भारत

हड़ताल पर पीएमसीएच के डॉक्टर, 10 मरीज की मौत

बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पटना के PMCH में डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से मरीजों का हाल बेहाल है और यहां अबतक 10 से ज्यादा मरीजों की मौत हो गई है।

वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों का सही तरीके से इलाज नहीं हो पा रही है। इतना ही नहीं, अस्पताल में नए मरीजों को भर्ती भी नहीं किया जा रहा है।

आपको बता दें कि 16 नवंबर से PMCH के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं।

दरअसल यहां एक मरीज की डेंगू से हुई मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों के साथ की मारपीट की।

परिजनों ने गार्ड से लाठी छीनकर डॉक्टरों की पिटाई की, जिससे डॉक्टर भी आक्रोशित हो गए।

धरती को तबाही से बचाने से अमेरिका का इंकार

अमेरिका ने जलवायु परिवर्तन को कम करने की जिम्मेदारी से अपना पल्ला झाड़ चुका है। लेकिन अब उस जिम्मेदारी को भारत और चीन मिलकर पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

भारत और चीन की प्रभावशाली जलवायु नीतियों के कारण ग्लोबल वॉर्मिंग का खतरा उतना गंभीर नहीं होगा, जितना पहले अनुमान लगाया गया था।

बुधवार को एक अध्ययन में कहा गया कि अमेरिका की निष्क्रियता की भरपाई ये दोनों देश करेंगे। हालांकि इसका मतलब यह भी नहीं है कि स्थितियां काफी सुधर जाएंगी।

अध्ययन के मुताबिक, औसत वैश्विक तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि 2015 पेरिस डील का मकसद ग्लोबल वॉर्मिंग को 2 डिग्री सेल्सियस नीचे लाना है।

तीन स्वतंत्र यूरोपियन रिसर्च ग्रुप्स द्वारा तैयार कार्बन ऐक्शन ट्रैकर (CAT) रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा नीतियों के तहत दुनिया साल 2100 तक 3.4 डिग्री सेल्सियस (6.1 फ़ारनहाइट) ज्यादा गर्म हो जाएगी। जबकि एक साल पहले इसके 3.6 डिग्री सेल्सियस (6.5 फ़ारनहाइट) का अनुमान लगाया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, CAT ने 2009 से निगरानी रखना शुरू किया। तब से यह पहली बार है, जब राष्ट्रीय स्तर पर नीतियों के कारण सदी के आखिर में तापमान में बढ़ोत्तरी के अनुमान में कमी आई है।

गुजरात में मुसलमानों के घर पर बनाया X का निशान

गुजरात चुनावों से पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोमवार को अहमदाबाद के कुछ इलाकों में मुसलमानों के घरों के बाहर एक्स या क्रॉस के निशान बनाये गए हैं।

टाइम्स नाउ के मुताबिक, इसके बाद मुसलमानों में तनाव फैल गया है।

सत्ताधारी बीजेपी का कहना है कि गुजरात में सांप्रदायिक तनाव फैलाने के लिए यह विपक्षी पार्टियों की चाल है।

इलाके के मुसलमानों के घरों के बाहर लगे इन निशानों के बारे में लोगों ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी है।

बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को खराब करने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने दावा किया है कि बीजेपी सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करना चाहती है।

एआईएमआईएम ने कहा है कि इन सबके पीछे कौन है, इसकी जांच होनी चाहिए।

गुजरात में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 9 दिसंबर और दूसरा 14 दिसंबर को होगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के नतीजे 18 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

रसगुल्ले की लड़ाई में पश्चिम बंगाल जीता

आखिरकार रसगुल्ले की जंग में पश्चिम बंगाल को जीत मिली है। पश्चिम बंगाल को जीआई टैग यानि  जियोग्राफिकल इंडिकेशन मिल गया है। पश्चिम बंगाल को रसगुल्ले का जन्मस्थल मान लिया गया है।

इससे पहले ओडिशा का दावा था कि रसगुल्ला बनाने की विधि वहां से पश्चिम बंगाल पहुंची थी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि ये पूरे राज्य के लिए खुशी और गौरव की बात है। दरअसल, पिछले काफी वक्त से पश्चिम बंगाल और ओडिशा इस जीआई टैग के लिए आपस में भिड़े हुए थे।

वहीं ओडिशा का दावा है कि रसगुल्ला का जन्म पुरी के जगन्नाथ मंदिर में हुआ था। इस कहानी के मुताबिक, रथयात्रा के बाद जब भगवान जगन्नाथ वापस लौटे तो दरवाजा बंद पाया क्योंकि देवी लक्ष्मी उनसे नाराज थीं। उनकी नाराजगी इस वजह से थी कि जगन्नाथ उन्हें अपने साथ नहीं ले गए थे। रूठी देवी को मनाने के लिए जगन्नाथ उन्हें रसगुल्ला पेश करते हैं और देवी मान जाती हैं।

कथित सीडी हार्दिक को बदनाम करने की साजिश, गुजरात की महिला और पटेल समुदाय का अपमान: कांग्रेस

पाटीदार आरक्षण आंदोलन के अगुआ हार्दिक पटेल की कथित सीडी सामने आने से गुजरात की चुनावी राजनीति में एक नया बवाल खड़ा हो गया है।

कथित सीडी में हार्दिक पटेल जैसा दिखाई देने वाला व्यक्ति कमरे में एक महिला के साथ दिख रहे हैं। हार्दिक ने सीडी जारी होने के बाद कहा है कि मैंने पहले भी कहा था कि इन लोगों का मास्टर प्लान गंदी राजनीति की ओर चलता जा रहा है। ये सब चलता रहेगा। लड़ाई जारी रहेगी, जिसको जो करना है, कर ले।

वहीं कांग्रेस इस मसले को लेकर हार्दिक पटेल के बचाव में उतर आई है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ये ना सिर्फ हार्दिक पटेल को बदनाम करने की साजिश है बल्कि गुजरात की महिला और पटेल समुदाय का भी अपमान है।

आपको बता दें कि ये सीडी तब सामने आई है, जब हार्दिक अपनी टीम के साथ ये फैसला करने के लिए बैठक करने वाले हैं कि कांग्रेस के साथ चुनाव में क्या संबंध रखने है। होटल में रिकॉर्ड हुए लगभग 10 मिनट की यह सीडी 16 मई 2017 की है और वीडियो में एक व्यक्ति जो एक अज्ञात महिला के साथ हार्दिक पटेल जैसा दिखाई दे रहा है।

इस वीडियो को इस तरह से शूट किया गया है कि इसमें महिला का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है और न ही पुरूष का चेहरा साफ दिख रहा है। इस वीडियो में जानबूझकर महिला के चेहरा को नहीं दिखाया गया है। इस सीडी के ऑडियो को सुनिये, महिला की आवाज़ साफ सुनाई दे रही है, लेकिन पुरूष की आवाज़ सुनाई नहीं दे रही है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि यह नकली सीडी है जो जानबूझकर हार्दिक पटेल को बदनाम करने के लिए शूट किया गया है और वायरल किया गया है।

जमियत-उलेमा-ए-हिन्द की चेतावनी, असम को म्यांमार बनाने की कोशिश न की जाए

भारत के सबसे बड़े मुस्लिम संगठन जमियत-उलेमा-ए-हिन्द ने चेतावनी दी है कि असम को म्यांमार बनाने की कोशिश न की जाए। यह बात असम में हाल ही में सामने आए मुस्लिमों की नागरिकता को लेकर चल रहे मुद्दे पर कही गई।

असम एक्शन कमेटी की राज्य में मुस्लिमों की नागरिकता के हक के लिए लड़ाई जारी है।

मुस्लिम संगठन के अध्यक्ष मौलाना अर्शद मदनी ने कमेटी द्वारा रखे गए एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य की वोटिंग रजिस्ट्री से 48 लाख शादीशुदा मुस्लिम महिलाओं का नाम हटाने की कोशिश की जा रहे हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि उनके हक को छीन लिया जाए, उनके बच्चों को शिक्षा न प्राप्त हो सके और उन्हें देश से बाहर फेंक दिया जाए। अगर ऐसा ही चला तो असम में म्यांमार जैसी स्थिति बन जाएगी।

असम एक्शन कमेटी ने कहा, एक तरफ राज्य में नेशनल रजिस्ट्री ऑफ सीटिजन्स का कार्य चल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ गुवाहाटी हाईकोर्ट ने एक ऐसा फैसला दे दिया जिससे 48 लाख मुस्लिम महिलाओं की नागरिकता संकट में आ गई है।

मौलाना मदनी ने कहा, वे हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

बता दें कि असम में पूर्ण रूप से शिक्षा न मिलने और गरीबी के कारण मुसलमान अपना बर्थ सर्टिफिकेट नहीं बनवाते है और अगर किसी मुस्लिम लड़की की शादी के वक्त गांव का प्रधान जो प्रमाणपत्र देता है तो उसी को नागरिकता का सबूत माना जाता है।

हालांकि हाईकोर्ट इन महिलाओं के इस प्रमाणपत्र को अवैध करार दे चुका है जिसके बाद राज्य में मुस्लिम महिलाएं नागरिकता के हक की लड़ाई लड़ रही हैं।

मदनी ने कहा कि सरकार को असम समझौते और नियम-कानून को बहुत ही गंभीरता के साथ फॉलो करना चाहिए।

महाराष्ट्र और गोवा में पोस्टमैन भर्ती घोटाला

महाराष्ट्र में 2,400 पोस्टमैन की नियुक्ति के घोटाले का खुलासा हुआ है। ये खुलासा विजिलेंस विभाग ने किया है।

भारतीय डाक विभाग में पोस्टमैन घोटाला गोवा में भी हुआ है। इसके साक्ष्य विजिलेंस विभाग को मिल गए हैं।

घोटाले की शिकायत मुंबई पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मनिपाल टेक्नोलॉजी लिमिटेड (MTL)के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

दरअसल इस कंपनी को 2015 में डाक विभाग में पोस्टमैन की निुयुक्ति कराने को लेकर टेंडर दिया गया था। इस टेंडर में उन्हें पोस्टमैन के साथ ही मेल गार्ड की नियुक्ति का भी जिम्मा दिया गया था। पुलिस ने यह एफआईआर मुंबई असिस्टेंट पोस्ट मास्टर जनरल की शिकायत पर दर्ज की है।

इस घोटाले में पी वी माल्या का नाम सामने आ रहा है। मुंबई उच्च न्यायाल में इस घोटाले को लेकर सुनवाई शुरू हो रही है। इसमें जस्टिस ए एम बदर ने आरोपी माल्या को गिरफ्तारी पूर्व जमानत देने से इंकार कर दिया है। यह फैसला न्यायालय ने 3 नवंबर को सुनाया था।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र और गोवा में बीजेपी सरकार है।

123 शिक्षण संस्थान को अपने नाम से हटाना होगा 'विश्वविद्यालय'

भारत में लगभग 123 उच्च शिक्षण संस्थानों को अपने नाम से 'विश्वविद्यालय' (University) हटाना होगा। दरअसल जो उच्च शिक्षण संस्थान विश्वविद्यालय बनाए जाने के लिए प्रस्तावित हैं, उन्हें अपने नाम के आगे से 'विश्वविद्यालय' हटाना होगा।

यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमिशन (यू जी सी) ने 10 नवंबर को एक सर्कुलर जारी किया है जिसमें निर्देश दिया गया है कि ऐसे शिक्षण संस्थान एक महीने के अंदर अपने नाम से विश्वविद्यालय हटा लें। इसके स्थान पर ये शिक्षण संस्थान 'डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी' का प्रयोग कर सकते हैं।

इस सर्कुलर में 3 नवंबर को मिले सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी संगलग्न किया गया है।

सर्कुलर के अनुसार, जो शिक्षण संस्थान इस निर्देश का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ यू जी सी (इंस्टिट्यूशन्स डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटीज) रेगुलेशन्स, 2016 के तहत कार्यवाई की जाएगी।

दिल्ली स्थित इंडियन ऐग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट (पूसा), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरन ट्रेड, इंस्टीट्यूट ऑफ लीवर ऐंड बिलियरी साइंस, जामिया हमदर्द, नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, करनाल, फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट, देहरादून, बीआईटी मेसरा, रांची, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु, सिंबायसिस यूनिवर्सिटी, पुणे, BITS पिलानी समेत कई अन्य शिक्षण संस्थानों को यह निर्देश भेजा गया है।

मैं शिव का भक्त हूँ, सच्चाई में विश्वास करता हूँ: राहुल गाँधी

गुजरात के पाटन में मीडिया से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं शिव का भक्त हूं और मुझे फर्क नहीं पड़ता, बीजेपी जो भी कहे।

इससे पहले राहुल ने मेहसाणा के पास बहुचरा जी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।

मंदिरों में दर्शन से जुड़े सवालों पर राहुल ने कहा, ''मैं शिव का भक्त हूं, सच्चाई में विश्वास करता हूं। बीजेपी जो भी बोले, मैं अपनी सच्चाई में विश्वास करता हूं।''

राहुल ने यह बयान उनके मंदिर जाने पर उठ रहे सवालों के संदर्भ में दिया। राहुल इससे पहले गुजरात में कई मंदिरों में जाकर पूजा और दर्शन कर चुके हैं।

इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेंद्र यादव ने कहा, ''कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी मंदिरों में जा रहे हैं और पूजा कर रहे हैं, यह संस्कृति का हिस्सा है और अच्छा भी है। हालांकि यह प्रवृत्ति अपने आप आती है और यह सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए।''

अब गंदी राजनीति की शुरुआत हो गई है, लेकिन गुजरात की महिलाओं का अपमान किया जा रहा है: हार्दिक पटेल

गुजरात विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां गुजरात चुनाव जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही हैं। वोटिंग की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे गड़े मुर्दे उखाड़ने की कोशिश हो रही है। इसी क्रम में गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल निशाने पर आ गए हैं।

दरअसल, एक वीडियो सामने आया है। जिसे सेक्स सीडी का नाम दिया गया है। आरोप है कि इस वीडियो में एक महिला के साथ जो शख्स नजर आ रहा है, वह हार्दिक पटेल है।

हालांकि, हम इस वीडियो या सीडी और वीडियो में हार्दिक पटेल के होने की पुष्टि नहीं करते हैं। मगर, हार्दिक ने खुद इस मसले पर जवाब दिया है।

इस वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद हार्दिक पटेल ने कहा है, ''अब गंदी राजनीति की शुरुआत हो गई है। मुझे बदनाम कर लो, कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन गुजरात की महिलाओं का अपमान किया जा रहा है।''

हार्दिक ने साफ इनकार किया है कि ये वीडियो उनका नहीं है। हार्दिक पटेल ने ट्विटर के जरिए यह जवाब दिया है।

हार्दिक पटेल ने इस कथित सेक्स सीडी के सामने आने से पहले ही ऐसी आशंका जाहिर की थी। हार्दिक ने 10 नवंबर को बीजेपी पर इस संबंध में आरोप लगाया था।

हार्दिक ने कहा था, ''बीजेपी चुनावी फायदे के लिए उन्हें सेक्स सीडी से बदनाम करने की कोशिश कर सकती है।''