विदेश

येरुशलम को इसराइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के अमरीकी फैसले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव का 128 देशों ने समर्थन किया

येरुशलम को इसराइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के अमरीकी फैसले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव का भारत सहित 128 देशों ने समर्थन किया।

येरुशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के अमरीकी फैसले के खिलाफ गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव पर मतदान के दौरान अमरीका पूरी तरह अलग-थलग पड़ गया। भारत सहित 128 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया। ग्वाटेमाला, होंडूरास और टोगो सहित 9 देशों ने इसके खिलाफ मतदान किया। 35 देश वोटिंग में शामिल नहीं हुए। यह प्रस्ताव तुर्की और यमन ने पेश किया था।

मतदान से पहले अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने प्रस्ताव का समर्थन करने वाले देशों की वित्तीय सहायता बंद कर देने की धमकी दी थी।

फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के फैसले का स्वागत किया है।

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र में हुए मतदान की निंदा की, लेकिन इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि कई देशों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया।

किम जोंग उन ने कहा, उत्तर कोरिया ने अमेरिका के लिए पर्याप्त परमाणु खतरा उत्पन्न किया है

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश ने रणनीतिक हथियारों में तेजी से विकास हासिल किया है और अमेरिका के लिए पर्याप्त परमाणु खतरा उत्पन्न किया है।

एफे ने केसीएनए के हवाले से बताया, किम ने वर्कर्स पार्टी के उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ अपनी सबसे उन्नत इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) के सफलतापूर्वक परीक्षण के कुछ दिनों के बाद यह बैठक की है। किम का यह भाषण उसी वक्त आया, जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 29 नवंबर को उसके आईसीबीएम परीक्षण के जवाब में उत्तर कोरिया के विरुद्ध प्रतिबंधों का विस्तार करने के लिए अमेरिका के एक नए प्रस्ताव पर मतदान करने की योजना बनाई है।

उत्तर कोरियाई शासन के अनुसार, सबसे उन्नत इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल एक बड़ा परमाणु हथियार ले जाने और अमेरिका के सभी क्षेत्र तक पहुंचने में सक्षम हैं। किम ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा, ''उत्तर कोरिया के द्वारा परमाणु शक्ति का तेजी से विकास विश्व के राजनीतिक और रणनीतिक वातावरण पर बड़ा प्रभाव डाल रहा है।''

उन्होंने कहा, ''कोई भी उत्तर कोरिया के अस्तित्व से इनकार नहीं कर सकता, जो अमेरिका के लिए पर्याप्त परमाणु खतरे की चुनौती देने में सक्षम एक रणनीतिक देश के तौर पर तेजी से उभरा है।''

पाकिस्‍तान ने कुलभूषण जाधव की मां, पत्‍नी को दिया वीजा

पाकिस्तान उच्चायोग ने बुधवार को कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी को उनसे मिलने के लिए वीजा दे दिया। माना जा रहा है कि 25 दिसंबर को जाधव की मुलाकत अपनी पत्‍नी और मां से हो सकती है।

पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने जासूसी व आतंकवाद के मामले में जाधव को मौत की सजा सुनाई है और वह फिलहाल पाकिस्तान की जेल में बंद है।

विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैजल ने कहा, ''नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग ने कमांडर जाधव की मां एवं पत्नी को उनसे मुलाकात करने के लिए इस्लामाबाद जाने हेतु वीजा दिया।''

पाकिस्तान ने 17 दिसंबर, 2017 को कहा था कि जाधव की माँ और पत्नी का वीजा आवेदन मिल गया है और इसे आगे बढ़ा दिया गया है। जाधव की मां और पत्नी के बाघा सीमा के रास्ते शनिवार को पाकिस्तान पहुंचने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को एक बैठक के दौरान, पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने जाधव की मां अवंतिका जाधव और उनकी पत्नी के लिए वीजा की स्वीकृति दी थी।

तब भारत सरकार ने कहा था कि जाधव की पत्‍नी के साथ उसकी मां और एक भारतीय राजनयिक को भी जाने की अनुमति दी जाए। जाधव की मां ने इस साल की शुरुआत में नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के समक्ष वीजा आवेदन दायर किया था।

पाकिस्तान का दावा है कि भारतीय नौसेना का कमांडर जाधव भारत की प्रमुख खुफिया एजेंसी, रिसर्च एंड एनलिसिस विंग (रॉ) के लिए काम कर रहा था। इस्लामाबाद का कहना है कि तीन मार्च, 2016 को पाकिस्तान के  बलूचिस्तान में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उसे पकड़ा था। भारत ने कहा है कि जाधव एक पूर्व नौसेना अधिकारी हैं और वह रॉ के लिए काम नहीं कर रहे थे।

पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने जाधव को जासूसी के आरोपों में फांसी की सजा सुनाई है। हालांकि अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने अपने आदेश में इस पर रोक लगा दी है। नई दिल्ली ने जाधव को वकील मुहैया कराने की मांग पर जोर दिया है, लेकिन इस्लामाबाद ने इस आधार पर अनुमति देने से इनकार कर दिया है कि जासूसों से संबंधित मामलों में इस तरह की मदद लागू नहीं है।

अमेरिका ने म्यामां से की रोहिंग्या मुस्लिमों की सम्मानजनक वापसी की अपील

अमेरिका ने बांग्लादेश से रोहिंग्या मुस्लिमों की स्वेच्छापूर्ण और सम्मानजनक वापसी की म्यामां से अपील की है।  हालाँकि अमेरिका का मानना है कि इस तरह का कोई कदम उठाने के लिए स्थितियां अनुकूल नहीं।

पिछले छह महीनों में म्यामां के रखाइन प्रांत से 625,000 रोहिंग्या मुस्लिमों को भाग कर बांग्लादेश में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

अमरीका ने हाफिज़ सईद के पाकिस्तान में राजनीति में आने पर चिंता व्‍यक्‍त की

अमरीका ने मुम्बई आतंकी हमलों के मुख्‍य षड्यंत्रकारी हाफिज़ सईद के पाकिस्तान में राजनीति में आने पर चिंता व्‍यक्‍त की है।

जमात-उद-दावा प्रमुख सईद ने इससे पहले कहा था वह अपने संगठन मिल्ली मुस्लिम लीग से चुनाव लड़ेगा।

अमरीकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नौउर्ट ने वाशिंगटन में संवाददाताओं से कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अमरीका ने सईद को आतंकी घोषित किया हुआ है।

हीथर ने कहा कि सईद को पि‍छले महीने पाकिस्तान में नज़रबंदी से रिहा किया गया और अब चुनाव में उसके उतरने की खबरें अमरीका के लिए चिंताजनक है।

चीन और रूस ने अमरीका की नई सुरक्षा रणनीति की आलोचना की

चीन और रूस ने अमरीका की नयी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की निंदा की है। इस नीति में अमरीका ने चीन और रूस को अमरीकी हितों को चुनौती देने वाले प्रतिद्वंद्वी देश करार दिया है।

चीन ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की नयी सुरक्षा रणनीति से शीत युद्ध की मानसिकता नजर आती है।

रूस ने कहा कि नयी अमरीकी सुरक्षा बताती है कि अमरीका एकध्रुवीय विश्व के विचार को नहीं छोड़ना चाहता।

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सोमवार को नयी सुरक्षा रणनीति घोषित की थी, जिसमें अमरीकी आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने और ताकत के जरिये शांति स्थापित करने की बात कही गयी थी।

अमेरिकी विदेश मंत्री की पाकिस्तान को चेतावनी

अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने पाकिस्तान के राजनैतिक नेतृत्व को चेतावनी दी है कि अगर वह हक्कानी नेटवर्क और अन्य आतंकवादी समूहों को पाकिस्तान में सुरक्षित आश्रय देना बंद नहीं करता और उनके साथ अपने रिश्तों को बदलने की प्रक्रिया शुरू नहीं करते तो वह पाकिस्तान पर अपना नियंत्रण खो देगें।

वाशिंगटन में हो रहे अटलांटिक काउंसिल-कोरिया फाउंडेशन फोरम द्वारा आयोजित '2017 और परे विदेश नीति चुनौतियों का सामना' विषय पर अपने विचार रखते हुए टिलरसन ने कहा कि पाकिस्तान ने अपने क्षेत्रों में आतंकवादी संगठनों को सुरक्षित स्थान प्रदान किये हुए हैं जिसकी वजह से इन संगठनों का विस्तार और प्रभाव बढ़ रहा है।

टिलरसन ने कहा कि पाकिस्तान को हक्कानी नेटवर्क के साथ के अपने संबंधों में बदलाव लाना होगा।

ओआईसी ने येरूशलम को इज़राइल की राजधानी के रूप में मान्‍यता देने के अमरीका के फैसले को खारिज किया

इस्‍लामी सहयोग संगठन (ओआईसी) ने अमरीका द्वारा येरूशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्‍यता देने के फैसले को खारिज किया है।

इस्‍तामबुल में आयोजित आईओसी की आपात बैठक में संगठन के महासचिव युसूफ अल ओथेमीन ने अमरीका के इस फैसले के खिलाफ एकजूट होने की मुस्लिम नेताओं से अपील की।

बैठक में तूर्की राष्‍ट्रपति रेसप तयैप एर्दोगॉन ने मुस्लिम राष्‍ट्रों के नेताओं से येरूसलम को फलीस्‍तीन राज्‍य की अधिगृहीत राजधानी के रूप में मान्‍यता देने की अपील की।

फलस्‍तीनी राष्‍ट्रपति महमूद अब्‍बास ने कहा कि अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनॉल्‍ड ट्रम्‍प का यह फैसला अंतर्राष्‍ट्रीय कानून का खुला उल्‍लंघन है। उन्‍होंने चेतावनी दी कि येरूशलम को फलस्‍तीन राज्‍य की राजधानी के रूप में मान्‍यता देने के बाद ही पश्चिम एशिया में शांति और स्‍थायित्‍व आएगा।

श्रीलंका सरकार ने हम्बनटोटा बंदरगाह के संचालन का कार्य चीन की कंपनियों को सौंपा

श्रीलंका सरकार ने आज हम्बनटोटा बंदरगाह के संचालन का कार्य ऐसी दो कंपनियों को सौंप दिया है, जिनमें चीन की बड़ी हिस्सेदारी है।

श्रीलंका की संसद में आज हुए एक समारोह में सरकार ने 29 करोड 40 लाख डॉलर की राशि प्रारंभिक तौर पर प्राप्त की। यह राशि एक अरब 12 करोड डॉलर की तीस प्रतिशत है। इसके साथ ही हम्बनटोटा इंटरनेशनल पोर्ट ग्रुप और हम्बनटोटा इंटरनेशनल पोर्ट सर्विसेज ने श्रीलंका के दक्षिण में बंदरगाह के कार्य शुरू कर दिए हैं।

हिंद महासागर में यह स्थान सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।

इराक ने इस्लामिक स्‍टेट के खिलाफ युद्ध समाप्‍ति‍ की घोषणा की

इराक ने इस्लामिक स्टेट के साथ अपने युद्ध की समाप्ति की घोषणा की है। इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल अबादी ने बगदाद में एक सम्मेलन में कहा कि इराक-सीरिया सीमा पर इराकी सेनाओं का पूरा नियंत्रण है।

पिछले महीने रावा शहर पर इराकी सेनाओं का कब्जा होने के बाद आईएस के कब्जे वाले सभी इलाकों को छुड़ा लिया गया है।

आतंकवादी संगठन आईएस ने 2014 में सीरिया-इराक के बड़े इलाके पर कब्जा कर लिया था।