारी भीड़ को शासन करने देती है तो बहुत बड़ी आपदाएं होती हैं। अलवर में कानून-व्‍यवस्‍था बुरी तरह ध्‍वस्‍त हो गई है।''

राहुल ने उम्‍मीद जताई कि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

उन्‍होंने लिखा, ''हम सरकार से अपेक्षा रखते हैं कि वह इस बर्बर और संवेदनहीन हमले के जिम्‍मेदार लोगों पर सख्‍त कार्रवाई करेगी। सभी भारतीयों को इस अंधी बर्बरता की निंदा करनी ही चाहिए।''

गौरक्षकों द्वारा पीटे जाने के बाद, 55 वर्षीय पहलू खान की सोमवार को अलवर जिला अस्‍पताल में मौत हो गई थी। मामला शनिवार का है जब कथित तौर पर जानवरों को जयपुर से हरियाणा ले जा रहे 16 लोगों को रोका गया। पुलिस ने इस संबंध में बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

गुरुवार को कांग्रेस ने संसद में जोर-शोर से यह मामला उठाया। विपक्ष के सांसदों ने जमकर हंगामा किया और सरकार से जवाब मांगा।

कांग्रेस की ओर से दिग्विजिय सिंह ने ये मामला सदन में उठाया। विपक्ष को जवाब देते हुए संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ''जिस तरह की घटना पेश की जा रही है, ऐसी कोई घटना जमीन पर नहीं हुई है।''

इसके बाद राज्यसभा के उपसभापति पी जे कुरियन ने इस मामले में सरकार से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि जब तक ये तथ्य प्रमाणित नहीं हो जाता है कि हिंसा हुई है, तब तक इस मुद्दे पर चर्चा नहीं की जा सकती है।

नकवी के जवाब में कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पूरी दुनिया अलवर की हिंसा से परिचित है, लेकिन मंत्री महोदय को इसकी जानकारी नहीं है, ये बेहद दुखद है।

उन्होंने कहा, ''मुझे बहुत दुख है कि मंत्री महोदय को इस घटना की इतनी कम जानकारी है, यहां तक की न्यूयॉर्क टाइम्स भी इस बारे में जानता है, लेकिन मंत्री महोदय नहीं जानते हैं।''

कर्ज माफ करने से सरकारी खजाने पर बोझ बढ़ता है: आरबीआई गवर्नर

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर ने मौद्रिक नीति जारी की। आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले को चिंता का विषय बताया।

उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए छोटे किसानों का 36,359 करोड़ रुपये कर्ज माफ करने का फैसला लिया था।

आरबीआई गर्वनर ने सरकार द्वारा लोन माफ, जैसे फैसले के नकारात्मक पहलुओं के बारे में बताते हुए कहा कि इससे नैतिक खतरा बढ़ता है।

उर्जित पटेल ने कहा, लोन माफी जैसे कदम का सरकारी खजाने में असर पड़ता है जो पहले से ही घाटे में होता है।

लोन माफी से महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो सकता है।

उर्जित ने कहा कि कर्ज माफी से बैंकों की भी परेशानी बढ़ती है। साथ ही टैक्स देने वालों पर बोझ बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि लोन माफी जैसे वादे को चुनाव प्रचार में न किए जाने पर सहमति बननी चाहिए। ऐसा कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार 36,359 करोड़ रुपये का लोन बॉन्ड्स के जरिए माफ करेगी। हालांकि सरकारी खजाना सही स्थिति में नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार का घाटा 4 साल के उच्चतम स्तर पर है। अगर तीन बड़े राज्यों की बात करें तो उनमें सबसे बुरी हालत उत्तर प्रदेश की है।

मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई ने रेपो रेट 6.25% पर ही बरकरार रखा। हालांकि, रिवर्स रीपो रेट 5.75 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर दिया है। यानी, रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट में अंतर 0.50 प्रतिशत से घटकर 0.25 प्रतिशत रह गया।

रिजर्व बैंक के मुताबिक, अगली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई दर 4.5 प्रतिशत रहेगी, जबकि उसके आगे से छह महीने (अक्टूबर-मार्च छमाही) में 5 प्रतिशत तक की महंगाई का अनुमान लगाया गया है।

बैंक को भी अपने कामों के लिए कर्ज लेना पड़ता है। ऐसे में सभी बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से कर्ज लेते हैं। रिजर्व बैंक जिस दर से उनसे ब्याज वसूल करता है, उसे रेपो रेट कहते हैं। अगर बैंकों को सस्ते ब्याज पर पैसा मिलेगा तो वह लोगों को भी सस्ता लोन दे सकेगा जिसकी ब्याज दर कम होंगी। जब बैंक के पास पैसा ज्यादा होता है तो वह रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पास अपना पैसा रख देता है। इसपर आरबीआई उन्हें ब्याज देता है। यानी जो ब्याज आरबीआई द्वारा दिया जाता है उसको रिजर्व रेपो रेट कहते हैं।

बाबरी विध्वंस: आडवाणी, मुरली, उमा समेत नेताओं के खिलाफ साजिश के आरोप बहाल करने की मांग

उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार (6 अप्रैल) को उस याचिका पर अपना आदेश सुरक्षित रखा जिसमें बाबरी मस्जिद ढहाने के मामले में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं के खिलाफ साजिश के आरोप बहाल करने की मांग की गई है।

शीर्ष अदालत इस बारे में भी फैसला करेगी कि वीवीआईपी आरोपियों के खिलाफ सुनवाई रायबरेली की एक अदालत से लखनऊ स्थानान्तरित की जा सकती है या नहीं।

छह दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद गिराने से संबंधित दो तरह के मामले हैं। पहला अज्ञात कारसेवकों से जुड़ा है जिसमें सुनवाई लखनऊ की एक अदालत में चल रही है, जबकि दूसरी तरह के मामले रायबरेली की एक अदालत में वीवीआईपी से संबंधित हैं।

न्यायमूर्ति पीसी घोष और न्यायमूर्ति आरएफ नरीमन की पीठ ने यह भी संकेत दिये कि वे सुनवाई रायबरेली से लखनऊ की एक अदालत में स्थानान्तरित करके दोनों तरह के मामलों की संयुक्त सुनवाई करने का आदेश दे सकते हैं।

पीठ ने कहा कि चूंकि 25 साल गुजर चुके हैं, न्याय के हित में वह रोजाना समयबद्ध तरीके से सुनवाई का आदेश देने पर विचार करेगी ताकि इसे दो साल के भीतर पूरा करने का प्रयास हो।

बीजेपी नेता एल के आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी समेत एक दर्जन नेता जिसमें विनय कटियार और यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का नाम शामिल है उनपर बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में लगे साजिश के आरोपों को रायबरेली की कोर्ट ने हटा दिया था।

2010 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी निचली अदालत का फैसला मान लिया था। उसके बाद सीबीआई ने कोर्ट के ऑर्डर के खिलाफ अपील की थी।

केजरीवाल का चुनाव आयोग को चैलेंज: 72 घंटों में मशीन को टेंपर करके दिखा देंगे

उत्तर प्रदेश विधान सभा के चुनाव परिणाम देखने के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने जो आरोप ईवीएम मशीनों पर लगाए हैं, उस पर बहस शांत होती नहीं दिख रही है।

सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को चैलेंज तक दे डाला। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग कहता है कि ईवीएम मशीनों के साथ किसी तरह की छेड़खानी नहीं हो सकती, हम कहते हैं कि चुनाव आयोग 72 घंटों के लिए हमें ईवीएम मशीन सौंप दे। हम 72 घंटों में मशीन को टेंपर करके दिखा देंगे।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के निकाय चुनावों में बैलट पेपर से ही वोटिंग कराने की गुहार लगाई है।

केजरीवाल ने मध्य प्रदेश के भिंड में पकड़ी गई ईवीएम मशीन पर भी सवाल उठाए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भिंड में किसी भी बटन को दबाने पर बीजेपी की स्लिप निकल रही थी।

केजरीवाल ने सवाल उठाया कि मध्य प्रदेश में यूपी के कंडिडेट की पर्ची क्यों निकल रही थी?

इस मशीन को केजरीवाल ने कानपुर के गोविंदनगर विधानसभा सीट पर इस्तेमाल मशीन बताते हुए पूछा कि आखिर ये यूपी से एमपी क्यों लाई गई? कानून कहता है कि एक बार मशीन से वोटिंग होने पर उस मशीन का इस्तेमाल अगले 45 दिनों तक नहीं कर सकते हैं। फिर चुनाव आयोग के कानून की धज्जियां क्यों उड़ाइ गईं?

वोटिंग मशीन में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर पर भी दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पता नहीं इन मशीनों में ऐसा कौन सा सॉफ्टवेयर इस्तेमाल होता है जिसे लेकर चुनाव आयोग इतना आश्वस्त है। आयोग को चुनौती देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आयोग हमें सिर्फ 72 घंटों के लिए ईवीएम दे दे, फिर हम दिखा देंगे कि कैसे री-राईट भी किया जा सकता है और री-रीड भी।

आपको बता दें कि 23 अप्रैल को दिल्ली में निकाय चुनाव होने हैं। चुनावों में किसी प्रकार की धांधली ना हो इसलिए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने चुनाव आयोग से बैलेट पेपर के इस्तेमाल की बात कही है।

जैसे महागठबंधन बिहार में सफल हुआ है, देश में महासफल होगा: नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को लोक संवाद कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पूरे देश में शराबबंदी लागू होनी चाहिए।

नीतीश कुमार ने कहा कि सही मायने में यदि केंद्र सरकार को चंपारण सत्याग्रह और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता है, तो वह पूरे देश में शराबबंदी लागू करें।

उन्होंने कहा कि मैंने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और छतीसगढ़ के सीएम से भी शराबबंदी की अपील की थी। अब यूपी के वर्तमान मुख्यमंत्री से भी शराबबंदी की अपील करता हूं।

सीएम नीतीश ने अवैध बूचड़खानों के सवाल पर भड़कते हुए कहा कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है। असल मुद्दा आजकल मीडिया के केंद्र से गायब है। मीडिया में रोजगार, शिक्षा, कृषि और स्वरोजगार के मुद्दे पर न बहस की जाती और न ही कोई सवाल होते।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में 1955 से कानून है और वह पूरी तरह लागू है। बिहार में कोई भी अवैध तरीके से बूचड़खाना नहीं चला सकता।

नीतीश ने यूपी में बीजेपी को मिली जीत और चुनाव के दौरान किये गये वायदे को याद दिलाते हुए कहा कि किसानों का कर्ज माफ करने की बात कहकर सत्ता में आये हैं, तो उसे पूरा क्यों नहीं करते हैं।

नीतीश कुमार ने कहा कि आजकल नॉन इश्यू को मीडिया में मुख्य मुद्दा बनाया जा रहा है। शराबबंदी और सामाजिक मसले पर कोई मुद्दा नहीं बनाया जाता। आजकल ऐसे मुद्दे उठाये जा रहे हैं ताकि लोग मूल मुद्दे को भूल जाएं। बूचड़खाना का मुद्दा भी कुछ इसी तरह का है। यह मुद्दा समस्याओं से ध्यान हटाने का मुद्दा है।

नीतीश ने नोटबंदी की भी चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने इसका समर्थन किया था, लेकिन कोई बता नहीं रहा कि आखिर कितना काला धन आया? इसके अलावा बेनामी संपत्ति जब्त करने की उन्होंने मांग की थी, लेकिन केंद्र इस पर मौन साधे हुए है और जब तक बेनामी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, काले धन के खिलाफ अभियान अधूरा रहेगा।

उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा कि अगर वहां महागठबंधन होता तो शायद परिणाम कुछ और होता।

चुनाव परिणाम पर नीतीश ने कहा कि साफ़ है कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस का वोट प्रतिशत बीजेपी और उसके सहयोगियों से दस प्रतिशत ज्यादा है। जहां विपक्षी एकता होगी वहां बेहतर परिणाम आते हैं। विकल्प के रूप के कोई पार्टी उभरती है तो उसे सफलता मिलती है। एक व्यापक विपक्षी एकता होती तो परिणाम अलग आता।

नीतीश ने कहा कि बीजेपी विरोधी दलों को अब जनहित और राष्ट्रहित के मुद्दे उठाने चाहिए। अपना एजेंडा सेट करना चाहिए, जैसे महागठबंधन बिहार में सफल हुआ है, देश में महासफल होगा। वामपंथी दलों से बातचीत हुई है।

भाजपा नेता ने कहा, गोमांस खाना अपराध नहीं

केरल के भाजपा नेता ने गोमांस खाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। हालांकि बाद में मामला तूमल पकड़ने पर उन्होंने सफाई भी दी।

बयान देने वाले नेता का नाम एन श्री प्रकाश है जो लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की ओर से प्रत्याशी भी हैं। श्री प्रकाश ने रविवार को कहा कि पार्टी की राज्य इकाई यहां गोमांस खाने के खिलाफ नहीं है क्योंकि यहां इस पर प्रतिबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि काननू के दायरे में रहते हुए वह साफ बूचड़खानों की व्यवस्था करेंगे। लोगों को पर्याप्त मात्रा में बीफ भी उपलब्ध कराएंगे।

वहीं भाजपा के राज्य महासचिव एम.टी. रमेश ने कहा कि जब तक केरल में गोमांस पर प्रतिबंध नहीं है, तबतक लोग जो चाहे खाएं, भाजपा की राज्य इकाई गोमांस खाने के खिलाफ नहीं है। यह समस्या तब होती, जब प्रतिबंध होता। मौजूदा समय में इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है इसलिए कुछ भी कानून के खिलाफ नहीं है। रमेश ने कहा, देश के विभिन्न भागों में सिर्फ गौ हत्या पर प्रतिबंध है।

मलप्पुरम से लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार एन. श्रीप्रकाश ने मीडिया से कहा कि किसी को अपनी पसंद का भोजन चुनने में कुछ भी गलत नहीं है और इसलिए वह लोकसभा चुनाव में निर्वाचित होने पर अपने क्षेत्र में वैध बूचड़खाने की स्थापना सुनिश्चित करेंगे। राज्य महासचिव रमेश का पक्ष एन. श्रीप्रकाश के बयान के बाद आया है।