भारत

भारत में लगातार 12वें दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी

भारत में डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही है। भारत में डीजल और पेट्रोल की कीमतें आज लगातार 12वें दिन भी बढ़ती हुई नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयीं।

भारत की वाणिज्य नगरी मुंबई में उपभोक्ता को एक लीटर पेट्रोल के लिए 85.65 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। मुंबई में लोगों को दोनों ईंधन के लिए सबसे अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।

मुंबई में पेट्रोल की कीमत आज 36 पैसे बढ़कर 85.65 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई। जबकि डीजल 24 पैसे महंगा हो गया है। एक लीटर डीजल 73.20 रुपये में मिल रहा है।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 36 पैसे बढ़कर 77.83 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 22 पैसे बढ़कर 68.75 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई। कोलकाता में पेट्रोल 80.47 रुपए प्रति लीटर और डीजल 71.30 रुपए प्रति लीटर तथा चेन्नई में पेट्रोल 80.80 रुपए प्रति लीटर और डीजल 72.58 रुपए प्रति लीटर हो गई हैं।

तूतीकोरिन हिंसा: टीएनपीसीबी ने स्टरलाइट प्लांट को तुरंत बंद का आदेश दिया, बिजली काटी गई

भारत में तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (TNPCB) ने तूतिकोरिन में वेदांता के यूनिट स्टरलाइट कॉपर प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। गुरुवार सुबह प्लांट का बिजली आपूर्ति डिस्कनेक्ट कर दिया। संयंत्र को बंद करने के आदेश बुधवार को टी एन पी सी बी के अध्यक्ष द्वारा जारी किए गए थे। सूत्रों ने बताया कि प्लांट को बिजली आपूर्ति गुरुवार सुबह 5.15 बजे डिस्कनेक्ट कर दी गई थी।

टी एन पी सी बी ने कहा कि 18 मई और 19 मई को अपने अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान, यह पाया गया कि इकाई अपने उत्पादन संचालन को फिर से शुरू करने के लिए गतिविधियां कर रही थी।

तूतीकोरिन में स्टरलाइट तांबा संयंत्र को बंद करने को लेकर मंगलवार को पुलिस गोलीबारी में दस लोगों के मारे जाने के बाद बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। बुधवार को प्रदर्शकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बीच पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

तमिलनाडु सरकार ने तूतीकोरिन हिंसा की जांच के लिए मद्रास उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरूणा जगदीशन की अगुवाई में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया है। वह सरकार को अपनी रिपोर्ट सौपेंगे। हालांकि रिपोर्ट सौंपने के लिए समय सीमा का उल्लेख नहीं किया गया है।

तमिलनाडु सरकार ने तूतीकोरिन में लगातार दूसरे दिन की हिंसा के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, तूतीकोरिन के जिला कलेक्टर एन वेंकटेश के स्थान पर तिरूनेवली के जिला कलेक्टर संदीप नंदूरी को लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस गोलीबारी के चलते जिला पुलिस अधीक्षक पी महेंद्रन को चेन्नई स्थानांतरित कर दिया गया है। उनके स्थान पर नीलगिरीस जिला एस पी मुरली रामभा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वेंकटेश को अतिरिक्त राज्य परियोजना अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है।

मद्रास उच्च न्यायालय ने बुधवार को राज्य सरकार को निर्देश दिया कि तूतीकोरिन में 22 मई को स्टरलाइट विरोधी प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मारे गए लोगों के शव अगले आदेश तक संरक्षित रखे जाएं। न्यायमूर्ति टी रवींद्रन और न्यायमूर्ति पी वेलमुरुगन की अवकाश पीठ ने सरकार को वकीलों द्वारा दायर जनहित याचिका पर 30 मई तक जवाबी हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया। याचिकाकर्ताओं ने फिर से पोस्टमार्टम कराने के लिए निजी डाक्टरों की एक टीम गठित करने हेतु अधिकारियों को अंतरिम निर्देश देने का अनुरोध किया।

तमिलनाडु सरकार ने सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलने से रोकने और शांति बहाली के लिए बुधवार को तूतीकोरिन और उसके आसपास के तिरूनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी। सरकार ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश प्रसारित होने का आरोप लगाते हुए एक आदेश में कहा कि ऐसे संदेशों से मंगलवार को तूतीकोरिन में स्टरलाइट कॉपर संयंत्र के खिलाफ करीब 20 हजार लोगों की बड़ी भीड़ एकत्रित हो गई। इसका परिणाम बाद में हिंसा और पुलिस कार्रवाई के तौर पर सामने आया। सरकार ने इन तीन जिलों में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के नोडल अधिकारियों को बुधवार से 27 मई तक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाने का निर्देश दिया।

तूतीकोरिन में दूसरे दिन भी हिंसा के कारण तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित बुधवार को निलगिरिस में अपने ठहराव को रद्द कर चेन्नई लौट आए। पुरोहित, अपने परिवार के साथ 21 मई को वैदिक वार्षिक पुष्प समारोह में भाग लेने के लिए उधगममंडलम चले गए थे। उनका वहां दो जून तक रूकने का कार्यक्रम था।

अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) ने तमिलनाडु में वेदांता स्टरलाइट प्रोजेक्ट के बाहर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दमन के प्रयास की बुधवार को कड़ी भर्त्सना की। एटक ने एक बयान में कहा कि वहां प्रदूषण फैला रहे एक कारखाने का शांतिपूर्ण विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों पर की गई बर्बर कार्रवाई का एटक विरोध करता है और लोगों का आह्वान करता है कि वे आंख मूंद कर कॉरपोरेट हितैषी नीतियाँ अपनाने वाली इस सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुट हों।

वेदांता लिमिटेड ने बुधवार को सरकार से उसके तमिलनाडु के तूतीकोरिन के कॉपर कारखाने के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही कंपनी ने इस संयंत्र के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में लोगों के मारे जाने की घटना पर दुख जताया है। वेदांता लिमिटेड ने बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा कि मंगलवार की घटना पर हमें बेहद दुख है।

तूतीकोरिन हिंसा के विरोध में तमिलनाडु सरकार की निंदा करते हुए नागरिकों के समूह और छात्र संगठनों ने बुधवार को तमिलनाडु भवन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और तमिलनाडु के प्रधान स्थानीय आयुक्त जसबीर सिंह बजाज से बातचीत की मांग की। सुरक्षाकर्मियों ने हालांकि बैरिकेड लगा रखा था और प्रदर्शनकारियों को परिसर के भीतर घुसने से रोका गया।

सरकार चाहे तो तेल की कीमतें 25 रुपये प्रति लीटर तक कम हो सकती हैं : पी चिदंबरम

भारत के पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि सरकार चाहे तो तेल की कीमतें 25 रुपये प्रति लीटर तक कम हो सकती हैं। दामों में वृद्धि के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि कच्चे तेल के दाम कम होने से पेट्रोल पर सरकार 15 रुपये प्रति लीटर बचा रही है। इसके बाद भी प्रति लीटर पेट्रोल पर 10 रुपये अतिरिक्त कर लगाया जा रहा है।

भारत में केंद्र सरकार ने ऐसे संकेत दिए हैं कि वह जल्दबाजी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत का फैसला नहीं करेगी। बल्कि इन स्थितियों से निपटने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर चर्चा कर रही है। ऐसे में कीमतों में राहत के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय आई टी और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर चर्चा भी हुई और चिंता भी है। सरकार ने तेल की कीमतों का नियंत्रण खत्म किया था, जिसके बाद कई बार दाम कम भी हुए हैं। इस संदर्भ में सरकार में चर्चा चल रही है और दीर्घकालिक समाधान पर विचार किया जा रहा है। चर्चा पूरी होने के बाद जो भी निर्णय होगा, वह बताया जाएगा।

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने भी संकेत दिए हैं कि सरकार लोगों को राहत देने के लिए कीमतों की समीक्षा करती है, तो उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के अध्यक्ष मुकेश कुमार सुराना ने कहा कि आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए दामों की समीक्षा जरूरी है।

कर्नाटक: कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

कुमारस्वामी ने आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। इस अवसर पर कई शीर्ष नेता मौजूद थे। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने विधान सभा परिसर में एक भव्य समारोह में कुमारस्वामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वाला ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं दलित नेता जी परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों ही नेताओं ने कन्नड़ में भगवान, किसान और दक्षिणी राज्य की जनता के नाम पर शपथ ली। कुमारस्वामी की तरफ से शुक्रवार को बहुमत साबित करने के बाद अन्य सदस्यों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा।

पारंपरिक धोती और सफेद कमीज पहने कुमारस्वामी ने ईश्वर और कन्नड़ नाडू के लोगों के नाम पर शपथ ली। इस मौके पर राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेताओं समेत गैर बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।

राजनीतिक जगत से दिग्गज हस्तियां मौजूद थी उनमें यू पी ए  की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बी एस पी सुप्रीमो मायावती, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, जनता दल यूनाइटेड से निलंबित हुए शरद यादव, सी पी एम के महासचिव सीताराम येचुरी, एन सी पी नेता शरद पवार और बिहार विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव मौजूद थे।

मुख्यमंत्रियों में ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल), एन. चंद्रबाबू नायडू (आंध्र प्रदेश), पिनारई विजयन (केरल) भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। कांग्रेस और जे डी एस के हजारों समर्थन पूरे राज्य से खासकर मैसूर क्षेत्र से समारोह स्थल पर आए हुए थे।

कश्मीर: महिला के साथ होटल से पकड़े गए मेजर गोगोई, जीप से युवक को बांधकर चर्चा में आए थे

भारत में जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने बुधवार को श्रीनगर में एक होटल से सेना के एक अधिकारी को एक महिला के साथ हिरासत में ले लिया। दोनों को पुलिस थाने ले जाया गया और वहां सेना के अधिकारी को उसकी यूनिट के सुपुर्द कर दिया गया।

इस अधिकारी की पहचान साल 2017 में पथराव की घटना के दौरान बडगाम जिले में एक स्थानीय युवक को अपने वाहन के बोनेट पर बांधने वाले मेजर गोगोई के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि दोपहर 11 बजे होटल ग्रांड से किसी झगड़े के बारे में हमें फोन किया गया।

पुलिस के बयान के मुताबिक, ''एक पुलिस दल को यह मामला सौंपा गया और पता चला कि एक महिला और बडगाम निवासी समीर अहमद नामक एक व्यक्ति किसी व्यक्ति से होटल में मुलाकात करना चाह रहे थे। लेकिन होटल कर्मियों ने उस व्यक्ति से इन लोगों को मुलाकात करने की इजाजत नहीं दी। इस बीच पुलिस होटल पहुंचकर तीनों को पुलिस थाने ले आई।''

पुलिस ने कहा, ''बाद में पता चला कि महिला सेना के अधिकारी से मिलने गई थी। पुलिस ने सेना अधिकारी की पहचान और विवरण ले लिए हैं। इस अधिकारी के बयान को दर्ज करने के बाद उन्हें उनके यूनिट को सौंप दिया गया। वहीं महिला के बयान को भी दर्ज किया गया है।'' पुलिस महानिरीक्षक एस पी पानी ने घटना के संबंध में श्रीनगर (उत्तर) के पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में एस आई टी जांच के आदेश दिए हैं।

भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि से बढ़ेगी महंगाई

भारत में पेट्रोल की लगातार बढ़ती हुई कीमत दिल्ली और मुंबई में अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर पहुंच गई है और सोमवार को यह क्रमश: 76.57 रुपये और 84.49 रुपये रही।

भारत में रविवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने ऊंचाई के अपने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए थे। इससे पहले  2013 में पेट्रोल की कीमतें दिल्ली और मुंबई में क्रमश: 76.24 रुपये और 84.07 रुपये रही थी।

सोमवार को अन्य प्रमुख शहरों जैसे कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पांच साल में सबसे अधिक ऊंची रहीं। सोमवार को कोलकाता में पेट्रोल का मूल्य 79.24 रुपये और चेन्नई में 79.47 रुपये प्रति लीटर रहा।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी का कारण कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी और सरकार द्वारा इन पर वसूले जा रहे कर की उच्च दरें हैं। सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 79 डॉलर प्रति बैरल (एक बैरल में 159 लीटर) रही।

डीजल की कीमतें भी पहले ही अभूतपूर्व स्तर तक पहुंच चुकी है और पूरे भारत में महंगा बिकने का नया रिकार्ड बना रही हैं। सोमवार को दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल क्रमश: 67.82 रुपये, 70.37 रुपये, 72.21 रुपये और 71.59 रुपये प्रति लीटर कीमत पर बिका।

अलीगढ़ में ट्रेनिंग सेंटर में छात्राओं पर धर्म परिवर्तन का दबाव

उत्तर प्रदेश में अलीगढ के कोतवाली अतरौली क्षेत्र में कौशल विकास योजना के अंतर्गत एक ट्रेनिंग सेंटर खोला गया है। इस ट्रेनिंग सेंटर में छात्राओं पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी शिकायत पीड़ित छात्राओं ने एस पी देहात से की है।

अतरौली में रानी अवंतीबाई चौराहे के पास कौशल विकास योजना के अंतर्गत एक सेंटर में छात्राओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाता है। पिछले दिनों कोर्स के लिए एडमिशन हुए है। इसके बाद आस-पास के गांव की दर्जनों छात्राएं यहाँ प्रशिक्षण के लिए पहुंची।

आरोप है कि उन्हें सिर्फ 10 दिन ही हुए थे कि उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाने लगा। मना करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसको लेकर सोमवार को दर्जनभर छात्राएं एस एस पी कार्यालय आ गई। यहां उन्होंने एस पी देहात से मुलाकात कर इस मामले की शिकायत की।

छात्राओं का कहना है ट्रेनिंग सेंटर में खाना अच्छा नही दिया जाता है। शिकायत करने पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। उनका यह भी आरोप है कि सेंटर का एक अधिकारी उन पर कमेंट कसता है। एस पी देहात ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में 6 पुलिसकर्मी शहीद, दो घायल

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा किए बारूदी सुरंग विस्फोट से 6 पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा जिले में किरन्दुल चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण की सुरक्षा डियूटी में जा रहे जवानों के वाहन को नक्सलियों ने पुल के नीचे बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ा दिया, जिसमें उसमें सवार पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

दंतेवाड़ा के अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) जी एन बघेल एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। शहीद एवं घायल जवान जिला पुलिस के हैं और वह किरन्दुल थाने से रवाना हुए थे। नक्सलियों ने वाहन को उड़ाने के बाद शहीद और घायल जवानों से चार इंसास एवं दो ए के 47 भी लूट कर ले गए।

इस इलाके के बचेली में विकास यात्रा पर मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह इसी सप्ताह पहुंचने वाले है। उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा बल पहले से ही एलर्ट पर है। इसके बाद भी नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने में कामयाब रहे।

महाराष्ट्र के गढ चिरौली में पिछले महीने सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने एवं राज्य के बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ के बाद नक्सलियों में बौखलाहट की खबरें मिलती रही है जिसकी वजह से  सुरक्षा बल पहले से ही एलर्ट पर हैं।

भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि, अब तक का रिकॉर्ड टूटा

भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में पिछले 4 हफ्तों में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। रविवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 33 पैसे बढ़कर 76.26 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। वहीं डीजल की कीमत 26 पैसे बढ़कर 67.57 रुपए प्रति लीटर हो गई।

पेट्रोल की कीमतों ने दिल्ली में महंगाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि दिल्ली में इतना महंगा पेट्रोल बिक रहा है जो अब तक में सबसे अधिक महंगा है। इससे पहले 14 सितंबर 2013 को यहां पेट्रोल की कीमत 76.06 रुपये थी।

रविवार सुबह 6 बजे तेल कंपनियों की ओर से रेट लिस्ट जारी की गई। स्थानीय सेल्स टैक्स और वैट के मुताबिक हर राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमत अलग-अलग होती है। इसलिए बाकी के राज्यों की तुलना में दिल्ली में सबसे कम दाम पर पेट्रोल मिल रहा है।

वहीं पूरे भारत की बात करें तो मुंबई में पेट्रोल की कीमत सबसे ज्यादा हैं। यहां टैक्स मिलाकर 84.07 रुपए में पेट्रोल मिल रहा है। मुंबई के अलावा कई शहरों में पेट्रोल 80 रुपए से ज्यादा में बिक रहा है। भोपाल में 81.83 रुपये, पटना में 81.73 रुपये, हैदराबाद में 80.76 रुपये, श्रीनगर में 80.35 रुपये, कोलकाता में 78.91 रुपये और चेन्नै में 79.13 रुपये में पेट्रोल की बिक्री हो रही है। सबसे सस्ता पेट्रोल गोवा की राजधानी पणजी में है, जहां 70.26 रुपये में ही मिल रहा है।

इसके अलावा डीजल की बात करें तो हैदराबाद में डीजल सबसे महंगा 73.45 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है। त्रिवेंद्रम में 73.34 रुपये में, इसके अलावा रायपुर, गांधीनगर, भुवनेश्वर, पटना, जयपुर, भोपाल, रांची और श्रीनगर समेत कई अन्य शहरों में डीजल की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 71.94 रुपये है।

येदियुरप्पा के इस्तीफे पर राहुल ने कहा, भारत में जनता सबसे ऊपर है, हम सब मिलकर बीजेपी को मुकाबले में हराएंगे

कर्नाटक में बी एस येदियुरप्पा ने फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित करने से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मीडिया के सामने आए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला।

राहुल ने कहा कि बीजेपी ने जनादेश का अपमान किया और लोकतंत्र पर आक्रमण किया है। ऐसे में हम सब मिलकर बीजेपी को मुकाबले में हराएंगे।

राहुल ने कहा कि बीजेपी को कर्नाटक की जनता का समर्थन नहीं है। ऐसे में हम कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम हर प्रदेश में वहां की जनता की आवाज की रक्षा करेंगे। राहुल ने आगे कहा कि भारत में ताकत ही सबकुछ नहीं है।

राहुल ने कहा कि घमंड की एक सीमा होती है। ऐसे में बीजेपी और आरएसएस को सबक से सीख लेनी चाहिए।

राहुल ने कहा कि विधायकों को खरीदने की कोशिशें की गई। भारत में जनता सबसे ऊपर है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान से पहले येदियुरप्पा निकले।

गौरतलब है कि शनिवार 4 बजे सुप्रीम कोर्ट की तरफ से येदियुरप्पा को फ्लोर टेस्ट कर अपना बहुमत साबित करने का समय दिया गया था। लेकिन येदियुरप्पा ने उससे कुछ मिनट पहले ही इस्तीफा दे दिया।