भारत

मुक्त कारावास खोलने की व्यावहारिकता पर विचार हो: सुप्रीम कोर्ट

भारत में सुप्रीम कोर्ट ने गृह मंत्रालय से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जेल महानिदेशकों या महानिरीक्षकों की बैठक बुलाकर देशभर में मुक्त कारावास खोलने की व्यावहारिकता पर विचार करने को कहा है।

मुक्त कारावास या अर्धमुक्त कारावास में कैदियों को आजीविका के लिये जेल परिसर के बाहर जाकर शाम को वापस लौट आने की अनुमति होती है।

उच्चतम न्यायालय ने मुक्त जेलों के संचालन के बारे में राज्यों से राय लेने को कहा है। राज्यों से चार हफ्ते के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

कोयला घोटाले के मामले में मधु कोड़ा दोषी करार

कोयला घोटाला मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को दोषी करार दिया गया है।

दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने मधु कोड़ा, पूर्व कोयला सचिव एच सी गुप्ता, झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव अशोक कुमार बसु और एक अन्य को दोषी माना है।

इन सभी को अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी), 409 (सरकारी कर्मियों द्वारा आपराधिक विश्वासघात) और भ्रष्टाचार की रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज मामले में दोषी पाया है। सभी दोषियों की सजा का एलान अदालत कल करेगी।

मामला झारखंड में राजहरा नॉर्थ कोयला ब्लॉक को कोलकाता की विनी आयरन एंड स्टील उद्योग लिमिटेड (वीआईएसयूएल) को आवंटित करने में कथित अनियमिताओं से संबंधित है।

शरद पवार ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'शर्म आनी चाहिए'

भारत में गुजरात चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोप को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार ने आज मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'उन्हें शर्म आनी चाहिए'।

दूसरी तरफ, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी के बयान को अस्वीकार्य करार दिया।

मोदी ने रविवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान संकेत दिये थे कि पाकिस्तान गुजरात विधानसभा चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया था कि मणिशंकर अय्यर के उनके खिलाफ 'नीच' टिप्पणी करने से एक दिन पहले कुछ पाकिस्तानी अधिकारियों और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि मोदी खतरनाक परिपाटी की शुरूआत रहे हैं और उन्होंने उनसे इस संबंध में राष्ट्र से माफी मांगने की मांग की थी।

मोदी के बयान की आलोचना करते हुए शरद पवार ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी को इस तरह के आरोप लगाते हुए शर्म आनी चाहिए। आपने इस देश के पूर्व प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) और पूर्व रक्षा अधिकारियों के खिलाफ आरोप लगाए।''

उन्होंने कहा, ''मोदी सरकार ने किसानों की समस्याएं और देश के सामने मौजूद दूसरे मुद्दे नहीं सुलझाए, लेकिन वह गुजरात चुनाव के दौरान ध्यान बांटने की चाल के तौर पर पाकिस्तान का कोण ला रहे हैं।'' शरद पवार ने कहा कि मोदी ने देश को तबाह कर दिया है और प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम की है।

राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के आखिरी दिन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''मोदीजी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में जो कुछ कहा है, वह अस्वीकार्य है।'' उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदीजी ने भ्रष्टाचार के बारे में एक भी शब्द नहीं कहा है। वह (अमित शाह के बेटे ) जयशाह और राफेल सौदे के बारे में चुप हैं।''

शिवसेना ने कहा कि गुजरात चुनाव प्रचार में पाकिस्तान को घसीटना चुनाव जीतने की 'नापाक' कोशिश है। भाजपा के सहयोगी दल ने कहा कि एक प्रधानमंत्री से कार्रवाई की उम्मीद की जाती है, आरोप लगाने की नहीं। मोदी पर निशाना साधते हुए शिवसेना ने कहा कि गुजरात कश्मीर से भी महत्वपूर्ण हो गया है।

शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' के एक संपादकीय में शिवसेना ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने गंभीर आरोप लगाया है कि पाकिस्तान गुजरात चुनावों में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहा है। हम मोदी की चिंताओं को समझते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को कार्रवाई करनी चाहिये, आरोप नहीं लगाने चाहिए।''

गुजरात विधानसभा चुनाव 2017: अगर कांग्रेस जीती तो मार्केट में आएगा 10 प्रतिशत का उछाल

साल 2017 में अब तक मिड कैपिटल और स्मॉल कैपिटल स्टॉक्स में रही तेजी पर हॉन्ग कॉम्ग की जूलियस बेयर ग्रुप के हेड अॉफ रिसर्च फॉर इंडिया मार्क मैथ्यू ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को यह देखना चाहिए कि गुजरात विधानसभा चुनावों के क्या नतीजे निकलते हैं? रेडिफ डॉट कॉम के पुनीत वाधवा से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।

उनसे जब निवेशकों के लिए रिस्क के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक रिस्क गुजरात विधानसभा चुनावों के नतीजे हैं। ज्यादातर लोग कांग्रेस के जीतने की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। अगर उनकी जीत होती है तो मार्केट में 10 प्रतिशत का उछाल देखने को मिल सकता है। वहीं वैश्विक स्तर पर तेल के दामों पर भी नजर रखनी होगी।

अगर तेल 60 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा रहता है तो निवेशक महंगाई और उसके अर्थव्यवस्था पर प्रभाव को लेकर चिंतित रहेंगे। भारत में महंगाई अब कच्चे तेल की नहीं, बल्कि सब्जियों की कीमतों की है। बाजार का मूल्यांकन एक दूसरी चिंता है। भारत तेजी से मूल्यांकन पर कारोबार कर रहा है और कई आईपीओ हैं, खासकर बीमा क्षेत्र में, जिसका सेकंड्री मार्केट लिक्विडिटी पर असर पड़ा है।

अगले साल भारतीय मार्केट किस तरह का रहेगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि पब्लिक सेक्टर के बैंकों का रिकैपिटलाइजेशन सरकार का एक अच्छा मूव है, जिसके भविष्य में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देंगे। ईज अॉफ डूइंग बिजनेस में मूडी की हाल ही में आई रिपोर्ट भी सकारात्मक पहलू दिखाती है।

गुजरात विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी ने कहा, चौंका देने वाले नतीजे होंगे, डरी हुई है बीजेपी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि गुजरात चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए चौंकाने वाले होंगे। राहुल ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी के जुबानी हमलों का जवाब नहीं दिया, क्योंकि मैं राजनीतिक भाषणों में निजी हमलों की संस्कृति को बदलना चाहता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपने भाषणों में निशाना बनाया था।

राहुल ने सीएनएन न्यूज 18 से कहा, ''गुजरात से इस बार आश्चर्यजनक परिणाम आएंगे। यह भाजपा के लिए चौंकाने वाला होगा। वे डरे हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता जो हमारे नेताओं से बात करते हैं, कह रहे हैं कि कांग्रेस ने प्रभावी रूप से प्रचार किया है और उनका प्रचार अभियान उतना प्रभावी नहीं रहा है। यहां तक कि वे मानते हैं कि वे अपने रिकॉर्ड को बचाने में समर्थ नहीं रहे हैं।''

उन्होंने इस सवाल को सिरे से दरकिनार कर दिया कि यदि कांग्रेस खराब प्रदर्शन करती है तो इसे उन पर जनमत संग्रह माना जाएगा।

राहुल कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बन गए हैं और वह भाजपा शासित राज्य में स्टार प्रचारक रहे हैं।

राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने के लिए कहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने मनमोहन सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने भाजपा को गुजरात में हराने के लिए पाकिस्तानी राजनयिकों के साथ गुप्त बैठक की।

राहुल ने कहा, ''यह गलत है। यदि मोदीजी प्रधानमंत्री हैं तो मनमोहन सिंह जी भी प्रधानमंत्री थे। उन्होंने अपना जीवन देश को समर्पित किया। यह अस्वीकार्य है। स्पष्ट तौर पर मोदी को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने जो भी कहा, वह गलत है।''

राहुल ने कहा कि वह अपने राजनीतिक विरोधियों पर निजी हमलों में शामिल नहीं हुए हुए, हालांकि प्रधानमंत्री व भाजपा ऐसा रोज करते रहे।

उन्होंने कहा, ''भाजपा और मोदी जी मेरे खिलाफ आक्रामक हमले करते रहे। लेकिन मैंने इसका जवाब नहीं दिया, क्योंकि मैं इस पर ध्यान नहीं देता।''

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह प्रधानमंत्री व कांग्रेस के लिए अस्वीकार्य है।

इस पर पूर्व सांसद के खिलाफ निलंबन की तुरंत कार्रवाई की गई।

गुजरात समाचार टीवी को दिए एक अन्य साक्षात्कार में राहुल गांधी ने कहा कि मोदी की आलोचना ने उन्हें सबसे ज्यादा उभरने में मदद की है, और उनके भीतर न तो कोई गुस्सा है और न घृणा ही।

राहुल गांधी ने कहा, ''मोदी जी ने मेरी सबसे ज्यादा मदद की है...  मैं उनसे कैसे घृणा कर सकता हूं।''

नेहरू-गांधी परिवार पर मोदी की बार-बार की टिप्पणी पर राहुल गांधी ने कहा, ''मैं उनसे कैसे घृणा कर सकता हूं? यदि आप देश के इतिहास व धर्म को देखें तो पाएंगे कि घृणा का जवाब प्रेम से दिया जाना चाहिए। मेरे अंदर कोई घृणा या नाराजगी नहीं है।''

उन्होंने कहा, ''यह हमारे परिवार के स्वभाव में है। शायद महात्मा गांधी ने हमारे परिवार को यही सिखाया था। ..।

राहुल ने मोदी पर हमला करते हुए कहा, ''वह अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं। वह इसे फिर से हासिल कर सकेंगे, ऐसा मुश्किल दिख रहा है।''

राहुल ने कहा, ''युवाओं ने मोदीजी में विश्वास जताया था। लेकिन उन्होंने विश्वास तोड़ दिया। उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन वे अब उसके बारे में बात नहीं करते। वह भ्रष्टाचार के बारे में भी एक शब्द नहीं बोलते।''

राहुल ने कहा, ''आप ने देखा होगा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह व फ्रांस से राफेल सौदे की खबरों के सामने आने के बाद उन्होंने एक शब्द नहीं बोला।''

राहुल के एक के बाद एक टीवी साक्षात्कार को लेकर भाजपा हमलावर दिखी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाताओं से कहा, ''गुजरात चुनाव प्रचार के अंतिम 48 घंटों में साक्षात्कार देने की इजाजत नहीं है। मुझे भरोसा है कि निर्वाचन आयोग इसका संज्ञान लेगा और कार्रवाई करेगा।''

कांग्रेस ने भाजपा पर निर्वाचन आयोग को एक राजनीतिक औजार की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न, 68 प्रतिशत मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। आज राज्य के 89 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया गया। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में 71.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इससे पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत लगभग 60 प्रतिशत था।

चुनाव उप आयुक्त उमेश सिन्हा ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मतदान उत्साहपूर्ण रहा।

पहले चरण में 68 प्रति‍शत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2012 में 70.10 प्रति‍शत मतदान दर्ज किया गया था।  आशा है कि अंतिम आंकड़े मिलने तक मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।

उमेश सिन्‍हा ने बताया कि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।

पहले चरण में सौराष्‍ट्र, कच्‍छ और दक्षिण गुजरात में चुनाव कराया गया। इस चरण में 57 महिलाओं सहित कुल 977 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख उम्‍मीदवारों में मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी और कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल शामिल हैं।

मतदान केन्द्रों पर ईवीएम मशीनों के साथ मतदान पुष्टि पर्ची मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। चुनाव आयोग ने इस बार सुगम, समाधान और सुविधा जैसी आईटी पहलों का भी इस्तेमाल किया।

बाद में चुनाव उपायुक्त सुदीप जैन ने बताया कि मतदान के दौरान 181 ईवीएम, 223 कंट्रोल यूनिट और 714 मतदाता पुष्टि पर्ची मशीन बदली गयी। उन्होंने ईवीएम के मोबाइल ब्लू टूथ से जुड़ी होने की खबरों को खारिज कर दिया। जैन ने कहा कि ईवीएम मशीनों में कोई तार या कोई उपकरण जोड़ने की सुविधा नहीं है।

दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मेहसाना और लुनावाड़ा, बोडेली और आनंद में चुनाव सभाएं की। कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने अपनी जनसभाओं में भाजपा द्वारा चुनाव प्रचार में विकास का मुद्दा गायब कर देने का आरोप लगाया।

दूसरे चरण के चुनाव का प्रचार अभियान जोर पकड़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मेहसाना, लुनावाड़ा, बोडेली और आनंद में चुनाव सभाएं की। प्रधानमंत्री एनडीए सरकार और गुजरात की भाजपा सरकार द्वारा सुशासन के किए गए प्रयासों के बारे में बताया। उन्‍होंने मुद्रा योजना द्वारा युवाओं को कैसे उद्यमी और नौकरियों के सर्जक बनाया गया उसकी जानकारी दी।

दूसरी और कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने अपनी जनसभाओं में भाजपा द्वारा चुनाव प्रचार में विकास का मुद्दा गायब कर देने का आरोप लगाया। साणन्‍द में टाटा नैनो प्‍लांट को जमीन देने का मामला उठाते हुए उन्‍होंने गुजरात मॉडल की कड़ी आलोचना की। उत्‍तर और मध्‍य गुजरात की 93 सीटों के लिए इस गुरूवार को मतदान होना है, आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है।

राजनाथ सिंह ने कहा, नगा मुद्दे पर समझौते को अंतिम रूप देते समय पूर्वोत्‍तर राज्‍यों की क्षेत्रीय अखंडता पर कोई असर नहीं पड़ेगा

भारत के केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि नगा मुद्दे पर समझौते को अंतिम रूप देते समय पूर्वोत्तर राज्यों की क्षेत्रीय अखंडता पर आंच नहीं आने दी जाएगी।

राजनाथ सिंह नगालैंड के शोखुवी में पत्रकारों से बातचीत में तीन पूर्वोत्तर राज्यों- अरूणाचल प्रदेश, असम और मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता पर शांति समझौते के संभावित असर के बारे में सवाल का जवाब दे रहे थे। इन तीनों राज्यों ने एसएससीएन- आइजक-मुइवा गुट के नगा आबादी वाले क्षेत्रों को मिलाने की मांग का कड़ा विरोध किया है।

भारत के गृह मंत्री ने नगा समस्या का हल तलाशने की दिशा में मौजूदा वार्ताकार आर. एन. रवि के प्रयासों की भी सराहना की।

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नवासी निर्वाचन क्षेत्रों में सामान्‍य मतदान की खबर

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नवासी निर्वाचन क्षेत्रों में सामान्‍य मतदान की खबर है। निर्वाचन आयोग ने कुछ मतदान केन्‍द्रों पर इलैक्‍ट्रोनिक वोटिंग मशीनों में खराबी के बाद उन्‍हें तुरंत बदला। दूसरे चरण के चुनाव का प्रचार अभियान जोरों पर चल रहा है।

गुजरात में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर वोट डाले गए। दोपहर बारह बजे तक लगभग 30 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। मोरबी में 36 प्रतिशत, राजकोट में 33 और कच्छ में 31, द्वारका में 28, जूनागढ़ में 28, सूरत में 36, गिर सोमनाथ में 33, वलसाड में 31 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और कई अन्य नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पहले चरण में कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात की नवासी सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। इस चरण में नौ सौ 77 उम्मीदवार मैदान में हैं, इनमें सत्तावन महिला उम्मीदवार हैं।

प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी राजकोट पश्चिम से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के इंद्रनील राज्यगुरु से है। कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता शक्तिसिंह गोहिल का मांडवी से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह जडेजा से मुकाबला है।

पाटीदार बहुल अमरेली से कांग्रेस के परेश धनानी का मुकाबला लाठी सीट से मौजूदा विधायक और भारतीय जनता पार्टी के बवकुभाई उन्धाद से है।

सुबह में शहरी क्षेत्र में तेज मतदान देखा गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में मतदान में धीरे-धीरे गति आ रही है। सूरत, राजकोट, अमरेली और पोरबंदर जिलों में कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी पाई गयी जिसको तुरंत बदला गया। चुनाव आयोग ने कहा है कि शाम पांच बजे तक कतार में खड़े हुए सभी मतदाताओं को वोट डालने दिया जाएगा।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी चुनावी रैलियां कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी चुनावी रैलियों में विकास पर चर्चा से दूर क्यों हैं? गांधी ने कहा कि उन्‍होंने मोदी से दस सवाल पूछे थे, लेकिन किसी का जवाब उन्हें नहीं मिला। मतदान के दूसरे चरण में 93 सीटों के लिए बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 18 दिसंबर को होगी।

आधार को अनिवार्य बनाने की अंतिम तिथि अगले वर्ष 31 मार्च तक बढ़ाने को तैयार: केन्‍द्र

भारत में केन्‍द्र ने उच्‍चतम न्‍यायालय को बताया है कि वह विभिन्‍न सेवाओं और सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए आधार को अनिवार्य बनाने की अंतिम तिथि 31 मार्च तक बढ़ाना चाहता है। महाधिवक्‍ता के.के.वेणुगोपाल ने भारत के प्रधान न्‍यायाधीश दीपक मिश्र की पीठ को बताया कि मोबाइल फोन को आधार से जोड़ने की अंतिम तिथि छह फरवरी ही रहेगी।

आधार योजना का विरोध करने वालो की ओर से पेश हुए वकील ने पीठ से कहा कि केन्‍द्र सरकार को ये गारंटी देनी चाहिए कि आधार को जोड़ने में विफल रहने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी।

इस बीच, शीर्ष न्‍यायालय विभिन्‍न योजनाओं और सेवाओं के लिए आधार को अनिवार्य बनाने के केन्‍द्र सरकार के फैसले पर रोक लगाने संबंधी अंतरिम याचिकाओं पर सुनवाई के लिए अगले सप्‍ताह संविधान पीठ का गठन करेगा।

राहुल गांधी ने गुजरात में किसानों की खराब स्थिति के लिए भाजपा सरकार की निंदा की

कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी गुजरात में सौराष्‍ट्र और दक्षिण गुजरात में  अपनी पार्टी के चुनाव अभियान का आक्रमकता से नेतृत्‍व कर रहे हैं। प्रथम चरण में सौराष्‍ट्र और कच्‍छ ये दोनों प्रदेश सबसे ज्‍यादा अहम हैं क्‍योंकि इन प्रदेशों में प्रथम चरण की सबसे ज्‍यादा सीटें हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में किसानों की खराब स्थिति के लिए भाजपा सरकार की निंदा की।

प्रथम चरण का मतदान शनिवार को होना है। कुल 89 सीटों के लिए 977 प्रत्‍याशी मैदान में हैं, जिनमें मुख्‍यमंत्री विजय भाई रूपाणी भी शामिल हैं। राजकोट पश्चिम से भाजपा के प्रत्‍याशी हैं और उनके सामने इंद्रनिल राजगुरू मैदान में हैं।

कांग्रेस ने कहा है कि गुजरात के लोग जीएसटी, नोटबंदी, महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा के निजीकरण से खुश नहीं हैं।

आज अहमदाबाद में मीडिया से बातचीत में पार्टी प्रवक्‍ता आर पी एन सिंह ने कहा कि शिक्षा के निजीकरण का मध्‍यम वर्ग और निम्‍न मध्‍यम वर्ग के छात्रों पर असर पड़ा है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा गरीबों की पार्टी नहीं है।