विदेश

अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में दखल देने के लिये कोई फेसबुक के इस्तेमाल की कोशिश कर रहा है : मार्क जुकरबर्ग

अमेरिका में 2016 में हुए चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के आरोपों के बीच मार्क जुकरबर्ग ने कहा है कि उन्हें पक्का विश्वास है कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में दखल देने के लिये कोई फेसबुक के इस्तेमाल की कोशिश कर रहा है।

अभी चुनावों में दखल की संभावनाओं पर सी एन एन द्वारा पूछे जाने पर फेसबुक के सी ई ओ ने कहा, ''मुझे विश्वास है कि कोई कोशिश कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ''रूस का 2016 में जो भी प्रयास था। मुझे विश्वास है कि उसका वी2, या दूसरा संस्करण भी है, मुझे यकीन है कि वे उस पर काम कर रहे हैं। और इस बार कुछ अलग युक्ति अपनाई जाएगी जिसके बारे में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम उसकी पहचान कर सकें और उसका मुकाबला कर सकें।''

उनका यह बयान कैंब्रिज एनालिटिका प्रकरण के सामने आने के बाद आया है जिसमें राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान से जुड़ी ब्रिटिश डेटा कंपनी ने कथित तौर पर पांच करोड़ फेसबुक यूजर्स का आंकड़ा बिना उनकी जानकारी के हासिल और इस्तेमाल किया था।

जुकरबर्ग ने कहा कि फेसबुक कर्मचारियों को कुछ अलग चीज होने की भनक थी जिसे हमें सामने लाना होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी तकनीक निर्माण कर रहे हैं और मानव समीक्षकों की सेवा ले रहे हैं जिससे दुष्प्रचार और दूसरे हमलों को रोका जा सके। उन्होंने कहा, ''इस साल हमने जो बड़ी प्रतिबद्धताएं व्यक्त की हैं, उनमें से कंपनी में सुरक्षा के लिये काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या दोगुनी करना शामिल है। सुरक्षा और कंटेंट की समीक्षा के लिये इस साल के अंत तक कंपनी में हम 20,000 लोगों के साथ काम करने जा रहे हैं।

चीन ने पाकिस्‍तान को ताकतवर मिसाइल्‍स ट्रैकिंग सिस्‍टम बेचा

चीन ने पाकिस्तान को अत्यधिक संवेदनशील ट्रैकिंग प्रणाली बेची है, जिससे इस्लामाबाद की मिसाइल क्षमता में बढ़ोत्तरी हो सकती है। दक्षिण चीन मॉर्निग पोस्ट के अनुसार, एक चीनी थिंक टैंक ने कहा कि चीन पाकिस्तान को इस तरह की प्रौद्योगिकी देने वाला पहला देश है। चीन पाकिस्तान को हथियारों की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा देश है।

शिचुआन प्रांत के चेंगदू में इंट्स्टीट्यूट ऑफ ऑपटिक्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, चाइना एकेडमी ऑफ साइंसेज (आई ओ ई, सी ए एस) के शोधकर्ता झेंग मेंगवी ने कहा, ''पाकिस्तान की सेना ने हाल ही में अपने नए मिसाइलों के परीक्षण और विकास के लिए एक चीन निर्मित प्रणाली को 'फायरिंग रेंज' पर तैनात किया है।''

इंट्स्टीट्यूट ऑफ ऑपटिक्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, चाइना एकेडमी ऑफ साइंसेज की ओर से जारी बयान के अनुसार, चीनी टीम को पाकिस्तान में इस ट्रैकिंग प्रणाली को असेंबलिंग और जांच करने और इसे प्रयोग करने के लिए तकनीकी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के दौरान काफी इज्जत दी गई। बयान के अनुसार, प्रणाली का प्रदर्शन प्रयोगकर्ताओं के उम्मीद से काफी बेहतर था। इसके लिए इस्लामाबाद की ओर से दी गई धनराशि के बारे में अभी बताया नहीं गया है।

द पोस्ट के अनुसार, ''ऑप्टिकल प्रणाली मिसाइल के परीक्षण के लिए बेहद जरूरी होता है। यह लेजर रेंजर के साथ उच्च दक्षता वाले टेलीस्कोप, उच्च गति वाले कैमरे, इंफ्रारेड डिटेक्टर और केंद्रीकृत कंप्यूटर प्रणाली से लैस होता है जो चलते हुए लक्ष्य का फोटो लेने और पीछा करने के लिए होती है।'' यह डिवाइस मिसाइल के इसके लॉन्चर से अलग होने, स्टेज सेपरेशन, टेल फ्लैम और वातावरण में मिसाइल के दोबारा प्रवेश करने की तस्वीर उच्च रिजोल्यूशन के साथ कैद करता है।

झेंग ने कहा, ''चीन निर्मित प्रणाली की विशेषता इसकी चार टेलीस्कोप इकाइयों के प्रयोग की क्षमता है जिसकी क्षमता सामान्य रूप से काफी ज्यादा है।'' उन्होंने कहा, ''हमने सामान्य तौर पर उन्हें आंख का एक जोड़ा दिया है। वे इससे जो भी देखना चाहें, देख सकते हैं, यहां तक की चांद भी।''

भारत और अमेरिकी लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि चीन पाकिस्तान को मिसाइल बनाने और परमाणु विकास कार्यक्रम में समर्थन दे रहा है, लेकिन इस तरह के सहयोग के विश्वसनीय प्रमाण सार्वजनिक तौर पर नहीं देखे जाते हैं और इंट्स्टीट्यूट ऑफ ऑपटिक्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, चाइना एकेडमी ऑफ साइंसेज के बयान को दुर्लभ बनाते हैं।

व्हाट्सएप के को-फाउंडर ब्रायन एक्टन ने यूजर्स से कहा, यह फेसबुक को डिलीट करने का समय है

राजनीतिक उद्देश्यों के लिए फेसबुक उपभोक्ताओं के कथित डेटा लीक की खबरों के बीच व्हाट्सएप के सह-संस्थापक ब्रायन एक्टन ने मंगलवार को उपभोक्ताओं से सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक को डिलीट करने के लिए कहा।

ब्रायन एक्टन ने ट्वीट कर अपने 23,000 से ज्यादा फालोवर्स से कहा, ''यह फेसबुक को हटाने का समय है।''

फेसबुक ने 2014 में व्हाट्स एप का अधिग्रहण किया था। राजनीतिक डेटा विश्लेषक कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका के फेसबुक के पांच करोड़ उपभोक्ताओं के डेटा तक बिना अनुमति के पहुंचने की रपट सामने आने के बाद फेसबुक कड़ी प्रतिक्रिया का सामना कर रहा है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं के डेटा एक फेसबुक एप से सालों पहले हासिल किए थे, जिसे कथित तौर पर मनोवैज्ञानिक उपकरण होने की बात कही गई थी। हालांकि, कंपनी उस जानकारी के लिए अधिकृत नहीं थी।

इससे पहले मंगलवार को ब्रिटेन की डेटा संरक्षण वॉचडाग ने राजनीतिक डेटा विश्लेषक और परामर्शदाता के लंदन मुख्यालय की तलाशी के लिए अदालती वारंट की मांग की। इस परामर्शदाता ने डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी टीम के साथ काम किया है और कथित तौर पर मतदान को प्रभावित करने के लिए अमेरिकी मतदाताओं के फेसबुक प्रोफाइल का इस्तेमाल किया।

यू के इंफार्मेशन कमिश्नर ने कैंब्रिज एनालिटिका के मुख्यालय का दौरा करते समय फेसबुक द्वारा नियुक्त किए गए लेखापरीक्षकों को नीचे खड़े रहने का भी आदेश दिया था।

इस बीच अमेरिका व ब्रिटेन के सांसदों ने फेसबुक उपभोक्ताओं के डेटा लीक की रपट के बाद कार्रवाई की मांग की है। मार्क जुकरबर्ग के फेसबुक ने व्हाट्स एप को 2014 में 19 अरब डॉलर में खरीदा था, लेकिन एक्टन 2018 की शुरुआत में 'सिंगल फाउंडेशन' शुरू करने से पहले कंपनी के साथ कई साल बने रहे। बीते महीने उन्होंने 'सिंगल' में पांच करोड़ डालर का निवेश किया, जो बेहद लोकप्रिय व्हाट्स एप के लिए एक स्वतंत्र विकल्प है। एक अन्य व्हाट्स एप के सह-संस्थापक जान कोउम अब भी कंपनी की अगुवाई कर रहे हैं और फेसबुक के बोर्ड में हैं।

फेसबुक का शेयर धराशायी: मार्क जुकरबर्ग को एक दिन में 395 अरब रुपये का नुकसान

फेसबुक के संस्थापक और सीईओ मार्क जुकरबर्ग के लिए सोमवार का दिन निराशाजनक रहा। उनकी कंपनी के शेयरों में करीब आठ फीसदी की गिरावट दर्ज की गई इससे मार्क जुकरबर्ग को एक ही दिन में 395 अरब रुपये यानी 6.06 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है, जबकि कंपनी को 35 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। ऐसा फेसबुक द्वारा डेटा लीक की खबरों के बाद हुआ है।

साल 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनावों के वक्त डोनाल्ड ट्रम्प की मदद करने वाली एक ब्रिटिश फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के करीब पांच करोड़ यूजर्स की पर्सनल इन्फॉरमेशन चुराने के आरोप लगे हैं। इन पांच करोड़ यूजर्स की जानकारियों का इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में किया गया था।

मामला उजागर होते ही अमेरिका और यूरोप के सांसदों ने फेसबुक से इस बावत जवाव तलब किया है और जुकरबर्ग को संसद के सामने पेश होने को कहा है। इस खबर के बाद फेसबुक के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है।

हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद मार्क जुकरबर्ग दुनिया के सबसे चौथे अमीर शख्स हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अमेजन के जेफ बेजोस, माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स और वारेन वफेट अभी भी मार्क जुकरबर्ग से आगे हैं। जुकरबर्ग और उससे जुड़ी कंपनियों के पास फेसबुक के करीब 403 मिलियन शेयर्स हैं।

बता दें कि फेसबुक ने साल 2016 में ही बता दिया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के दौरान उसके प्लेटफॉर्म का रूस में गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया है। तब जुकरबर्ग पर उंगली नहीं उठी थी। अब ब्रिटिश फर्म द्वारा धांधली की खबरों के बाद फेसबुक और जुकरबर्ग दोनों परेशानी झेल रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन में सोशल मीडिया और सोशल नेटवर्किंग साइट्स के रेग्यूलेशन के लिए सख्त कानून की चर्चा हो रही है।

चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं होगा: केंद्रीय कानून और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री

भारत ने बुधवार को सोशल मीडिया के अग्रणी मंच फेसबुक और उसके सी ई ओ मार्क जुकरबर्ग को कथित तौर पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए डेटा का दुरुपयोग करने को लेकर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

बीजेपी नेता, केंद्रीय कानून और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''भारत के कानून मंत्री के रूप में मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हम प्रेस की आजादी, भाषण व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सोशल मीडिया पर विचारों के स्वतंत्र आदान-प्रदान का पूरा समर्थन करते हैं।''

उन्होंने आगे कहा, ''लेकिन फेसबुक समेत सोशल मीडिया द्वारा अप्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से अवांछित साधनों के जरिए भारत की चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास की न तो सराहना की जाएगी और न ही उसे बर्दाश्त किया जाएगा।''

कानून मंत्री ने कहा, ''फेसबुक बिल्कुल स्पष्ट तौर पर यह जान ले कि अगर जरूरी हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।''

यह चेतावनी उन खबरों के बीच दी गई है, जिनमें बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के साथ कार्य कर रही डेटा विश्लेषक कंपनियों ने कथित तौर अमेरिकी मतदाताओं की लाखों फेसबुक प्रोफाइल का उपयोग उनके मतदान की पसंद को प्रभावित करने के लिए किया है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने जुकरबर्ग को भारत के सूचना प्रौद्योगिकी कानून की याद दिलाते हुए कहा, ''अच्छा होगा कि आप भारत के आई टी मंत्री के कथनों पर ध्यान दें।''

उन्होंने कहा, ''अगर किसी भी भारतीय का डेटा फेसबुक की मिलीभगत से लीक होगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें आई टी कानून में जरूरी शक्ति प्राप्त है, जिसके तहत आपको भारत में तलब भी किया जा सकता है।'' रविशंकर ने कहा कि भारतीय फेसबुक यूजर्स की निजता के साथ छेड़छाड़ का आकलन करने के लिए सरकार अमेरिकी फेडरल ट्रेड कमीशन और न्याय विभाग के संपर्क में है।

उन्होंने चेतावनी दी, ''हम भारतीय यूजर्स के डेटा की चोरी का आकलन करने के लिए कंपनी और फेसबुक को तलब करेंगे और सख्त कार्रवाई करेंगे।''

फेसबुक ने कहा है कि करीब 2,70,000 लोगों ने एप डाउनलोड किया और उन्होंने उस पर अपनी निजी जानकारी साझा की। लेकिन कंपनी ने किसी तरह की गड़बड़ी से इंकार किया और कहा कि कंपनी डेटा हासिल करने और उसके इस्तेमाल में सही प्रक्रियाओं का पालन करती है।

मोसुल में लापता हुए सभी 39 भारतीय मारे गए : सुषमा स्वराज

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को कहा कि इराक के मोसुल में लापता हुए 39 भारतीय मारे जा चुके हैं। उन्होंने यह बात राज्यसभा में कही।

सुषमा ने बताया कि सोमवार को उन्हें जानकारी मिली कि 38 लोगों का डीएनए सैम्पल मैच हो गया है और 39वें व्यक्ति का 70 फीसदी मैच हुआ है। साथ ही, यह भी बताया कि शव जल्द ही भारत वापस लाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, ''जनरल वीके सिंग इराक जाएंगे और सभी 39 भारतीय नागरिकों का शव वापस लाएंगे। इराक से शव लेकर भारत आने वाला विमान सबसे पहले अमृतसर जाएगा, फिर पटना और फिर कोलकाता।''

दरअसल, मोसुल से 39 भारतीयों के लापता होने की खबर सामने आई थी। उस वक्त विदेश मंत्री की तरफ से इराक की किसी जेल में भारतीय नागरिकों के बंद होने की संभावना जताई गई थी। ये सभी नागरिक साल 2014 से ही इराक से लापता हुए थे।

नवाज शरीफ के घर के पास तालिबान ने फिदायीन हमला किया, 10 की मौत, 25 घायल

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के लाहौर स्थित घर के पास पुलिस जांच चौकी पर तालिबान के एक किशोर फिदायीन के हमले में छह पुलिसकर्मियों समेत 10 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हुए।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट बुधवार रात पुलिस जांच चौकी के पास हुआ। यह विस्फोट शरीफ परिवार के घर से कुछ किलोमीटर दूर और तबलीगी जमात सेंटर की सभा के नजदीक हुआ। बचाव 1122 के प्रवक्ता जे सज्जाद ने पी टी आई को बताया था, ''नौ लोगों की मौत हुई है, जिसमें दो इंस्पेक्टर और तीन कांस्टेबल शामिल हैं।'' तबलीगी जमात के रैविंद मर्कज पर हमले में जख्मी हुए एक पुलिसकर्मी की गुरुवार को मौत हो गई। इसी के साथ मरने वलों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।

सज्जाद ने कहा कि 25 घायलों में करीब 14 पुलिसकर्मी शामिल हैं। उनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई गई है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने खबर दी है कि संघीय जांच एजेंसी (एफ आई ए) के मुताबिक, चार आतंकवादियों ने तबलीगी जमात की सभा में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। एक हमलावर ने खुद को उड़ा लिया, जबकि बाकी मौके से भाग गए।

पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक (आई जी) आरिफ नवाज ने पुष्टि की कि यह फिदायीन हमला था जिसे एक किशोर ने अंजाम दिया था। उसने जांच चौकी के पास खुद को उड़ा लिया।

लाहौर के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डी आई जी) डॉ हैदर अशरफ ने बताया कि तबलीगी जमात सेंटर के पास बनी पुलिस चौकी पर एक किशोर ने खुद को उड़ा लिया, जहां कम से कम 14 पुलिसकर्मी मौजूद थे। बहरहाल, उन्होंने किशोर की सटीक उम्र नहीं बताई। उन्होंने कहा कि हमले का निशाना पुलिसकर्मी थे। कुछ पुलिसकर्मियों की हालत नाजुक है। अधिकारी ने कहा कि फिदायीन हमलावर के शरीर के कुछ अंग भी बरामद कर लिए गए हैं। इस बीच हजारों लोगों ने हमले के शिकार लोगों के जनाजे में शिरकत की। पुलिसकर्मियों  के अंतिम संस्कार में पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ भी मौजूद थे।

यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। निसार पुलिस चौकी पर विस्फोट के बाद धुएं का गुबार भी देखा गया। कुछ खबरों में बताया गया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने हमले की जिम्मेदारी ली है। प्रतिबंधित संगठन ने पुलिसकर्मियों पर और हमलों की धमकी भी दी है। यह फिदायीन हमला लाहौर में होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग के सेमीफाइनल मैच से एक हफ्ता पहले हुआ है।

अशरफ ने कहा कि यह मैच अपने कार्यक्रम के मुताबिक होगा और इस बाबत सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स और त्वारित प्रतिक्रिया बल मौके पर पहुंच गया है और पुलिस के साथ इलाके को घेर लिया है। राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई नहीं रुकेगी।

वाम गठबंधन की विद्या देवी भंडारी नेपाल की राष्ट्रपति निर्वाचित

विद्या देवी भंडारी मंगलवार को नेपाल के राष्ट्रपति के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए निर्वाचित हुई। भंडारी सत्ताधारी वाम गठबंधन की उम्मीदवार थी। उन्हें दो प्रमुख मधेसी दलों का समर्थन हासिल था। उन्होंने मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस की कुमारी लक्ष्मी राय को शिकस्त दी।

निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नवराज ढकाल ने बताया कि नेपाल में राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भंडारी को 39,275 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राय को 11,730 मत प्राप्त हुए।

नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी-यू एम एल नेता भंडारी पहली बार 28 अक्टूबर 2015 को नेपाल की राष्ट्रपति निर्वाचित हुई थी। दिवंगत कम्युनिस्ट नेता मदन भंडारी की पत्नी विद्या देवी भंडारी अपने स्कूली दिनों से ही राजनीति में सक्रिय रही है। हालांकि, वह एक सड़क हादसे में अपने पति के असामयिक निधन के बाद चर्चा में आई।

उन्होंने 1994 और 1999 में संसदीय चुनाव में जीत हासिल की थी। वह देश की रक्षामंत्री भी रह चुकी है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी-यू एम एल में तब उनका प्रभाव काफी बढ़ गया, जब वह बुटवल में आयोजित पार्टी के आठवें सम्मेलन मे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई। माना जाता है कि भंडारी पार्टी के अध्यक्ष व नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की विश्वस्त हैं।

बांग्लादेश का विमान काठमांडू एयरपोर्ट पर क्रैश, 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका

यूएस-बांग्ला एअरलाइंस का एक विमान सोमवार को नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टी आई ए) पर उतरने के बाद रनवे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। एक शीर्ष नेपाली अधिकारी ने यह जानकारी दी। बोम्बार्डियर डैश8 क्यू400 विमान में 67 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

टी आई ए प्रवक्ता प्रेमनाथ ठाकुर ने बताया कि विमान उतरते समय रनवे पर लड़खड़ा गया और इसमें आग लग गई तथा यह हवाई अड्डे के पास एक फुटबाल मैदान में जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

'माई रिपब्लिका' ने टी आई ए के महाप्रबंधक राज कुमार छेत्री के हवाले से बताया, ''हादसे में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। हम राहत एवं बचाव अभियान चला रहे है।''

हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए जिन्हें इलाज के लिए काठमांडू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जिसमें से सात मृत थे। शेष घायलों का इलाज चल रहा है। विमान, यू बी जी 211, ढाका (बांग्लादेश) से काठमांडू आ रहा था। विमान ने ढाका से उड़ान भरी थी और यह अपराह्न दो बजकर 20 मिनट (स्थानीय समय) पर हवाई अड्डे पर उतरा।

फुटबाल मैदान से काले धुएं की लपटें उठती हुई देखी जा सकती थी। हिमालयन टाइम्स ने हवाई अड्डे के एक अधिकारी के हवाले से बताया, ''विमान रनवे पर फिसल गया और उसमें तुरन्त आग लग गई।'' अधिकारियों ने हालांकि बताया कि दुर्घटना का कारण तकनीकी गड़बड़ी भी हो सकता है।

'काठमांडू पोस्ट' ने नेपाली नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के महानिदेशक संजीव गौतम के हवाले से बताया, ''विमान को रनवे के दक्षिण की ओर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन यह उत्तर की ओर उतरा।''

उन्होंने बताया कि रनवे पर उतरने के प्रयास में विमान ने संतुलन खो दिया। गौतम ने कहा, ''हम इस असामान्य  लैंडिंग के पीछे के कारण का पता लगा रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि इस हादसे का कारण तकनीकी गड़बड़ी भी हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

रूस का प्लेन सीरिया में क्रैश, 32 लोगों की मौत

मंगलवार को रूस का यात्री वाहक विमान सीरिया में क्रैश हो गया।  इस विमान दुर्घटना में प्लेन में मौजूद सभी 32 लोगों की मौत हो गई है।

इस बात की पुष्टि रूस के रक्षा विभाग के हवाले से वहां की न्यूज़ एजेंसी ने की है। मरने वालों में 26 यात्रियों समेत चालक दल के छह सदस्य हैं।

रूसी मीडिया की ख़बरों के अनुसार, ये दुर्घटना सीरिया के तटीय शहर लताकिया के पास हुई। शुरुआती ख़बरों के अनुसार, रूस का ये विमान खमेमिम एयरबेस पर उतरते हुए हादसे का शिकार हुआ।