भारत

कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी की हार

लोकसभा की 4 सीटों और 10 विधानसभा सीटों पर सोमवार को हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। नूरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव समाजवादी पार्टी के नईमुल हसन ने बीजेपी को 6211 वोटों से हराया।

वहीं कैराना उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय लोक दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं तबस्सुम ने बीजेपी प्रत्याशी मृगांका सिंह को 49,494 वोटों से हराया है।

हालांकि नतीजों के आने से पहले रूझानों के दौरान बीजेपी की उम्मीदवार मृगांका सिंह ने हार मान ली थी। मृगांका सिंह ने कहा कि चुनाव में गठबंधन की ताकत दिखी।

उपचुनाव में इन सभी सीटों में से सबसे ज्यादा नजर उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट पर थी। यहां बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी पार्टियां राष्ट्रीय लोक दल उम्मीदवार का समर्थन कर रही थी और आखिर में वह इसमें सफल भी हुई।

सोमवार को हुए मतदान में काफी जगह ईवीएम-वीवीपैट में गड़बड़ी की खबरें आई थीं, जिसके बाद उत्तर प्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया लोकसभा और नगालैंड की एक विधानसभा सीट के कुछ पोलिंग बूथों पर दोबारा वोट डलवाए गए थे। कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह और नूरपुर में भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान के निधन के कारण उप चुनाव हुए थे।

10 लाख बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, बैंकिंग सेवाएं दो दिन ठप रहेंगी

भारत में सरकारी बैंकों के प्रबंधन भारतीय बैंक संघ के दो प्रतिशत वेतन वृद्धि के प्रस्ताव के विरोध में बैंक कर्मियों की दो दिवसीय हड़ताल आज से शुरु हो गई। इसके चलते देशभर के सरकारी बैंकों में बैंकिंग सेवाएं बाधित रहीं। हालांकि निजी क्षेत्र के आई सी आई सी आई बैंक, एच डी एफ सी बैंक और एक्सिस बैंक में काम सामान्य तौर पर चल रहा है। सिर्फ चेक क्लियरेंस जैसी कुछ सेवाएं बाधित हुई हैं।

हड़ताल के महीने के आखिर में पड़ने से बैंक शाखाओं से वेतन की निकासी प्रभावित हुई है, वहीं कुछ एटीएम मशीनों के प्रभावित होने की भी संभावना है। इसके अलावा शाखाओं में जमा, सावधि जमा का नवीनीकरण, सरकारी खजाने से जुड़े काम, मुद्रा बाजार से जुड़े इत्यादि अन्य कामों पर इस हड़ताल का असर देखा जा सकता है।

अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव सी एच वेंकटाचलम ने कहा कि बैंक और उनके कर्मचारी संघों के बीच कई दौर की वार्ताओं के विफल होने के बाद यूनियन फोरम ऑफ बैंकिंग यूनियन (यू एफ बी यू) ने प्रस्तावित दो प्रतिशत वेतन वृद्धि के विरोध में दो दिन की हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है क्योंकि पिछली बार 15 फीसदी की वेतन वृद्धि दी गई थी। यू एफ बी यू नौ बैंकों के कर्मचारी संघों का सम्मिलित संगठन है।

अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (ए आई बी ओ सी) के संयुक्त महासचिव रविंद्र गुप्ता ने कहा, ''इस तरह की वेतन वृद्धि का प्रस्ताव, एक तरह से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मियों का अपमान है। हमारे पास हड़ताल पर जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।''

उन्होंने कहा कि सरकार की मुद्रा योजना, जनधन योजना और नोटबंदी जैसी सभी योजनाओं की सफलता सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक सुनिश्चित करते हैं और बदले में उसके कर्मचारियों को सिर्फ दो प्रतिशत वेतन वृद्धि की पेशकश की जाती है। यह उन बैंक कर्मियों के साथ अन्याय है जो देश निर्माण में कठिन परिश्रम करते हैं।

वेंकटाचलम ने कहा कि देशभर में करीब 10 लाख बैंक कर्मी इस हड़ताल में भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि भारत में 21 सरकारी बैंकों की करीब 85,000 शाखाएं हैं जिनकी बाजार हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत है। इस हड़ताल में शामिल होने की जानकारी भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अधिकतर बैंकों ने पहले ही दे दी थी।

भारत में मुद्रा योजना के 39.12 लाख खाते एनपीए में तब्दील

भारत में केंद्र में मोदी सरकार के चार साल पूरे होने को लेकर पीएम मोदी ने मंगलवार को मुद्रा योजना को लेकर बात की। इस पूरी बातचीत के दौरान उन्होंने इस योजना की उपलब्ध‍ियां गिनाईं।

भारत के प्रधानमंत्री एक तरफ मुद्रा योजना को लेकर तारीफ कर रहे हैं तो दूसरी तरफ मुद्रा योजना के तहत सारा पैसा बेड लोन बनता जा रहा है।

बता दें कि पिछले तीन साल से चल रही मुद्रा योजना में बैड लोन 11300 करोड़ के आँकड़े को पार कर चुका है। इस पूरे मामले को लेकर जब एक व्यक्ति ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी माँगी तो मिली जानकारी में बड़ा खुलासा हुआ। दरअसल ये जानकारी खुद वित्त मंत्रालय ने आर टी आई के जवाब में दी है।

वित्त मंत्रालय के जवाब के मुताबिक, 30 जून, 2017 तक मुद्रा योजना के 39.12 लाख खाते एन पी ए में तब्दील हो चुके हैं। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इन खातों में 11317.64 करोड़ रुपये बैड लोन बन चुके हैं। जो कि कोई छोटी रकम नहीं है।

गौरतलब है कि मोदी सरकार जब से सत्ता में है, एन पी ए में लगातार इजाफा होता जा रहा है।

नीतीश कुमार बीजेपी से असहमत, विशेष राज्य का मुद्दा उठाया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्र की मोदी सरकार के बीच दूरियां लगातार बढ़ती जा रही है। खबर है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने से नीतीश कुमार नाराज हैं।

हाल ही में उन्होने नोटबंदी के विरोध में बयान दिया था अब खबर आ रही है कि 'एक देश, एक चुनाव' के आइडिया पर भी असहमत हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर नाराजगी भरा ट्वीट भी किया है।

खबर है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग के लिए जनता दल यूनाइटेड आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रही है। इस मुद्दे पर राम विलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा नीतीश के साथ हैं। नीतीश कुमार चाहते हैं कि मोदी सरकार डबल इंजन के वादे को निभाए। विशेष राज्य का दर्जा एक बड़ा मुद्दा है। नीतीश अब इस पर जोर दे रहे हैं। हर मंच से नीतीश और उनकी पार्टी के नेता इस मुद्दे को उठा रहे हैं।

बैंकों के रवैये पर नीतीश शुरू से उंगली उठाते आए हैं। बिहार में क्रेडिट-डिपोजिट अनुपात महज 38 फीसदी है।

नीतीश बार-बार नाराजगी जताते आए हैं कि बैंक बिहार में लोन क्यों नहीं देना चाहते। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया है कि बिहार के लोगों के जमा पैसे का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में लोन देने के लिए हो रहा है।

कैराना में 73 बूथों पर दोबारा मतदान होगा, चुनाव आयोग निर्णय लेगा

उत्तर प्रदेश के कैराना में हुए उपचुनावों के दौरान ईवीएम में खराबी को लेकर आरएलडी और समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को शिकायत पत्र सौंपा था, जिसे लेकर अब खबर आ रही है कि यहां के 73 बूथों पर पुनर्मतदान हो सकता है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संस्तुति भेजी है और चुनाव आयोग इस बारे में अंतिम निर्णय लेगा।

बता दें कि सभी दलों द्वारा पुनर्मतदान की मांग के बाद राज्य चुनाव आयोग ने शामली जिले के डीएम से रिपोर्ट माँगी थी। शामली के जिलाधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग को उन बूथों पर पुनर्मतदान कराए जाने की अनुशंसा की है, जिन बूथों पर वी वी पैट में खराबी की वजह से 2 घंटे से अधिक मतदान बाधित रहा।

अब राज्य निर्वाचन आयोग इस संस्तुति को केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजेगा। हालांकि, पुनर्मतदान पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव आयोग को लेना है।

गौरतलब है कि कैराना और नूरपुर में मतदान के शुरू होते ही एक के बाद एक कई ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान सुचारू रूप से नहीं हो पाने की शिकायतें मिलने लगीं। इसके बाद सपा और रालोद ने बीजेपी पर लोगों के मताधिकार का प्रयोग नहीं करने देने का आरोप लगाते हुए इसे बड़ी साजिश करार दिया।

हालांकि केंद्रीय चुनाव आयोग का कहना है कि ईवीएम में गड़बड़ी नहीं थी। वी वी पैट में खराबी की शिकायत मिली है।

चुनाव आयोग ने कहा, गर्मी के कारण ईवीएम में खराबी आ रही है

भारत की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। सुबह से मतदाता वोटिंग के लिए लाइन में लगे हुए हैं। हालांकि, कैराना-नुरपूर समेत कई जगहों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी आई है जिसके कारण वोटिंग प्रभावित हुई है। ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायतों के बाद विपक्ष ने इसे बीजेपी की साजिश बताया है।

उत्तर प्रदेश की कैराना, नूरपुर और महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया में सोमवार को वोटिंग के दौरान कई ईवीएम मशीने खराब होने की शिकायतें मिलीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयोग ने इसकी एक वजह भीषण गर्मी को भी बताया है। चुनाव आयोग ने ईवीएम में तकनीकी खराबी पर कहा कि भीषण गर्मी के कारण ईवीएम मशीनों के सेंसर में गड़बड़ी आई है।

कैराना संसदीय क्षेत्र में आने वाले शामली के डी एम इंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक तेज गर्मी के कारण वीवीपैट मशीनों के सेंसर में गड़बड़ी आ रही है। टेक्निकल अफसर उसे ठीक कर रहे हैं। सोमवार सुबह ईवीएम में खराबी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। कैराना में आरएलडी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी की।

महाराष्ट्र में भंडारा-गोंदिया और पालघर लोकसभा उपचुनाव के तहत हो रहे मतदान के दौरान कई जगहों से ईवीएम खराब होने की सूचना मिली। भारिप बहुजन महासंघ के नेता एवं पूर्व सांसद प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि करीब 450 ईवीएम में खराबी आई। इस संबंध में एक चुनाव अधिकारी ने कहा, ''भंडारा-गोंदिया और पालघर संसदीय क्षेत्र में कुछ जगहों से तकनीकी खराबी के कारण ईवीएम और वीवीपैट मशीनें खराब होने की सूचना मिली थी। उन्हें बदल दिया गया है।''

बता दें कि ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर कैराना लोकसभा सीट से आरएलडी उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है। चुनाव आयोग ने कुछ वोटिंग मशीनों के खराब होने की बात स्वीकारी, लेकिन साथ ही भरोसा दिलाया कि सभी वोटर्स को मतदान का मौका मिलेगा।

समाजवादी पार्टी, आरएलडी ने ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका जताई

आज भारत के कई राज्यों में 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इस उपचुनाव में कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा की सीटें भी शामिल है। इन सबके बीच कई जगहों पर ईवीएम मशीन में गड़बड़ी की खबरें भी आ रही हैं। ईवीएम मशीनों में खराबी की शिकायत को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि इतने जगहों पर ईवीएम मशीनों में खराबी का मामला बेहद संगीन है।

समाजवादी पार्टी का कहना है कि निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है, लिहाजा चुनाव आयोग इसमें हस्तक्षेप करे।

राजेन्द्र चौधरी ने चुनाव आयोग से चुनाव स्थगित करने की मांग की है। बीजेपी पर आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से पुनर्मतदान की तारीख घोषित करने की अपील की है।

राजेंद्र चौधरी ने कहा कि नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में 305 मतदान केंद्रों में से 140 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। कैराना में 130 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। सरकार की मंशा यही है कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग ना कर पाएं, समाजवादी पार्टी ने इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग में की है और सभी मतदान केंद्रों की लिस्ट आयोग को भेजी गई है।

वहीं कैराना लोकसभा सीट से आरएलडी प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भी ईवीएम में गड़बड़ को लेकर आशंका जताई है। अपना वोट डालने के बाद उन्होंने ईवीएम के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा और कहा कि मुस्लिम और दलित बाहुल्य इलाकों में ईवीएम में खराबी की शिकायतें आ रही हैं और उन्हें बदला नहीं गया है।

वहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर ईवीएम मशीन में गड़बड़ी पर सवाल उठाया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि उपचुनाव में जगह-जगह से ईवीएम मशीन के खराब होने की खबरें आ रही हैं, लेकिन अपने मताधिकार के लिए जरूर जाएं और अपना कर्तव्य निभाएं।

भारतीय सेना ने मेजर लीतुल गोगोई के खिलाफ कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए

भारतीय सेना ने मेजर नितिन लीतुल गोगोई के खिलाफ कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। इससे पहले भारत के सेना प्रमुख बिपिन रावत ने आज कहा कि यदि मेजर लीतुल गोगोई किसी अपराध के दोषी पाये जाते हैं तो उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, 23 मई को श्रीनगर में जब मेजर गोगोई 16 साल की एक नाबालिग कश्मीरी लड़की के साथ होटल में घुसने की कोशिश कर रहे थे, तब होटल में कहासुनी होने पर उन्हें पुलिस ने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।

आर्मी चीफ रावत ने आर्मी गुडविल स्कूल जाते समय पहलगाम में संवाददाताओं से कहा, ''यदि भारतीय सेना का कोई भी अधिकारी किसी भी अपराध का दोषी पाया जाता है तो हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे।'' उन्होंने कहा, ''यदि मेजर गोगोई ने कुछ गलत किया है तो मैं आपको आश्वासन देता हूँ कि उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाएगी। यह सजा एक मिसाल कायम करेगी।''

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गोगोई से जुड़ी इस घटना की जांच शुरु कर दी है। पिछले साल कश्मीर में अपने वाहन के बोनट पर एक कश्मीरी युवक को बांधने के कारण मेजर गोगोई के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया था। बाद में मेजर गोगोई को क्लीनचिट दे दिया गया था और सरकार ने गोगोई को पुरस्कार भी दिया था।

कर्नाटक में सीएम कुमारस्वामी ने विश्वासमत हासिल किया, समर्थन में 117 वोट मिले

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है। जे डी एस-कांग्रेस सरकार के समर्थन में 117 वोट पड़े। 58 वर्षीय कुमारस्वामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

वहीं विधानसभा में विपक्षी दल के नेता बी एस येदियुरप्पा ने बीजेपी विधायकों के साथ सदन का बहिष्कार किया।

विश्वास मत प्रस्ताव से पहले आज कांग्रेस के श्रीनिवासपुर से विधायक रमेश कुमार को कर्नाटक विधानसभा का नया स्पीकर चुना गया है। बीजेपी ने स्पीकर पद पर दावेदारी पेश की थी, लेकिन मतदान से पहले उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया। बीजेपी नेता बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि वह स्पीकर पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार का नॉमिनेशन वापस ले रहे हैं क्योंकि स्पीकर पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए वह चाहते हैं कि चुनाव सर्वसम्मति से हो।

विधानसभा के अध्यक्ष आर रमेश कुमार ने कहा कि गोविंद कारजोल विपक्ष के उपनेता होंगे।

बीजेपी विधायक दल के नेता बी एस येदियुरप्पा को कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया।

विश्वास प्रस्ताव पेश करने के बाद सी एम कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे का शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पिता और पूर्व पी एम एच डी देवगौड़ा ने कहा था कि अगर वे बीजेपी से हाथ मिलाते तो पूरा परिवार उन्हें छोड़ देता।

नाबालिग कश्मीरी लड़की के साथ होटल में मेजर गोगोई के पकड़े जाने पर आर्मी चीफ ने कहा, दोषी साबित होने पर कड़ी कार्रवाई होगी

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में बुधवार को एक 16 साल की नाबालिग कश्मीरी लड़की के साथ राष्ट्रीय रायफल्स के ऑफिसर मेजर गोगोई को होटल से पकड़े जाने के बाद भारत के सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत ने शुक्रवार को कहा कि अगर मेजर गोगोई को नियम का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनरल विपिन रावत ने कहा, ''भारतीय सेना का कोई भी जवान, वो चाहे किसी भी रैंक का हो, अगर वो गलत करता हुआ पाया जाता है और हमारे नोटिस में आता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''

पहलगाम में आर्मी गुडविल स्कूल दौरे के वक्त संवाददाताओं से बात करते हुए जनरल रावत ने कहा, ''अगर मेजर गोगोई ने कुछ भी गलत किया है तो मैं आपको यह आश्वासन देता हूँ कि उन्हें सज़ा दी जाएगी। और मैं उन्हें ऐसी सज़ा दूंगा जो बाकियों के लिए उदाहरण बन जाएगी।''