विदेश

ट्रंप ने चीन से सारे संबंध तोड़ने की धमकी दी

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कोरोना महामारी को लेकर चीन की निंदा की है और उससे सारे संबंध तोड़ लेने की धमकी दी है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने फ़ॉक्स बिज़नेस को एक इंटरव्यू में कहा, ''हम बहुत कुछ कर सकते हैं। हम सारे संबंध ख़त्म कर सकते हैं।''

ट्रंप ने फिर ख़ुद ही पूछा, ''अगर ऐसा हुआ, तो क्या होगा?'' और जवाब दिया, ''आप 500 अरब डॉलर बचा लेंगे अगर आपने सारे संबंध तोड़ लिए तो।''

ट्रंप का इशारा चीन के साथ द्विपक्षीय व्यापार में अमरीका के विशाल घाटे की ओर था।

अमरीका पिछले कुछ समय से चीन पर वायरस को लेकर मुआवज़ा देने के लिए दबाव बना रहा है।

अमरीका चीन पर महामारी की शुरुआती जानकारी छिपाने का आरोप लगाता है।

पर चीन लगातार इससे इनकार करता रहा है।

ट्रंप के चीन-विरोधी बयानों को कई लोग नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की रणनीति के तौर पर भी देख रहे हैं।

भारतीय नौसेना मालदीव से सैकड़ों भारतीयों को वापस ला रही है

विदेशों में फँसे हज़ारों भारतीयों की सुरक्षित वापसी के अभियान 'वंदे भारत' में भारत की नौसेना भी हाथ बँटा रही है।

नौसेना ने मालदीव से 700 से ज़्यादा नागरिकों को वापस लाने का मिशन शुरू किया है।

इससे पहले दुबई और अबू धाबी से दो विमान 300 से ज़्यादा भारतीय लोगों को लेकर वापस लौटे।

सिंगापुर से भी एक विमान 234 यात्रियों को लेकर दिल्ली लौटा।

अगले एक हफ़्ते में भारत से 12 देशों में 64 फ़्लाइट जाएँगी जो लगभग 15,000 भारतीयों को स्वदेश लाएँगी।

समझा जा रहा है कि इस अभियान के तहत अंततः 2,00,000 (दो लाख) भारतीयों को विदेशों से वापस लाया जाएगा।

ये अभियान 1990 के खाड़ी युद्ध के बाद से भारत का ऐसा सबसे बड़ा अभियान बताया जा रहा है जब कुवैत में फँसे 1,70,000 भारतीयों को वापस लाया गया था।

चीन कोरोना वायरस पर अंतरराष्ट्रीय समीक्षा का समर्थन करेगा

चीन ने कहा है कि वो कोरोना महामारी ख़त्म होने के बाद संक्रमण को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की अगुआई में होने वाली समीक्षा का समर्थन करेगा।

चीन इससे पहले इस वायरस के जन्म के बारे में स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जाँच की माँग को ख़ारिज करता रहा था जिसके बाद उस पर दबाव बढ़ता जा रहा था।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चनयिंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन इस वायरस के जन्म के बारे में वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन के किसी भी प्रयास के साथ सहयोग करेगा।

मगर उन्होंने इसे जाँच मानने से इनकार कर दिया।

प्रवक्ता ने कहा कि समीक्षा को ये पता लगाना चाहिए कि महामारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का अनुभव कैसा रहा और उनमें क्या कमियाँ रहीं?

साथ ही इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन के काम को और मज़बूत करना चाहिए और ऐसी बड़ी बीमारियों के फैलने पर अंतरराष्ट्रीय तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देना चाहिए।

कोरोना महामारी: अमरीका में 2.05 करोड़ लोगों की नौकरियां गईं, बेरोज़गारी दर हुई 14.7 फीसदी

कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल अप्रैल में अमरीका में 2.05 करोड़ लोग बेरोज़गार हुए हैं जिसके बाद यहां बेरोज़गारी दर बढ़ कर 14.7 फीसदी हो गई है।

1930 में आए ग्रेट डिप्रेशन के बाद से ये बेरोज़गारी दर अब तक सबसे ज्यादा है।

दो महीने पहले तक देश में बेरोज़गारी की दर 3.5 फीसदी थी जो बीते पचास सालों में सबसे कम था।

हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्हें बेरोज़गारी दर के बढ़ने की पूरी आशंका था और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में अर्थव्यवस्था में विकास होगा।

फॉक्स न्यूज़ चैनल पर एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अप्रैल में नौकरियां जाने की बात ''चौंकाने वाली'' नहीं है और इसकी उन्हें ''पूरी आशंका'' थी।

फॉक्स ऐंड फ्रेंड्स नाम के इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि "इसके लिए डेमोक्रेट नेता भी उन्हें दोष नहीं दे रहे। लेकिन जो काम मैं कर सकता हूं वो है इन नौकरियों को फिर से वापस लाना।''  

कोरोना महामारी की शुरुआत के वक्त से ही इसका असर अमरीका की अर्थव्यवस्था पर पड़ता दिख रहा है और यहां बीते सालों की अपेक्षा विकास दर में गिरावट नज़र आ रही है।

कोरोना के कारण दुकानें बंद हैं और रीटेल सेल्स में रिकॉर्ड गिरावट आई है।

सरकार के ब्यूरो ऑफ़ लेबर स्टैटिस्टिक्स की प्रमुख रह चुकी अर्थशात्री एरिका ग्रोशेन मौजूदा स्थिति को ऐतिहासिक बताती हैं। वो कहती हैं, "इस महामारी से मुक़ाबला करने के लिए हमने अपनी अर्थव्यवस्था को एक तरह के कोमा में डाल दिया है। इसका नतीजा ये हुआ है कि बड़े पैमाने पर लोगों की नौकरियां छिन गई हैं।''

एरिका ग्रोशेन फ़िलहाल कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में पढ़ाती हैं।

अमरीकी लेबर विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अर्थव्यवस्था के सभी सेक्टर में गिरावट दर्ज की जा रही है।

सबसे अधिक प्रभावित हॉस्पिटालिटी सेक्टर है जहां क़रीब 77 लाख नौकरियां गई हैं। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में करीब 25 लाख नौकरियां और रीटेल सेक्टर में क़रीब 21 लाख लोगों की नौकरियां गई हैं।

लेबर विभाग का कहना है कि 1.81 करोड़ नौकरियां अस्थाई रूप से गई हैं और कंपनियों को उम्मीद है कि स्थिति में सुधार के साथ अर्थव्यवस्था भी फिर से दुरुस्त हो जाएगी।

हालांकि अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस महामारी के कारण कंपनियों के काम करने के तरीकों में बदलाव होगा और इसका असर लंबे वक्त तक रह सकता है।

उनका मानना है कि लॉकडाउन जितनी अधिक समय तक रहेगा, अर्थव्यवस्था को नुक़सान उतना ही अधिक होगा।

कोरोना वायरस: दुनिया भर में अब तक 1 लाख से ज़्यादा लोगों की मौत

पूरी दुनिया में अब तक 17 लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित

पूरी दुनिया में अब तक कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या 17,21,353 है।

सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों की स्थिति:

    अमरीका - 503,594
    स्पेन -161,852
    इटली - 147,577
    फ़्रांस - 125,942
    जर्मनी - 122,855
    चीन - 83,014
    ब्रिटेन - 79,841
    ईरान - 70,029

दुनिया भर में अब तक 1 लाख से ज़्यादा लोगों की मौत

पूरी दुनिया में अब तक कोरोना वायरस से 104,800 लोगों की मौत हो चुकी है।

सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों की स्थिति:

    इटली - 18,849
    अमरीका - 18,693 (न्यूयॉर्क - 5,820)
    स्पेन -16,353
    फ़्रांस - 13,197
    ब्रिटेन - 9,875
    ईरान - 4,357
    बेल्जियम - 3,346
    चीन (हुबेई) - 3,219
    जर्मनी - 2,736

सऊदी अरब का वीजा पर अहम फ़ैसला

सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार सऊदी अरब के लिए जिनका वीज़ा 25 फ़रवरी और 24 मई के बीच एक्सपायर हो रहा था उसे तीन महीने के लिए बिना कोई शुल्क के बढ़ा दिया गया है।

सऊदी में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कई तरह के क़दम उठाए गए हैं। बड़े शहरों में कर्फ़्यू लगा दिया गया है और ट्रैवेल को भी सीमित कर दिया गया है। सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार वीज़ाधारकों को अवधि बढ़ाने के लिए किसी दफ़्तर में जाने की ज़रूरत नहीं है।

जल्दबाज़ी में लॉकडाउन हटाना और जानलेवा होगा: विश्व स्वास्थ्य संगठन

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए दुनिया भर में चल रहे लॉकडाउन को अगर जल्द ख़त्म किया गया तो मरने वालों की संख्या में तेज़ी आएगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस अडैनम गिब्रियेसस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दुनिया भर के देशों को लॉकडाउन ख़त्म करने को लेकर सतर्क रहने की ज़रूरत है।

यूरोप में कोरोना वायरस की महामारी से इटली और स्पेन सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं। इन दोनों देशों ने पाबंदियों में थोड़ी ढील दी है। हालांकि यहां लॉकडाउन अब भी जारी है। दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 16 लाख से ज़्यादा मामले सामने आ चुके है और एक लाख से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

जेनेवा में एक न्यूज़ कॉन्फ़्रेंस में टेड्रोस ने कहा, ''हम दुनिया भर की सरकारों के साथ लॉकडाउन की पाबंदियों को कम करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं लेकिन इसमें जल्दबाज़ी नहीं दिखानी चाहिए। जल्दबाज़ी में लॉकडाउन हटाने से दुनिया भर में मरने वालों की तादाद और बढ़ सकती है।''

कोरोना वायरस: अमरीका में 24 घंटे में 2100 से ज़्यादा मौतें, चीन में भी बढ़ा संक्रमण

जॉन हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के मुताबिक़ दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी के कारण से 1,02,607 लोगों की मौत हो गई है।

बाल्टीमोर इंस्टिट्यूशन के अनुसार दुनिया भर में 16,81,964 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं जबकि 3,74,509 इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

फ़्रांस में 1,000 और मौतें

फ़्रांस में कोरोना के कारण एक हज़ार और मौतों की पुष्टि हुई है। इनमें से 554 मौतें अस्पतालों में हुई है जबकि 433 केयर और रिटायमेंट होम्स में हुई है।

फ़्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय के निदेशक ज़ेरोम सलोमो ने कहा है कि इसके साथ देश में अब तक कोरोना 13,000 से अधिक जानें ले चुका है।

इटली ने बढ़ाया लॉकडाउन

इटली के प्रधानमंत्री जूज़ेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन को तीन और सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले मंगलवार से कुछ दुकानें खुली रहेंगी। उन्होंने कहा, "ये मुश्किल फ़ैसला है लेकिन हमें ये करना होगा और मैं राजनीतिक तौर पर इसकी ज़िम्मेदारी लेता हूं।''

पहले यह लॉकडाउन तीन अप्रैल तक के लिए था जिसे बाद में 13 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया। अब इसे तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

ट्रंप का वादा, अर्थव्यवस्था पर मानेंगे जानकारों की राय

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो एक दूसरे टास्क फोर्स का गठन कर रहे हैं जिसमें प्रतिबंधों में ढील देने से जुड़े फ़ैसले के लिए एक अलग काउंसिल भी शामिल होगा।

ट्रंप बार-बार इससे इनकार करते रहे हैं और उनका कहना है कि अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के बारे में अभी वो विचार नहीं कर रहे हैं लेकिन अगर जानकार इसकी राय देते हैं तो इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।

तुर्की ने लगाया लॉकडाउन

तुर्की ने इस्तांबुल और अंकारा समेत देश के 31 प्रांतों के कई मुख्य शहरों में दो दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है।

गृह मंत्रालय ने कहा है कि ये लॉकडाउन शुक्रवार की मध्यरात्रि से शुरू होगा और रविवार की मध्यरात्रि तक जारी रहेगा।

देश में कोरोना के कारण अब तक 1006 लोगों की मौत हुई है।

केनी डालग्लिश का कोरोना टेस्ट आया पॉज़िटिव

जाने माने फ़ुटबॉल खिलाड़ी रहे केनी डालग्लिश के परिवार ने कहा है कोरोना वायरस के लिए उनका टेस्ट पॉज़िटिव आया।

उनके परिवार का कहना है कि एक दूसरी बीमारी के कारण अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था।

69 साल के पूर्व फ़ुटबॉल खिलाड़ी और लीवरपूल के मैनेजर रहे केनी को बुधवार को एंटीबायोटिक के एक डोज़ के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनमें कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे लेकिन प्रक्रिया के तहत जब कोरोना के लिए उनका टेस्ट किया गया तो वो पॉज़िटिव मिला।

मौत के आँकड़ों की जाँच करेगा यूके

ब्रिटिश मेडिकल एसोसिएशन के प्रमुख ने कहा है कि सरकार को ये जांच करने की ज़रूरत है कि देश में काले, एशियाई और अल्पसंख्यक मूल के लोग कोरोना संक्रमण के मामलों में अधिक संवेदनशील क्यों हैं?

इससे पहले ये सामने आया था कि यूके में कोरोना के कारण मरने वाले पहले दस डॉक्टरों में सभी काले, एशियाई और अल्पसंख्यक थे।

यूके में मौत का आँकड़ा बढ़ा

यूके में महामारी फैलने के बाद शुक्रवार को एक दिन में सबसे अधिक 980 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद अब तक अस्पतालों में मरने वालों की संख्या 8,958 तक पहुंच गई है।

देश से स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि फ़िलहाल रोज़ाना क़रीब 19,000 टेस्ट किए जा रहे हैं।

ब्रिटिश पीएम की तबीयत में सुधार

ब्रिटिश प्रधानमंत्री के दफ्तर ने कहा है कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की तबीयत में सुधार हो रहा है, "वो अब थोड़ा बहुत चल-फिर सकते हैं।''

गुरुवार को जॉनसन को आईसीयू से बाहर निकाला गया था।

यूके में स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट

देश के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा है कि सरकार इसे लेकर दिशा निर्देश जारी करने वाली है कि किन स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट की ज़रूरत है और किसे नहीं।

उन्होंने कहा कि प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट का इस्तेमाल अस्पताल में इलाज के लिए ही किया जाएगा।

उन्होंने वादा किया कि अगले सप्ताह से अस्पतालों को इसकी सप्लाई शुरु कर दी जाएगी और भविष्य में इन इक्विपमेंट्स का निर्यात भी बढ़ाया जाएगा।

अर्जेंटीना में बढ़ा लॉकडाउन

अर्जेंटीना ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लॉकडाउन 27 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति एल्बेर्तो फर्नांडीज़ ने शुक्रवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में इसकी घोषणा की।

ब्राज़ील में 1000 से ज़्यादा मौतें

दक्षिणी गोलार्ध में ब्राज़ील पहला देश बन गया है जहां कोरोना वायरस के संक्रमण से 1000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। लातिन अमरीकी देश ब्राज़ील में कम से कम 1,068 लोगों की मौत हुई है और संक्रमण के कुल मामले 19,789 हो गए हैं।

ब्राज़ील के ज़्यादातर राज्यों में लॉकडाउन है लेकिन राष्ट्रपति बालसोनारो पाबंदियों को चुनौती देते रहते हैं। विशेषज्ञों की चिंता है कि संक्रमण भीड़भाड़ और हाशिए वाले इलाक़ों में फैला तो ब्राज़ील के लिए इसे कंट्रोल करना आसान नहीं होगा।

अमरीका में एक दिन में 2000 से ज़्यादा लोगों की मौत

कोरोना वायरस के संक्रमण से एक दिन में 2000 से ज़्यादा लोगों की मौत होने वाला अमरीका दुनिया का पहला देश बन गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार पिछले 24 घंटों में अमरीका में 2,108 लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई।

अमरीका में अब तक पाँच लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।  कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक इटली में सबसे ज़्यादा लोगों की जान गई है लेकिन अमरीका इस मामले में इटली को जल्द ही पीछे छोड़ देगा।

हालांकि व्हाइट हाउस के कोविड-19 टास्क फ़ोर्स ने कहा है कि अभी जो संकेत मिल रहे हैं उनसे लगता है कि चीज़ें स्थिर हो रही हैं और मौत की तादाद में कमी आएगी।

अमरीका में अब तक कुल 18,693 लोगों की मौत हो चुकी है और 500,399 लोग संक्रमित हैं। अमरीका में हुई कुल मौतों में 50 फ़ीसदी न्यूयॉर्क में हुई है। इटली में अब तक 18,849 लोगों की मौत हुई है। वैश्विक स्तर पर कोरोना से मरने वालों की संख्या एक लाख से ज़्यादा हो गई है।

भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से कुल 239 मौतें

भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से कुल 239 मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 40 लोगों की जान गई है। संक्रमण के कुल मामले सात हज़ार 447 हो गए हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण के सबसे ज़्यादा 1,364 मामले महाराष्ट्र से हैं।

चीन में संक्रमण के मामले बढ़े

चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण भले ही नियंत्रण में दिख रहा है लेकिन नए मामले आने का सिलसिला थमा नहीं है। चीन के नेशनल हेल्थ कमिशन के अनुसार शुक्रवार को चीन में कोरोना वायरस से संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए। गुरुवार को 42 नए मामले ही सामने आए थे। नेशनल हेल्थ कमिशन के अनुसार इन 46 में से 34 वैसे मामले हैं जिनमें स्पष्ट लक्षण नहीं दिख रहे। चीन में इसके साथ ही कोरोना से संक्रमण के कुल मामले 81 हज़ार 953 पहुंच गए हैं।

ट्रंप के पलटवार की धमकी पर भारत ने क्या कहा?

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों में मलेरिया की दवाई को मददगार माना जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी को फ़ोन कर मलेरिया की दवाई हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन भेजने का अनुरोध किया था। भारत ने इस दवाई के निर्यात पर प्रतिबंध लगाकर रखा है क्योंकि घरेलू खपत ही बहुत ज़्यादा है।

सोमवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने यहां तक कह दिया कि अगर भारत ने दवाई नहीं भेजी तो अमरीका जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

मंगलवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने इस बारे में बयान जारी किया है और स्थिति स्पष्ट की है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, ''कुछ मीडिया संस्थान कोविड-19 से जुड़ी दवाओं और फ़ार्मास्युटिकल्स को लेकर बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं। किसी भी ज़िम्मेदार सरकार की तरह हम पहले यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारे पास अपने लोगों के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हो। इस लिहाज़ से कुछ दवाओं के निर्यात को रोकने के लिए अस्थायी क़दम उठाए गए थे। इसके साथ ही अलग-अलग परिस्थितियों में संभावित ज़रूरतों को लेकर भी विचार किया गया। ज़रूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि होने के बाद रोक हटा दी गई है। सोमवार को डीजीएफ़टी ने 14 दवाओं पर लगी रोक हटाने की जानकारी दी है। पैरासीटामॉल और हाइड्रोक्लोरोक्वीन को लाइसेंस की कैटिगरी में रखा जाएगा और उनकी मांग पर लगातार नज़र रखी जाएगी। हालांकि स्टॉक की स्थिति देखते हुए हमारी कंपनियां अपने कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक़ निर्यात कर सकती हैं।''

उन्होंने कहा, ''कोरोना वायरस महामारी की गंभीरता को देखते हुए भारत ने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मज़बूत एकजुटता और सहयोग दिखाना चाहिए। इस दृष्टि से अन्य देशों के नागरिकों की निकासी को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। महामारी के मानवीय पहलुओं के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है कि भारत अपने सभी पड़ोसी देशों, जो हमारी क्षमताओं पर निर्भर हैं, में उचित मात्रा में पैरासीटामॉल और एचसीक्यू के लाइसेंस देगा। महामारी से बुरी तरह प्रभावित हुए कुछ देशों को भी हम इन ज़रूरी दवाओं की आपूर्ति करेंगे। इसलिए हम इस संबंध में किसी भी तरह की अटकलें या राजनीति को ख़ारिज करेंगे।''

ट्रंप के पलटवार की 'धमकी' पर राहुल गांधी का ट्वीट

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है, ''दोस्ती पलटवार के लिए नहीं होती है।  भारत को मुश्किल घड़ी में सभी देशों को मदद करनी चाहिए, लेकिन जीवनरक्षक दवाईयां भारतीयों के लिए पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होनी चाहिए।''

लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत

लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री महमूद जिब्रील की मिस्र के एक अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई है।

स्थानीय मीडिया की ख़बर के अनुसार, जिब्रील की राजनीतिक पार्टी नेशनल फोर्सेज़ अलायंस का कहना है कि 26 मार्च को उनका टेस्ट पॉज़ीटिव आया था।

जिब्रील के फ़ेसबुक पेज पर एक मजहबी संदेश अपडेट किया गया है, जिसे आमतौर पर तब इस्तेमाल करते हैं जब किसी की मौत हो जाती है।