भारत

जैसे ही कांग्रेस सत्ता में आएगी, वह गब्बर सिंह टैक्स को खत्म कर देगी: राहुल गाँधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भारत को गब्बर सिंह टैक्स नहीं, सरल GST चाहिए।

साबरकांठा के खेड़ब्रह्मा में हुई रैली में उन्होंने कहा, ''कांग्रेस और देश की जनता ने लड़कर कई चीजों पर 28% टैक्स खत्म करवाया है। 18% कैप के साथ एक रेट के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। अगर भाजपा ये काम नहीं करेगी, तो कांग्रेस करके दिखाएगी। जैसे ही कांग्रेस सत्ता में आएगी, वह गब्बर सिंह टैक्स को खत्म कर देगी। हम जीएसटी को मजबूत बनाएंगे ताकि किसी भी सामान पर 18% से ज्यादा टैक्स ना लगे।''

तीन दिन के गुजरात दौरे पर आए राहुल सबसे पहले अक्षरधाम मंदिर गए। बाद में उन्होंने चिलोडा गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां भी जीएसटी का मुद्दा उठाते हुए कहा, देश को पांच तरह का नहीं, बल्कि एक टैक्स चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा, ''बीजेपी के जीएसटी को हम गब्बर सिंह टैक्स कहते हैं। हम चाहते हैं कि उसमें स्ट्रक्चरल बदलाव आए। फंडामेंटल चेंज आए। अच्छी बात है कि कई आइटम्स को 28% स्लैब से निकाला है। हम चाहते हैं कि सिम्पल टैक्स हो। एक टैक्स रेट हो।''

जीएसटी काउंसिल द्धारा टैक्स में कटौती का श्रेय राहुल गांधी को जाता है: कांग्रेस

जीएसटी काउंसिल द्धारा 178 से ज्यादा चीजों पर टैक्स में कटौती का श्रेय राहुल गांधी को जाता है। ये कहना है कांग्रेस का।

कांग्रेस ने कहा है कि राहुल गांधी द्वारा डाले गए दबाव और गुजरात चुनाव के दौरान पार्टी के प्रचार को मिल रहे अच्छे समर्थन की वजह से मोदी सरकार इस कदम को उठाने पर मजबूर हुई है। हालांकि केंद्र सरकार और बीजेपी ने इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमन ने कहा है कि क्या जीएसटी काउंसिल उनके (राहुल) अधीन है?

गुजरात चुनावों के दौरान राहुल गांधी ने जीएसटी को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

मोदी सरकार पर ताजा हमला करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी जीएसटी के टॉप स्लैब को 18 फीसदी के रेट पर लाने के लिये लड़ाई जारी रखेगी।

राहुल ने यहां तक कहा है कि अगर बीजेपी यह काम नहीं कर पाई तो उनकी पार्टी यह काम कर के दिखाएगी।

गुजरात चुनाव में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से बढ़ाए गए दबाव और चुनाव का सामना करने जा रहे गुजरात में उसे मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया के मद्देनजर जीएसटी काउंसिल ने कर की दरों में कटौती करने का फैसला किया था।

भारत सरकार को पाकिस्‍तान सरकार से भी वार्ता करनी होगी: फारुख अब्‍दुल्‍ला

जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम और नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारुख अब्‍दुल्‍ला ने शनिवार को सरकार द्वारा नियुक्त किए गए वार्ताकार दिनेश्‍वर शर्मा के बारे में कुछ बोलने से इंकार करते हुए कहा कि कश्‍मीर का विवाद भारत-पाक के बीच है इसलिए पाकिस्‍तान सरकार से वार्ता करनी होगी।

अब्दुल्ला ने कहा है कि पाक अधिकृत कश्मीर पाकिस्तान का ही है और उनका ही रहेगा। जम्मू-कश्मीर बातचीत के लिए सरकार के प्रतिनिधि दिनेश्वर शर्मा से मिलने के बाद उन्होंने मीडिया में यह बात कही।

जम्‍मू-कश्‍मीर के वार्ताकार दिनेश्‍वर शर्मा पर फारूख अब्‍दुल्‍ला ने कहा, ''मैं उनपर अधिक नहीं बोल सकता। उन्‍होंने वार्ता की, लेकिन एकमात्र समाधान बातचीत नहीं है। यह भारत और पाक के बीच का मामला है। भारत सरकार को पाकिस्‍तान सरकार से भी वार्ता करनी होगी क्‍योंकि कश्‍मीर का एक हिस्‍सा उनके पास है।

जो हिस्सा पाकिस्तान के पास है, वो पाकिस्तान का ही है और यह भारत का हिस्सा है। अगर वे शांति चाहते हैं तो सरकार को पाकिस्तान के साथ बातचीत करनी चाहिए और हमारे साथ-साथ उनको भी स्वायत्ता देनी चाहिए।''

अब्दुल्ला ने कहा, ''पाकिस्‍तानी मंत्री ने बिल्‍कुल सही कहा कि आप भूल गए हो कि जो हिस्‍सा आपका है, वह एक हथियार के द्वारा अधिकृत कर लिया गया है। आप अधिकृत करने वाले हथियार को भूल गए और कहते हो कि वह हिस्‍सा आपका है। यदि आप यह बात करते हो कि यह आपका है तो हथियार को भी याद रखो।''

राहुल गांधी ने कहा, हिंदुस्तान को एक टैक्स चाहिए

गुजरात दौरे पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर जीएसटी को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला है।

राहुल गांधी ने जीएसटी को लेकर कल की गई सरकार की घोषणाओं पर कहा कि कांग्रेस पार्टी और हिन्दुस्तान की जनता ने बीजेपी पर दबाव डाला और 20 फीसदी से काफी आइटम उन्होंने 18 फीसदी में ला दिए।

उन्होंने कहा, मगर हम खुश नहीं हैं, अभी हम रुकेंगे नहीं। हिन्दुस्तान को 5 अलग-अलग टैक्स नहीं चाहिए। एक टैक्स चाहिए।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ढांचागत बदलाव चाहिए।

तीन दिवसीय सड़क यात्रा के दौरान राहुल गांधी उत्तर गुजरात के छह जिलों का दौरा करेंगे। दौरे में वह महिलाओं, ग्रामीणों और विभिन्न समुदाय के लोगों के साथ मुलाकात करेंगे।

दिल्ली में ऑड-ईवेन लागू नहीं होगा

दिल्ली में 13 नवंबर से 17 नवंबर तक चलने वाली ऑड-ईवन स्कीम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने दी।

गहलोत ने कहा कि हम एनजीटी के फैसला का सम्मान करते हैं। एनजीटी की दो शर्तें, दोपहिया वाहन और महिलाओं को छूट देने से ये स्कीम लागू करना कठिन हो जाएगा क्योंकि हमारे पर्याप्त डीटीसी बसें नहीं हैं। साथ ही हम महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकते। हम रिस्क नहीं ले सकते। तो ऐसे में हम अपने फैसले को वापस ले रहे हैं। हम सोमवार को एनजीटी में रिव्यू एपलिकेशन डालेंगे।

इससे पहले एनजीटी ने आज ऑड-ईवन को लेकर सुनवाई करते हुए कुछ शर्तों के साथ स्कीम को हरी झंडी दे दी। एनजीटी ने कहा कि किसी भी अधिकारी, दो पहिया वाहनों और महिलाओं को छूट नहीं दी जाएगी।

एनजीटी ने कहा कि ऑड-ईवन के दौरान सिर्फ इमरजेंसी गाड़ियां जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को छूट मिलेगी। दिल्ली आने वाले सभी रास्तों के बार्डर पर जाम न लगें इसके लिए सभी प्राइवेट यातायात सर्विस देने वाले के साथ सरकार कोर्डिनेट कर सीएनजी बसें चला सकती हैं। डीटीसी ऑड-ईवन के दौरान सिर्फ सीएनजी बसों का प्रयोग करें और आने वाले हफ्ते में पानी का छिड़काव किया जाए।

दिल्ली में अब फ्री में करें डी टी सी में सफर

दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन के दौरान डीटीसी और क्लस्टर बसों में लोगों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने का ऐलान किया है। सरकार ने ऐसा इसलिए किया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने को जागरुक हों।

दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

गहलोत ने ट्वीट किया, ''ऑड-ईवन के दौरान लोगों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने को प्रोत्साहन की दिशा में दिल्ली सरकार ने सभी डीटीसी और क्लस्टर बसों में यात्रियों को फ्री यात्रा करने की अनुमति दी है।''

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कैलाश गहलोत के इस ट्वीट को रीट्वीट किया। सीएम केजरीवाल ने लिखा, सरकार का यह फैसला लोगों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करेगा।

दिल्ली में धुंध पर एनजीटी सख्त: दिल्ली- एनसीआर में निर्माण कार्य पर रोक

दिल्ली में बढ़ते स्मॉग पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल सख्त हो गया है। एनजीटी ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और पड़ोसी राज्यों को कड़ी फटकार लगाई है।

दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन स्कीम लागू कर दी है। ये स्कीम 13 नवंबर से 17 नवंबर तक चलेगी।

ऑड-ईवन स्कीम चार चक्का वाहनों पर लागू किया गया है। इसमें दो चक्का वाहनों को छूट दी गई है।

एनजीटी ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और पड़ोसी राज्यों को कड़ी फटकार लगाई है।  सुनवाई के दौरान NGT ने कहा कि आप अस्पताल जाइए और देखिए लोगों को किस तरह की परेशानी हो रही है। आपने लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया हुआ है। NGT में प्रदूषण के मामले पर अगली सुनवाई 14 नवंबर को होगी।

सुनवाई के दौरान NGT ने कहा कि आज सुनवाई होनी है इसलिए कल ही आदेश जारी कर दिया गया था। आप सभी पक्षों के लिए ये शर्मनाक है कि आप आने वाली पीढ़ी को क्या दे रहे हो। NGT ने फटकार लगाते हुए कहा कि खुलेआम निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन आप लोग रोक नहीं लगा पा रहे हैं, ऐसे हालात बनते हैं तभी आप कहते हैं कि कार्रवाई कर रहे हैं।

NGT ने फटकार लगाते हुए कहा कि अभी तक प्रदूषण को रोकने में सभी पक्ष फेल रहे हैं, प्रदूषण को रोकना सभी की जिम्मेदारी है।

NGT ने कहा कि आर्टिकल 21 और 48 के तहत नागरिक का अधिकार है कि उसे सांस लेने के लिए साफ वातावरण मुहैया कराया जाए। लोगों से जीने का अधिकार छीना जा रहा है, लोगों को साफ वातावरण नहीं मिल रहा है।

NGT ने आदेश दिया है कि अगले आदेश तक कोई भी इंडस्ट्रियल एक्टविटी (औद्योगिक गतिविधि) ना हो।

दिल्ली में ऑड-ईवेन लागू, 13 से 17 नवंबर तक चलेगा

दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन स्कीम लागू कर दी है। ये स्कीम 13 नवंबर से 17 नवंबर तक चलेगी।

ऑड-ईवन स्कीम चार चक्का वाहनों पर लागू किया गया है। इसमें दो चक्का वाहनों को छूट दी गई है।

एनजीटी ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और पड़ोसी राज्यों को कड़ी फटकार लगाई है।  सुनवाई के दौरान NGT ने कहा कि आप अस्पताल जाइए और देखिए लोगों को किस तरह की परेशानी हो रही है। आपने लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया हुआ है। NGT में प्रदूषण के मामले पर अगली सुनवाई 14 नवंबर को होगी।

सुनवाई के दौरान NGT ने कहा कि आज सुनवाई होनी है इसलिए कल ही आदेश जारी कर दिया गया था। आप सभी पक्षों के लिए ये शर्मनाक है कि आप आने वाली पीढ़ी को क्या दे रहे हो। NGT ने फटकार लगाते हुए कहा कि खुलेआम निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन आप लोग रोक नहीं लगा पा रहे हैं, ऐसे हालात बनते हैं तभी आप कहते हैं कि कार्रवाई कर रहे हैं।

NGT ने फटकार लगाते हुए कहा कि अभी तक प्रदूषण को रोकने में सभी पक्ष फेल रहे हैं, प्रदूषण को रोकना सभी की जिम्मेदारी है।

NGT ने कहा कि आर्टिकल 21 और 48 के तहत नागरिक का अधिकार है कि उसे सांस लेने के लिए साफ वातावरण मुहैया कराया जाए। लोगों से जीने का अधिकार छीना जा रहा है, लोगों को साफ वातावरण नहीं मिल रहा है।

NGT ने आदेश दिया है कि अगले आदेश तक कोई भी इंडस्ट्रियल एक्टविटी (औद्योगिक गतिविधि) ना हो।

नोटबंदी के खिलाफ श्राद्ध का आयोजन करेगी कांग्रेस

नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर 8 नवंबर को कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मुंबई के आजाद मैदान में नोटबंदी की बरसी के मौके पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इतना ही नहीं, इस मौके पर नोटबंदी में जिन लोगों की जान चली गई थी, उनकी याद में श्राद्ध का आयोजन भी किया जाएगा।

निरुपम ने ट्वीट कर कहा, ''कल नोटबंदी की बरसी पर मोर्चा-प्रदर्शन आजाद मैदान, सुबह 11 बजे; श्रद्धांजलि सभा जुहू बीच पर शाम 8 बजे। दोनों जगह आएं, नोटबंदी के खिलाफ गरजें।''

दूसरा ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, ''और एक हाईलाइट नोटबंदी में जिनकी जान चली गई, उनकी याद में श्राद्ध का भी आयोजन है। आजाद मैदान पर।''

बता दें कि नोटबंदी के दौरान पुराने नोट बदलाने के लिए बैंकों के आगे लोगों की लंबी कतारें लगती थीं, उस वक्त कई लोगों की मौत हो गई थी।

सोमवार को इस विरोध प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए संजय निरुपम ने संवाददाताओं से कहा, ''नोटबंदी के दौरान पुराने 500 और 1000 के नोटों को बदलाने के लिए लोग बैंकों के सामने लंबी कतार लगाकर खड़े रहते थे, इस दौरान करीब 115 लोगों की जान चली गई थी। नोटबंदी के फैसले के कारण देश के गरीब लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। हम उन लोगों को श्रद्धांजलि देंगे जिनकी इस दौरान जान चली गई।''

उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस मौके पर जुहू बीच पर एक रैली का आयोजन करेगी, जहां एक श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''प्रदर्शन के दौरान यहां कुछ पार्टी कार्यकर्ता सिर का मुंडन भी कराएंगे।''

वहीं गुजरात में मंगलवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी नोटबंदी, जीएसटी और बुलेट ट्रेन को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा।

मनमोहन सिंह ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी दोनों ही हमारी अर्थव्यवस्था के लिए बहुत खतरनाक कदम हैं।

उन्होंने कहा कि इनकी वजह से हमारे छोटे निवेशकों की कमर टूट गई है। पूर्व पीएम ने भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र के लिए 8 नवंबर को 'काला दिवस' करार दिया है। उन्होंने कहा, ''मैंने जो संसद में कहा था, उसे मैं दोहराना चाहता हूँ। यह एक सुनियोजित लूट और कानूनी डकैती थी।''

दिल्ली में चार गुना बढ़ाई गई वाहन पार्किंग की फीस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को वाहन पार्किंग शुल्क चार गुना बढ़ा दिया। यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पर्यावरण प्रदूषण निवारण और नियंत्रण प्राधिकरण (ई पी सी ए) की एक बैठक में लिया गया, ताकि लोग निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें।

दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति अधिक बदतर हो गई है और मंगलवार को यह खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में साल की सबसे खराब हवा की गुणवत्ता और धुंध की स्थिति देखी गई, जो दिवाली के बाद से अधिक खराब है। दिल्ली के आसमान में धुंध की पीली चादर छाई हुई है।

उल्लेखनीय है कि 21 सक्रिय प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 18 में वायु गुणवत्ता गंभीर दर्ज किए गए। इसके साथ ही प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।

बीती शाम से वायु की गुणवत्ता और दृश्यता में तेजी से गिरावट आ रही है तथा नमी और प्रदूषकों के मेल के कारण शहर में घनी धुंध छा गई है। यह अत्यंत गंभीर से बेहतर स्थिति है, लेकिन वैश्विक मानकों के मुताबिक, यह भी खतरनाक है।

अगर स्थिति और खराब होती है और कम से कम 48 घंटों तक बनी रहती है तो जी आर ए पी के तहत आने वाला कार्यबल स्कूलों को बंद कर सकता है और सम-विषम (आॅड-ईवन) योजना को फिर शुरू कर सकता है।

इस सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंविद केजरीवाल ने शहर में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर मंगलवार को उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया से स्कूलों को कुछ दिन तक बंद रखने पर विचार करने को कहा। इसके बाद सिसोदिया ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई है।

सिसोदिया ने पर्यावरण विभाग को मंगलवार शाम तक शहर के प्रदूषण स्तर पर एक रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद स्कूलों को बंद करने और हफ्ते के अलग-अलग दिनों में सम-विषम नंबर के हिसाब से गाड़ियां चलाने की योजना के विषयों पर अंतिम निर्णय लेगी।